फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND-PAK Tension Live: पाकिस्तान ने बंद किया हवाई क्षेत्र, पाक सेना का दावा, भारत ने दागीं मिसाइल

Sat, 10 May 2025 06:12 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

India Pakistan War Latest News Updates: ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने आज तीसरे दिन दावा किया है कि भारतीय सेना ने रावलपिंडी समेत तीन पाकिस्तानी एयरबेस पर मिसाइल दागीं हैं। इसके साथ ही स्थिति को बद से बदतर होता देख नापाक पड़ोसी ने अब अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद करने का भी फैसला किया है। जानें पल पल के अपडेट...
विज्ञापन
पाकिस्तान के ड्रोन हमले नाकाम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:05 AM, 10-May-2025

भारत-पाकिस्तान तनाव पर G7 देशों की अपील, संयम बरतें; बातचीत से निकाले हल
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अब जी7 देशों ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है। जी7 में शामिल कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ ने एक संयुक्त बयान में कहा कि हम इस भयावह आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हैं और भारत-पाकिस्तान से आग्रह करते हैं कि स्थिति को और ना बिगाड़ें। सैन्य तनाव बढ़ना पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है। साथ ही जी7 ने दोनों देशों के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और कहा है कि वे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। बयान में यह भी कहा गया कि हम तुरंत तनाव कम करने और दोनों देशों के बीच सीधी बातचीत से शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम उठाने का समर्थन करते हैं।

 

05:30 AM, 10-May-2025

पाकिस्तानी सेना का दावा: भारत ने तीन एयरबेस पर दागीं मिसाइल
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान की सेना ने शनिवार को दावा किया है कि भारत की ओर से तीन पाकिस्तानी एयरबेस पर मिसाइल दागीं गई हैं। इनमें रावलपिंडी स्थित एयरबेस भी शामिल है। यह जानकारी पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दी। साथ ही मामले में प्रवक्ता ने कहा कि भारत अब हमारे जवाब का इंतजार करे। हालांकि, भारत की ओर से इन दावों पर अब तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। 
 

05:29 AM, 10-May-2025

पाकिस्तान ने अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र किया बंद
भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान ने शनिवार, 10 मई 2025 को अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, यह प्रतिबंध सुबह 3:15 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक लागू रहेगा और इस दौरान कोई भी उड़ान हवाई क्षेत्र का उपयोग नहीं कर सकेगी।

विज्ञापन
05:26 AM, 10-May-2025

बाड़मेर में एयर रेड का अर्जेंट अलर्ट जारी हुआ है। पाकिस्तान की तरफ से हवाई हमले की सूचना के बाद प्रशासन ने ऐसा कदम उठाया है।

05:07 AM, 10-May-2025

भारत-पाक तनाव के बीच MP सरकार ने रद्द की 13 विभागों के अफसरों की छुट्टियां
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के 13 अहम विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सभी आगामी छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अभूतपूर्व हालात को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है और आगे के आदेश तक छुट्टियों पर रोक रहेगी।

जिन 13 विभागों पर यह रोक लागू की गई है, वे हैं:
गृह विभाग, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा, ऊर्जा, नगरीय विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य नागरिक आपूर्ति, लोक निर्माण, राजस्व, सामान्य प्रशासन, जल संसाधन, नर्मदा घाटी विकास और परिवहन विभाग। हालांकि, छुट्टी केवल अत्यावश्यक कारणों जैसे गंभीर बीमारी, परिवार में विवाह या मृत्यु जैसी स्थितियों में ही दी जाएगी, वह भी जिला कलेक्टर या राज्य स्तर पर सचिव की अनुमति से।

विज्ञापन
05:02 AM, 10-May-2025

पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच AIIMS भुवनेश्वर ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कीं
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए AIIMS भुवनेश्वर ने शुक्रवार को एक अहम फैसला लेते हुए सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। इसमें वे कर्मचारी भी शामिल हैं जो पहले से छुट्टी पर हैं या छुट्टी पर जाने की योजना बना रहे थे। आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि आगामी हालात को देखते हुए किसी भी अधिकारी को कोई भी प्रकार की छुट्टी (यहां तक कि पहले से स्वीकृत अवकाश भी) स्वास्थ्य कारणों को छोड़कर नहीं दी जाएगी। सभी को तुरंत ड्यूटी पर लौटना होगा। आदेश में आगे कहा गया है कि जिन कर्मचारियों को पहले ही छुट्टी दी जा चुकी है, उनकी छुट्टियां अब रद्द मानी जाएंगी और वे तुरंत काम पर वापस आएं।

04:14 AM, 10-May-2025

जम्मू और कश्मीर के अखनूर इलाके में शनिवार रात अचानक पूरी तरह से ब्लैकआउट कर दिया गया है। इलाके में तेज धमाकों और सायरन की आवाजें लगातार सुनाई दे रही हैं। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 

04:09 AM, 10-May-2025

जलंधर में ड्रोन देखे जाने के बाद एहतियातन ब्लैकआउट
पंजाब के जलंधर में शनिवार रात कुछ संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की सूचना के बाद प्रशासन ने सावधानी के तौर पर कुछ समय के लिए ब्लैकआउट लागू कर दिया है। मामले में जलंधर के डिप्टी कमिश्नर ने बयान जारी करते हुए कहा कि इलाके में कुछ ड्रोन देखे जाने की खबरें आई हैं। सुरक्षाबल जांच कर रहे हैं। सभी लोग शांत रहें और ब्लैकआउट प्रोटोकॉल का पालन करें।

03:13 AM, 10-May-2025

दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रायों के लिए जारी की एडवाइजरी
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत की उड़ाने लगातार प्रभावित हो रही है। इसी बीच यात्रियों के लिए दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत दिल्ली एयरपोर्ट पर इस समय सभी ऑपरेशंस सामान्य रूप से चल रहे हैं। हालांकि, एयरस्पेस की बदलती स्थिति और सिविल एविएशन सिक्योरिटी ब्यूरो के आदेशानुसार सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। इस वजह से कुछ उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है और यात्रियों को सुरक्षा जांच में ज्यादा समय लग सकता है। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें और अपनी उड़ान की जानकारी संबंधित एयरलाइन से चेक करते रहें।

02:35 AM, 10-May-2025

पाकिस्तान में 4.0 की तीव्रता से कांपी धरती
भारत से जारी संघर्ष के बीच पाकिस्तान पर कुदरत का भी कहर बरसा है। वहां आज सुबह 01.44 बजे पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.0 दर्ज की गई। 

02:23 AM, 10-May-2025

चंडीगढ़ में बजे सायरन, लोगों में हड़कंप
चंडीगढ़ में अभी कुछ मिनट पहले सायरन बजने शुरू हुए हैं। रात को चंडीगढ़ की सड़कों पर जो पुलिस नाके लगाए गए थे उनको भी हटा लिया गया है। फिलहाल पुलिस इसको रुटीन  बता रही है। उधर, चंडीगढ़ पुलिस-प्रशासन के पास रात 2 बजे के करीब किसी भी तरीके के अलर्ट की सूचना नहीं है। यह बात पुलिस ने कंफर्म की है। फिलहाल रात को अचानक बजे सायरन से लोगों में हड़कंप मच गया।

01:45 AM, 10-May-2025

नई दिल्ली पहुंची जम्मू से चली विशेष ट्रेन
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच जम्मू से चलीविशेष ट्रेन कड़ी सुरक्षा के बीच नई दिल्ली स्टेशन पहुंच गई है। 
 

01:17 AM, 10-May-2025

वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चाधिकारियों के साथ बैठक, सिक्किम के CM ने लिया जायजा
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने पाकिस्तान के साथ उपजे तनावपूर्ण हालात के मद्देनजर उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सिक्किम के नागरिकों को यह आश्वस्त करना चाहता हूं कि सरकार आपकी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व सक्रिय कदम उठा रही है। उन्होंने
कहा, सिक्किम की रणनीतिक स्थिति और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के निकटता को देखते हुए, यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम हर स्थिति से निपटने के लिए सतर्क और पूरी तरह तैयार रहें। ये उपाय न केवल राज्य हित में, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति हमारे कर्तव्यों के अनुरूप भी हैं।

12:35 AM, 10-May-2025

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई शुरू
रक्षा सूत्रों के अनुसार, नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर भारतीय शहरों पर पाकिस्तानी सेना के ड्रोन हमलों के बाद भारतीय सेना ने जम्मू सेक्टर में जोरदार जवाबी हमला कर दिया है।



 

12:27 AM, 10-May-2025

भारत-पाकिस्तान के एनएसए के बीच नहीं हुई बातचीत : पाक सेना प्रवक्ता
पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच कोई सीधा संवाद नहीं हुआ है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच कोई सीधा संवाद नहीं हुआ है। सैन्य प्रवक्ता ने विदेश मंत्री इशाक डार के दावे का खंडन किया। 

12:06 AM, 10-May-2025

आईएमएफ ने पाकिस्तान को दिया कर्ज
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने दावा किया है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने पाकिस्तान के लिए 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर के ऋण को मंजूरी दी है। इससे पहले भारत ने आईएमएफ से पाकिस्तान को नए ऋण देने का विरोध किया था और कहा था कि पाकिस्तान इन पैसों का इस्तेमाल सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने में कर सकता है। 

12:04 AM, 10-May-2025

गुजरात के मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शुक्रवार रात गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचे और भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष के बीच सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय की भी समीक्षा की।
सीएम पटेल ने एक्स पर लिखा कि वर्तमान स्थिति में जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ चल रहे समन्वय की समीक्षा करने के लिए गांधीनगर में एसईओसी का दौरा किया, साथ ही किसी भी संभावित आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को आवश्यक निर्देश और मार्गदर्शन दिया गया। राज्य प्रशासन, केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पूरी तरह सतर्क है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्रिय रूप से लगा हुआ है।
 

12:00 AM, 10-May-2025

पहलगाम हमले पर मिडिल ईस्ट फोरम के शोध निदेशक जोनाथन स्पायर ने कहा कि टीआरएफ- द रेजिस्टेंस फ्रंट, लश्कर-ए-तैयबा और उल-मुजाहिदीन समूहों का हिस्सा है। ये दोनों संगठन इस्लामी आतंकवादी समूह हैं जिनकी विचारधारा और व्यवहार हमास के समान हैं। बेशक कुछ वैचारिक मतभेद हैं, लेकिन मोटे तौर पर वे एक ही क्षेत्र से जुड़े हैं।  उन्होंने कहा कि छद्म इस्लामी आतंकी संगठनों का उपयोग करने का पाकिस्तानी तरीका तुर्किये गणराज्य और ईरान द्वारा किए गए समान अभ्यास से मिलता जुलता है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर व्यवहार का यह तरीका बिल्कुल अस्वीकार्य है। 

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब आतंकी संगठन पश्चिमी ठिकानों और पश्चिमी नागरिकों को निशाना बनाते हैं, तो उन्हें आतंकी कहने में कोई शर्म नहीं है, लेकिन जब वे गैर-पश्चिमी आबादी को निशाना बनाते हैं, तो तथाकथित निष्पक्षता और तटस्थता की इच्छा और दोनों पक्षों के विचारों को देखना अचानक एजेंडे पर आ जाता है। मुझे लगता है कि यह बहुत गलत है। न केवल यह गलत है, बल्कि यह अच्छी रिपोर्टिंग भी नहीं है क्योंकि मामले का तथ्य यह है कि मौजूदा वृद्धि का कारण पाकिस्तान द्वारा इस्लामी आतंकवादी संगठनों को समर्थन और प्रयोजन है। 

 

