फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Live: दिल्ली में कोरोना का कोहराम, सर गंगाराम अस्पताल के 37 डॉक्टर हुए कोरोना पॉजिटिव

Fri, 09 Apr 2021 12:56 AM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अपना कहर बरपा रही है। देश में दैनिक मामलों को लेकर पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त होते जा रहे हैं। गुरुवार को रिकॉर्ड 1.26 लाख से भी ज्यादा नए मरीज मिले। महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, मध्यप्रदेश और दिल्ली में हालात चिंताजनक हैं। कोरोना पर काबू पाने के लिए कई तरह की पाबंदियां लगाई जा रही हैं। पीएम नरेंद्र मोदी आज फिर सभी मुख्यमंत्रियों से कोविड पर चर्चा करेंगें। वहीं भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए न्यूजीलैंड ने अपने यहां भारतीयों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। दूसरी ओर देश में कोरोना की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने लगातार गंभीर होती स्थिति पर चिंता जताई और 11 से 14 अप्रैल के बीच 'टीका उत्सव' मनाने की अपील की। कोरोना से जुड़ी सभी खबरें यहां पढ़ें...
विज्ञापन
स्वास्थ्यकर्मी - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:55 AM, 09-Apr-2021

दिल्ली में रात्रि कर्फ्यू में ई-पास के लिए मिले 1.19 लाख आवेदनों में से लगभग 87 हजार आवेदन खारिज

दिल्ली में रात्रि कर्फ्यू के दौरान यात्रा की अनुमति के वास्ते ई-पास के लिए जिलों के अधिकारियों को 1.19 लाख आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से लगभग 87,000 को खारिज कर दिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ज्यादातर आवेदन इसलिए खारिज किए गए क्योंकि वह कर्फ्यू से छूट पाने वाली श्रेणी में नहीं आते थे या उनमें दी गई सूचना में त्रुटि थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार लंबित आवेदनों की संख्या बुधवार को 30,000 से ज्यादा थी जो घटकर 20,055 रह गई है। कुल 1,19,369 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें से केवल 12,068 स्वीकार किए गए।

12:14 AM, 09-Apr-2021

चिल्ला बॉर्डर पर नोएडा पुलिस कर रही जांच

दिल्ली के चिल्ला बॉर्डर पर नोएडा पुलिस लोगों के परिचय पत्र की जांच कर रही है। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए नोएडा में 17 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है।  




 

11:55 PM, 08-Apr-2021

पिंपरी-चिंचवाड़ में कोरोना टीकाकरण का काम रुका

महाराष्ट्र में पिंपरी-चिंचवाड़ में 9 अप्रैल को भी कोरोना टीकाकरण का काम रुका रहेगा क्योंकि नगर निगम के पास पर्याप्त टीके नहीं हैं। निगम ने कहा कि वैक्सीन पाने की कोशिशें जारी हैं और मिलते ही दोबारा टीकाकरण का काम शुरू हो जाएगा।  


 

विज्ञापन
11:41 PM, 08-Apr-2021

दिल्ली में मीडियाकर्मियों को रात में आवाजाही में छूट

दिल्ली मेंं प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडियाकर्मियों को रात में आवाजाही में छूट दी गई। ई-पास की जरूरत नहीं, मान्य परिचय पत्र दिखाना होगा। 

11:12 PM, 08-Apr-2021

दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के 37 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली में कोरोना का कहर लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार सर गंगाराम अस्पताल के 37 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।

विज्ञापन
10:37 PM, 08-Apr-2021

45 से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण करें: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा है कि जिन राज्यों में कोरोना के सबसे अधिक मामले आ रहे हैं  वहां 45 से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण करें।

10:02 PM, 08-Apr-2021

तेलंगाना सरकार की बड़ी पहल, प्राइवेट स्कूल के शिक्षक को देगी आर्थिक सहायता

कोरोना की मार झेल रहे तेलंगाना में मान्यता प्राप्त निजी शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों और कर्मचारियों के परिवारों के लिए राहत की खबर आई है। दरअसल यहां की सरकार इन सभी को हर महीने 2,000 रुपये और 25 किलो चावल की वित्तीय सहायता देगी। यह सुविधा शिक्षण संस्थानों के खुलने तक जारी रहेगी।  

09:35 PM, 08-Apr-2021

कर्नाटक के आठ शहरों में लगा नाइट कर्फ्यू

कर्नाटक में बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए राज्य सरकार ने 10 से 20 अप्रैल तक के लिए आठ शहरों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। इन शहरों में बंगलूरू, मंगलूरू मैसूर, कलबुर्गी, बीदर, तुमकुरु, उडुप्पी और मणिपाल शामिल है। यह कर्फ्यू रात के 10 बजे से लेकर सुबह के पांच बजे तक जारी रहेगा। हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छूट जारी रहेगी। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने इसकी जानकारी दी है।

08:56 PM, 08-Apr-2021

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले में बेतहाशा वृद्धि

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले में लगातार वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 56,286 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 376 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 36,130 लोग स्वस्थ भी हो गए।

गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4021 नए मामले
गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4,021 नए मामले सामने आए हैं। 2,197 लोग डिस्चार्ज हुए और 35 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई।  

08:37 PM, 08-Apr-2021

टीकाकरण के बाद भी सावधानी जरूरी

मोदी ने कहा कि टीकाकरण के साथ ही हमें इस बात का ध्यान भी रखना है कि टीका लगवाने के बाद लापरवाही न बढ़े। उन्होंने कहा कि हमें लोगों को ये बार-बार बताना होगा कि वैक्सीन लगने के बाद भी मास्क और सावधानी जरूरी है।

08:35 PM, 08-Apr-2021

टीका उत्सव मनाने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 11 अप्रैल को ज्योतिबा फुले की जयंती है और 14 अप्रैल को बाबा साहेब की। इस बीच हम सभी 'टीका उत्सव' मनाएं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास यही होना चाहिए कि इस टीका उत्सव में हम ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करें। उन्होंने कहा, 'मैं देश के युवाओं से भी आग्रह करूंगा कि आप अपने आसपास जो भी व्यक्ति 45 साल के ऊपर के हैं, उन्हें वैक्सीन लगवाने में हर संभव मदद करें।'

08:33 PM, 08-Apr-2021

'टेस्ट, ट्रैक, ट्रीट' पर जोर देने की सलाह

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में कहा कि आज की स्थिति को देखते हुए टेस्ट, ट्रैक, ट्रीट, कोरोना उचित व्यवहार और कोविड प्रबंधन, इन पर हमें विशेष बल देना है।

08:30 PM, 08-Apr-2021

आज हमारे पास बेहतर अनुभव और संसाधन

पीएम मोदी ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद, हमारे पास पहले की अपेक्षा बेहतर अनुभव है, संसाधन हैं, और वैक्सीन भी है। जनभागीदारी के साथ-साथ हमारे परिश्रमी डॉक्टर्स और हेल्थ-केयर स्टाफ ने स्थिति को संभालने में बहुत मदद की है और आज भी कर रहे हैं।

08:27 PM, 08-Apr-2021

हालात पहली लहर से ज्यादा गंभीर

पीएम मोदी ने कहा कि आज की समीक्षा में कुछ बातें हमारे सामने स्पष्ट हैं, उन पर हमें विशेष ध्यान देने की जरूरत है। पहला- देश पहली लहर के समय की पीक को क्रॉस कर चुका है, और इस बार ये ग्रोथ रेट पहले से भी ज्यादा तेज है।

08:21 PM, 08-Apr-2021

चार राज्यों में प्रथम वेव की पीक को भी क्रॉस कर चुके: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, मध्यप्रदेश और गुजरात समेत कई राज्य फ़र्स्ट वेव की पीक को भी क्रॉस कर चुके हैं। कुछ और राज्य भी इस ओर बढ़ रहे हैं। हम सबके लिए ये चिंता का विषय है। 

07:45 PM, 08-Apr-2021

पीएम मोदी और सीएम की बैठक जारी

देश में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्रियों के बीच बैठक जारी है। इस दौरान कोरोना महामारी और टीकाकरण को लेकर चर्चा हो रही है। इस बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि देश में इस बार कोरोना संक्रमण की बढ़ोतरी पहले से भी तेज है। हम सब के लिए यह चिंता का विषय है। इस बार लोग पहले की अपेक्षा बहुत लापरवाह हो गए हैं। 

07:33 PM, 08-Apr-2021

उत्तराखंड में कोरोना के 787 नए मामले 

उत्तराखंड में कोरोना के 787 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 265 लोग स्वस्थ हो गए हैं वहीं तीन लोगों की मौत हो गई।

07:25 PM, 08-Apr-2021

यूपी में कोरोना ने तोड़े रिकॉर्ड, इन चार जिलों में सबसे अधिक मामले

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के 8,490 नए मामले सामने आए हैं, जिसने इस साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 39,338 है। संक्रमण से अब तक 9,003 लोगों की मृत्यु हुई है।  लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर से  राज्य के 50 फीसदी मामले आए हैं ।

चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 324 नए मामले 
चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 324 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में अब कुल मामले 29,521 हो गए हैं।
 

07:21 PM, 08-Apr-2021

मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8,938 नए मामले 

मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8,938 नए मामले सामने आए हैं। 4,503 लोग डिस्चार्ज हुए और 23 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। 

 

07:17 PM, 08-Apr-2021

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,558 नए मामले सामने आए

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,558 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 915 लोग स्वस्थ हुए और 6 लोगों की मौत हो गई।

 

06:54 PM, 08-Apr-2021

वैक्सीन को लेकर राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण: अश्विनी चौबे 

कई राज्यों द्वारा कोरोना वैक्सीन की कमी को लेकर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि वैक्सीन वितरण में हमने किसी भी राज्य के साथ कोई भेदभाव नहीं रखा है। हम हर घंटे जांच करते हैं कि कितनी वैक्सीन है, कितनी भेजी गई है। इस पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। 

06:39 PM, 08-Apr-2021

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन कोरोना पॉजिटिव

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ सूत्रों ने जानकारी दी है।

 

06:35 PM, 08-Apr-2021

पुणे नगर आयुक्त और आर्मी अस्पताल के बीच समझौता

पुणे नगर आयुक्त विक्रम कुमार ने बताया कि हमने आर्मी अस्पताल के साथ एक समझौता किया है जिसके तहत वे हमें 40 आईसीयू बेड उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। 

06:31 PM, 08-Apr-2021

हरिद्वार में 9 से 15 अप्रैल तक जिले के सभी स्कूल रहेंगे बंद 

हरिद्वार जिलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर 9 से 15 अप्रैल तक जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
 

06:26 PM, 08-Apr-2021

कोरोना वैक्सीन की निर्यात पर नहीं लगेगी रोक:अरिंदम बागची

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि घरेलू आपूर्ति का ध्यान रखते हुए फिलहाल भारत निर्मित कोरोना वैक्सीन की निर्यात पर नहीं लगेगी रोक।

06:12 PM, 08-Apr-2021

असम में नहीं लगेगा नाइट कर्प्यू

असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य में लॉकडाउन या नाइट कर्फ्यू लगाने की कोई संभावना नहीं है।  

06:01 PM, 08-Apr-2021

भोपाल में कोचिंग संस्थान 15 दिनों तक बंद करने का लिया गया निर्णय

भोपाल में कोरोना के बढ़ते मामले कोचिंग संस्थान 15 दिनों तक बंद करने का निर्णय लिया गया है।

05:54 PM, 08-Apr-2021

बंगलूरू से मैसूर आने वाले यात्रियों को दिखानी होगी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट

मैसूर जिला प्रशासन ने एक परामर्श जारी कर बंगलूरू से मैसूर आने वाले यात्रियों को   कोरोना निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दिया है, जो 72 घंटे से अधिक पुरानी ना हो। परामर्श में कहा गया कि नौकरी, व्यापार के सिलसिले में कई लोग बंगलूरू और मैसूर के बीच आते जाते हैं और यह एक पर्यटक स्थल भी है।

05:24 PM, 08-Apr-2021

तमिलनाडु सरकार ने बढ़ाई पाबंदियां

कोरोना के नए मामले बढ़ने के बीच तमिलनाडु सरकार ने गुरुवार को 10 अप्रैल से सिनेमाघरों में केवल 50 प्रतिशत बैठक क्षमता की अनुमति और चुनिंदा गतिविधियों पर रोक जैसी पाबंदियों को पुन: लागू करने की घोषणा की है।
 

05:16 PM, 08-Apr-2021

आंध्र प्रदेश में वैक्सीन की भारी किल्लत

आंध्र प्रदेश के चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी को सूचित करते हुए कहा है कि राज्य में कोरोना वैक्सीन की केवल 3 लाख खुराकें उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि स्टॉक केवल दो दिनों तक चलेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है। 

04:44 PM, 08-Apr-2021

भोपाल के कोलार में 9 दिनों का संपूर्ण लॉकडाउन

भोपाल के कोलार में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार ने 9 दिनों का संपूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है।

04:24 PM, 08-Apr-2021

18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को भी वैक्सीन लगे: भूपेश बघेल 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को भी वैक्सीन लगाई जाए।

04:00 PM, 08-Apr-2021

एक लाख तक बेड की संख्या बढ़ाने का फैसला : शिवराज सिंह चौहान

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने अस्पतालों में एक लाख तक बेड की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है, इनमें से कुछ कोरोना देखभाल केंद्रों में होंगे - हर जिले में सरकार प्राइवेट सेक्टर से भी बिस्तर ले रही है, प्राइवेट अस्पतालों की ताकत को भी इस्तेमाल में लाया जाएगा। राज्य में ऑक्सीजन सप्लाई का कोई संकट नहीं है।

रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी पर बोले सीएम
शिवराज  ने कहा कि मध्यप्रदेश में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी को पूरा करने के लिए हमने रेमडेसिविर इंजेक्शन खरीदने का फैसला किया है। हम इसे जहां भी जरूरत होगी, उपलब्ध कराएंगे। दवाओं की कमी न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। 

03:53 PM, 08-Apr-2021

उड़ीसा के स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर ने कहा कि  हमारे पास सिर्फ 5.34 लाख डोज

राज्य में वैक्सीन की किल्लत पर उड़ीसा के स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर ने कहा कि  हमारे पास वैक्सीन की सिर्फ 5.34 लाख डोज़ हैं। हम प्रतिदिन 2.5 लाख डोज लगाते हैं। हमने केंद्रीय मंत्री को चिट्ठी लिखकर 10 दिन के लिए 25 लाख वैक्सीन की मांग की है। अगर अगले 2 दिन में वैक्सीन नहीं आई तो हमें वैक्सीनेशन को बंद करना होगा।

03:04 PM, 08-Apr-2021

नोएडा और गाजियाबाद में लगा नाइट कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा और गाजियाबाद में 17 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। साथ ही सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। नोएडा और गाजियाबाद में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। 

02:57 PM, 08-Apr-2021

ऑनलाइन होगी मप्र हाईकोर्ट की सुनवाई 

 कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में गुरुवार से 24 अप्रैल तक मामलों की सुनवाई ऑनलाइन होगी।

02:30 PM, 08-Apr-2021

छत्तीसगढ़: केंद्र के रवैये पर छत्तीसगढ़ ने जताई निराशा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को 11 राज्यों में टीकाकरण की धीमी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाया था। इन 11 राज्यों में छत्तीसगढ़ का नाम भी शामिल था। इस छत्तीसगढ़ के स्वाथ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने प्रतिक्रिया देते हुए निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य में मृत्यु दर का बढ़ना चिंताजनक है, लेकिन यह कहना कि टीकाकरण नहीं किया जा रहा, यह झूठ है। केंद्र के आंकड़ों से पता चलता है कि छत्तीसगढ़ देश के शीर्ष 4 राज्यों में से एक है, जिसने अपनी 10 फीसदी से अधिक जनसंख्या का टीकाकरण कर दिया है।
 
 

02:10 PM, 08-Apr-2021

एफआरआई में 14 अधिकारी कोरोना संक्रमित हुए

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई)  के 15 प्रशिक्षु अधिकारी कोरोना संक्रमित हो गए है। इसके बाद एफआरआई परिसर में बाहर के लोगों के आने पर रोक लगा दी गई है।
 

12:59 PM, 08-Apr-2021

आडवाणी ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने गुरुवार को एम्स जाकर कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज ली है। आडवाणी ने पहली बार कोविड टीका 9 मार्च को लगवाया था। 
 

12:39 PM, 08-Apr-2021

बंगलुरु के एक थाने में 60 पुलिसकर्मी संक्रमित

कर्नाटक की राजधानी बंगलुरु में चंद्रा लेआउट पुलिस थाने में 60 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डीसीपी ने इसकी जानकारी दी। 

12:32 PM, 08-Apr-2021

आईआईटी रुड़की में 89 छात्र संक्रमित 

आईआईटी, रुड़की में कोरोना संक्रमित छात्रों की संख्या बढ़कर 89 पहुंच गई है। इसके बाद संस्थान प्रशासन ने घर गए छात्रों के लौटने पर पाबंदी लगा दी है। इन सभी छात्रों को कोविड केयर सेंटर में उपचार दिया जा रहा है।

12:04 PM, 08-Apr-2021

मध्यप्रदेश में शुक्रवार शाम से 60 घंटे का लॉकडाउन

मध्यप्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार के सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। लॉकडाउन 60 घंटे का रहेगा। यह फैसला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार सुबह अधिकारियों के साथ बैठक के बाद किया। शिवराज ने कहा कि मेरी मंशा कभी भी लॉकडाउन की नहीं रही है। बता दें कि एक दिन पहले ही प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया था।

11:54 AM, 08-Apr-2021

ठाणे में कोविड-19 के 6,290 नए मामले, 21 और लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 6,290 नए मामले सामने आने के बाद जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,56,267 हो गई है। एक अधिकारी ने बताया कि वायरस से 21 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 6,620 हो गई। ठाणे में संक्रमण से मृत्युदर 1.86 प्रतिश

11:22 AM, 08-Apr-2021

हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग और केंद्र को भेजा नोटिस

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने चुनाव प्रचार के दौरान मास्क पहनना सुनिश्चित करने के अनुरोध संबंधी याचिका पर सुनवाई करते हुए चुनाव आयोग और केंद्र को नोटिस भेजा है।

11:17 AM, 08-Apr-2021

शरद पवार ने एकजुट होने की अपील की

महाराष्ट्र सरकार और केंद्र के बीच 'वैक्सीन पॉलिटिक्स' जारी है। इसे लेकर राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि कोरोना महामारी के इस मुश्किल समय में केंद्र सरकार को राज्य सरकार का सहयोग करना चाहिए। इस संकट से हम सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा। राज्य और केंद्र दोनों को साथ आना होगा और महामारी से लड़ने का तरीका खोजना होगा।
 
 

11:16 AM, 08-Apr-2021

कृषि मंत्री तोमर को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज ली

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आरएमएल अस्पताल में पहुंकर आज कोविड वैक्सीन की दूसरी डोल ही। बता दें कि तोमर ने कोविड वैक्सीन की पहली डोज 6 मार्च को ली थी। 
 

 

10:53 AM, 08-Apr-2021

बिहार: कोरोना के 1,527 नए मरीज मिले

बिहार में कोविड-19 के 1527 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,71,919 हो गई है। बिहार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पटना जिला में सबसे अधिक 522 मामले आए। राज्य के अन्य सबसे अधिक प्रभावित जिलों में गया में 128, भागलपुर में 78, मुजफ्फरपुर में 74 और जहानाबाद में 68 मामले आए हैं। राज्य में अब तक कुल 2,64,402 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 5,925 है।

10:20 AM, 08-Apr-2021

महाराष्ट्र: पनवेल, सतारा में वैक्सीनेशन थमा, पुणे में 109 सेंटर हुए बंद

देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच महाराष्ट्र सरकार और केंद्र सरकार के बीच 'वैक्सीन पॉलिटिक्स' शुरू हो गई है। एक तरफ महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि राज्य में कोरोना टीके की किल्लत हो गई है, तो वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने इन आरोपों को बेबुनियाद और बकवास करार दिया है। इस बीच महाराष्ट्र के पनवेल, सतारा में वैक्सीन की कमी का हवाला देते हुए टीकाकरण रोक दिया गया है। वहीं पुणे में टीके की कमी के चलते 109 टीकाकरण केंद्रों को बंद कर दिया गया है। 

09:44 AM, 08-Apr-2021

यूपी: प्रयागराज में आज से नाइट कर्फ्यू

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार से नाइट कर्फ्यू लागू हो जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक कोई भी बगैर जरूरी काम के बाहर नहीं निकल सकेग।

09:32 AM, 08-Apr-2021

एम्स में आज से ओपीडी बंद

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए दिल्ली एम्स ने 8 अप्रैल से ओपीडी स्थाई रूप से बंद कर दी है। यानी मरीज अब सीधे चेकअप के लिए नहीं पहुंच सकेंगे।

09:31 AM, 08-Apr-2021

मुंबई में वैक्सीन का संकट गहराया

मुंबई में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच नया संकट सामने आया है। यहां वैक्सीन लगभग खत्म हो चुकी है। मेयर किशोरी पेडणेकर ने कहा कि मुंबई में वैक्सीन का स्टॉक लगभग खत्म होने की कगार पर है। हमने वैक्सीन की सभी डोज सारे सरकारी अस्पतालों को दे दी है। अब हमारे पास सिर्फ एक लाख कोवैक्सिन बची है। इस बारे में हमने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे जी को भी जानकारी दी है।

09:24 AM, 08-Apr-2021

देश में अब तक 25.26 करोड़ लोगों की जांच हुई

देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच तेजी से कोविड जांच भी की जा रही है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, देश में 7 अप्रैल तक 25,26,77,379    नमूनों की कोविड जांच की जा चुकी है, जिनमें से 12,37,781 नमूनों की गुरुवार को जांच की गई है।
 

 

09:23 AM, 08-Apr-2021

भूटान : 60 फीसदी आबादी का किया टीकाकरण

दुनिया भर में कोरोना के कहर से बचने के लिए कोविड टीकाकरण कर किया जा रहा है। इस बीच भूटान ने रिकॉर्ड समय में 60 फीसदी आबादी का टीकाकरण कर दिया है। भूटान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार शाम को बताया कि देश की 60 फीसदी आबादी को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। भूटान में 770,000 में  470,000 लोगों को कोविड टीका लगाया जा चुका है। बता दें कि भूटान ने 27 मार्च से कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू किया था।

09:04 AM, 08-Apr-2021

देश में रिकॉर्ड 1.26 लाख से ज्यादा मरीज मिले 

देश में कोरोना संक्रमण के चलते दिन ब दिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में देश में 1 लाख 26 हजार ,789 लोग संक्रमित पाए गए और 685 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान चली गई। पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद से अब तक ये पहली बार है, जब एक दिन में इतने लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। इसके पहले 6 अप्रैल को एक दिन के अंदर 1.15 लाख लोग कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। बता दें कि दुनिया भर में भारत इकलौता देश है, जहां रोजाना एक लाख से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे हैं। 
 

09:01 AM, 08-Apr-2021

पीएम मोदी ने ली कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के एम्स में कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक ली। साथ ही पीएम ने कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में टीका लेने के लिए पात्र सभी लोगों से जल्द से जल्द टीका लगवाने की अपील की।प्रधानमंत्री ने एक मार्च को टीके की पहली खुराक ली थी।
 

08:44 AM, 08-Apr-2021

न्यूजीलैंड ने भारतीय पर्यटकों के आने पर लगाई पाबंदी

भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए न्यूजीलैंड ने अपने यहां भारतीयों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने भारतीय पर्यटकों के अपने यहां आने पर 11 अप्रैल से 28 अप्रैल तक के लिए अस्थायी रूप से पाबंदी लगा दी है।
 

08:31 AM, 08-Apr-2021

Corona Live: दिल्ली में कोरोना का कोहराम, सर गंगाराम अस्पताल के 37 डॉक्टर हुए कोरोना पॉजिटिव

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अपना कहर बरपा रही है। देश में दैनिक मामलों को लेकर पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त होते जा रहे हैं। गुरुवार को रिकॉर्ड 1.26 लाख से भी ज्यादा नए मरीज मिले। महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, मध्यप्रदेश और दिल्ली में हालात चिंताजनक हैं। कोरोना पर काबू पाने के लिए कई तरह की पाबंदियां लगाई जा रही हैं। पीएम नरेंद्र मोदी आज फिर सभी मुख्यमंत्रियों से कोविड पर चर्चा करेंगें। वहीं भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए न्यूजीलैंड ने अपने यहां भारतीयों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है। कोरोना से जुड़ी सभी खबरें यहां पढ़ें...

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें