केंद्रीय कानून और न्यायमंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट (वेतन और सेवा की शर्तें) संशोधन विधेयक, 2021 पर चर्चा के दौरान कहा, मेरा मानना है कि जब न्यायपालिका स्वतंत्र होती है तो कार्यपालिका और विधायिका भी स्वतंत्र होती है। जब विधायिका द्वारा पारित एक अधिनियम को सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द कर दिया जाता है, तो यह हम सभी के लिए विचार करने और चर्चा करने के लिए एक बड़ा मुद्दा बन जाता है। मंत्री ने कहा, यह आरोप कि सरकार कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित कुछ नामों को रोक रही है, सही नहीं है। सदस्यों ने रिजिजू से सवाल किया कि चूंकि इस विधेयक के माध्यम से सरकार विधायिका के इरादे को स्पष्ट कर रही है, क्या वह ओएनजीसी के मामले में भी ऐसा ही करेगी जहां सुप्रीम कोर्ट द्वारा अधिनियम को रद्द कर दिया गया है। रिजिजू ने जवाब दिया कि इस मुद्दे में अन्य हितधारकों के साथ परामर्श किए बिना सदन में कोई आश्वासन देना उनके लिए उचित नहीं होगा।
कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने नगालैंड जा रहे अपनी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल को असम में रोके जाने का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार हमेशा कांग्रेस के नेताओं को ही पीड़ित लोगों से मिलने से रोकती है। उन्होंने सदन में कहा, नगालैंड में निर्दोष नागरिकों की हत्या के बाद सोनिया गांधी जी के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया था। इस प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को असम में हिरासत में लिया गया। इस संबंध नें गृहमंत्री अमित शाह के बयान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया, गृहमंत्री ने सदन को गुमराह करने वाला बयान दिया। लोगों को रुकने के लिए कहा गया और जब वे नहीं रुके तब गोली चलाई गई। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि सीधे गोली मारी गई। यह सरकार पूर्वोत्तर की स्थिति को बिगाड़ती जा रही है।
न्यायाधीशों के वेतन एवं सेवा शर्त से संबंधित विधेयक पर चर्चा के दौरान पिछले दिनों की गई एक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बीच सदन में वार-पलटवार देखने को मिला। हालांकि, दोनों सांसदों ने एक-दूसरे का नाम नहीं लिया। दरअसल, मंगलवार को ‘हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट (वेतन एवं सेवा शर्त) संशोधन विधेयक’ पर चर्चा में भाग लेते हुए थरूर ने कुछ विषयों का उल्लेख किया था। इस पर दुबे ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि अदालतों में लंबित विषयों को यहां नहीं उठाना चाहिए. दुबे ने थरूर के संदर्भ में एक टिप्पणी भी की थी जिसे कांग्रेस सांसद ने व्यक्तिगत आरोप करार दिया।
केंद्रीय सतर्कता आयोग (संशोधन) विधेयक, 2021 और दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (संशोधन) विधेयक 2021 लोकसभा में पारित किए गए। इन अध्यादेशों का उद्देश्य CBI और ED के प्रमुखों के कार्यकाल को मौजूदा 2 साल से 5 साल तक बढ़ाना है।
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2:30 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख व्यक्त किया। रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया "मेरे विचार ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के साथ हैं जो दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में बच गए हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।"
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी कुन्नूर हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जानकारी देंगे। दोपहर बाद वह राष्ट्रपति कोविंद से मुलाकात कर हादसे की पूरी जानकारी देंगे।
राज्यसभा में भी उपसभापति ने हेलीकॉप्टर क्रैश में मारे गए सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी । इसके बाद सदन की कार्यवाही शुरू की गई।
मद्रास रेजिमेंट सेंटर में बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य अधिकारियों के पार्थव शरीर रखे गए हैं। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सीडीएस बिपिन रावत और हेलीकॉप्टर क्रैश में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी।
सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी और हेलीकॉप्टर क्रैश में मारे गए सभी लोगों के पार्थिव शरीर को वेलिंग्टन मिलिट्री अस्पताल से मद्रास रेजिमेंट सेंटर लाया गया।
राज्यसभा से 12 निलंबित सांसदों को वापसी करने को लेकर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के सांसद लगातार संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन आज विपक्षी दलों ने विरोध-प्रदर्शन नहीं करने का फैसला किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि आज कोई प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने सत्तापक्ष पर बिपिन रावत समेत हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति शोक संवेदना नहीं जताने का आरोप लगाया। राज्यसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्षी दलों के नेता हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करना चाह रहे थे, लेकिन उन्हें नहीं करने दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने संसद परिसर में बिपिन रावत, उनकी पत्नी समेत अन्य अधिकारियों के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि बिपिन रावत ने सुलूर एयरबेस से उड़ान भरी थी। चॉपर में सवार 14 लोगों में से 13 लोगों का निधन हो गया। राजनाथ सिंह ने बताया कि सबसे पहले स्थानीय लोगों को इसकी सूचना मिली। राजनाथ सिंह ने हादसे में मारे गए सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
लोकसभा में बयान देते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना ने सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना की त्रि-सेवा जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच का नेतृत्व एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह करेंगे। कल ही जांच टीम वेलिंगटन पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे पर लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने भी दुख जताया। हेलीकॉप्टर हादसे में निधन हुए पदाधिकारियों के परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।
संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अनुराग ठाकुर समेत कई पदाधिकारी मौजूद हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह संसद भवन पहुंच चुके हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राजनाथ सिंह 11 बजे लोकसभा में हेलीकॉप्टर हादसे पर बयान देंगे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना के Mi-17 हेलिकॉप्टर क्रैश पर संसद में बयान देंगे। रक्षामंत्री संसद में बताएंगे कि तमिलनाडु के कुन्नूर में वायुसेना का यह चॉपर कैसे क्रैश हुआ। राज्यसभा में सुबह 11:00 और लोकसभा में 12:15 पर बयान देंगे।
इससे पहले राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। बुधवार को उन्होंने कहा कि उनका असामयिक निधन सशस्त्र बलों और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। राजनाथ सिंह ने कहा कि जनरल रावत ने असाधारण साहस और लगन से देश की सेवा की है। रक्षामंत्री ने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के परिवारों के संवेदना भी व्यक्त की ।