09:25 AM, 17-Aug-2024
IMA Strike LIVE: 24 घंटे की हड़ताल से OPD सेवाएं चरमराईं; स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए समिति बनेगी
केंद्र सरकार ने शनिवार को कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए एक समिति बनाई जाएगी। सरकार की ओर से यह बयान आईएमए के आह्वान पर हड़ताल के बीच आया है। 24 घंटे की हड़ताल के चलते देशभर में ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुईं। दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित देशभर के सरकारी अस्पतालों में रेजीडेंट डॉक्टर सोमवार से विरोध कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में देशभर के डॉक्टरों का गुस्सा उफान पर है। आईएमए ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा और डॉक्टरों की मांगों पर दखल देने की मांग की। इससे पहले, आईएमए ने सुबह छह बजे देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की। हड़ताल के दौरान आपात सेवाएं जारी रहीं, हालांकि ओपीडी बंद रहे और वैकल्पिक सर्जरी को भी टाल दिया गया। आईएमए की इस हड़ताल का असर कई राज्यों में दिखा। केरल, झारखंड, नगालैंड में डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की खबरें आईं।