फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus Live: देश में अब तक कोरोना टीके की 24 करोड़ से अधिक खुराकें लगीं

Thu, 10 Jun 2021 12:22 AM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार अब थमती नजर आ रही है। देश में आज लगातार दूसरे दिन नए कोरोना मरीजों की संख्या एक लाख से कम रही है। देश में बीते 24 घंटे में  92,596 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 2,219 की संक्रमण से जान चली गई। अच्छी बात यह  रही कि इस दौरान 1 लाख 62 हजार 664 मरीज ठीक हुए हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लागू पाबंदियों में ढील दी जा रही है। कोरोना वायरस से जुड़ी पल पल की खबरें यहां पढ़ें...
 
विज्ञापन
कोरोना टीकाकरण - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:21 AM, 10-Jun-2021

झारखंड में दो सप्ताह में छह लाख लोगों को लगा टीका

झारखंड सरकार ने विशेष अभियान चलाकर पिछले दो सप्ताह में ही कोरोना वायरस संक्रमण से रक्षा के लिए लगभग छह लाख लोगों का टीकाकरण कर दिया और राज्य में टीके की बर्बादी भी साढ़े चार प्रतिशत से घटाकर डेढ़ प्रतिशत तक लाने में सफलता प्राप्त की है। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बुधवार को रांची में एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।

11:38 PM, 09-Jun-2021

झारखंड में 302 नए मामले दर्ज किए

झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 302 नए मामले दर्ज किए, 615 ठीक हुए और 3 मौतें हुईं। राज्य में सक्रिय मामले 4,783 हैं अब तक कुल 3,32,622 लोग ठीक हुए हैं और संक्रमण से मरने वालों की संख्या 5,076 है।

11:09 PM, 09-Jun-2021

हरियाणा: 528 नए मामले, 940 ठीक हुए

हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 528 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में राज्य में 940 कोरोना मरीज ठीक हुए और 40 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या सात लाख 64 हजार 94 हो गई है। इनमें से 7079 सक्रिय मामले हैं।

विज्ञापन
10:40 PM, 09-Jun-2021

बच्चों में कोरोना: उपचार संबंधी दिशा-निर्देश जारी

सरकार ने बच्चों में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रबंधन के लिए समग्र दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें रेमडेसिविर के इस्तेमाल का सुझाव नहीं दिया गया है और सीटी स्कैन के तार्किक इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से जारी दिशानिर्देशों में यह भी कहा गया है कि संक्रमण के लक्षणमुक्त और हल्के मामलों में स्टेरॉयड दवाओं का इस्तेमाल हानिकारक है। डीजीएचएस ने केवल अस्पताल में भर्ती गंभीर और अत्यंत गंभीर मामलों के रोगियों के उपचार में ही कड़ी निगरानी के तहत स्टेरॉयड दवाओं के इस्तेमाल का सुझाव दिया है।

10:26 PM, 09-Jun-2021

अब तक टीके की 24 करोड़ से अधिक खुराकें दी गईं

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 24 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। मंत्रालय की ओर से कहा गया कि बुधवार को 18-44 आयु वर्ग के 19 लाख 24 हजार 924 लाभार्थियों को टीके की पहली खुराक और 86,450 लोगों को दूसरी खुराक दी गई। अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18-44 आयु वर्ग के तीन करोड़ 38 लाख आठ हजार 845 लोगों को टीके की पहली खुराक और चार लाख पांच हजार 114 लोगों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। मंत्रालय ने कहा कि बिहार, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 18-44 आयु वर्ग के 10-10 लाख से अधिक लाभार्थियों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है।

 

विज्ञापन
10:13 PM, 09-Jun-2021

मध्यप्रदेश: कोरोना के 453 नए मामले, 36 मरीजों की मौत

मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 453 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या सात लाख 86 हजार 755 हो गई। पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से प्रदेश में 36 और व्यक्तियों की मौत हुई, जिसके बाद यहां इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या 8441 हो गई। राज्य में अब तक सात लाख 71 हजार 243 मरीज स्वस्थ हो गए हैं और 7071 मरीजों का इलाज चल रहा है। 

09:56 PM, 09-Jun-2021

पंजाब: 1407 नए मामले, 2521 ठीक हुए

पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 1407 नए मामले सामने आए, 66 लोगों की मौत हुई और 2521 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिल गई। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 17,344 हो गई है।

09:46 PM, 09-Jun-2021

तमिलनाडु: 17321 नए मामले, 405 की मौत

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 17,321 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 405 लोगों की मौत हो गई और 31,253 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या दो लाख चार हजार 258 हो गई है।

09:37 PM, 09-Jun-2021

जम्मू-कश्मीर: 1098 नए मामले, 3046 ठीक हुए

जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के 1098 नए मामले दर्ज किए गए। इसी दौरान यहां 3046 मरीज ठीक हुए और 17 की मौत हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या तीन लाख तीन हजार 749 हो गई है। इनमें से दो लाख 79 हजार 779 लोग ठीक हो चुके हैं और 19,852 सक्रिय मामले हैं। यहां अब तक कोरोना के चलते कुल 4118 लोगों की जान जा चुकी है।

09:27 PM, 09-Jun-2021

उत्तर प्रदेश: कोविड से 89 और मरीजों की मौत, 709 नए मामले

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों दौरान कोविड-19 से कोविड-19 से 89 मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में इस महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 21,516 हो गई है। वहीं, इस अवधि में 709 नए मामले आने से कुल संक्रमितों की संख्या 17 लाख 476 तक पहुंच गई है। इस दौरान प्रदेश में 1706 रोगी ठीक हुए जिन्हें मिलाकर अब तक 16 लाख 66 हजार एक मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। प्रदेश में इस समय 12,959 मरीजों का इलाज चल रहा है।

09:12 PM, 09-Jun-2021

कर्नाटक: 10959 नए मामले, 192 की मौत

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 10,959 नए मामले सामने आए। इसके अलावा इसी अवधि में यहां 192 मरीजों की मौत हो गई और 20,246 लोग ठीक हुए। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या दो लाख 15 हजार 525 हो गई है। 

08:50 PM, 09-Jun-2021

ब्लैक फंगस: राज्यों को केंद्र सरकार से मदद

केंद्र सरकार ने ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) के इलाज में उपयोग होने वाली एम्फोटेरिसिन-बी दवा की 1.7 लाख अतिरिक्त वॉयल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटित की हैं। केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने यह जानकारी दी। 

08:41 PM, 09-Jun-2021

बंगाल: 5384 नए मामले, 10512 मरीज ठीक हुए

पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 5384 नए मामले सामने आए। इस दौरान राज्य में 10,512 मरीज ठीक भी हुए और 95 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 14,702 हो गया है। इसके अलावा अब तक 14 लाख 11 हजार 573 लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक कुल 16,555 लोगों की जान जा चुकी है।

08:19 PM, 09-Jun-2021

चंडीगढ़: 84 नए मामले, 118 ठीक हुए

चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 84 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश में 118 लोग इस बीमारी से ठीक हुए और दो मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 60,862 हो गई है। इनमें से 649 सक्रिय मामले हैं।

08:04 PM, 09-Jun-2021

राजस्थान: 520 नए मामले, 30 लोगों की मौत

राजस्थान में कोरोना वायरस से संक्रमण के बुधवार को 520 नए मामले सामने आए। वहीं, इस घातक संक्रमण से 30 और लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण के चलते 8749 लोगों की मौत हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार इस दौरान राज्य में 2282 मरीज संक्रमण मुक्त हुए। अब राज्य में 11,832 मरीज उपचाराधीन हैं।

07:52 PM, 09-Jun-2021

2-डीजी: ली फार्मा कंपनी ने आईआईसीटी के साथ करार किया

हैदराबाद की दवा कंपनी ली फार्मा ने कोविड मरीजों के उपचार में उपयोग आने वाली दवा 2-डिऑक्सी-डी-ग्लूकोज (2-डीजी) के उत्पादन एवं विपणन के लिए सीएसआईआर की घटक प्रयोगशाला भारतीय रासायनिक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) के साथ करार किया है। बुधवार को यहां जारी एक बयान में बताया कि समेकित दवा कंपनी ली फार्मा ने टू-डीजी के विनिर्माण के लिए गैर-विशिष्ट लाईसेंसिग करार किया है। डीआरडीओ और डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज ने मिलकर हाल ही में यह दवा विकसित की है। इस दवा को कोविड-19 के मरीजों के लिए उपयोग करने की मंजूरी मिल गई है। ऐसा पाया गया कि इस दवा से मरीज शीघ्र स्वस्थ होता है और उसकी ऑक्सीजन निर्भरता भी घट जाती है । डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज ने पाउच के रूप में यह दवा पेश की है।

07:42 PM, 09-Jun-2021

महाराष्ट्र: 10989 नए मामले, 261 की मौत

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 10,989 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान राज्य में 16,379 कोरोना मरीज ठीक हुए और 261 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 58 लाख 63 हजार 880 हो गई है। इनमें से 55 लाख 97 हजार 304 लोग ठीक हो चुके हैं और एक लाख एक हजार 833 की मौत हो चुकी है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब एक लाख 61 हजार 864 हो गई है।

07:33 PM, 09-Jun-2021

आंध्र प्रदेश: 8766 नए मामले, 67 की मौत

आंध्र प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 8766 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा राज्य में 12,292 मरीज ठीक हुए और 67 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख तीन हजार 995 हो गई है।

07:12 PM, 09-Jun-2021

मुंबई: 788 नए मामले, 511 ठीक हुए

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 788 नए मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 27 मरीजों की मौत हो गई और 511 लोग ठीक हुए। शहर में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 15,947 हो गई है।

06:58 PM, 09-Jun-2021

नगालैंड: 11 जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन

नगालैंड सरकार ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए प्रतिबंधों में कुछ ढील देने के साथ ही बुधवार को लॉकडाउन की अवधि 18 जून तक बढ़ाने की घोषणा की। मंत्री नीबा क्रोनु ने बताया कि वर्तमान में लागू लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने से दो दिन पहले मुख्यमंत्री निफियू रियो की अध्यक्षता में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए राज्य की उच्च स्तरीय समिति (एचपीसी) की एक बैठक में यह निर्णय लिया गया। राज्य में तीसरी बार लॉकडाउन की अवधि बढ़ाई जा रही है। एचपीसी के प्रवक्ता क्रोनु ने कहा, सभी जिला कार्यबलों के विचार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लिए गए। प्रतिबंधों में और ढील देकर लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने पर सहमति बनी।

06:50 PM, 09-Jun-2021

दिल्ली: 337 नए मामले, 752 ठीक हुए

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 337 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 752 मरीज ठीक हुए और 36 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब कोविड पॉजिटिविटी रेट (सकारात्मकता दर) 0.46 फीसदी हो गई है। यहां कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 4511 हो गई है।

06:34 PM, 09-Jun-2021

बंगाल: ब्लैक फंगस का इलाज मुफ्त करने की मांग

दार्जिलिंग से सांसद राजू बिष्ट ने ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) के इलाज को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि राज्य में इस बीमारी का इलाज मुफ्त कर देना चाहिए।
 

05:40 PM, 09-Jun-2021

मेघालय: 448 नए मामले, 16 की मौत

मेघालय में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 448 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा इसी अवधि में यहां 694 मरीज ठीक हुए और 16 की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संखअया अब 4849 हो गई है। वहीं, अब तक कोरोना के चलते कुल 694 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में अब तक कुल 34,440 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं।

05:36 PM, 09-Jun-2021

उद्योग मंडल ने कोविड की तीसरी लहर से बचने के लिए दिए पांच सुझाव

उद्योग मंडल पीएचडीसीसीआई ने कोविड-19 की तीसरी लहर से बचने के लिए सरकार को पांच-स्तरीय रणनीति का सुझाव दिया है। इसमें 500 से अधिक सक्रिय मामले होने पर जिले में लॉकडाउन लगाने की भी सलाह दी गई है। पीएचडीसीसीआई ने सरकार से कहा है कि अगले तीन से चार महीने के दौरान कम से कम आधी आबादी को कोरोना रोकथाम का टीकाकरण हो जाना चाहिए। इसके साथ ही सख्ती के साथ चेहरे पर मास्क पहनने, शारीरित दूरी बनाए रखने और नियंत्रित क्षेत्रों में सख्ती के साथ दिशानिर्देशों का पालन होना चाहिए।

05:23 PM, 09-Jun-2021

कोरोना की तीसरी लहर को ध्यान में रखकर तैयारी करें: गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखकर तैयारी करनी है और राज्यों को ऑक्सीजन और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के मामले में आत्मनिर्भर बनना है। प्रयागराज के नैनी स्थित सरस्वती हाईटेक सिटी में प्रभाव्य इंडस्ट्रीज के आक्सीजन संयंत्र के शिलान्यास कार्यक्रम को दिल्ली से ऑनलाइन संबोधित करते हुए गडकरी ने कार्यक्रम में उपस्थित उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह से अनुरोध किया कि वे प्रदेश के हर जिले को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 50 से अधिक बिस्तरों वाले अस्पतालों में हवा से ऑक्सीजन बनाने का संयंत्र लगाना अनिवार्य करें। मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में तीसरी लहर और चौथी लहर का संकट है और इसको ध्यान में रखकर काम करना आवश्यक है। 

05:08 PM, 09-Jun-2021

'दवाओं की आपूर्ति पर लगातार हो रहा काम'

केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार को कहा कि जून में केंद्र सरकार ने राज्यों को लिपोसोमल एम्फोटेरिसिन-बी के तीन लाख 21 हजार 100 वॉयल उपलब्ध कराए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान मांग पूरी करने के लिए हम लिपोसोमल और कन्वेंशनल एम्फोटेरिसिन-बी के आयात और उत्पादन पर लगातार काम कर रहे हैं।
 
 

05:00 PM, 09-Jun-2021

चंडीगढ़: कोरोना जांच शुल्क निर्धारित

चंडीगढ़ प्रशासन ने कोविड-19 बीमारी की जांच के लिए शुल्क निर्धारित कर दिया है। इसके अनुसार निजी लैब में आरटी-पीसीआर जांच के लिए 450 रुपये और रैपिड एंटीजन जांच के लिए 350 रुपये चुकाने होंगे।

04:50 PM, 09-Jun-2021

कर्नाटक : 4-5 चरणों में शुरू हो सकती है अनलॉक प्रक्रिया

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने बुधवार को संकेत दिया कि राज्य में 14 जून के बाद चार से पांच चरणों में अनलॉक प्रक्रिया चलाई जा सकती है। अशोक ने कहा, मौतों की संख्या और नए मामलों को ध्यान में रखते हुए और कोविड संक्रमणों को और कम करने के उद्देश्य से, लॉकडाउन में एक बार में ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री बासवराज बोम्मई, स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर और उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ इस संबंध में गहन चर्चा की। लॉकडाउन में चरणबद्ध तरीके से राहत दी जाएगी और ऐसा संभव है कि ऐसा चार से पांच चरणों में किया जाए। बता दें कि मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा 11 या 12 जून को इस मुद्दे पर मंत्रियों, अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक कर फैसला ले सकते हैं। 

04:41 PM, 09-Jun-2021

महिलाओं के लिए ‘डोर-टू-डोर’ टीकाकरण हो: वसुंधरा राजे

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कोरोना बचाव टीकाकरण में महिलाओं की कम संख्या पर चिंता जताते हुए बुधवार को कहा कि राज्य सरकार को इनके लिए ‘डोर टू डोर’ (घर-घर जाकर)टीकाकरण की व्यवस्था करनी चाहिए। राजे ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान में महिलाओं की कम भागीदारी बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने कहा पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं में संक्रमण का ज्यादा खतरा होता है क्योंकि पूरे घर की जिम्मेदारी उन्हीं पर होती है। इसलिये राज्य सरकार महिलाओं के लिए ‘डोर-टू-डोर’ टीकाकरण की व्यवस्था करे।

04:31 PM, 09-Jun-2021

अरुणाचल: टीका लगवाने के बदले मिल रहे 20 किलो चावल

अरुणाचल प्रदेश के एक प्रशासनिक क्षेत्र में टीका लगवाने के बदले लगभग 20 किलो चावल देने की योजना गांववालों के बीच टीके को लेकर अफवाहों को दूर करने के मामले में प्रभावी साबित हो रही है। इस योजना की घोषणा के बाद कुछ ही दिन में 80 से अधिक गांववासी टीका लगवा चुके हैं। लोअर सुबनश्री जिले के याजाली के क्षेत्राधिकारी ताशी वांगचुक थोंगडोक ने सोमवार को यह योजना शुरू की थी। इसके तहत 45 साल से अधिक आयु के लोगों को टीका लगवाने पर मुफ्त में चावल दिए जा रहे हैं एपीसीएस के 2016 बैच के अधिकारी थोंगडोक ने कहा, 'आज दोपहर तक 80 से अधिक लोग टीका लगवा चुके हैं। हमारा लक्ष्य 20 जून तक क्षेत्र के सभी लोगों को टीका लगाना है।'

04:25 PM, 09-Jun-2021

इंदौर: कोरोना से ठीक हुए मरीजों के फेफड़ों और पेट तक पहुंचा ब्लैक फंगस

मध्यप्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में महामारी का प्रकोप घटने के बाद ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) चिकित्सा जगत के सामने नई चुनौती के रूप में उभर रहा है। रोगियों की नाक, मुंह, आंखों और मस्तिष्क के बाद फेफड़ों और पेट में भी ब्लैक फंगस संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। परमार्थिक क्षेत्र के चोइथराम अस्पताल में पेट रोग विभाग के प्रमुख डॉ. अजय जैन ने बुधवार को बताया कि पिछले एक हफ्ते के दौरान हमें ऐसे दो मरीज मिले जिनके पेट में ब्लैक फंगस संक्रमण की पुष्टि हुई है। ये मरीज महीने भर के अंतराल में कोविड-19 से ठीक हुए थे। इनमें से एक की मौत हो जबकि दूसरे की हालत ठीक है।

04:18 PM, 09-Jun-2021

गोवा: 18-44 आयु वर्ग के लिए 'टीका उत्सव 3.0' का एलान

गोवा सरकार ने बुधवार को घोषणा की कि वह 18-44 आयु वर्ग की अधिकतम आबादी को टीका लगाने के लिए राज्य में 'टीका उत्सव 3.0' का आयोजन करेगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कहा, 'टीका उत्सव 3.0 के माध्यम से, हम राज्य में 18-44 आयु वर्ग के सभी लोगों को टीका लगाने में सक्षम होंगे। हमने विगत में आयोजित किए गए टीका उत्सवों के लिए अच्छी प्रतिक्रिया देखी है।’ राज्य सरकार ने इससे पहले सभी पंचायतों और नगर परिषदों को शामिल करते हुए दो 'टीका उत्सव' आयोजित किए हैं।

04:02 PM, 09-Jun-2021

अरुणाचल में कोविड-19 के 304 नए मामले, एक महिला की मौत

अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 के 304 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 30 हजार के करीब पहुंच गए। राज्य निगरानी अधिकारी (एसएसओ) डॉ. एल जम्पा ने बताया कि संक्रमण से एक महिला की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 126 हो गई। कैपिटल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र की 27 वर्षीय महिला ने चिम्पू में कोविड समर्पित अस्पताल (डीसीएच) में सोमवार को दम तोड़ दिया।

03:42 PM, 09-Jun-2021

त्रिपुरा: कोरोना के 700 नए मामले, पांच की मौत

त्रिपुरा में बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 700 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 56,169 हो गई। वहीं, इस दौरान पांच और मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद बढ़कर 574 हो गई। राज्य में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या फिलहाल 5152 है। बीते 24 घंटे के दौरान 563 मरीज ठीक हुए हैं। अब तक कुल 50,380 लोग इस संक्रमण को मात दे चुके हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि महामारी की दूसरी लहर के दौरान संक्रमित होने वाले 50 से 60 फीसदी लोग वायरस के डबल म्यूटेंट या डेल्टा स्वरूप से संक्रमित हुए हैं।

03:26 PM, 09-Jun-2021

बंगाल: पूर्व सीएम बुद्धदेव और उनकी पत्नी को अस्पताल से छुट्टी मिली

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचर्जी और उनकी पत्नी को कोलकाता में नर्सिंग होम से छुट्टी मिल गई है। दोनों का कोविड से ठीक होने के बाद आई दिक्कतों का इलाज चल रहा था। 

03:07 PM, 09-Jun-2021

केजरीवाल ने टीकाकरण केंद्र का किया दौरा, कहा-लोग पोलिंग बूथ पर टीकाकरण से खुश

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘जहां वोट, वहां वैक्सीन’ अभियान की शुरुआत के एक दिन बाद बुधवार को एक टीकाकरण केंद्र का मुआयना किया। इस अभियान का लक्ष्य 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को अपने विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन पर जाकर टीके की खुराक लेने के लिए प्रेरित करना है।

 

01:46 PM, 09-Jun-2021

ओडिशा में कोरोना वायरस के 6,019 नए मामले

ओडिशा में बुधवार को कोविड-19 के 6,019 नए मामले सामने आए तथा 43 संक्रमितों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में अब संक्रमण के कुल 8,31,129 मामले हैं तथा अब तक 3,123 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
 

11:25 AM, 09-Jun-2021

कोरोना कर्फ्यू खत्म होेने के बाद बाजार में उमड़ी भीड़

वाराणसी के एक सब्जी बाजार में कोरोना कर्फ्यू खत्म होने के बाद लोगों की भीड़ दिखी। लोगों ने इस दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से कोरोना कर्फ्यू हटाया गया है। रात्रि कर्फ्यू (शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक) जारी है।

 

 

11:00 AM, 09-Jun-2021

भोपाल में बिना वैक्सीन लगे युवक को मिली वैक्सीन सर्टिफिकेट

भोपाल के गांधीनगर के एक निवासी का आरोप है कि उसके बेटे को बिना वैक्सीन लगे वैक्सीन सर्टिफिकेट मिल गई। उसने बताया कि 27 मई को बेटे और पत्नी का स्लॉट बुक किया था जो 28 को मिला। बेटे का इलाज चल रहा है इसलिए मैं उसे नहीं ले गया। बेटे का भी सर्टिफिकेट आ गया। वहीं मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि इसकी जांच होगी और उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अगर किसी ने कुछ गलत किया होगा तो उसे सजा मिलेगी।
 

 

10:40 AM, 09-Jun-2021

मिजोरम में कोविड-19 के 203 नए मामले, 52 बच्चे भी संक्रमित

मिजोरम में एक दिन में कोरोना के 203 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,196 हो गई। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में करीब 3,214 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई और नमूनों के संक्रमित आने की दर अब 6.31 प्रतिशत है। नए मामले में 52 बच्चे भी संक्रमित पाए गए हैं। 203 लोगों में से चार ने हाल ही में यात्रा की थी, 150 मामले संक्रमितों के सम्पर्क में आए लोगों की पहचान के क्रम में सामने आए और अन्य 49 लोग कैसे संक्रमित हुए, इसका पता लगाया जा रहा है।

10:03 AM, 09-Jun-2021

ठाणे में 394 नए मामले

महाराष्ट्र के ठाणे में कोविड-19 के 394 नए मामले सामने आने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,22,477 हो गई। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 36 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद जिले में मृतक संख्या बढ़कर 9,549 हो गई। जिले में कोविड-19 से मृत्यु दर 1.82 प्रतिशत है।

09:42 AM, 09-Jun-2021

नोएडा में बच्चों के लिए आईसीयू और पृथक-वार्ड तैयार

कोरोना वायरस की तीसरी लहर के बच्चों को ज्यादा प्रभावित करने की चेतावनी के मद्देनजर नोएडा के सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में बच्चों के लिए 20 बिस्तरों का पीडियाट्रिक आईसीयू (पीकू) और 70 बिस्तरों का पृथक-वार्ड तैयार किया गया है।
 

09:21 AM, 09-Jun-2021

मंगलवार को करीब 20 लाख सैंपल टेस्ट किए गए

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बताया कि भारत में मंगलवार को कोरोना वायरस के लिए 19,85,967 सैंपल टेस्ट किए गए, मंगलवार तक कुल 37,01,93,563 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

08:58 AM, 09-Jun-2021

बंगाल में 5,427 नए मामले, 98 और लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल में एक महीने से अधिक समय में पहली बार कोविड-19 के कारण मरने वालों की दैनिक संख्या 100 से कम रही। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में बताया गया कि राज्य में संक्रमण से 98 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 16,460 हो गई। राज्य में इस समय 19,925 लोगों का इलाज चल रहा है और 14,01,061 लोग बीमारी से उबर चुके हैं।

08:41 AM, 09-Jun-2021

महाराष्ट्र: केस घटे, लोगों की लापरवाही बढ़ी

महाराष्ट्र: अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के तीसरे दिन बुधवार को नागपुर की एक सब्जी मंडी में लोगों की भारी भीड़ दिखी। इस दौरान लोगों ने कोरोना नियमों का भी उल्लंघन किया। एक व्यक्ति ने बताया कि यहां मनमानी चल रही है। कोई मास्क नहीं लगा रहा है और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहा है।
 
 

08:23 AM, 09-Jun-2021

Coronavirus Live: देश में अब तक कोरोना टीके की 24 करोड़ से अधिक खुराकें लगीं

देश में आज लगातार दूसरे दिन नए कोरोना मरीजों की संख्या एक लाख से कम रही है। देश में बीते 24 घंटे में  92,596 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 2,219 की संक्रमण से जान चली गई। अच्छी बात यह  रही कि इस दौरान 1 लाख 62 हजार 664 मरीज ठीक हुए हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में लागू पाबंदियों में ढील दी जा रही है। कोरोना वायरस से जुड़ी पल पल की खबरें यहां पढ़ें...
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें