फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UK PM in India LIVE: पीएम मोदी बोले- 2030 तक दोगुना करेंगे द्विपक्षीय व्यापार, सहयोग और समर्थन बेहद जरूरी

Thu, 09 Oct 2025 12:34 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

UK PM in India LIVE: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर अपने भारत दौरे के दूसरे दिन मुंबई स्थित राजभवन पहुंचे। यहां पीएम नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापारिक, सामरिक और कूटनीतिक मुद्दों पर चर्चा भी की। बाद में दोनों नेता इंडिया-यूके सीईओ फोरम में शामिल हुए। यहां पढ़ें अपडेट्स...
विज्ञापन
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और पीएम नरेंद्र मोदी - फोटो : एक्स@ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:21 PM, 09-Oct-2025

रूस से तेल खरीद को लेकर पीएम मोदी से बातचीत हुई: स्टार्मर
रूस से तेल खरीद पर पीएम मोदी से हुई बातचीत पर उन्होंने कहा, हां, इस विषय पर हमारी बातचीत हुई। खासकर उस बिंदु पर फोकस किया गया, जिसे हम दोनों चाहते हैं। पीएम मोदी और मैं इस संघर्ष को समाप्त करने पर फोकस कर रहे हैं और हमने उन विभिन्न कदमों पर चर्चा की जो इस दिशा में लिए जा सकते हैं।

07:19 PM, 09-Oct-2025

ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने गाजा शांति योजना का किया स्वागत
गाजा युद्ध पर ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने कहा, मैं इस बात का जोरदार स्वागत करता हूं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना के पहले चरण पर सहमति बन गई है। यह बंधकों, उनके परिवारों, गाजा के आम नागरिकों और पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब हम अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि यह समझौता पूरी तरह और बिना किसी देरी के लागू किया जा सके।

07:15 PM, 09-Oct-2025

आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा भारत: पीएम कीर स्टार्मर
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा, तकनीक के क्षेत्र में भारत और ब्रिटेन जो साथ मिलकर कर रहे हैं, वह एक शानदार उदाहरण है। ब्रिटेन दुनिया के केवल तीन ऐसे देशों में से एक है जिसका तकनीकी उद्योग (टेक इंडस्ट्री) एक ट्रिलियन डॉलर की है। भारत जल्द ही चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने वाला है। हम दोनों ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की दुनिया में शीर्ष चार ताकतों में शामिल हैं और हम इस मौके का फायदा उठाकर और आगे बढ़ना चाहते हैं। 

स्टार्मर ने आगे कहा, भारत को देखें..यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और 2028 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। भारत एक आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा है और ब्रिटेन इस यात्रा में उसका आदर्श साझेदार बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। हम भविष्य के क्षेत्रों और कौशल को मिलकर बनाना चाहते हैं। यह व्यापार समझौता ब्रिटेन के नेतृत्व को तकनीक, जीवन विज्ञान, नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में आगे ले जाने का एक लॉन्चपैड है। इस हफ्ते हमने इन सभी अवसरों को पूरी तरह से अपनाया है और इसके ठोस नतीजे भी मिले हैं। ब्रिटेन में 1.3 बिलियन पाउंड (लगभग 13 अरब रुपये) के नए निवेश आए हैं और 10,600 नौकरियां पैदा हुई हैं। इनमें नॉर्थवेस्ट में 1,500 नौकरियां, मिडलैंड्स में 1,000 से ज्यादा, यॉर्कशायर और हम्बर में 200 और नॉर्दर्न आयरलैंड में 700 नौकरियां शामिल हैं। 

विज्ञापन
07:02 PM, 09-Oct-2025

पीएम स्टार्मर के दौरे पर बोले विदेश सचिव मिस्री
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा,  स्टार्मर भारत की अपनी पहली औपचारिक यात्रा पर हैं। उनके साथ एक बहुत उच्च‑स्तरीय दल है और 125 सदस्यों का व्यापार प्रतिनिधिमंडल है। यह अब तक का सबसे बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल है, जो भारत आया है। इस प्रतिनिधिमंडल में ब्रिटेन के नौ प्रमुख विश्वविद्यालयों के नौ कुलपति शामिल हैं, जिनकी भारत में योजनाएं हैं। कल, पीएम स्टार्मर ने भारत के व्यापारिक नेताओं से मुलाकात की और कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने यश राज फिल्म्स का दौरा किया, ताकि फिल्म निर्माण में सहयोग की संभावनाएं देखी जाएं। वह एक फुटबॉल से जुड़े कार्यक्रम में भी शामिल हुए। आज सुबह पीएम मोदी ने राजभवन में स्टार्मर का स्वागत किया और दोनों ने क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर व्यापक वार्ता की। दोनों नेताओं ने ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से भी बातचीत की। उन्होंने अभी इंडिया‑यूके सीईओ फोरम के साथ बैठक की है।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, पहला मुख्य क्षेत्र व्यापार और निवेश है। मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों में पारित होने की प्रक्रिया में है और दोनों देशों के व्यापारियों में उत्साह है। इस यात्रा से दोनों पक्षों को अवसर मिला है कि वे एफटीए के अंतर्गत टैरिफ कटौती से मिलने वाले पूर्ण लाभों को हासिल करने के लिए आर्थिक जुड़ाव और गहरा करने पर वार्ता करें। ब्रिटेन के व्यापार एवं वाणिज्य सचिव और भारत के वाणिज्य व उद्योग मंत्री ने भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार और निवेश की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। नेताओं ने नए साझा निवेशों की घोषणा की है, जो क्लाइमेट टेक्नोलॉजी स्टार्टअप फंड को बढ़ावा देंगे। इससे एफटीए के नवाचार संबंधी अध्याय को भी सहायता मिलेगी। इस दौरान तकनीकी और नवाचार दूसरा मुख्य क्षेत्र है जिस पर इस यात्रा के दौरान खास फोकस है। 
 

05:06 PM, 09-Oct-2025

विजन 2035 साझा लक्ष्यों का खाका: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आप सभी ने भारत की फिनटेक क्षेत्र में क्षमता देखी है। आज दुनिया के लगभग 50 फीसदी रियल-टाइम डिजिटल लेनदेन भारत में हो रहे हैं। वित्तीय सेवाओं में ब्रिटेन का अनुभव और भारत का डिजिटल सार्वजनिक ढांचा (डीपीआई) मिलकर पूरी मानवता को लाभ पहुंचा सकते हैं। मोदी ने कहा, हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रधानमंत्री स्टार्मर और मैंने 'विजन 2035' की घोषणा की है। यह हमारे साझा लक्ष्यों का एक खाका (ब्लूप्रिंट) है। भारत और ब्रिटेन जैसे खुले लोकतांत्रिक समाजों में ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां हम सहयोग का विस्तार न कर सकें। भारत की प्रतिभा और उसका विशाल आकार और ब्रिटेन की शोध और विशेषज्ञता का मेल बड़े नतीजे दे सकता है। इन लक्ष्यों और सपनों को तय समय में हासिल करने के लिए आपका सहयोग और समर्थन बेहद जरूरी है। 

विज्ञापन
05:02 PM, 09-Oct-2025

भारत में ब्रिटेन के नौ विश्वविद्यालय खोलेंगे अपने कैंपस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, आज भारत की नीति में स्थिरता है, नियमों में पारदर्शिता है और बड़े पैमाने पर मांग भी मौजूद है। बुनियादी ढांचे, दवाइयों, ऊर्जा और वित्त सहित हर क्षेत्र में अभूतपूर्व अवसर मौजूद हैं। यह भी खुशी की बात है कि ब्रिटेन के नौ विश्वविद्यालय भारत में अपने परिसर (कैंपस) खोल रहे हैं। आने वाले समय में शिक्षा और उद्योग के बीच की साझेदारी हमारी नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। 

05:01 PM, 09-Oct-2025

2030 तक दोगुना करेंगे द्विपक्षीय व्यापार: पीएम नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'इंडिया-यूके सीईओ फोरम' को संबोधित करते हुए कहा, आज हमारा द्विपक्षीय व्यापार लगभग 56 अरब डॉलर का है। हमने इसे 2030 तक दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि हम यह लक्ष्य तय समय से पहले हासिल कर लेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, हमें महत्वपूर्ण खनिजों, दुर्लभ धातुओं और एपीआई (एपीआई) जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। इससे हमारे संबंधों को एक भविष्योन्मुख दिशा भी मिलेगी।

02:26 PM, 09-Oct-2025

ब्रिटेन-भारत के बीच इन मुद्दों पर हुई चर्चा

02:10 PM, 09-Oct-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "मुंबई के राजभवन में अपने मित्र, प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर का स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हुई। उनकी पहली भारत यात्रा होने के कारण, यह निश्चित रूप से एक विशेष अवसर है। भारत में सबसे बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति इसे और भी विशेष बनाती है और भारत-ब्रिटेन संबंधों की मजबूत संभावनाओं को दर्शाती है।"
 

01:19 PM, 09-Oct-2025

आपके साझेदार बनने में हमारी दिलचस्पी

स्टार्मर ने पीएम मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी को उनकी नेतृत्व क्षमता के लिए बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने 2028 तक भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। आपका विकसित भारत 2047 का विजन, भारत को पूरी तरह विकसित देश बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है। मैंने यहां जो कुछ भी देखा है, वह इस बात का प्रमाण है कि भारत अपने लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ रहा है। हम इस यात्रा में आपके साझेदार बनना चाहते हैं।

12:58 PM, 09-Oct-2025

ब्रिटिश पीएम ने बताया कि बुधवार को भारत आने के बाद उन्होंने फिल्म स्टूडियो का दौरा किया था। उन्होंने कहा, "अब हम ब्रिटेन में बॉलीवुड फिल्मों के निर्माण को लेकर एक अहम समझौते की घोषणा कर रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी हमारे सहयोग को और गहरा किया जा रहा है। भारत की नई पीढ़ी ही 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाएगी।"

12:46 PM, 09-Oct-2025

स्टार्मर ने दी तकनीक-रक्षा साझेदारी को मजबूत करने की जानकारी

ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रिटेन और भारत तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व कर रहे हैं। इसी दिशा में हमने अपनी तकनीक और सुरक्षा साझेदारी को और मजबूत करने का फैसला किया है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), एडवांस्ड कम्युनिकेशन, डिफेंस टेक्नोलॉजी समेत कई क्षेत्रों में नए समझौते शामिल हैं। 

12:33 PM, 09-Oct-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम स्टार्मर के नेतृत्व में भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के रिश्तों में बड़ी प्रगति हुई है। पीएम मोदी ने बताया कि इस साल जुलाई में उनकी यूके यात्रा के दौरान दोनों देशों ने ऐतिहासिक ‘व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते’ पर सहमति बनाई थी। उन्होंने कहा कि इस समझौते के कुछ ही महीनों में पीएम स्टार्मर का भारत दौरा और उनके साथ आया अब तक का सबसे बड़ा बिजनेस डेलीगेशन इस बात का प्रतीक है कि भारत-यूके साझेदारी अब नई ऊर्जा और व्यापक दृष्टि के साथ आगे बढ़ रही है।

 

12:29 PM, 09-Oct-2025

पीएम मोदी बोले- भारत-UK के बीच अब तक का सबसे बड़ा बिजनेस समिट हुआ
किएर स्टार्मर के साथ प्रेस वार्ता में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच अब तक का सबसे बड़ा बिजनेस लीडर्स समिट कल आयोजित हुआ। उन्होंने आगे बताया कि आज दोनों नेता इंडिया-ब्रिटेन सीईओ फोरम और ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि इन कार्यक्रमों से भारत और ब्रिटेन के बीच सहयोग को और मजबूत करने के कई सुझाव और संभावनाएं सामने आई हैं।

12:25 PM, 09-Oct-2025

PM मोदी बोले- भारत और UK 'नेचुरल पार्टनर', लोकतंत्र और कानून के प्रति साझा विश्वास है मजबूत आधार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) प्राकृतिक साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि हमारे रिश्तों की नींव लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन जैसे साझा मूल्यों पर टिकी है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश मिलकर वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सकते हैं और अपने नागरिकों के लिए नए अवसर पैदा कर सकते हैं। 

12:18 PM, 09-Oct-2025

पीएम मोदी और ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर की संयुक्त प्रेस वार्ता शुरू
मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टारमर के साथ एक संयुक्त बयान जारी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पीएम स्टारमर के नेतृत्व में भारत और ब्रिटेन के रिश्तों ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जुलाई में जब वे ब्रिटेन के दौरे पर गए थे, तब दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक 'व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता' (सीईटीए) पर हस्ताक्षर हुए थे। उन्होंने इसे भारत-ब्रिटेन साझेदारी के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। इस बैठक और संयुक्त बयान को दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

12:11 PM, 09-Oct-2025

मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर के बीच बैठक जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टारमर इस समय मुंबई में प्रतिनिधिमंडल स्तर की एक अहम बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीकी सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। दोनों नेता अपने-अपने प्रतिनिधियों के साथ मौजूद हैं और भारत-ब्रिटेन संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

 

11:01 AM, 09-Oct-2025

मुंबई के राजभवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने मुंबई में एक अहम बैठक शुरू। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और ब्रिटेन के आपसी रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा की।

10:16 AM, 09-Oct-2025

UK PM in India LIVE: पीएम मोदी बोले- 2030 तक दोगुना करेंगे द्विपक्षीय व्यापार, सहयोग और समर्थन बेहद जरूरी

प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद अपने पहले भारत दौरे पर आए स्टार्मर का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुंबई में राजभवन में स्वागत किया है। बताया गया है कि थोड़ी देर में दोनों नेताओं के बीच वार्ता होगी। इस मुलाकात में दोनों देशों के साथ समयबद्ध कार्यक्रम विजन-2035 को आगे बढ़ाया जाएगा। 

प्रधानमंत्री मोदी की जुलाई में लंदन यात्रा के दौरान स्टार्मर ने भारत-यूके विजन 2035 का समर्थन किया था। यह दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने के संकल्प को दिखाता है। मुंबई में दोनों नेताओं की बैठक में इसको लेकर अहम चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी करीब पौने दो बजे ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ मुंबई के जिओ वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम में भाग लेंगे। इसके बाद करीब 2:45 बजे दोनों प्रधानमंत्री ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) के छठें संस्करण में शामिल होंगे और मुख्य भाषण देंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें