महाराष्ट्र में एक चरण में विधानसभा चुनाव होने के एलान पर कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राज्य सरकार को पर्याप्त समय दिया गया है कि वह अपने सारे मुद्दों को सुलझा लें। महाविकास अघाड़ी भी पूरी तरह से चुनाव के लिए तैयार है और भाजपा को भी पता है कि उन्हें महाराष्ट्र में कुछ नहीं मिलने वाला और महा विकास अघाड़ी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।
वहीं एनसीपी एसपी नेता अनिल देशमुख ने कहा कि महाविकास अघाड़ी चुनाव के लिए तैयार है। सीटों के बंटवारे का जल्द एलान कर दिया जाएगा। हम विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेंगे।
चुनाव आयोग के मतदान की तारीखों का एलान करने पर झारखंड कांग्रेस के नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि 2024 में होने वाले चुनाव 2019 में हुए चुनाव की तुलना में एक माह पहले हो रहे हैं लेकिन हम पूरी तरह से तैयार हैं। हमें विश्वास है कि अधिक से अधिक संख्या में लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। लोगों में चुनाव को लेकर उत्साह है और मतदान प्रतिशत में भी इजाफा होगा।
झारखंड कांग्रेस के नेता केशव महतो ने कहा कि 'हम चुनाव आयोग द्वारा घोषित तारीखों का स्वागत करते हैं। हम तैयार हैं और झारखंड के लोग मन बना चुके हैं कि वे फिर से गठबंधन सरकार को चुनेंगे।'
जिन दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें केरल की वायनाड लोकसभा सीट और महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट शामिल हैं। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें असम की धोलाई, सिडली, बोनगाईगांव, बेहाली और सामागुरी शामिल हैं।
वहीं बिहार की रामगढ़, तराई, इमामगंज और बेलागंज सीट पर उपचुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ की रायपुर सिटी साउथ सीट पर, गुजरात की वाव सीट पर, कर्नाटक की शिगांव, संदूर और चन्नापाटना सीट शामिल हैं। केरल की पलक्कड़ और चेलाक्कारा सीट पर उपचुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश की बुधनी और विजयपुर, मेघालय की गामबेगरे, पंजाब की गिद्दरबाहा, डेरा बाबा नानक, बरनाला और छब्बेवाल सीट पर उपचुनाव होने हैं।
राजस्थान की चौरासी, खिंवसर, दौसा, झुनझुनु, देवली उनियारा, सालंबर और रामगढ़ सीटों, सिक्किम की सोरेंग चकुंग, नामची सिंगिथांग, उत्तर प्रदेश की मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, फूलपुर, काटेहरी, मझवां, सीसामऊ सीटों पर उपचुनाव होंगे। उत्तराखंड की केदारनाथ और पश्चिम बंगाल की तालडंगरा, सिताई, नैहाटी, हरोआ, मेदिनीपुर और मदरीहाट सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान होगा।
उपचुनाव असम की पांच विधानसभा सीटों, बिहार की 4 सीटों, छत्तीसगढ़ की एक सीट, गुजरात की एक, कर्नाटक की 3, केरल की तीन (दो विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट), मध्य प्रदेश की दो सीटों, महाराष्ट्र की एक लोकसभा सीट और मेघालय की एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि पिछले 15-20 चुनाव देखें तो हर चुनाव में अलग-अलग नतीजे आए हैं और ऐसा नहीं हो सकता कि जब मनमाकिफ नतीजे न आएं तो सवाल उठाए जाएं। सीईसी ने कहा कि ईवीएम में सिंगल यूज बैट्री है और जब ये डाली जाएगी तो ये लंबे समय तक चलती है। जब शुरू हुई तो वो 100 फीसदी थी, लेकिन जैसे जैसे वो इस्तेमाल होगी तो बैट्री लाइफ कम होगी। मॉक पॉल के दौरान इस्तेमाल होने की वजह से बैट्री चार्जिंग अलग-अलग हो सकती है।
सीईसी ने कहा कि ईवीएम में जो बैट्री डाली जाती है, उस पर भी एजेंट्स के हस्ताक्षर होते हैं। स्टोरेज के दौरान तीन स्तरीय सुरक्षा होगी। जब वो मतदान के लिए निकलेंगी तो उसकी वीडियोग्राफी होगी और फिर कैंडिडेट्स के एजेंट्स होंगे। सभी मशीनों के नंबर भी एजेंट्स के साथ साझा किए जाएंगे और उनसे वोट डलवाकर भी पुष्टि कराई जाती है। इसके बाद वोटिंग हुई और फिर बंद होने पर भी एजेंट्स के साइन कराए। हर कदम पर पब्लिक डिस्क्लोजर होता है।
चुनाव आयोग ने मतगणना के दौरान नतीजों के रुझानों पर रिपोर्टिंग को लेकर नाराजगी जाहिर की। ईवीएम को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि पांच छह महीने पहले ईवीएम की पहले लेवल की चेकिंग होती है। हमारे पास ईवीएम को लेकर 20 शिकायतें आई हैं और हम हर शिकायत का जवाब देंगे, पूरे तथ्यों के साथ। ये हमारा कर्तव्य है। हम उन जवाबों को प्रकाशित भी करेंगे ताकि सभी को पता चल सके। पहली चेकिंग, स्टोरेज रखना फिर उसे बूथ पर ले जाना, फिर स्टोरेज रखना और फिर मतगणना, हर समय पर राजनीतिक पार्टियों के एजेंट्स मौजूद रहते हैं।
चुनाव आयोग ने 48 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के शेड्यूल का भी एलान किया है। 47 विधानसभा सीटों और केरल की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नोटिफिकेशन की शुरुआत 18 अक्तूबर से होगा। वहीं उत्तराखंड की एक विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की एक लोकसभा सीट पर 22 अक्तूबर 2024 को नोटिफिकेशन जारी होगा। नामांकन की शुरुआत पहले चरण के लिए 25 अक्तूबर 2024 को और दूसरे चरण के लिए 29 अक्तूबर से होगी। उम्मीदवार पहले चरण के लिए 30 अक्तूबर को नामांकन वापस ले सकते हैं और दूसरे चरण के लिए यह तारीख 4 नवंबर है। उपचुनाव के पहले चरण का मतदान 13 नवंबर 2024 को और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। उपचुनाव के नतीजे भी दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
उपचुनाव असम की पांच विधानसभा सीटों, बिहार की 4 सीटों, छत्तीसगढ़ की एक सीट, गुजरात की एक, कर्नाटक की 3, केरल की तीन (दो विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट), मध्य प्रदेश की दो सीटों, महाराष्ट्र की एक लोकसभा सीट और मेघालय की एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे। साथ ही पंजाब की चार विधानसभा सीटों, राजस्थान की सात, सिक्किम की दो, उत्तर प्रदेश की नौ, उत्तराखंड की एक और पश्चिम बंगाल की छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा।
झारखंड विधानसभा चुनाव का शेड्यूल
पहला चरण
अधिसूचना: 18 अक्तूबर
नामांकन की आखिरी तारीख: 25 अक्तूबर
नामांकन पत्रों की जांच: 28 अक्तूबर
नाम वापसी: 30 अक्तूबर
मतदान: 13 नवंबर
मतगणना: 23 नवंबर
दूसरा चरण
अधिसूचना: 22 अक्तूबर
नामांकन की आखिरी तारीख: 29 अक्तूबर
नामांकन पत्रों की जांच: 30 अक्तूबर
नाम वापसी: 1 नवंबर
मतदान: 20 नवंबर
मतगणना: 23 नवंबर
Maharastra Election 2024 Dates: महाराष्ट्र में एक चरण में चुनाव होंगे। 22 अक्तूब को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्तूबर है। 30 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 4 नवंबर है। वहीं मतदान की तारीख 20 नवंबर है। मतगणना की तारीख 23 नवंबर है।
हमें उम्मीद है कि मतदाता अपने पोलिंग स्टेशन पर किसी भी गड़बड़ी के बारे में बताएंगे और जितने भी अपराधी है, उन्हें अपनी सूचना देनी होगी। झारखंड और महाराष्ट्र में जो बैठकें की हैं, उनमें डीओ को सख्त हिदायत है कि वे निष्पक्ष चुनाव कराएंगे और प्लेइंग लेवल फील्ड देंगे। अगर किसी की शिकायत मिली तो हम उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। किसी भी तरीके का प्रलोभन पर भी पूरी निगरानी रहेगी। सभी एयरपोर्ट और चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें बनाने का निर्देश दिए गए हैं ताकि 24 घंटे चेकिंग की जा सके, लेकिन आम आदमी को इससे कोई परेशानी न होने की हिदायत दी गई है।
Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है। यहां 2.6 करोड़ मतदाता होंगे। इनमें 1.29 करोड़ महिलाएं और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता होंगे। यहां युवा मतदाताओं की संख्या 66.84 लाख और पहली बार मतदान करने वालों की संख्या 11.84 लाख होगी। झारखंड में 29,562 मतदान केंद्र होंगे। कतारों के बीच में थोड़ी कुर्सियां या बेंच लगाई जाएंगी ताकि अपनी बारी का इंतजार कर रहे मतदाता थोड़ी-थोड़ी देर में बैठ सकें। ये व्यवस्था हर मतदान केंद्र पर मिलेगी।
Maharastra Election Date: महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता होंगे। 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता होंगी। 1.85 करोड़ युवा मतदाता होंगे। पहली बार मतदान करने वाली संख्या 20.93 लाख होगी। राज्य में इस बार 1,00,186 मतदान केंद्र होंगे।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव की घोषणा से पहले कई तरह के खतरे थे। आतंकी हमले बढ़ रहे थे। कई लोग सवाल उठा रहे थे कि वहां चुनाव आयोग मतदान करा पाएगा या नहीं। तब हमने घोषणा के समय यह वादा किया था कि नापाक इरादों की शिकस्त दुनिया देखेगी। यह कहानी पूरी दुनिया ने देखी। न एक लाठी चली, न एक गोली चली। आप लोग इस बात के गवाह हैं। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के मतदाता इसके लिए बधाई के पात्र हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में मतदाताओं ने जो जज्बा दिखाया, उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। जम्मू-कश्मीर ने नई आशाओं को जन्म दिया है। अब वहां के लोगों को लोकतंत्र को आगे ले जाना है।
महाराष्ट्र में चुनाव की तारीखों की घोषणा होने पर कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा, 'अब चुनाव तो शुरू हो जाएंगे। लोगों को संदेह था कि चुनाव होगा या नहीं क्योंकि इसे इतना आगे बढ़ा दिया गया। हम पूरे तैयार हैं। हम इस सप्ताह सीट पर वार्ता समाप्त कर लेंगे।'
झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा होने पर शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'हम सभी लोग इंतजार कर रहे थे कि कब चुनाव आयोग चुनाव की घोषणा करेगा। हम बार-बार चुनाव आयोग को याद दिला रहे थे कि जिस तरह से हरियाणा चुनाव की घोषणा हुई उसी तरह महाराष्ट्र में भी चुनाव होना चाहिए। लेकिन हमारी आवाज को दरकिनार कर दिया गया। इन्होंने (महाराष्ट्र सरकार) सत्ता के बल पर सिर्फ केंद्र सरकार के लिए काम किया। वे जानते हैं कि उनका आखिरी पड़ाव है वे जाने वाले हैं। जल्द से जल्द चुनाव हो और महाराष्ट्र के खिलाफ वाली सरकार को बर्खास्त किया जाए।'