11:27 PM, 09-May-2025

भारत और पाकिस्तान के साथ लगातार संपर्क में है अमेरिका : व्हाइट हाउस
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत और पाकिस्तान के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने एक ब्रीफिंग में पत्रकारों से कहा, दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संघर्ष को कम होते देखना चाहते हैं। अमेरिका दोनों देशों के बीच ताजा हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

11:17 PM, 09-May-2025

26 जगहों पर नजर आए पाकिस्तानी ड्रोन
जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 जगहों पर पाकिस्तानी ड्रोन नजर आए। उत्तर में बारामूला से लेकर दक्षिण में भुज तक अंतरराष्ट्रीय सीमा और पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा पर 26 स्थानों पर ड्रोन देखे गए हैं। इनमें नागरिक और सैन्य ठिकानों के लिए संभावित खतरा पैदा करने वाले संदिग्ध सशस्त्र ड्रोन शामिल हैं। रक्षा सूत्रों ने बताया कि इन स्थानों में बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, लक्खी नाला और कच्छ शामिल हैं।
 

10:35 PM, 09-May-2025

गुजरात के सीमावर्ती गांवों में ब्लैक आउट
गुजरात सरकार ने पाटन जिले के सीमावर्ती संतालपुर तालुका के गांवों में ब्लैकआउट लागू कर दिया है। गुजरात के सीएम ने सभी नागरिकों को अफ़वाहों से दूर रहने और समय-समय पर प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है। 
 

10:19 PM, 09-May-2025

श्रीनगर हवाई अड्डे पर ड्रोन हमला
रक्षा अधिकारियों के मुताबिक श्रीनगर हवाई अड्डे पर संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ है। जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। 
 

09:58 PM, 09-May-2025

जैसलमेर में पाकिस्तानी ड्रोन रोके गए
जैसलमेर में भी पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय वायु रक्षा बल ने रोका।
 

09:54 PM, 09-May-2025

कटरा में ब्लैक आउट
जम्मू के कई इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद कटरा में ब्लैक आउट किया गया।
 

09:50 PM, 09-May-2025

फिरोजपुर पाकिस्तानी ड्रोन के हमले में एक परिवार घायल
फिरोजपुर में एक पाकिस्तानी ड्रोन ने रिहायशी इलाके पर हमला किया। इसमें एक परिवार घायल हो गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 
 

09:48 PM, 09-May-2025

पंजाब के गुरदासपुर में ब्लैक आउट
पश्चिमी सीमा पर कई स्थानों पर पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद पंजाब के गुरदासपुर में ब्लैक आउट किया गया।
   

09:42 PM, 09-May-2025

तीन सीमावर्ती जिलों के लोगों को बंकरों में भेजा
जम्मू कश्मीर के तीन सीमावर्ती जिलों के निवासियों को बंकरों और अन्य सुरक्षित घरों में स्थानांतरित किया गया। इसमें बारामूला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा शामिल है।
 

09:39 PM, 09-May-2025

नगरोटा में रोका गया पाकिस्तानी ड्रोन
जम्मू-कश्मीर के नगरोटा में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका। यहां विस्फोटों की आवाज सुनी गई।
 

09:38 PM, 09-May-2025

भारत ने आईएमएफ में किया पाकिस्तान की फंडिंग का विरोध
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने विस्तारित निधि सुविधा (EFF) ऋण कार्यक्रम की समीक्षा की। आईएमएफ ने पाकिस्तान के लिए एक नए ऋण कार्यक्रम (1.3 बिलियन डॉलर) पर भी विचार किया। भारत ने पाकिस्तान के मामले में आईएमएफ कार्यक्रमों की प्रभावशीलता पर चिंता जताई। भारत सरकार ने कहा कि पाकिस्तान के खराब ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए सीमा पार आतंकवाद के लिए फंडिंग में ऋण  निधि के दुरुपयोग की संभावना जताई। 

भारत ने कहा कि सीमा पार आतंकवाद को प्रोत्साहित करना वैश्विक समुदाय को एक खतरनाक संदेश देता है। यह फंडिंग एजेंसियों और दानकर्ताओं की प्रतिष्ठा को जोखिम में डालता है। वैश्विक मूल्यों का मजाक उड़ाता है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारत के बयानों और मतदान से उसके दूर रहने पर ध्यान दिया।  भारत ने आतंकवाद संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान के ऋण कार्यक्रमों पर आईएमएफ (अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष) के मतदान से खुद को दूर रखा।
 


 

09:33 PM, 09-May-2025

सांबा में भारी गोलाबारी और विस्फोट
सांबा में भारी गोलाबारी और विस्फोट हुए।
 

09:27 PM, 09-May-2025

राजौरी में वायु सेना ने रोका पाकिस्तानी ड्रोन
राजौरी में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु सेना  ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका। यहां विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।
 
 

09:24 PM, 09-May-2025

फिरोजपुर में सुनाई दी धमाकों की आवाज
पंजाब के कई जिलों में ब्लैकआउट है। पठानकोट और फिरोजपुर में तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। 
 

09:22 PM, 09-May-2025

पठानकोट में पाकिस्तानी ड्रोन मार गिराया
पठानकोट में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन को रोका। इस दौरान यहां पर लाल धारियां दिखाई दीं और विस्फोटों की आवाज सुनाई दी।
 

09:13 PM, 09-May-2025

रक्षा सूत्रों ने बताया कि अखनूर में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु रक्षा बलों द्वारा पाकिस्तानी ड्रोन को रोकने पर धमाकों की आवाज सुनाई दी। 
 

09:12 PM, 09-May-2025

उमर अब्दुल्ला बोले- विस्फोटों की आवाजें आ रहीं
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक्स पोस्ट में कहा कि जहां मैं हूं वहां से रुक-रुक कर विस्फोटों की आवाजें, शायद भारी तोपों की, सुनी जा सकती हैं। उन्होंने अंधेरे में डूबे शहर की एक तस्वीर भी पोस्ट की और कैप्शन में लिखा कि जम्मू में अब ब्लैकआउट है। पूरे शहर में सायरन की आवाज सुनी जा सकती है। उन्होंने कहा कि जम्मू और उसके आसपास के सभी लोगों से मेरी विनम्र अपील है कि कृपया सड़कों पर न निकलें, घर पर रहें या निकटतम स्थान पर रहें जहां आप अगले कुछ घंटों के लिए आराम से रह सकते हैं। अफवाहों पर ध्यान न दें, निराधार या अपुष्ट कहानियां न फैलाएं और हम सब मिलकर इससे निपट लेंगे।
 

09:05 PM, 09-May-2025

पुंछ में सुनाई दी धमाकों की आवाज
पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी के कारण पुंछ में धमाकों की आवाजें सुनाईं दीं।
 

08:57 PM, 09-May-2025

सांबा में पाकिस्तानी ड्रोन को रोका गया
सांबा में धमाकों की आवाज सुनी गई। भारत की वायु रक्षा ने ब्लैकआउट के बीच पाकिस्तानी ड्रोन को रोका।
 

08:48 PM, 09-May-2025

पाकिस्तानी ड्रोन रोकने पर सुनाई दी धमाकों की आवाज
जम्मू में भारतीय वायु रक्षा बलों द्वारा ब्लैकआउट के बीच पाकिस्तानी ड्रोन को रोकने पर धमाकों की आवाज सुनाई दी। 
 

08:45 PM, 09-May-2025

जम्मू, पठानकोट और सांबा में दिखा पाकिस्तानी ड्रोन
रक्षा सूत्रों ने बताया कि जम्मू, पठानकोट और सांबा में पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया है।
 

08:37 PM, 09-May-2025

जम्मू में ब्लैक आउट
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच जम्मू में फिर से गोलाबारी हो रही है। जिसके बाद जम्मू में ब्लैक आउट हो गया है। कई जगहों से धमाकों की आवाजें आ रही हैं।
   

08:22 PM, 09-May-2025

भारतीय सेना के लिए लोगों ने मां कामाख्या मंदिर में की प्रार्थना
पाकिस्तान सेना द्वारा लगातार संघर्षविराम उल्लंघन और भारत के खिलाफ आक्रामकता के बीच, शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं ने गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में भारतीय सेना के लिए प्रार्थनाएं कीं और उनका आशीर्वाद मांगा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पहलगाम में मारे गए लोगों के परिजनों और मारे गए लोगों के आत्मिक शांति के लिए भी प्रार्थना की। भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, कई श्रद्धालुओं ने आतंकवाद को समाप्त करने की उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया, जो भारत की अखंडता के लिए खतरा बना हुआ है। एक श्रद्धालु ने सरस्वती ने कहा, हमें भारतीय सेना पर गर्व है। भारत को तब तक पाकिस्तान को नहीं छोड़ना चाहिए जब तक कि पाकिस्तान में आतंकवाद का पूरी तरह से सफाया नहीं हो जाता। भारतीय सेना पर पूरा विश्वास है कि वे आतंकवाद का खात्मा करने के बाद ही दम लेगी। 

07:19 PM, 09-May-2025

तरनतारन से गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप अमृतसर भेजे गए
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, पंजाब के तरनतारन में भी दहशत का माहौल है। हवेलियां गांव के सिंह सभा गुरुद्वारा से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूपों को अमृतसर के गुरुद्वारा रामसर साहिब में स्थानांतरित किया जा रहा है। इस कदम को लेकर स्वर्ण मंदिर के प्रबंधक राजिंदर सिंह ने कहा, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के सदस्यों ने गांवों का दौरा किया है। गुरुद्वारा के ग्रंथियों की सहमति के बाद श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूपों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। यह सीमा से सटा हुआ गांव है...श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूपों को अमृतसर के गुरुद्वारा रामसर साहिब में पहुंचाया जा रहा है।

07:08 PM, 09-May-2025

स्वास्थ्य मंत्रालय ने रद्द कीं छुट्टियां
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी छुट्टियों को रद्द करने का फैसला लिया है। पाकिस्तान के साथ उपजे तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, अगले आदेश तक किसी भी अधिकारी को छुट्टी नहीं दी जाएगी। स्टेशन अवकाश भी नहीं मिलेगा। अपरिहार्य स्थितियों में चिकित्सा आधार पर छुट्टी मिलेगी। पहले से स्वीकृत छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। जो अधिकारी छुट्टी पर हैं, उन्हें तुरंत ड्यूटी ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया है।

07:03 PM, 09-May-2025
बैठक करते पीएम मोदी। - फोटो : ANI

पीएम मोदी ने उच्चस्तरीय बैठक में की हालात की समीक्षा
पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच पीएम मोदी ने आज एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) अनिल चौहान के साथ बैठक की। बैठक में तीनों सेना प्रमुख और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।

05:57 PM, 09-May-2025

पाकिस्तान के खिलाफ किन हथियारों का इस्तेमाल किया
सूत्रों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद, पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर मिसाइलों को लॉन्च करके तनाव बढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, हर मिसाइल को बेअसर कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक मिसाइलों को नाकाम करने के लिए एस-400 ट्रायम्फ मिसाइल सिस्टम, बराक-8 मिसाइल, आकाश मिसाइल और डीआरडीओ की ड्रोन रोधी तकनीकों का इस्तेमाल पाक के हमले को विफल किया गया। पाकिस्तानी हमले के लिए भारत की तीव्र, समन्वित प्रतिक्रिया से भारतीय वायु रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र की ताकत का पता चलता है।

05:53 PM, 09-May-2025

पाकिस्तानी हमले का खंडन कर रही सरकार, हास्यास्पद है ऐसा रवैया: विदेश सचिव
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, कल रात पाकिस्तान ने भड़काऊ और आक्रामक कार्रवाई की। भारतीय शहरों और नागरिक बुनियादी ढांचे के अलावा सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर हमले किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने आनुपातिक तरीके से जिम्मेदारी भरा और माकूल जवाब दिया। उन्होंने कहा, पाकिस्तान के इन हमलों का पाकिस्तानी राज्य मशीनरी (सरकार) आधिकारिक और स्पष्ट रूप से खंडन कर रही है, जो हास्यास्पद है। इससे उनका कपट सामने आ गया है। विदेश सचिव ने पाकिस्तान के इस बर्ताव को फरेब का एक और उदाहरण बताया।

05:44 PM, 09-May-2025

भारत ने पाकिस्तान को बड़ा नुकसान पहुंचाया
बकौल कर्नल सोफिया, पाकिस्तानी हमले के जवाब में भारत ने चार हवाई रक्षा स्थलों पर सशस्त्र ड्रोन लॉन्च किए। इनमें एक ड्रोन एडी रडार को नष्ट करने में सफल रहा। कर्नल सोफिया ने बताया कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के तंगधार, उड़ी, पुंछ, मेंढर, राजौरी, अखनूर और उधमपुर में भारी कैलिबर आर्टिलरी गन और सशस्त्र ड्रोन का इस्तेमाल कर नियंत्रण रेखा के पार गोलाबारी की। भारतीय सेना के कुछ जवान हताहत हुए। जवाबी कार्रवाई में भारत ने भी बड़ा नुकसान पहुंचाया।

उन्होंने कहा, पाकिस्तान का गैरजिम्मेदाराना व्यवहार फिर से सामने आया जब 7 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे असफल और अकारण ड्रोन और मिसाइल हमला करने के बावजूद पाकिस्तान ने अपना नागरिक हवाई क्षेत्र बंद नहीं किया। वह ढाल की तरह इसका इस्तेमाल कर रहा है। उसे पता है कि भारत पर हमला करने से भारत की एयर डिफेंस तीव्र प्रतिक्रिया देगा। 

05:44 PM, 09-May-2025

36 जगहों पर 300-400 ड्रोन का इस्तेमाल कर घुसपैठ का प्रयास
कर्नल सोफिया ने बताया, पाकिस्तानी सेना ने सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की नीयत से पूरी पश्चिमी सीमा पर भारतीय वायुक्षेत्र का कई बार उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर भारी कैलिबर वाले हथियारों से गोलाबारी भी की। अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर- लेह से लेकर सरक्रीक तक 36 जगहों पर 300-400 ड्रोन का इस्तेमाल कर घुसपैठ का प्रयास किया।

भारतीय सशस्त्र बलों ने काइनेटिक और नॉन काइनेटिक साधनों से कई ड्रोन मार गिराए। बड़े पैमाने पर ड्रोन के जरिए हवाई घुसपैठ का संभावित उद्देश्य देश की वायुरक्षा प्रणालियों का परीक्षण और खुफिया जानकारी जुटाना था। ड्रोन के मलबे की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच में तुर्की के ड्रोन होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद रात में पाकिस्तान के सशस्त्र यूएवी ने बठिंडा सैन्य स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश की। उसे निष्क्रिय कर दिया गया।

05:35 PM, 09-May-2025
ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश मंत्रालय की प्रेस वार्ता - फोटो : यूट्यूब वीडियो ग्रैब- एएनआई

ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश मंत्रालय की प्रेस वार्ता में कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि 8-9 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान की तरफ से कई ड्रोन भारतीय सीमा में भेजे गए।

  • भारत के सैन्य ठिकानों पर पाकिस्तान ने तुर्की से मिले ड्रोन का इस्तेमाल किया।
  • भारत ने सभी ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट किया।
  • पाकिस्तान नागरिक विमानों का ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहा है।
  • भारत पर हमले की तीव्र प्रतिक्रिया होगी, ये पाकिस्तान जानता है।
  • पंजाब के बठिंडा में कई ड्रोन के मलबे मिले हैं।
  • पाकिस्तानी  हमले का जवाब देते हुए भारत ने पाकिस्तान के 4 वायु रक्षा स्थलों पर सशस्त्र ड्रोन दागे; एक ड्रोन ने एडी रडार प्रणाली को नष्ट कर दिया।

05:10 PM, 09-May-2025

पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में 500 से अधिक ड्रोन भेजे
रक्षा सूत्र के हवाले से जारी एक वीडियो में समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया, कल रात पाकिस्तानी सेना ने भारतीय ठिकानों की ओर करीब 500 ड्रोन लॉन्च किए। लद्दाख के सियाचिन बेस कैंप से लेकर गुजरात के कच्छ इलाके तक 24 जगहों पर इन ड्रोन्स को देखा गया। इनमें से करीब 50 ड्रोन को एयर डिफेंस गन से नष्ट किया गया। करीब 20 ड्रोन सॉफ्ट किल के जरिए गिराए गए। अधिकांश ड्रोन बिना हथियारों के थे। ड्रोन में कैमरे लगे थे। ऐसा लगता है कि पाकिस्तान ने भारतीय भूभाग का जायजा लेने के लिए इनका इस्तेमाल किया। संभवतः इनके इस्तेमाल से वे अपने ग्राउंड स्टेशनों पर फुटेज रिले कर रहे थे। भारतीय वायु रक्षा प्रणालियों ने लगभग सभी ड्रोन को मार गिराया। इनसे बुनियादी ढांचे को नुकसान हो सकता था।

ड्रोन के पुर्जों की तस्वीरें भी सामने आईं
भारतीय वायु रक्षा प्रणालियों ने जिन ड्रोन्स को मार गिराया, उनके पुर्जों की तस्वीरें सामने आई हैं।
 

05:02 PM, 09-May-2025
पूर्व पीएम नवाज और पाकिस्तान के वर्तमान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (फाइल) - फोटो : एएनआई / रॉयटर्स

नवाज ने PM शहबाज को समझाया- कूटनीतिक रास्ता तलाशें
भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बड़े भाई नवाज शरीफ ने कूटनीतिक समाधान तलाशने की नसीहत दी है। उन्होंने तनाव कम करने के रास्ते तलाशने की बात भी कही है।

04:45 PM, 09-May-2025

गुजरात में 15 मई तक पटाखे-ड्रोन के इस्तेमाल पर रोक
पड़ोसी देश के साथ बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान की सीमा से सटे गुजरात में हालात संवेदनशील हैं। प्रदेश के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, इस महीने की 15 तारीख तक गुजरात में किसी भी समारोह या कार्यक्रम में पटाखे या ड्रोन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने राज्य के लोगों से सहयोग करने और दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की।

04:10 PM, 09-May-2025

इंडिगो ने कई शहरों के लिए 10 मई तक रद्द किए विमान
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच विमानन कंपनी इंडिगो ने कहा है कि श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, किशनगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 10 मई की मध्यरात्रि तक रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो ने यात्रियों को आश्वासन दिया है कि वह अपने आधिकारिक चैनलों के माध्यम से अपडेट बताएगा। यात्रा योजनाओं में बदलाव और सहायता का वादा करते हुए इंडिगो ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर यह सूचना दी।

03:08 PM, 09-May-2025

राज्यों को आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल करने का निर्देश

गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और प्रशासकों को पत्र लिखकर उनसे आवश्यक एहतियाती उपायों के कुशल कार्यान्वयन के लिए नागरिक सुरक्षा नियमों के तहत आपातकालीन शक्तियों का प्रयोग करने का निर्देश दिया है। 

03:00 PM, 09-May-2025

'सिंधु जल समझौते में विश्व बैंक की भूमिका बस मध्यस्थ की'

सिंधु जल समझौते में विश्व बैंक की भूमिका को लेकर विश्व बैंक के प्रमुख अजय बंगा ने कहा कि 'हमारी भूमिका केवल एक मध्यस्थ के रूप में ही है। मीडिया में इस बारे में बहुत अटकलें लगाई जा रही हैं कि विश्व बैंक किस तरह से इस समस्या को हल करेगा, लेकिन यह सब बकवास है। विश्व बैंक की भूमिका केवल एक मध्यस्थ की है।'
 

02:52 PM, 09-May-2025

India Pakistan War News: शरद पवार ने पाकिस्तान को दिखाया आईना

एनसीपी एसपी प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि आतंकियों के जनाजे में पाकिस्तानी सरकार और सेना के अधिकारियों की मौजूदगी से एक बार फिर पाकिस्तान का असली चेहरा बेनकाब हुआ है। उन्होंने कहा कि एक तरफ पाकिस्तान आतंकी गतिविधियों में अपना हाथ होने से इनकार करता है, वहीं दूसरी तरफ उसके अधिकारी आतंकियों के जनाजे में शामिल होते हैं। गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकियों के जनाजों में पाकिस्तानी सेना के अधिकारी और नेता दिखाई दिए। शरद पवार ने कहा कि देश गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है, लेकिन देश इन हालात से निपटने में पूरी तरह से सक्षम है।  

सतारा में सामाजिक कार्यकर्ता भाउराव पाटिल की 66वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्र में शरद पवार ने कहा कि अगर उनकी सरकार का आतंकी घटनाओं में हाथ नहीं है तो उसे ये स्पष्ट करना चाहिए कि उसके अधिकारी आतंकियों के जनाजे में क्या कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा शांति की बात की है। उन्होंने कहा कि पूरे देश को हमारे सशस्त्र बलों पर गर्व है और वे किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार हैं। 

02:45 PM, 09-May-2025

India Pakistan War: आतंकियों के आकाओं को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी

भारत-पाकिस्तान तनाव पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, 'पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा पहलगाम पर हमला करके हमारे 26 निर्दोष नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया गया था... प्रधानमंत्री मोदी ने ऐलान किया था कि देश की अस्मिता पर हमला करने वाले ऐसे आतंकियों और उनके आकाओं को उनकी कल्पना से भी कई अधिक बड़ी सजा मिलेगी।'

01:50 PM, 09-May-2025

उरी पहुंचे जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सुरक्षा बलों से मिलने और जमीनी हालात की समीक्षा करने के लिए उरी पहुंचे। पाकिस्तान ने कल रात उरी सेक्टर में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया था।

01:24 PM, 09-May-2025

स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे की तैयारियों पर समीक्षा बैठक करेंगे नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे और तैयारियों पर समीक्षा बैठक करेंगे।

01:00 PM, 09-May-2025

संघ प्रमुख ने सरकार और सेना का किया समर्थन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने ऑपरेशन सिंदूर पर बयान जारी किया है। बयान में कहा गया है कि 'हम पहलगाम में निहत्थे पर्यटकों पर कायरतापूर्ण हमले के बाद पाक प्रायोजित आतंकवादियों और उनके समर्थक तंत्र के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' के लिए केंद्र सरकार के नेतृत्व और हमारे सशस्त्र बलों को बधाई देते हैं। हम भारत की सीमा पर धार्मिक स्थलों और नागरिक बस्तियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा किए जा रहे हमलों की निंदा करते हैं और इन बर्बर, अमानवीय हमलों में पीड़ित परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं।'

12:27 PM, 09-May-2025

साउथ ब्लॉक में राजनाथ सिंह ने की सुरक्षा बैठक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह साउथ ब्लॉक में CDS जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव आरके सिंह के साथ स्थिति की समीक्षा की।
 

12:07 PM, 09-May-2025

India Pakistan War: अमित शाह ने बुलाई अहम बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीमा की स्थिति और हवाईअड्डों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बीएसएफ के महानिदेशक, सीआईएसएफ के महानिदेशक और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दोपहर 12:30 बजे बैठक करेंगे।

11:47 AM, 09-May-2025

लालकिले आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

पंजाब के होशियारपुर में पाकिस्तान द्वारा दागी गई मिसाइल के अवशेष मिले हैं। वहीं दिल्ली में इंडिया गेट, लालकिले आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 
 

11:26 AM, 09-May-2025

बीएसएफ ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, 7 आतंकी ढेर

बीएसएफ ने बताया है कि 8-9 मई 2025 को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को उन्होंने नाकाम कर दिया। इस दौरान कम से कम 7 आतंकवादियों को मार गिराया गया और पाकिस्तान की ढांढर चौकी को भारी नुकसान पहुंचाया गया।

11:06 AM, 09-May-2025

India Pakistan War: भारत ने आकाश मिसाइल सिस्टम से पाकिस्तानी हमला किया नाकाम, रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी

भारत ने सतह से हवा में मार करने वाले अपने स्वदेशी मिसाइल सिस्टम आकाश से पाकिस्तानी हमले के नाकाम कर दिया। भारतीय सेना और वायुसेना दोनों ने पाकिस्तानी सीमा पर अपने वायु रक्षा प्रणाली को तैनात किया हुआ है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने बुधवार की रात भारत में कई शहरों पर हमले की कोशिश की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सभी हमलों को नाकाम कर दिया। 
 

10:49 AM, 09-May-2025

ICAI की परीक्षा स्थगित

इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया - ICAI ने ट्वीट किया, 'देश में तनावपूर्ण, सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, CA फाइनल, इंटरमीडिएट और PQC परीक्षा अंतर्राष्ट्रीय कराधान-मूल्यांकन परीक्षा (INTT AT)] मई 2025 के शेष पेपर 9 मई 2025 से 14 मई 2025 तक स्थगित कर दिए गए हैं।'

10:26 AM, 09-May-2025

जम्मू-उधमपुर से दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन चलाने की योजना

भारतीय रेलवे ने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए जम्मू और उधमपुर से दिल्ली के लिए तीन विशेष ट्रेनें चलाने की योजना है।

10:19 AM, 09-May-2025

हालात की समीक्षा कर रही पंजाब सरकार

पंजाब के सीएमओ ने बताया है कि 'पंजाब सरकार हालात से निपटने की तैयारी कर रही है। आज मंत्री सीमावर्ती जिलों में आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा करेंगे। अस्पतालों, दमकल केंद्रों, राशन और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का निरीक्षण करेंगे। कैबिनेट मंत्री सीमावर्ती जिलों में पहुंचेंगे। कैबिनेट बैठक के तुरंत बाद 10 मंत्री सीमावर्ती इलाकों के लिए रवाना होंगे। मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और डॉ. रवजोत सिंह गुरदासपुर जाएंगे। मंत्री कुलदीप धालीवाल और मोहिंदर भगत अमृतसर का प्रभार संभालेंगे।'

10:14 AM, 09-May-2025

ट्रेन में मिला हथियारों का जखीरा

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की एस्कॉर्ट टीम ने आज ट्रेन नंबर 14620 यूपी त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस में नियमित जांच के दौरान आठ देसी पिस्तौल और सोलह मैगजीन बरामद कीं। जब ट्रेन बदरपुर से अगरतला जा रही थी, तब जनरल कोच की ऊपरी बर्थ पर संदिग्ध रूप से पड़े दो लावारिस पिट्ठू बैगों में अवैध हथियारों का जखीरा छिपा हुआ मिला। आगे की जांच जारी है।

09:58 AM, 09-May-2025

भारत-पाकिस्तान तनाव पर चीन का बयान

भारत-पाकिस्तान तनाव पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कल कहा, 'हमने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रही स्थिति पर कल चीन की स्थिति साझा की है। चीन मौजूदा घटनाक्रमों से चिंतित है। भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के पड़ोसी हैं और हमेशा रहेंगे। वे दोनों चीन के पड़ोसी भी हैं। चीन सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करता है। हम दोनों पक्षों से शांति और स्थिरता के व्यापक हित में काम करने, संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने, शांत रहने, संयम बरतने और ऐसी कार्रवाई करने से बचने का आग्रह करते हैं जो स्थिति को और जटिल बना सकती है। हम मौजूदा तनाव को कम करने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए बाकी अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करने के लिए तैयार हैं।'

09:34 AM, 09-May-2025

आम नागरिकों को निशाना बना रही पाकिस्तानी सेना

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा(LOC) पर पाकिस्तान द्वारा नागरिक इलाकों को निशाना बनाए जाने के बाद क्षतिग्रस्त दीवारें, टूटी खिड़कियां और ज़मीन पर मलबा पड़ा है।
 

09:32 AM, 09-May-2025

चंडीगढ़ में सायरन बजे

भारत के चंडीगढ़ शहर में शुक्रवार सुबह सायरन बज रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सायरन हमले की आशंका के चलते बज रहे हैं। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे घरों के अंदर ही रहें और बालकनी या छत पर न जाएं। 
 

08:52 AM, 09-May-2025

जम्मू कश्मीर में आज और कल सभी स्कूल बंद

भारत-पाकिस्तान तनाव को देखते हुए जम्मू कश्मीर में आज और कल सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पाकिस्तान की तरफ से सीमावर्ती इलाकों में भारी गोलीबारी की जा रही है, ऐसे में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। 

08:43 AM, 09-May-2025

बगलिहार बांध के गेट खोले गए

जम्मू कश्मीर में बगलिहार हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट बांध के गेट खोले गए। यह बांध चिनाब नदी पर बना है। 
 
 

07:36 AM, 09-May-2025

पाकिस्तान सुपर लीग के बचे हुए मैचों को यूएई स्थानांतरित
पाकिस्तान की गुस्ताखी की सजा अब उसका क्रिकेट बोर्ड भी भुगत रहा है। भारत के साथ चल रहे सैन्य टकराव के कारण पीसीबी ने शुक्रवार को पाकिस्तान सुपर लीग के बचे हुए मैचों को यूएई स्थानांतरित करने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि मौजूदा हालातों में पीएसएल में हिस्सा ले रहे विदेशी खिलाड़ी काफी चिंतित बताए जा रहे हैं। डर के माहौल से बाहर निकलकर अपने-अपने घर रवाना होना चाहते हैं।

07:10 AM, 09-May-2025

पाकिस्तान के 50 से अधिक ड्रोन गिराए
बीती रात पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं (IB) के साथ अलग-अलग स्थानों पर ड्रोन भेजने के कोशिश की। जिसके बाद उधमपुर, सांबा, जम्मू, अखनूर, नगरोटा और पठानकोट क्षेत्रों में भारतीय सेना की एयर डिफेंस यूनिट ने बड़े पैमाने पर काउंटर-ड्रोन ऑपरेशन के दौरान 50 से अधिक ड्रोन को सफलतापूर्वक गिराया। इस कार्रवाई में L-70 गन,  Zu-23 मिमी गन, शिल्का सिस्टम और अन्य उन्नत काउंटर-UAS उपकरणों का व्यापक उपयोग किया गया।  

06:48 AM, 09-May-2025

नागरिक कारों को भी बनाया निशाना
पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन जारी रखते हुए जम्मू में नागरिक कारों को निशाना बनाया गया। इस दौरान गोलियां/नुकीले हथियार भी देखने को मिले।

06:35 AM, 09-May-2025

घाटी में सुबह की हलचल, लोगों ने सुनाई रात की आपबीती
जम्मू-कश्मीर में रात भर चली गोलाबारी के बीच सुबह की हलचल शुरू हो गई है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि कल रात जैसे ही हमने खाना खाना शुरू किया, हमें कुछ धमाकों की आवाज सुनाई दी। सुबह करीब 4:30 बजे फिर से धमाके सुनाई दिए, लेकिन उन्हें भी हमारे सुरक्षा बलों ने बेअसर कर दिया। चिंता की कोई बात नहीं है। हमारे सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं। भगवती वैष्णो देवी जम्मू में विराजमान हैं, डरने की कोई बात नहीं है। नागरिकों पर हमला करना कायरता के अलावा और कुछ नहीं है क्योंकि उनमें (पाकिस्तान में) हमारी सेना से लड़ने की हिम्मत नहीं है। वे बस इतना ही कर सकते हैं। हमारी सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है और हमें उन पर गर्व है। 
 

06:25 AM, 09-May-2025

अमृतसर DPRO ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे घर के अंदर रहें और खिड़कियों से दूर रहें तथा लाइटें बंद रखें और खिड़कियों के पर्दे खींचे रखें। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अमृतसर DPRO ने कहा कि अभी सायरन बजेगा और मौसम साफ होने पर हम फिर से संदेश देंगे। हमारे सशस्त्र बल काम पर हैं और हमें घर के अंदर रहकर उनका समर्थन करना चाहिए। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

05:30 AM, 09-May-2025

जम्मू से दिल्ली के लिए आज सुबह चलेगी विशेष ट्रेन
एक विशेष रेलगाड़ी 04612 को जम्मू से दिल्ली के लिए सुबह 10:45 बजे रवाना करने की योजना बनाई गई है। इसका ठहराव मार्ग में पठानकोट में होगा।

05:12 AM, 09-May-2025

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे बैठक
इस बीच, खबर आई है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद बदले हालातों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। 

05:11 AM, 09-May-2025

जम्मू में फिर फायरिंग, नियंत्रण रेखा के पास धमाके
पाकिस्तान की ओर से फिर से मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं। शहर में सायरन की आवाज फिर से गूंज रही है। नियंत्रण रेखा के पास धमाकों की आवाज सुनी गई है। 

05:11 AM, 09-May-2025

'हम युद्ध के बीच में नहीं पड़ेंगे, यह हमारा काम नहीं'
भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका ऐसे किसी युद्ध में शामिल नहीं होगा, जो मूल रूप से हमारा काम नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका भारत और पाकिस्तान को नियंत्रित नहीं कर सकता, लेकिन वह दोनों परमाणु शक्तियों को तनाव कम करने के लिए प्रोत्साहित कर सकता है। 

भारत-पाकिस्तान को हथियार डालने के लिए नहीं कह सकता अमेरिका
वेंस ने आगे कहा कि अमेरिका भारतीयों और पाकिस्तानियों से हथियार डालने के लिए नहीं कह सकता। हम कूटनीतिक चैनलों के माध्यम से इस मामले को आगे बढ़ाते रहेंगे। हालांकि, वेंस ने इस बात पर चिंता जताई कि दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय युद्ध कहीं परमाणु संघर्ष में न बदल जाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो निश्चित रूप से यह विनाशकारी होगा। हालांकि, वेंस ने यह भी उम्मीद जताई कि ऐसा नहीं होने वाला है। 

04:55 AM, 09-May-2025

IND-PAK Tension Live: पाकिस्तान ने बंद किया हवाई क्षेत्र, पाक सेना का दावा, भारत ने दागीं मिसाइल

ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार की रात भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे भारतीय सेनाओं ने पूरी तरह नाकाम कर दिया। लड़ाकू विमानों, ड्रोन, रॉकेट व मिसाइलों के जरिए पाकिस्तान ने रात 8 से 10 बजे के बीच जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर व जैसलमेर के सैन्य ठिकानों और आयुध केंद्रों पर हमला किया। भारत जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के चार लड़ाकू विमान मार गिराए। इनमें अमेरिका निर्मित दो एफ-16 और चीन निर्मित दो जेएफ-17 हैं। जैसलमेर में गिराए एफ-16 और अखनूर में गिराए गए अन्य विमान के दो पायलटाें को सैन्य बलों ने हिरासत में ले लिया।  

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें