केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को सीजीएचएस मुख्यालय में ई-संजीवनी हब का दौरा कर वहां टेलीफोन पर प्रदान की जा रही परामर्श सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने दूरभाष परामर्श प्रदान कर रहे डॉक्टरों से बातचीत की और कुछ सत्रों का व्यक्तिगत रूप से मुआयना किया। उन्होंने लोगों से कोविड-19 महामारी के दौरान इन डिजिटल मंचों का और अधिक उपयोग करने की अपील की, जिससे वे घरों से बाहर निकले बिना स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा ने राज्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर नगरपालिका चुनाव को एक महीने के लिए स्थगित करने का अनुरोध किया।
कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री वी सुनील कुमार की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कन्नड़ और संस्कृति विभाग के भी मंत्री कुमार ने कहा कि मैंने शुक्रवार को हल्के लक्षणों के बाद कोरोना का टेस्ट कराया, जिसमें मैं संक्रमित पाया गया। मैं उन सभी से अनुरोध करता हूं कि जो हाल ही में मेरे संपर्क में आए हैं और खुद को आइसोलेट कर लें।
गुजरात में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 10,019 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान दो संक्रमितों की मौत भी हुई है। यह अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढकर 9 लाख के पार पहुंच गया है, जबकि 10,144 लोग संक्रमण की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। राज्य में फिलहाल 55,798 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के कारण अगले आदेश तक बेंगलुरु में प्रिंसिपल बेंच के समक्ष सभी सुनवाई वर्चुअल रूप से आयोजित की जाएगी। धारवाड़ और कालाबुरागी हाइब्रिड मोड में मामलों की सुनवाई करेंगे।
भारत के औषधि महानियंत्रक की विषय विशेषज्ञ समिति सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक द्वारा कोवाक्सिन और कोविशील्ड को पूर्ण बाजार अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए गए आंकड़ों की गहन समीक्षा जारी रखेगी। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने दी।
मुंबई में शुक्रवार को कोरोना के 11,317 नए मामले सामने आए हैं। 22,073 लोग डिस्चार्ज हुए हैं और 9 लोगों की मृत्यु हुई है। यहां फिलहाल 84,352 मरीजों का इलाज चल रहा है। मुंबई में 11 अगस्त 2021 के बाद से एक दिन में कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें बीते 24 घंटे में दर्ज की गई है। वहीं, मुंबई पुलिस ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 136 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं और अब तक कुल 126 पुलिसकर्मी की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या 1,253 है।
तमिलनाडु में कोरोना के 23,459 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 9,026 मरीज ठीक हुए और 26 मरीज़ों की मौत हुई। राज्य में सक्रिय मामले 1,18,017 हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना के 43,211 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 33,356 लोग डिस्चार्ज हुए और 19 लोगों की मृत्यु हुई। राज्य में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के 238 मामले सामने आए हैं। इनके कुल मामलों की संख्या 1,605 है।
महाराष्ट्र में कोविड-19 टीके की कमी संबंधी खबरों का खंडन करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राज्य में कोवाक्सिन की 24 लाख से अधिक खुराक उपलब्ध हैं और शुक्रवार को उसे अतिरिक्त 6.35 लाख खुराक प्राप्त हुईं। खबरों के मुताबिक, राज्य सरकार टीके की उपलब्धता में कमी के कारण टीकाकरण की गति नहीं बढ़ा पा रही है।
कोरोना का पता लगाने के लिए होमकिट के इस्तेमाल में वृद्धि के मद्देनजर बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर में होम एंटीजन जांच किट के विनिर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं एवं विक्रेताओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बीएमसी ने इसकी बिक्री से जुड़े लोगों को रोजाना निर्धारित प्रपत्र में संबंधित महानगरपालिका अधिकारियों तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन को कुछ खास विवरण ई-मेल करने का निर्देश दिया।
आदेश में कहा गया है कि प्रयोगशालाओं या व्यक्तियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से रैपिड एंटीजेन जांच कीट या होम जांच किट के माध्यम से किए जाने वाले सभी कोविड-19 परीक्षण के जांच नतीजे मोबाइल एप के जरिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) को भेजना जरूरी है। बीएमसी ने कहा कि कुछ मामलों में होम जांच किट के परिणाम के बारे में आईसीएमआर को नहीं बताया गया, फलस्वरूप अधिकारियों के लिए मरीजों पर नजर रखना मुश्किल हो गया एवं संक्रमण और फैला।
नए दिशानिर्देश के तहत होम जांच किट के विनिर्माताओं और वितरकों को मुम्बई में केमिस्टों एवं दवा दुकानों को बेचे गए किट की संख्या के बारे में एफडीए आयुक्त एवं बीएमसी को सूचित करने को कहा गया है। केमिस्टों एवं दवा दुकानों को ग्राहकों को बेचे गए जांच किट का ब्योरा रोज शाम छह बजे तक निर्धारित प्रपत्र में ई-मेल करने को निर्देश दिया गया है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 16,016 नए मामले सामने आए और इस दौरान तीन संक्रमितों की मौत हो गई। एक बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गई है ।
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के 22,645 नये मामले सामने आए हैं। इस दौरान संक्रमण की वजह से 28 और लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी।
केरल सरकार ने 9वीं कक्षा तक की ऑफलाइन कक्षाओं को स्थगित करने का फैसला किया है। शुक्रवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी।
मध्य प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 15 जनवरी से 31 जनवरी तक कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। यह आदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक के दौरान दिया।
पश्चिम बंगाल में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए कोलकाता उच्च न्यायालय ने निकाय चुनावों के 4 से 6 सप्ताह तक के लिए स्थगन पर विचार करने के निर्देश दिए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग इस पर 48 घंटे के भीतर अपना रुख तय करेगा।
दिल्ली में आज कोरोना के 28,867 मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया कि हाल ही में कोरोना से हुई मौतो में 75 प्रतिशत ने कोरोना का टीका नहीं लगवाया था। उन्होंने बताया कि दिल्ली के अस्पतालों में अभी भी 13 हजार से ज्यादा बेड खाली हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी भी 15.17 करोड़ कोरोना वैक्सीन मौजूद हैं।
देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमितों का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 5753 पहुंच गई।
कोरोना से मौतों का आंकड़ा भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटे में कोरोना से 315 लोगों की मौत हो गई। इससे कुल मौतें बढ़कर 4,85,350 पहुंच गईं।
अमेरिका के कई राज्यों में मेडिकल ढांचा पूरी तरह से चरमरा चुका है। गुरुवार को अस्पतालों में पिछले 24 घंटे अंदर 1,42,388 मरीज भर्ती किए गए। हालात बेकाबू होते देखकर राष्ट्रपति जो बाइडन ने मिशिगन, न्यूजर्सी, न्यू मेक्सिको, न्यूयॉर्क, ओहायो और रॉड आईलैंड के अस्पतालों में मदद के लिए सैनिक रवाना किए हैं।