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, 'सीट बंटवारे की बैठक अभी पूरी तरह से पूरी नहीं की गई है। 288 सीटों पर महा विकास अघाड़ी चुनाव लड़ेगी। चुनाव को लेकर हमारी पूरी तैयारी है।' सात MLC नियुक्त किए जाने पर उन्होंने कहा, 'यह चुनावी जुमला है। किस प्रकार संवैधानिक व्यवस्था से बेइमानी की जाती है भाजपा यह पूरे देश को सिखा रही है। जब वे सुप्रीम कोर्ट की भी नहीं सुन रहे है तो यह दर्शाता है कि पावर का दुरुपयोग करना भाजपा का काम है।'
महाराष्ट्र में चुनाव की तारीखों के संभावित एलान पर महा विकास अघाड़ी ने कहा है कि वे चुनाव के लिए तैयार हैं। एनसीपी एसपी नेता अनिल देशमुख ने कहा कि 'महा विकास अघाड़ी गठबंधन चुनाव के लिए तैयार है।'
EVM पर विपक्षी दलों द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने महाराष्ट्र कहा, 'आज प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई है। जनता मतदान में भाग लेकर सवालों के जवाब देती है। जहां तक ईवीएम का सवाल है, वे 100% फूलप्रूफ हैं।'
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि 'राजनीतिक दबाव के चलते आज चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस है। झारखंड और महाराष्ट्र के चुनाव हरियाणा और जम्मू कश्मीर के साथ ही होने चाहिए थे।'
झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा होने पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, 'हम उम्मीद करते हैं कि जिस तरह से हरियाणा में निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ और लोकतंत्र की हत्या हुई। तो इस तरह झारखंड और महाराष्ट्र के चुनाव में न हो।'
झारखंड विधानसभा चुनावों की आज घोषणा होने पर झारखंड कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने कहा, 'चुनाव आयोग का सम्मान करते हुए हम कहना चाहते हैं कि जब चुनाव आयोग कोई फैसला लेता है तो वह कटघरे में क्यों खड़ा होता है। झारखंड की ड्यू डेट 6 जनवरी है तो उससे पहले इसे कराएं। आप महाराष्ट्र के साथ चुनाव कराना चाहते हैं। जब हरियाणा में चुनाव की तारीख 3 नवंबर और महाराष्ट्र में 26 नवंबर थी तो आपने दोनों चुनाव एक साथ क्यों नहीं कराए? जब आप हमारी बातों को अनसुना करते हैं तो हमें लगता है कि आप राजनीति या किसी पार्टी विशेष से प्रेरित होकर इस तरह की घोषणाएं कर रहे हैं, इसके बावजूद हम चुनाव आयोग के इस फैसले को लेकर तैयार हैं।'
झारखंड विधानसभा चुनावों की आज घोषणा होने पर झारखंड भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, 'हम तैयार हैं, पांच जनवरी तक विधानसभा की मियाद पूरी हो रही है तो उससे से पहले यहां चुनाव होना था लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा घबरा गई है। हेमंत सोरेन, सोरेन डायनेस्टी के आखिरी युवराज साबित होंगे। JMM की करारी हार होगी। हम चुनाव के लिए तैयार हैं और वे लोग चुनाव के लिए तैयार नहीं हैं जिन्हें हार का डर सता रहा है। संविधान में दिए गए प्रावधान के अनुसार चुनाव आयोग मियाद पूरी होने के 6 महीने पहले तक चुनाव करा सकती है।'
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि यह बूढ़ा तब तक नहीं रुकेगा, जब तक महाराष्ट्र को सही रास्ते पर नहीं ले आता।
झारखंड
विधानसभा सीट- 81
बहुमत- 41
2019 में किस पार्टी को कितनी सीटें मिली थीं
जेएमएम- 30
भाजपा- 25
कांग्रेस- 16
जेवीएम- 3
एजेएसयूपी- 2
निर्दलीय- 2
अन्य- 3
महाराष्ट्र
विधानसभा सीट- 288
बहुमत- 145
2019 में किस पार्टी को कितनी सीटें मिली थीं
भाजपा- 105
शिवसेना- 56
राकांपा- 54
कांग्रेस- 44
निर्दलीय- 13
अन्य- 16
महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जबकि झारखंड का कार्यकाल अगले साल 5 जनवरी को समाप्त हो रहा है।