चुनाव आयोग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग के निदेशक दिब्येंदु दास को नया अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया। दास अमित रॉय चौधरी की जगह लेंगे। चौधरी को इस सप्ताह की शुरुआत में अतिरिक्त सीईओ पद से हटा दिया गया था। आयोग ने रॉय चौधरी और राज्य के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राहुल नाथ को भी हटाया है। हालांकि, आयोग ने नाथ के बदले दूसरे अधिकारी की घोषणा नहीं की है।
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सीपीआई (एम) की शिकायत पर सत्तारूढ़ भाजपा को कारण बताओ नोटिस दिया है। आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन करने के आरोप में शुक्रवार को जारी नोटिस पर असम भाजपा इकाई के अध्यक्ष को नोटिस जारी कर 8 अप्रैल की सुबह 10 बजे तक जवाब मांगा गया है।
वाम दल ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि भाजपा ने एक सरकारी योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के इरादे से सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कराया। इस बहाने लोगों का डेटा जमा करना एमसीसी का उल्लंघन है।सीपीआई (एम) के आरोप के अनुसार, भाजपा ने 'ओरुनोडोई' योजना के तहत पात्र परिवारों का विस्तार करने का वादा किया है। सर्वे के नाम पर आवेदन पत्र वितरित किए गए हैं।
आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि चुनाव कार्यक्रमों के लिए अनुमति मांगने के दौरान उसके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए, हरियाणा के कैथल में उप-विभागीय मजिस्ट्रेट-सह-सहायक रिटर्निंग अधिकारी ब्रह्म प्रकाश ने पांच कंप्यूटर ऑपरेटरों को निलंबित करने का आदेश दिया। आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने 7 अप्रैल को दो चुनाव कार्यक्रमों के लिए अनुमति मांगी थी। आगामी लोकसभा चुनाव में गुप्ता कुरुक्षेत्र निर्वाचन क्षेत्र से ताल ठोक रहे हैं।
स्थानीय चुनाव अधिकारियों के अनुसार, गाजियाबाद में लोकसभा चुनाव के लिए भरे गए 60 प्रतिशत नामांकन खारिज कर दिए गए। इसके अलावा शुक्रवार को ही गौतम बुद्ध नगर में भी लगभग 56 प्रतिशत उम्मीदवारों के नामांकन जांच के बाद खारिज कर दिए गए। जिला चुनाव कार्यालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक गाजियाबाद में 35 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया था और उनमें से 14 उम्मीदवारों के आवेदन मंजूर कर लिए गए। गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में कुल 34 में से 15 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए।
हिमंत ने नेताजी पर कंगना की टिप्पणी का किया बचाव
भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार कंगना रनौत के सुभाषचंद्र बोस को लेकर की गई टिप्पणी का असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बचाव किया है। सरमा ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के प्रधानमंत्री बनने से चार साल पहले नेताजी ने आजाद हिंद सरकार की स्थापना की थी, जिसे नौ देशों ने मान्यता दी थी। दरअसल, अभिनेत्री से नेता बनीं कंगना रनौत ने एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में कहा था कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस देश के पहले प्रधानमंत्री थे।इसके बाद उनकी यह वीडियो क्लिप वायरल हो गई।
कम मतदान प्रतिशत वाली 266 लोकसभा सीटों पर चुनाव आयोग ने कही यह बात
एसकेएम ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र जारी किया
अलीपुरद्वार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, " भाजपा की गारंटी जीरो। आज तक कुछ किया है? दो बार भाजपा जीती है। चाय बागान के 10 लाख मजदूरों का खाना बंद कर दिया था, वो लोग हमारे पास आए। हमने 10 लाख मजदूरों की मदद की। 100 दिन का काम देने का वादा किया था। 50 दिन का काम तो हमने दिया।"
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाई एस शर्मिला ने बडवेल निर्वाचन क्षेत्र के अमगमपल्ली से लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए शुक्रवार को अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की।
शर्मिला पहले दिन इटुकुलापाडु, वारिकुंतला, कलसापडु, पोरमामिला, पायलकुंतला और अन्य गांवों से गुजरेंगी। यहां वह भाषण देंगी और रात में अटलूर में वह अपने पहले दिन का समापन करेंगी।
अमगमपल्ली में एक छोटी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "वाईएसआर (वाईएस राजशेखर रेड्डी) कांग्रेस के आदमी थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में कई कमाल किए। अब जगन मुख्यमंत्री हैं और उन्होंने राज्य को भाजपा के हाथों में पहुंचा दिया।"
शर्मिला ने बताया कि राज्य के बंटवारे के समय आंध्र प्रदेश को विशेष श्रेणी का दर्जा दिए जाने के साथ कडप्पा इस्पात संयंत्र को लेकर भी वादे किए गए थे लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।
कर्नाटक में कांग्रेस ने बेंगलुरु उत्तर से भाजपा उम्मीदवार शोभा करंदलाजे के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज की है। दरअसल, शेभा करंदलाजे पर मल्लेश्वर में अपने कार्यकर्म के दौरान पोस्टर चिपकाकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है।
तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार शशि थरूर ने बताया कि विकास एक ऐसी चीज है, जिसे उन्होंने 15 वर्षों से किया। थरूर ने कहा, "मैं आपको 66 पन्नों की रिपोर्ट दूंगा, जिसमें सबकुछ का जिक्र होगा, जिसे मैंने खुद हासिल किया है। जब से भाजपा सरकार आई है, मैंने दिल्ली में त्रिवंद्रम की जनता की आवाज को पहुंचाना जारी रखा है। लोगों की ईमानदारी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।"
उन्होंने आगे कहा, "वह (केरल के सीएम) मुख्य रूप से सीएए का जिक्र कर रहे थे, लेकिन सच यह है कि जब इसे संसद में पेश किया गया तो मैंने इस पर आपत्ति जताई थी। यह देश के संविधान के खिलाफ है। मैं पहला ऐसा सांसद था जो शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहीं माताओं से मिलने गया।"
लोकसभा निर्दलीय सांसद सुमालता अंबरीश भाजपा में शामिल हो गई।
उन्होंने आगे कहा, "अंबरीश 25 वर्षों से कांग्रेस में थे। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे भाजपा का ऐसा समर्थन मिल, जो मेरे लिए प्रेरणा है। पीएम मोदी मेरी प्रेरणा है। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा। यह सब देखते हुए मैंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। जब बीएस येदियुरप्पा सीएम थे, तब उन्होंने मेरा बहुत समर्थन किया। पीएम मोदी वह इंसान है तो अपने बातों पर चलते हैं। मेरे लिए आज खुशी का दिन है।"
कांग्रेस ने शुक्रवार को दावा किया कि विपक्ष के दबाव और सुप्रीम कोर्ट के दखल की वजह से मोदी सरकार को निशुल्क कोविड-19 टीकाकरण के लिए मजबूर होना पड़ा। कांग्रेस ने कहा कि महामारी के दौरान ‘‘जिस तरह का कुप्रबंधन रहा’’ उसे भूलना बेहद मुश्किल है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा कोरोना टीकाकरण को निशुल्क कराने को अपनी बड़ी उपलब्धि करार दे रही है। लेकिन सच्चाई तो यह है कि मोदी सरकार को विपक्ष की जिद और सुप्रीम कोर्ट के दखल के कारण ऐसा करने के लिए मजबूर होना पड़ा। आप घटनाक्रम समझिए। डॉ. मनमोहन सिंह ने 18 अप्रैल 2021 को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उनसे टीके से जुड़ी नीति को स्पष्ट करने का अनुरोध किया, जो तब तक बिल्कुल भी व्यवस्थित नहीं थी, और अधिक टीकाकरण हो इसके लिए उन्होंने काफी अच्छे सुझाव दिए।''
रमेश ने कहा कि 19 अप्रैल 2021 को केंद्र सरकार ने 'उदारीकृत मूल्य निर्धारण तथा त्वरित राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण रणनीति' की घोषणा की। इसके तहत 18 से 44 वर्ष के बीच के नागरिकों के टीकाकरण की जिम्मेदारी राज्य सरकारों को दे दी गई। निश्चित रूप से यह एक सार्वभौमिक मुफ्त टीकाकरण योजना नहीं है। रमेश ने कहा कि 12 मई 2021 को विपक्ष के 12 नेताओं ने प्रधानमंत्री को एक संयुक्त पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने 'मुफ्त, सार्वभौमिक सामूहिक टीकाकरण अभियान' की मांग की।
उन्होंने कहा कि 31 मई 2021 को उच्चतम न्यायालय ने संशोधित टीकाकरण रणनीति को 'मनमाना और तर्कहीन' करार दिया और मोदी सरकार को 13 जून 2021 तक इसकी समीक्षा करने का आदेश दिया। इसके बाद ही सात जून 2021 को प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम की घोषणा की।
हिमाचल प्रदेश क कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने लोगों से अभिनेत्री कंगना रनौत के बारे में किसी तरह की टिप्पणी न करने की अपील की है। भाजपा ने कंगना को मंडी से उम्मीदवार बनाया है। इस पर कांग्रेस नेता प्रतिभा सिंह ने कहा, "हम उनका स्वागत करते हैं, वो भी हिमाचल प्रदेश की बेटी है। हिमाचल के लिए काम करना चाहती हैं इसलिए इस क्षेत्र में आई हैं। उन्होंने सक्रिय तौर पर काम करना भी शुरू कर दिया है...हम भी जल्द चुनाव मैदान में उतरेंगे। हमें विकास पर फोकस करना है। इस बार भी हम विकास के कामों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। मैं गर्व के साथ कह सकती हूं कि मैंने सभी 17 हल्कों में बराबर धनराशि बांटी है...हमें मुद्दों की लड़ाई लड़नी है। मैं लोगों से भी अपील करूंगी कि वो(कंगना) एक महिला हैं, उनके बारे में किसी तरह की टीका टिप्पणी न करें।"
लोकसभा प्रचार के बीच केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि वह वी. मुरलीधरन को लोकसभा में देखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, "मैं वी. मुरलीधरन के लिए बहुत समर्थन और उत्साह देख सकता हूं। हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे। मैं बहुत आश्वस्त हूं। मैं उन्हें लोकसभा में देखने के लिए उत्सुक हूं। केरल से वी. मुरलीधरन, राजीव चंद्रशेखर, अनिल एंटनी और सुरेश गोपी जैसे लोगों को संसद में होना चाहिए।"
त्रिची से एमडीएमके लोकसभा उम्मीदवार दुरई वाइको नेचुनाव अभियान के दौरान अन्ना स्टेडियम में बैडमिंटन खेला।
सेंट्रल चेन्नई निर्वाचन क्षेत्र से डीएमडीके उम्मीदवार, बी पार्थसारथी ने अरुंबक्कम में पिल्लैयार कोइल स्ट्रीट क्षेत्र में एक रोड शो किया।
ऊटी में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके नेता एडप्पादी पलानीस्वामी के वाहन की ईसी की टीम ने की उड़न दस्ते ने जांच की। तमिलनाडु की 39 सीटों पर लोकसभा चुनाव एक ही चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।
चुनाव आयोग ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू को नोटिस जारी किया है। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान 31 मार्च को आंध्र प्रदेश के सीएम को राक्षस और जानवर कहने पर टीडीपी प्रमुख को गुरुवार को नोटिस जारी किया गया था। पढ़ें पूरी खबर...
लोकसभा चुनाव शुरू होने में अब कुछ ही दिन का समय रह गया है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। इस बीच महाविकास अघाड़ी (एमवीए) में सीट बंटवारे को लेकर लगातार राजनीति जारी है। इस बीच, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र की सभी 48 सीटें महाविकास अघाड़ी की हैं, न कि शिवसेना (यूबीटी) या कांग्रेस की हैं। पढ़ें पूरी खबर...
टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिंहा ने बताया कि वह इस बात से बहुत खुश हैं कि लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार के तौर पर उनके नाम की घोषणा राज्य और देश में सबसे पहले की गई। उन्होंने इसके लिए टीएमसी का धन्यवाद भी किया।
मीडिया से बात करते हुए शत्रुघ्न सिंहा ने कहा, "यह मेरा सौभाग्य है कि मेरे नाम की घोषणा (लोकसभा उम्मीदवारी के लिए) पश्चिम बंगाल और देश में सबसे पहले की गई। जो हमने ईमानदारी और सच्चाई से काम करने की कोशिश की है शायद यह उसी का नतीजा है। मैंने अपने सभी त्योहार आसनसोल में बिताए हैं। हमने जो रिकॉर्ड बनाई थी हम उस रिकॉर्ड को अबकी बार तोड़ने की कोशिश करेंगे।"
असम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि असम में आज दो नामांकन हुए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैंने ढेकियाजुली में एक रैली की जहां बड़ी संख्या में लोग पीएम मोदी के समर्थन में आए। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसा समर्थन कभी नहीं देखा। मैं असम के लोगों का आभारी हूं। चुनाव है तो अभी हम केवल संकल्प ही कर सकते हैं। हमने ढेकियाजुली के विकास के लिए संकल्प लिया। आगे चलकर हम उन संकल्पों पर अमल करेंगे।"
लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम का दौरा करेंगे। इसकी जानकारी असम के मंत्री जयंत मल्लबरुआ ने दी है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की 14 सीटों में से भाजपा 13 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "इस महीने की सात और आठ तारीख को अमित शाह असम का दौरा करेंगे और तीन बैठकों में शामिल होंगे। वहीं 17 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां बैठक करेंगे। हम असम में 14 में से 13 सीटों में जीत हासिल करेंगे।"
लोकसभा चुनाव 2024 पर असम में भाजपा नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है और 14 में 13 सीटों में जीत हासिल करने का दावा भी किया है। भाजपा अध्यक्ष भाबेश कलिता ने कहा, "दिलीप सैकिया इस क्षेत्र में अधिक वोटों से जीतेंगे। हमें उम्मीद है कि 14 में से 13 सीट हम ही जीतेंगे।"
भाजपा के दरांग-उदलगुरी लोकसभा सीट के उम्मीदवार दिलीप सैकिया ने कहा, "जनता चाहती है कि पीएम मोदी फिर से पीएम बने और वे बेसब्री से पोल के दिन का इंतजार कर रहे हैं। वह देश के विकास और शांति के लिए NDA को वोट देने के लिए तैयार हैं।"