पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में मॉरीशस की सरकार ने 28 दिसंबर को अपना राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रखने का एलान किया है।
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, 'जो संवेदनशीलता सरकार ने यहां आकर दिखाई है इससे ज्यादा संवेदनशीलता उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक जगह देने में दिखानी चाहिए थी। जो काम आप 3 दिन बाद करेंगे, वे आज कर दिया होता। कुछ मामलों में सरकार को नियम से बंधना नहीं चाहिए। अटल जी के अंतिम संस्कार के लिए सरकार जमीन मुहैया कराई थी। डॉ मनमोहन सिंह जैसा बेटा हमें छोड़ कर जा रहा था तो उसी जगह पर अंतिम संस्कार होना चाहिए था जहां स्मारक बनेगा। आपके पास पूरे एक दिन का समय था आप ये काम कर सकते थे... डॉ मनमोहन सिंह का कद इन चीजों से बहुत बड़ा है। सरकार को थोड़ा और संवेदनशील होना चाहिए था।'
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'डॉ. मनमोहन सिंह जी महान व्यक्ति थे, उन्होंने हमेशा देश के लोगों के लिए काम किया और राष्ट्र निर्माण में बहुत योगदान दिया।' पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, 'यहां कई स्मारक हैं तो इसलिए एक और स्मारक बनाने में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सरकार को इस पर जल्द से जल्द फैसला लेना चाहिए।'
अनंत यात्रा पर मनमोहन सिंह, पंचतत्व में विलीन।
पंचतत्व में विलीन हुए डॉ. मनमोहन सिंह। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को दी गई अंतिम सलामी, पूरे राजकीय सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार।
निगम बोध घाट पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही है। प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत अन्य गणमान्य लोग अभी भी निगम बोध घाट पर मौजूद हैं।
मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू। राहुल गांधी ने पूर्व पीएम की पार्थिव देह को कंधा दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निगम बोध घाट पर देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह आदि ने निगम बोध घाट पर मनमोहन सिंह को दी अंतिम श्रद्धांजलि दी।
भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री मनीष गोबिन भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निगम बोध घाट पहुंचे हैं।
कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह को अंतिम बार निगम बोध घाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निगम बोध घाट पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने भी पूर्व पीएम को सलामी दी।
निगम बोध घाट पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी।
निगम बोध घाट पर मनमोहन सिंह को अंतिम सलामी दी गई। तीनों सेनाओं ने मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को सलामी दी।
निगम बोध घाट पहुंची मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा। कुछ ही देर में होगा अंतिम संस्कार
कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और अन्य नेता निगमबोध घाट पहुंचे।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर कहा कि 'आधुनिक भारत का यह सबसे बड़ा नुकसान है। वह आधुनिक भारत के वास्तुकार थे और उन्होंने वो भारत बनाया, जो पंडित जवाहर लाल नेहरू चाहते थे। आज भारत जहां हैं, उसे 21वीं सदी में उस रास्ते पर मनमोहन सिंह ने ही डाला। वह एक अच्छे व्यक्ति थे और उन्होंने देश निर्माण में काफी योगदान दिया।'
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, 'उन्होंने आर्थिक स्थिति को मजबूत की, उदारीकरण उनकी देन है। उन्होंने सादगी भरा जीवन जिया। ऐसा व्यक्तित्व चला गया जिससे पूरा देश दुखी है।'
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, 'जब इंसान चला जाता है तो उसके साथ सारे बैर मिट जाते हैं, लेकिन यहां पर राजनीति हो रही है। मैं छोटा सा सवाल करता हूं कि अगर अटल जी का संस्कार होना होता और कोई कहता कि राज घाट पर नहीं होगा वहां स्मारक नहीं बनेगा, कहीं और बनेगा तो कैसा लगता? ये मसला किसी पार्टी का नहीं देश के इतिहास का है। ये इंसान खास था, जीता-जाता इतिहास था। उचित को जानकर उस पर अमल ना करना कायरता है। बड़ा दिल होना चाहिए।'
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को अब कांग्रेस मुख्यालय से निगम बोध घाट ले जाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी निगम बोध घाट जाएंगे। निगम बोध घाट पर ही राजकीय सम्मान के साथ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुख और सीडीएस भी मौजूद रहेंगे। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर संजय अरोड़ा ने निगम बोध घाट जाकर तैयारियों का जायजा लिया। कुछ ही देर में मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को निगम बोध घाट ले जाया जाएगा।
पार्टी के शीर्ष नेताओं ने अंतिम बार पूर्व पीएम को किया नमन
कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा 'मनमोहन सिंह का निधन भारत और दुनिया के लिए क्षति है। सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले नेताओं में से एक के रूप में, उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को बदल दिया, लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला और कनाडा सहित दुनिया के साथ मजबूत संबंध बनाए।'
स्मारक विवाद पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि 'मनमोहन सिंह को उचित सम्मान देने के लिए भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी के मद्देनजर कल कैबिनेट ने अपनी बैठक में निर्णय लिया कि डॉ. मनमोहन सिंह की याद में एक स्मारक और समाधि बनाई जाएगी और इस बात से कांग्रेस पार्टी को अवगत करा दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अवगत कराया कि सरकार ने स्मारक बनाने का निर्णय लिया है और भूमि अधिग्रहण, ट्रस्ट का गठन और भूमि हस्तांतरण जैसी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद जो भी समय लगेगा, वह काम उचित तरीके से और जल्द से जल्द किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी, जिसने अपने जीवनकाल में कभी डॉ. मनमोहन सिंह का सम्मान नहीं किया, आज उनके निधन के बाद भी राजनीति करती नजर आ रही है। मैं देश को याद दिलाना चाहता हूं कि डॉ. मनमोहन सिंह नेहरू गांधी परिवार से बाहर के देश के पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने 10 साल तक प्रधानमंत्री का पद संभाला। कम से कम आज दुख की इस घड़ी में राजनीति से बचना चाहिए। जहां तक हमारी सरकार का सवाल है, पीएम मोदी की सरकार ने दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर सभी नेताओं को सम्मान दिया है।'
कांग्रेस मुख्यालय पहुंचा पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर।
मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय ले जाया जा रहा है। कांग्रेस मुख्यालय में आम जनता पूर्व पीएम के अंतिम दर्शन कर सकेगी। सुबह साढ़े नौ बजे कांग्रेस मुख्यालय से ही अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सासंद प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे, थोड़ी देर में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए लाया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करने के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद और पार्टी के पंजाब प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा, 'हम मांग कर रहे हैं कि सरकार स्मारक के लिए जगह मुहैया कराए। अगर अटल बिहारी वाजपेयी को जगह दी जा सकती है, तो मनमोहन सिंह को क्यों नहीं? वे देश के एकमात्र सिख प्रधानमंत्री थे। जब स्मारक बनेगा, तो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी।'
जिस वाहन में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर रखा जाएगा, वो वाहन डॉ. मनमोहन सिंह के आवास के बाहर पहुंचा। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर को दिल्ली एम्स में निधन हो गया था।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट में किया जाएगा। वीडियो निगमबोध घाट के बाहर से है।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को आज सुबह आठ बजे नई दिल्ली में अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा। यहां आम जनता अंतिम बार पूर्व पीएम के अंतिम दर्शन कर सकेगी। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय से ही पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर लोगों का पहुंचना हुआ शुरू।
वहीं पूर्व पीएम के आवास पर अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंची पूर्वी दिल्ली निवासी जसमीत ने कहा कि हम पूर्वी दिल्ली से यहां दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने आए हैं। वे सर्वश्रेष्ठ अर्थशास्त्रियों में से एक थे। उन्होंने कहा कि मैं और मेरे पति यहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने आए हैं। हमें उम्मीद है कि हमें अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन अगर सुरक्षा कारणों से हमें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई तो हम यहां से लौट जाएंगे।
सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी समेत सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने दिवंगत डॉ. सिंह को शुक्रवार को उनके निवास पर श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई केंद्रीय मंत्री उनके निवास पर पहुंचने वालों में शामिल थे। सभी ने सिंह की पत्नी गुरशरण कौर व परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और दुख को सहन करने के लिए ढांढ़स बंधाया।
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि दी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने देश को नई दिशा दी और उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। झारखंड के सीएम ने कहा कि यह बहुत दुख की घड़ी है कि मनमोहन सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने देश को नई दिशा दी। भगवान उन्हें शांति प्रदान करें। यह नियति है, लेकिन डॉ. सिंह हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की नेता कल्पना सोरेन के साथ दिल्ली में डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर गए और उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को होने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन की जानकारी दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे कुछ सड़कों से बचें और भीड़-भाड़ कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
एक नजर ट्रैफिक एडवाइजरी पर
एडवाइजरी के अनुसार, 28 दिसंबर को डॉ. मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार के मौके पर कई विदेशी गणमान्य व्यक्ति, वीआईपी/वीवीआईपी और आम लोग निगम बोध घाट जाएंगे। इस दौरान राजा राम कोहली मार्ग, राजघाट रेड लाइट, सिग्नेचर ब्रिज और युधिष्ठिर सेतु जैसे स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। रिंग रोड, निषाद राज मार्ग, एसपीएम मार्ग, लोथियन रोड और नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक यातायात पर प्रतिबंध और डायवर्जन लग सकता है।
लोगों को दी गई सलाह
यातायात को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि वे इन सड़कों और जुलूस के रास्ते से बचें। इसके अलावा, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, लाल किला, चांदनी चौक और तीस हजारी कोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक की भीड़ को कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की भी सिफारिश की गई है। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने के लिए कहा गया है, ताकि यातायात प्रभावित न हो।