फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus Live: पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में मिले 20740 नए मामले, 424 की मौत

Sat, 29 May 2021 12:56 AM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस का कहर अभी भी जारी है। कोरोना वायरस के दैनिक मामले भले ही लगातार कम आ रहे हों लेकिन रोजाना होने वाली मौतों का आंकड़ा तीन हजार से कम नहीं आ रहा है। बीते दिन कोरोना वायरस के दैनिक मामले दो लाख से भी कम आए लेकिन तीन हजार के करीब लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी खिलाड़ियों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक मिल चुकी है। इधर दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। इधर डीआरडीओ ने कोरोना की दवा यानी 2डीजी की कीमत 990 रुपये प्रति पैकेट तय की है। भारत से और भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर लागू प्रतिबंध को 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
भारत में कोरोना टीकाकरण - फोटो : पीटीआई (फाइल)
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:12 AM, 29-May-2021

प. बंगाल में कोरोना वायरस के 12193 मामले, 145 की मौत

प. बंगाल में कोरोना वायरस के 12,193 केस सामने आए, 145 की हुई मौत और कुल 19,396 स्वस्थ हुए। राज्य में कुल सक्रिय केस 1,09,806 हैं।  

 

11:41 PM, 28-May-2021

तमिलनाडु में सात जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन

तमिलनाडु में कोरोना वायरस संक्रमण के चक्र को तोड़ने में मदद के लिये लागू किये गए राज्यव्यापी लॉकडाउन को एक सप्ताह यानी सात जून तक बढ़ा दिया गया है। सीएम ने कहा कि वायरस की रोकथाम के लिये यह फैसला लिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने लोगों से सरकार के साथ सहयोग करने और घरों में रहने की अपील की। स्टालिन ने एक बयान में कहा कि अगले महीने से राशन दुकानों के जरिये राशन कार्डधारियों को किराने की 13 वस्तुओं के पैकेट वितरित किये जाएंगे। तमिलनाडु में 10 मई को कुछ छूटों के साथ दो सप्ताह का लॉकडाउन लागू किया गया था। बाद में इसे 31 मई तक बढ़ा दिया गया था।

11:10 PM, 28-May-2021

असम: 5436 नए मामले, 5760 ठीक हुए

असम में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 5436 नए मामले मिले, 5760 लोग ठीक हुए और 80 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या तीन लाख 98 हजार 10 हो गई है। इनमें से तीन लाख 40 हजार 178 लोग ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामले 53,317 हैं। राज्य में अभी तक कोविड के चलते 3168 लोगों की मौत हो चुकी है।

विज्ञापन
10:57 PM, 28-May-2021

झारखंड में कोविड-19 टीके की 8.79 लाख खुराकें उपलब्ध

झारखंड सरकार ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में कोविड-19 रोधी टीकाकरण के लिए अभी टीके की कुल आठ लाख 79 हजार 58 खुराकें उपलब्ध हैं। इनमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के लिए कुल सात लाख 14 हजार 538 खुराकें और 18 वर्ष से 44 वर्ष तक के नागरिकों के लिए एक लाख 64 हजार 520 खुराकें हैं।

10:50 PM, 28-May-2021

पुडुचेरी: 1223 नए मामले, 1779 ठीक हुए

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड के 1223 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 1779 मरीज ठीक हुए और 21 की मौत हो गई। यहां अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख एक हजार 900 हो गई है। इनमें से 86,528 लोग ठीक हो चुके हैं और 13,896 सक्रिय मरीज हैं। राज्य में अभी तक कोरोना संक्रमण के चलते कुल 1476 लोगों की जान जा चुकी है।

विज्ञापन
10:43 PM, 28-May-2021

राजस्थान: 2648 नए मामले, 11,177 ठीक हुए

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 2648 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 11,177 लोग ठीक हुए और 78 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या नौ लाख 33 हजार 848 हो गई है। इनमें से आठ लाख 63 हजार 175 लोग ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामले 62,492 हैं। राज्य में कोरोना के चलते अब तक कुल 8181 लोगों की मौत हो चुकी है।

10:38 PM, 28-May-2021

हिमाचल में सात जून तक बढ़े प्रतिबंध

हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोविड प्रतिबंधों को सात जून की सुबह छह बजे तक बढ़ाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 31 मई से सभी दुकानों को सप्ताह में पांच दिन सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे कर खुलने की अनुमति होगी। सरकारी कार्यालयों में सप्ताह में पांच दिन 30 फीसदी उपस्थिति के साथ काम होगा। शिक्षण संस्थान पांच जून तक बंद रहेंगे। 
 

10:31 PM, 28-May-2021

महाराष्ट्र: 20740 नए मामले, 424 मरीजों की मौत

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 20,740 नए मामले सामने आए, जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 56 लाख 92 हजार 920 हो गए। वहीं, 424 मरीजों की मौत होने से राज्य में इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 93,198 हो गई। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 30,671 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 53 लाख सात हजार 874 हो गई। राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर दो लाख 89 हजार 88 हो गई है।

10:25 PM, 28-May-2021

गोवा: 1055 नए मामले, 1396 ठीक हुए

गोवा में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 1055 नए मामले सामने आए, 1396 लोग ठीक हुए और 32 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख 53 हजार 456 हो गई है। इनमें से एक लाख 35 हजार 560 लोग ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मामलों की संख्या 15,326 है। राज्य में अभी तक कोविड की चपेट में आकर 2570 लोगों की जान जा चुकी है।

10:18 PM, 28-May-2021

नगालैंड में 11 जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन

नगालैंड सरकार ने कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर राज्य में पूर्ण लॉकडाउन 11 जून तक बढ़ा दिया है। इससे पहले, 14 मई को सात दिन के लिए लागू किए गए लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया गया था। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो की अध्यक्षता में हुई कोविड-19 संबंधी उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। मंत्री नीबा क्रोनू ने यह जानकारी दी। नगालैंड में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 192 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 21,215 हो गई। इसके अलावा पांच और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 343 तक पहुंच गई।

10:11 PM, 28-May-2021

यूपीएल ने चार राज्यों के आठ अस्पतालों में स्थापित किए ऑक्सीजन संयंत्र

कृषि रसायन निर्माता कंपनी यूपीएल लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि उसने गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के आठ अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए हैं। कंपनी ने कहा कि उसने गुजरात में अपने चार नाइट्रोजन संयंत्रों को ऑक्सीजन के उत्पादन और वितरण के काम में लगा दिया है। उसने वाराणसी के चौका घाट में सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज, वापी में हरिया एल जी रोटरी अस्पताल, अंकलेश्वर में जयबेन अस्पताल और जम्बूसर, भरूच में सरकारी अस्पताल में संयंत्र लगाए हैं। यूपीएल ने नई दिल्ली के मैक्स अस्पताल में एक ऑक्सीजन संयंत्र भी स्थापित किया है तथा इंदौर, ग्वालियर और वाराणसी में अतिरिक्त तीन ऑक्सीजन प्लांट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में है।

10:01 PM, 28-May-2021

हरियाणा: 2007 नए मामले, 5025 ठीक हुए

हरियाणा में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 2007 नए मामले सामनए आए। इस दौरान यहां 5025 मरीज ठीक भी हुए और 96 मरीजों की मौत हो गई। अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख 52 हजार 69 हो गई है। इनमें से सात लाख 18 हजार 959 लोग ठीक हो चुके हैं और 25,075 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना से अभी तक 8035 लोगों की मौत हो चुकी है।

09:37 PM, 28-May-2021

अबतक देश में दी गईं टीके की 20.86 करोड़ खुराकें

भारत में अब तक कोविड-19 से बचाव के लिए टीके की 20.86 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को 18 से 44 आयुवर्ग के 13 लाख 36 हजार 309 लाभर्थियों को टीके की पहली खुराक जबकि इसी आयुवर्ग के 275 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। मंत्रालय के अनुसार तीसरे चरण में 18 से 44 साल आयुवर्ग के लोगों का टीकाकरण शुरू होने के बाद से अबतक इस आयुवर्ग के एक करोड़ 66 लाख 47 हजार 122 लोगों का टीकाकरण हुआ है। मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार शाम सात बजे तक प्राप्त वैकल्पिक आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक टीके की 20 करोड़ 86 लाख 12 हजार 834 खुराक दी जा चुकी है।

09:12 PM, 28-May-2021

मई-जून तक दोगुना होगा कोवाक्सिन का उत्पादन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोवाक्सिन की वर्तमान उत्पादन क्षमता मई-जून तक दोगुनी और जुलाई-अगस्त तक छह से सात गुना हो जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि इस साल सितंबर कर इसका उत्पादन बढ़कर हर महीने 10 करोड़ होने की उम्मीद है।

09:03 PM, 28-May-2021

पंजाब: 3724 नए मामले, 148 की मौत

पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 3724 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में 6797 लोग ठीक हुए और 148 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या पांच लाख 59 हजार 795 हो गई है। नहीं, सक्रिय मामले 44,964 हैं।

08:53 PM, 28-May-2021

मणिपुर के कुछ जिलों में 11 जून तक बढ़ा कर्फ्यू

मणिपुर में इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, विष्णुपुर, थोबल, काकचिंग, चूराचांदपुर और उखरुल जिलों में 11 जून तक कर्फ्यू बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
 

08:40 PM, 28-May-2021

तेलंगाना में कोविड के 3527 नए मामले, 19 मरीजों की मौत

तेलंगाना में शुक्रवार को कोविड-19 के 3527 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5.71 लाख से ज्यादा हो गई। वहीं 19 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 3226 हो गई। राज्य में कोविड-19 के 37,793 मरीजों का उपचार चल रहा है। वहीं कुल संक्रमितों की संख्या पांच लाख 71 हजार 44 हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे के दौरान 3982 मरीजों के संक्रमण मुक्त होने के बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर पांच लाख 30 हजार 25 हो गई। राज्य में संक्रमण से मृत्यु दर 0.56 फीसदी और स्वस्थ होने की दर 92.81 फीसदी है।

08:26 PM, 28-May-2021

महाराष्ट्र: 15 दिन के लिए बढ़ाए गए प्रतिबंध

कोरोना वायरस महामारी के कारण महाराष्ट्र में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंधों को 15 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है लेकिन एक जून को नए दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। टोपे ने कहा कि जहां तक लॉकडाउन का सवाल है, उसे 15 दिन के लिए बढ़ाया गया है लेकिन इससे संबंधित दिशा निर्देश एक जून को जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन क्षेत्रों में ढील नहीं दी जाएगी जहां मरीजों की संख्या और संक्रमण की दर अब भी ज्यादा है और अस्पताल में बिस्तर मिलने की समस्या है। 

08:20 PM, 28-May-2021

महाराष्ट्र: कोविड से अनाथ हुए बच्चों के लिए पांच लाख की एफडी की मांग

महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमति ठाकुर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस दौरान ठाकुर ने प्रस्ताव रखा कि राज्य सरकार को ऐसे हर बच्चे के बैंक खाते में पांच लाख रुपये की एफडी करवाई चाहिए जिनके माता-पिता की मौत कोविड के चलते हुई है। मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि ऐसे बच्चे जिनके एक अभिभावक की मौत हुई है, उन्हें राज्य की बाल सांगोपान योजना के तहक 2500 रुपये प्रतिमाह दिए जा सकते हैं। ठाकरे ने आश्वासन दिया कि मामले पर कैबिनेट बैठक में चर्चा की जाएगी और फैसला लिया जाएगा।

08:14 PM, 28-May-2021

गुजरात: 2521 नए मामले 7965 ठीक हुए

गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 2521 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 7965 लोग ठीक हुए और 27 की मौत हुई। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या आठ लाख तीन हजार 387 हो गई है। इनमें से सात लाख 50 हजार 15 लोग ठीक हो चुके हैं और 43,611 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना के चलते अब तक 9761 लोगों की मौत हो चुकी है।

08:07 PM, 28-May-2021

बच्चों के टीकाकरण के लिए याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

दिल्ली उच्च न्यायालय में शुक्रवार को एक जनहित याचिका दाखिल कर इस आधार पर 12 से 17 साल के बच्चों का तुरंत टीकाकरण करने के लिए निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया। याचिका में कहा गया है कि तीसरी लहर में बच्चों के ज्यादा प्रभावित होने की आशंका है। मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल और न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की पीठ ने मामले में केंद्र और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किए और मामले को अन्य याचिकाओं के साथ चार जून को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया। याचिका में 17 साल तक की उम्र के बच्चों के अभिभावकों को टीकाकरण में प्राथमिकता देने का भी अनुरोध किया गया है क्योंकि दूसरी लहर के दौरान कोविड-19 की वजह से अभिभावकों की मौत के कारण कई बच्चे अनाथ हो गए। मामले में दो याचिकाकर्ता हैं। पहला याचिकाकर्ता नाबालिग है, जिसने अपनी मां के जरिए याचिका दी है जबकि दूसरी याचिकाकर्ता एक बच्चे की मां है।

07:46 PM, 28-May-2021

मुंबई: 929 नए मामले, 1239 ठीक हुए

मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमण के 929 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 1239 लोग ठीक हुए और 30 मरीजों की मौत हो गई। शहर में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख तीन हजार 461 हो गई है। इनमें से छह लाख 59 हजार 540 लोग ठीक हो चुके हैं और 14,808 की जान जा चुकी है। यहां अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 27,958 हो गई है।

07:42 PM, 28-May-2021

अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध 30 जून तक बढ़ाया गया

भारत से और भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर लागू प्रतिबंध को 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। यह जानकारी डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने दी।
 

 

07:33 PM, 28-May-2021

दूसरे कई देशों में कोविड के खिलाफ आइवरमैक्टिन का असर साबित हुआ: गोवा सरकार

गोवा सरकार ने कोविड-19 के खिलाफ उपचार के लिए आइवरमैक्टिन दवाओं के वितरण के अपने विवादास्पद फैसले का शुक्रवार को बॉम्बे उच्च न्यायालय में बचाव किया। सरकार ने दावा किया कि कई देशों में हुए अध्ययनों में यह दवा प्रभावी साबित हुई है। राज्य सरकार ने इस महीने की शुरुआत में कोविड-19 के खिलाफ एहतियात के तौर पर इस्तेमाल के लिए सभी वयस्क नागरिकों को यह दवा बांटी थी। इसका उपयोग परजीवी (पेट के कीड़ों के) संक्रमण में किया जाता है।

07:18 PM, 28-May-2021

आंध्र प्रदेश: निजी अस्पतालों के लिए पीएसए प्रौद्योगिकी वाले ऑक्सीजन संयंत्र लगाना अनिवार्य

आंध्र प्रदेश सरकार ने सभी निजी अस्पतालों तथा नर्सिंग होम के लिए बिस्तरों की क्षमता के अनुपात के अनुसार पीएसए प्रौद्योगिकी वाले ऑक्सीजन संयंत्र लगाना अनिवार्य कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग में प्रधान सचिव अनिल कुमार सिंघल ने शुक्रवार को इस संबंध में एक आदेश जारी किया। इस आदेश के जरिए आंध्र प्रदेश एलोपैथी निजी चिकित्सा देखभाल प्रतिष्ठान(पंजीकरण एवं विनियमन) नियम 2007 में संशोधन किया गया है। इसमें बिस्तरों की संख्या के आधार पर अस्पतालों के लिए चिकित्सा संबंधी उपकरण और फर्नीचर के लिए न्यूनतम मानक तय किए गए हैं।

07:09 PM, 28-May-2021

हिमाचल: टीकाकरण प्राथमिकता समूह में इन्हें मिली जगह

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कोविड-19 टीकाकरण के लिए प्राथमिकता समूह जारी किया है। इसमें सभी दिव्यांग, सरकारी और निजी संस्थानों के सभी कर्मचारी, सरकारी विभागों के कर्मचारी, 18 वर्ष और अधिक आयु वाले एनसीसी कैडेट, 18 वर्ष से अधिक आयु वाले कैदी और कोविड वॉलंटियर्स आदि को शामिल किया गया है।

06:53 PM, 28-May-2021

तमिलनाडु में सात जून तक बढ़ा लॉकडाउन

तमिलनाडु में लॉकडाउन सात जून की सुबह छह बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। इस दौरान सरकारी विभागों के माध्यम से किराने की सामग्री की आपूर्ति जारी रहेगी। किराने का सामान की आपूर्ति वाहनों या धक्कागाड़ी के जरिए स्थानीय किराने की दुकानों के साथ समन्वय के साथ होगी। इसके लिए सुबह सात से शाम छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

06:49 PM, 28-May-2021

केरल: टीकों की आपूर्ति पर पीएम को सीएम का पत्र

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने टीकों की आपूर्ति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि टीकों की निर्बाध आपूर्ति के लिए कदम उठाएं।
 

06:32 PM, 28-May-2021

दिल्ली: सर्जिकल ग्लव्स में बेईमानी, दो गिरफ्तार

दिल्ली में उपयोग किए जा चुके सर्जिकल ग्लव्स (दस्तानों) को दोबारा पैक करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी डाबरी संतोष कुमार मीणा ने बताया कि हमने 1300 किलो इस्तेमला किए जा चुके दस्ताने और एक वाशिंग मशीन बरामद की है। इससे पहले हमने 848 किलो दस्ताने बरामद किए थे।

06:13 PM, 28-May-2021

केरल: विदेश जाने वालों को मिलेगा टीकाकरण प्रमाणपत्र

केरल सरकार ने पढ़ाई या रोजगार के लिए विदेश जाने वालों के लिए पासपोर्ट नंबर के साथ कोविड वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट (टीकाकरण प्रमाणपत्र) जारी करने का फैसला किया है। यह प्रमाणपत्र उन लोगों को जारी किया जाएगा जिन्हें यात्रा की अनुमति की जरूरत होगी।

05:47 PM, 28-May-2021

भारत बायोटेक ने बताई वैक्सीन टाइमलाइन

भारत बायोटेक ने कहा है कि कोवाक्सिन के एक बैच के लिए उत्पादन, जांच और इसे जारी करने में करीब 120 दिन का समय लगता है। इस साल मार्च में जिन बैच का उत्पादन शुरू किया गया था वह जून तक सप्लाई के लिए तैयार हो जाएंगे।
 

05:42 PM, 28-May-2021

नीरी ने नमूने लेने का आसान व तेज तरीका विकसित किया

राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) ने आरटी-पीसीआर कोरोना वायरस की जांच के लिए नमूने लेने और उनके प्रसंस्करण का आसान एवं तेज तरीका विकसित किया है जो ग्रामीण एवं जनजातीय इलाकों में इस्तेमाल किया जा सकता है। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने कहा कि यह तरीका आसान, तेज, किफायती, मरीजों के अनुकूल और आरामदायक है। इसने कहा कि मामूली ढांचागत जरूरतों के चलते यह ग्रामीण और जनजातीय इलाकों के लिए उपयुक्त है। नागपुर स्थित नीरी सीएएसआईआर की घटक प्रयोगशाला है।

05:35 PM, 28-May-2021

वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने के लिए 'मिशन कोविड सुरक्षा'

वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार कुछ पीएसयू कंपनियों का सहयोग करेगी। यह सहयोग 'मिशन कोविड सुरक्षा' के तहत किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि ऐसी ही एक कंपनी हैदराबाद की इंडियन इम्यूनोलॉजिकल लिमिटेड (आईआईएल) है, जिससे हर महीने एक से डेढ़ करोड़ खुराकें बनाने की उम्मीद है।

05:28 PM, 28-May-2021

आंध्र प्रदेश: 14429 नए मामले, 20746 ठीक हुए

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 14,429 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 20,746 लोग ठीक हुए और 103 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 16 लाख 57 हजार 986 हो गई है। इनमें से 14 लाख 66 हजार 990 लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख 80 हजार 362 सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना के चलते अब तक कुल 10,634 लोगों की जान जा चुकी है।

05:18 PM, 28-May-2021

गया के अनुग्रह मेडिकल कॉलेज में भरा पानी

बिहार के गया में स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज के ईएनटी (नाक, कान, गला) वार्ड में बारिश का पानी  भर गया। अस्पताल ने बताया कि इस वार्ड को ब्लैक फंगस के मरीजों के इलाज के लिए तैयार किया गया था। पानी निकालने का काम लगभग पूरा हो गया है। इसके साथ ही राज्य से हाजीपुर में स्थिति सदर अस्पताल में भी पानी भर गया।
 

05:10 PM, 28-May-2021

चंडीगढ़ में वीकेंड कर्फ्यू

चंडीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार को वीकेंड कर्फ्यू का एलान किया। इसके अनुसार शनिवार की सुबह पांच बजे से सोमवार की सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा।

05:02 PM, 28-May-2021

असम: 300 बेड के कोविड सेंटर का निर्माण कर रहा डीआरडीओ

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि डीआरडीओ राज्य सरकार के लिए सरुसजाई स्टेडियम में 300 बिस्तरों वाले कोविड केयर सेंटर का निर्माण कर रहा है। इस अस्पताल में 200 ऑक्सीजन बेड और 100 आईसीयू बेड होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल सात या आठ जून से शुरू हो जाएगा।

04:37 PM, 28-May-2021

ओडिशा: 7216 नए मामले, 33 की मौत

ओडिशा में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के 7216 नए मामले दर्ज किए गए और 33 मरीजों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यहां कोविड सकारात्मकता दर अब 6.38 फीसदी हो गई है।

04:33 PM, 28-May-2021

दिल्ली: 1141 नए मामले, 139 की मौत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 1141 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 139 मरीजों की मौत भी हुई। यहां कोविड सकारात्मकता दर (पॉजिटिविटी रेट) अब 1.59 फीसदी हो गया है।

04:29 PM, 28-May-2021

जम्मू कश्मीर: 118 वर्ष के व्यक्ति ने लगवाया टीका

जीवन के सौ से भी ज्यादा वसंत देख चुके शेर मोहम्मद का कहना है कि कोविड का टीका लगवाने के बाद उनमें और अधिक आत्मविश्वास का संचार हुआ है और वह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जम्मू कश्मीर के रियासी जिले के माहोर तहसील के निवासी 118 वर्षीय मोहम्मद ने प्रशासन द्वारा आयोजित टीकाकरण अभियान के तहत गुरुवार सुबह टीका लगवाया था।

04:22 PM, 28-May-2021

दिल्ली में 31 मई से शुरू होगी अनलॉक की प्रकिया

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली ने किसी प्रकार कोविड-19 की दूसरी लहर पर काबू पा लिया है और अब सरकार धीरे-धीरे लॉकडाउन हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि सोमवार से एक सप्ताह के लिए फैक्टरियां दोबारा खोली जा सकेंगी और निर्माण कार्यों की बहाली को मंजूरी दी जाएगी।

04:04 PM, 28-May-2021

झारखंड: यूएई से लाए गए 3000 ऑक्सीजन सिलिंडर

झारखंड में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत टाटा स्टील लिमिटेड द्वारा यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) से 3000 ऑक्सीजन सिलिंडर लाए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि बाकी 2000 सिलिंडर इस सप्ताह आ जाएंगे। ये सभी 5000 सिलिंडर जनता के इस्तेमाल के लिए होंगे।  

03:42 PM, 28-May-2021

हरियाणा: 15 जून तक स्कूलों में बढ़ीं गर्मी की छुट्टियां

हरियाणा में सभी सरकारी और निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 15 जून तक के लिए बढ़ा दी गई हैं। राज्य सरकार ने कहा कि शिक्षकों समेत अन्य स्टाफ 50 फीसदी क्षमता के साथ स्कूल आना शुरू करेंगे।

03:26 PM, 28-May-2021

बच्चों की मदद के लिए तत्काल कदम उठाएं: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने देश के सभी जिला प्रशासनों को निर्देश दिया है कि उन बच्चों की आधारभूत जरूरतों को लेकर तुरंत कदम उठाएं जिनके माता-पिता में से किसी एक या दोनों को कोरोना के चलते मौत हो गई है। अदालत ने कहा है कि इस संबंध में किसी आदेश की प्रतीक्षा न करें।

03:09 PM, 28-May-2021

अनाथ बच्चों का डाटा मुहैया कराएं राज्य सरकारें- उच्चतम न्यायालय

उच्चतम न्यायालय ने जिला प्रशासनों को अनाथ बच्चों की पहचान करके शनिवार शाम तक उनके बारे में जानकारी एनसीपीसीआर की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया। उच्चतम न्यायालय ने कोविड-19 महामारी के कारण बच्चों के अनाथ होने के मामलों पर संज्ञान लेते हुए राज्य को उन्हें तत्काल राहत मुहैया कराने का निर्देश दिया।

02:43 PM, 28-May-2021

ब्लैक फंगस की दवा की 50,000 वायल मुंबई हवाई अड्डे पहुंची

आज ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसके इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन की 50,000 वायल मुंबई हवाईअड्डे पर पहुंचे। 
 

02:19 PM, 28-May-2021

राज्यों के पास अभी 1.84 करोड़ खुराकें उपलब्ध- स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 22.46 करोड़ से ज्यादा खुराकें उपलब्ध कराई गई हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 1.84 करोड़ से ज्यादा डो़ज उपलब्ध है।
 

01:49 PM, 28-May-2021

अपोलो अस्पताल में एंटीबॉडी कॉकटेल देनी शुरू

अपोलो अस्पताल ने जानकारी दी कि हल्के और मध्यम लक्षण वाले कोरोना मरीज को एंटीबॉडी कॉकटेल देने की शुरुआत हो गई है। 
 

01:38 PM, 28-May-2021

दिल्ली में बीते 24 घंटे में पॉजिटिविटी रेट 1.5 फीसदी रही

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोरोना के केस लगातार कम हो रहे हैं, पिछले 24 घंटे में संक्रमण दर 1.5% रही और कोरोना के क़रीब 1100 मामले आए हैं।
 

01:22 PM, 28-May-2021

सोमवार से दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने बड़ा एलान कर दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सोमवार सुबह से दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सोमवार से फैक्ट्रियों में काम शुरू हो जाएगा और कंस्ट्रक्शन का काम भी शुरू होगा। इसके अलावा सीएम केजरीवाल ने कहा कि जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकले।
 

01:02 PM, 28-May-2021

वैक्सीनेशन रणनीति बदले सरकार - राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि ये दूसरी वेव प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी है, प्रधानमंत्री ने जो नौटंकी की, अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की उसका कारण दूसरी वेव है। अगर वैक्सीनेशन इसी तरह से चलता गया तो मई 2024 में हिन्दुस्तान की पूरी जनता का वैक्सीनेशन होगा।
 

12:40 PM, 28-May-2021

2डीजी दवा की कीमत 990 रुपये लेकिन केंद्र और राज्यों को छूट के साथ मिलेगी

डीआरडीओ की ओर से बनाई गई कोरोना की दवा 2डीजी की कीमत 990 रुपये तय की गई है। वहीं सरकारी सूत्रों ने जानकारी दी कि यह दवा को सरकारी अस्पताल, केंद्र और राज्य सरकारों को छूट के साथ दी जाएगी।
 

12:27 PM, 28-May-2021

महाराष्ट्र के जिन जिलों में पॉजिटिविटी दर ज्यादा, वहां बढ़ा सकते हैं लॉकडाउन- स्वास्थ्य मंत्री

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि कोविड की स्थिति आज नियंत्रण में है। हम उन जिलों में लॉकडाउन बढ़ाना चाहते हैं जहां पॉजिटिविटी रेट ज्यादा है या जहां बेड की उपलब्धता में कोई दिक्कत है। लेकिन जहां पॉजिटिविटी रेट राज्य औसत से कम है, हम वहां पाबंदियों में छूट दे सकते हैं।
 

12:07 PM, 28-May-2021

उत्तराखंड: 82 साल के कोविड बुजुर्ग को सात किमी का रास्ता पार कराकर एंबुलेंस तक पहुंचाया

उत्तराखंड के पिथौरगढ़ में एसडीआरएफ ने एक 82 वर्षीय कोविड संक्रमित बुजुर्ग को 7 किलोमीटर ऊबड़-खाबड़ रास्ते को पार कर एंबुलेंस तक पहुंचाया।
 

11:46 AM, 28-May-2021

उत्तराखंड: ब्लैक फंगस के इलाज में इस्तेमाल होने वाले 15000 इंजेक्शन मिले

उत्तराखंड के राज्य विभाग ने जानकारी दी कि आज राज्य को ब्लैक फंगस के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन के 15000 वायल पहुंचाए गए।
 

11:29 AM, 28-May-2021

मध्यप्रदेश: सतना का वीडियो वायरल, इस्तेमाल पीपीई किट, मास्क और दस्ताने को धो रहे लोग

मध्यप्रदेश के सतना से एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए पीपीई किट, मास्क और दस्तानों को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए धोया जा रहा है। इस पर एसडीएस राजेश साही ने कहा कि ये वीडियो बड़खेरा गांव में बायो वेस्टेज प्लांट की है जहां हमारी एक टीम भेजी गई है। उन्होंने जांच कर ली है वे कल रिपोर्ट जमा करेंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा इसमें कितनी सच्चाई है। अगर ये बात सच निकली तो इसमें जरूर सख़्त कार्रवाई की जाएगी। 
 

10:56 AM, 28-May-2021

12वीं परीक्षा रद्द की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई टली

सुप्रीम कोर्ट में 12वीं की परीक्षा को रद्द करने वाली याचिका पर फिलहाल सुनवाई टाल दी गई है। अब अगली सुनवाई सोमवार को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि एक जून को सरकार इस पर निर्णय लेने वाली है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता से कहा कि संभव है कि सरकार का फैसला आपके पक्ष में हो।
 

10:46 AM, 28-May-2021

मध्यप्रदेश: कोरोना कर्फ्यू के दौरान दुकानें बंद

कोरोना कर्फ्यू के दौरान भोपाल में दुकानें बंद दिखीं। पुलिसकर्मी कर्फ्यू के दौरान वाहनों की जांच कर रहे हैं। भोपाल में 31 मई तक कोरोना कर्फ्यू लागू है।
 

10:32 AM, 28-May-2021

देश में सक्रिय मामलों की संख्या घटी

भारत में कोरोना के 1,86,364 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,75,55,457 हुई। 3,660 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,18,895 हो गई है। 2,59,459 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,48,93,410 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 23,43,152 है।
 

10:20 AM, 28-May-2021

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी और स्वास्थ्य मंत्री का किया धन्यवाद

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को कोरोना की लड़ाई में निरंतर सहायता करने के लिए धन्यवाद दिया। 
 

10:06 AM, 28-May-2021

बीते 24 घंटे में 20,70,508 लोगों का हुआ टेस्ट- आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 20,70,508 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 33,90,39,861 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
 

09:55 AM, 28-May-2021

कोरोना: बीते 24 घंटे में 1.86 लाख मामले हुए दर्ज, 3660 मौतें

देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले दो लाख से भी कम दर्ज किए गए हैं। वहीं 3660 मरीजों ने इस वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है। इसके अलावा 2.50 लाख से ज्यादा लोग एक दिन में ठीक होकर अपने घर वापस लौटे हैं। 
 

09:21 AM, 28-May-2021

पश्चिम बंगाल में 13,046 नए मामले

पश्चिम बंगाल में एक दिन में कोरोना के 13,046 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,31,249 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, 148 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 14,975 हो गई।

09:05 AM, 28-May-2021

31 मई तक जम्मू-कश्मीर में बढ़ा लॉकडाउन

जम्मू-कश्मीर में 31 मई तक लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाया गया। 
 

08:52 AM, 28-May-2021

जम्मू: तीसरी लहर के लिए बच्चों के लिए तैयार किया जा रहा कोविड वार्ड

कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों के लिए खतरे की आशंका को देखते हुए जम्मू के श्री महाराजा गुलाब सिंह अस्पताल में बच्चों के लिए कोविड वार्ड तैयार किया जा रहा है। अस्पताल के बाल रोग के विभागाध्यक्ष ने बताया, "हम कोशिश करेंगे कि सितंबर से पहले इसे तैयार कर लें।
 

08:41 AM, 28-May-2021

देश में कोरोना की रिकवरी दर 90 फीसदी के पार

देश में एक बार फिर कोरोना की रिकवरी दर 90 फीसदी पार हो चुकी है। पिछले साल अक्तूबर से बीते मार्च तक रिकवरी दर सबसे ज्यादा थी लेकिन अचानक से सामने आई दूसरी लहर ने इसे 80 फीसदी तक ला दिया था। अब दूसरी लहर का पीक निकलने के बाद रिकवरी एक बार फिर बढ़ने लगी है और अब 100 में से 90 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद स्वस्थ हुए हैं।

08:29 AM, 28-May-2021

कहां हुईं कितनी मौतें

पिछले 24 घंटे के दौरान  कर्नाटक में सबसे अधिक 476 की मौत हुई है जबकि तमिलनाडु में 474 लोगों ने दम तोड़ा। यूपी में 188, केरल में 181, पंजाब में 178, बंगाल में 148, दिल्ली में 117 और आंध्र प्रदेश में 104 लोगों की मौत हुई। 

08:12 AM, 28-May-2021

छत्तीसगढ़: बीते 24 घंटे में 2824 नए मामले आए सामने

छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में 2824 नए मामले दर्ज किए गए, वहीं 6715 मरीज ठीक होकर अपने घर वापस गए। इसी बीच 69 मरीजों को इस खतरनाक वायरस के आगे अफपना दम तोड़ना पड़ा।
 

08:00 AM, 28-May-2021

मिजोरम: बीते 24 घंटे में 239 नए मामले आए सामने

मिजोरम में बीते 24 घंटे में 239 नए मामले सामने आए। वहीं मिजोरम में सक्रिय मामलों की संख्या 2,861 है और कुल 11,382 मरीजों की मौत हो गई है।
 

07:44 AM, 28-May-2021

लद्दाख में कोरोना: बीते 24 घंटे में 141 नए मामले आए सामने

लद्दाख में कोरोना वायरस के 141 नए मामले सामने आए। बीते 24 घंटे में चार मरीजों की मौत हुई और 145 मरीज ठीक होकर अपने घर वापस गए। 
 

07:25 AM, 28-May-2021

मेरठ: ब्लैक फंगस के 11 नए मामले दर्ज, कुल मामले 147

मेरठ में अभी तक ब्लैक फंगस के 147 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। बीते 24 घंटे में मेरठ में ब्लैक फंगस के 11 नए मामले सामने आए। इसके अलावा मेरठ में अभी भी कोरोना के दैनिक मामले सैकड़ों की संख्या में दर्ज किए जा रहे हैं। मौजूदा समय में
मेरठ में 88 सक्रिय मामले हैं और कल 187 नए मामले दर्ज किए गए हैं। 
 

07:13 AM, 28-May-2021

Coronavirus Live: पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में मिले 20740 नए मामले, 424 की मौत

देश में कोरोना वायरस का कहर अभी भी जारी है। कोरोना वायरस के दैनिक मामले भले ही लगातार कम आ रहे हों लेकिन रोजाना होने वाली मौतों का आंकड़ा तीन हजार से कम नहीं आ रहा है। बीते दिन कोरोना वायरस के दैनिक मामले दो लाख से भी कम आए लेकिन तीन हजार के करीब लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया है। इसके अलावा कोरोना की वैक्सीन के मोर्चे पर भी चिंताजनक खबर है। हर दिन वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की संख्या घट रही है। 18+ वालों के लिए वैक्सीन ना होने की वजह से कई वैक्सीनेशन केंद्रों को बंद कर दिया गया है। ऐसे में सरकार को सफाई देने पर मजबूर होना पड़ा। वहीं देश में कोरोना की दूसरी लहर की पीक निकल चुकी है लेकिन तीसरी लहर की संभावना भी जताई गई है। जानकारों का कहना है कि अगर तीसरी लहर आई तो इससे सबसे ज्यादा असर, बच्चों पर पड़ेगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें