भारतीय तटरक्षक दल ने बंगाल के नयाचारा गांव में फंसे हुए लगभग 100 लोगों को बचाया। बचाव अभियान अब भी जारी है।
ओडिशा में लैंडफॉल के बाद नावों और दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। पश्चिम बंगाल-ओडिशा सीमा के पास उदयपुर में हवा ने कई चेक पोस्ट बैरिकेड्स उड़ा दिए।
चक्रवात यास के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 28 मई को पूर्वी मिदनापुर का दौरा करेंगी।
मौसम विभाग के निदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवात यास ओडिशा के बालासोर सीमा को पार गर गया। यास कल सुबह झारखंड पहुंचेगा, तब इसके हवा की गति 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। पिछले 24 घंटों में ओडिशा में भारी से बेहद भारी बारिश हुई है। उत्तर ओडिशा और तटीय ओडिशा में आज भारी से बेहद भारी बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा: भद्रक जिले के धामरा में तेज हवाएं और बारिश की वजह से समुद्र का पानी बढ़ा। पानी बढ़ने की वजह से रिहायशी इलाकों में पानी घुसा। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात यास की लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। इसे पूरा होने में करीब 3 घंटे का समय लगेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान यास ओडिशा के बालासोर से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित है। लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह लगभग 9 बजे शुरू हुई।
तूफान यास के नजदीक आने के साथ-साथ प. बंगाल के दिघा में समुद्र की तेज लहरें।
यास तूफान के निकट आने के साथ ही बंगाल के दिघा में समुद्र तट पर लहरें और हवाएं तेज हो गई हैं।
यास के पहुंचने से पहले ओडिशा में भद्रक के धामरा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है।
यास तूफान बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के धामरा से 60 किमी, पारादीप से 90 किमी व बगाल के दिखा से 100 किमी दूर पहुंचा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए 74,000 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा दो लाख से अधिक पुलिसकर्मियों एवं नागरिक स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) कर्मियों को तैनात किया गया है और आवश्यकता पड़ने पर सेना की भी मदद ली जाएगी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनके प्रशासन ने नौ लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वहीं, ओडिशा सरकार का कहना है कि उसने सुरक्षा को देखते हुए तटीय जिलों से तीन लाख से अधिक लोगों को निकाला है।
इसी तरह, भुवनेश्वर का बीजू पटनायक हवाईअड्डा मंगलवार रात 11 बजे से बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे तक बंद रहेगा। दक्षिण पूर्व रेलवे ने भी कई ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की है। चक्रवात के मद्देनजर पड़ोसी राज्य झारखंड ने भी अलर्ट जारी किया है और चक्रवात के प्रभाव के मद्देनजर तैयारी की जा रही है।
चक्रवात के खतरे के बीच भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने कहा कि कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 7:45 तक उड़ानों का संचालन निरस्त रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक यास बेहद ताकतवर तूफान में तब्दील होकर ओडिशा के तटीय इलाकों में उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की तरफ बढ़ेगा और दोपहर तक धामरा के उत्तर व बालासोर के दक्षिण में पहुंचेगा। इस दौरान 130-140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।