फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus Live: देश में अब तक लगाई गईं टीके की 26 करोड़ से अधिक खुराकें

Tue, 15 Jun 2021 11:12 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब हल्की हो गई है यानी संक्रमण दर पहले के मुकाबले काफी कम हो गई है। हालांकि कोरोना से होने वाली दैनिक मौतें अभी भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। वहीं संक्रमण दर कम होने की वजह से दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों ने कोरोना पाबंदियों में ढील देनी शुरू कर दी है लेकिन पूरी तरह से बाजार अभी भी नहीं खुला है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 60 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए, वहीं 2726 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ा है। वहीं, भारतीय हज समिति ने कोरोना वायरस महामारी की स्थिति को देखते हुए 2021 की हज यात्रा के लिए आए सभी आवेदन रद्द कर दिए हैं। देश में कोरोना की स्थिति को समझने और सभी अपडेट्स जानने के लिए यहां पढ़िए...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:11 PM, 15-Jun-2021

असम: 3415 नए मामले, 34 की मौत

असम में मंगलवार को कोरोना के 3415 नए मामले सामने आए। राज्य में 34 लोगों की मौत हो गई और 2906 लोग इस बीमारी से ठीक हो गए। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 39,837 हो गई है।

11:04 PM, 15-Jun-2021

झारखंड: 184 नए मामले 596 ठीक हुए

झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 184 नए मामले सामने आए, चार संक्रमितों की मौत हुई और 596 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिल गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामले 2646 रह गए हैं।

10:55 PM, 15-Jun-2021

देश में कोविड टीके की 26 करोड़ से अधिक खुराकें लगाई गईं

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि देश में अब तक कोविड-19 टीकों की 26 करोड़ से अधिक खुराक लगाई गई हैं। मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को 18-44 साल के आयु वर्ग के 13 लाख 13 हजार 438 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई जबकि 54,375 लोगों को दूसरी खुराक लगाई गई। देश में कोविड टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत से अब तक देशभर में 18-44 साल के आयु वर्ग के चार करोड़ 49 लाख 87 हजार चार लोगों ने टीके की पहली और आठ लाख 95 हजार 517 लोगों ने दूसरी खुराक ली है।

विज्ञापन
10:43 PM, 15-Jun-2021

मध्यप्रदेश: 224 नए मामले, 528 ठीक हुए

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 224 नए मामले दर्ज किए गए। इसी दौरान यहां 528 लोग इस बीमारी से ठीक हुए तो 27 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3610 रह गई है। वहीं अब तक सामने आए कुल मामलों का आंकड़ा सात लाख 88 हजार 649 पर पहुंच गया है।

10:36 PM, 15-Jun-2021

सिक्किम: के 209 नए मामले आए, तीन और मौत हुईं

सिक्किम में कम से कम 209 और लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिससे राज्य में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 18,659 हो गए। मंगलवार को जारी स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। बुलेटिन में कहा गया कि पिछले 24 घंटों में संक्रमण के कारण तीन और लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 284 हो गई। इस हिमालयी राज्य में अब 3239 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक 14,887 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं। राज्य में कोरोना वायरस रोगियों के ठीक होने की दर वर्तमान में 79.7 फीसदी है।

विज्ञापन
10:17 PM, 15-Jun-2021

इंदौर: कोविड से उबरे मरीज पर ग्रीन फंगस का हमला

मध्यप्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में महामारी से उबरे 34 वर्षीय मरीज में ग्रीन फंगस संक्रमण (एस्परगिलोसिस) मिला है। गंभीर हालत के चलते मरीज को हवाई एम्बुलेंस से मुंबई भेजकर वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स) के छाती रोग विभाग के प्रमुख डॉ. रवि डोसी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कोविड-19 से उबरे 34 वर्षीय पुरुष की ब्लैक फंगस संक्रमण (म्यूकरमाइकोसिस) के संदेह में जांचें कराई गई थीं। जांच में उसके साइनस, फेफड़ों और रक्त में ग्रीन फंगस संक्रमण (एस्परगिलोसिस) पाया गया। डोसी ने कहा कि ग्रीन फंगस हालांकि बहुत पुराना फंगस है, लेकिन कोविड-19 के बाद की जटिलताओं से जूझ रहे मरीज को इसके द्वारा बड़ा नुकसान पहुंचाया जाना बेशक एक नया मामला है।

10:03 PM, 15-Jun-2021

कोविड के बावजूद भारत के कृषिक्षेत्र ने अच्छा प्रदर्शन किया: तोमर

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को कहा कि भारतीय कृषि ने कोविड-19 महामारी के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया और 2020-21 के दौरान 30.5 करोड़ टन खाद्यान्नों का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन किया। इस दौरान अनाज का अब तक का सर्वाधिक निर्यात कर भारत ने वैश्विक खाद्य सुरक्षा में योगदान किया। यह कहते हुए कि कोविड -19 महामारी ने इस क्षेत्र की ओर ध्यान खींचा है, तोमर ने कहा कि भारत कृषि में अपने जबरदस्त वृद्धि के साथ अपनी सर्वोत्तम प्रथाओं को दूसरे देशों के साथ साझा करने के साथ साथ अन्य विकासशील देशों की क्षमता का निर्माण करना जारी रखेगा।

09:36 PM, 15-Jun-2021

बिहार: 410 नए मामले मिले, ठीक होने की दर 98.07 फीसदी

बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान नौ और लोगों की मौत हो जाने से इससे मरने वालों की संख्या मंगलवार को 9514 हो गई। वहीं 410 नए मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की कुल संख्या सात लाख 17 हजार 949 हो गई। इनमें से सात लाख चार हजार 75 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में में वर्तमान में कोविड- 19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4359 है और कोरोना वायरस से ठीक होने की दर 98.07 फीसदी है।

09:09 PM, 15-Jun-2021

पंजाब: 642 नए मामले, 1691 ठीक हुए

पंजाब में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 642 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 1691 लोग ठीक हुए और 38 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 10,802 हो गई है।

08:55 PM, 15-Jun-2021

महाराष्ट्र: 9350 नए मामले, 15176 ठीक हुए

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 9350 नए मामले सामने आए। इसी अवधि के दौरान राज्य में 15,176 लोग ठीक हुए तो 388 संक्रमितों की मौत हो गई। प्रदेश में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 56 लाख 69 हजार 179 हो गए हैं। इनमें से एक लाख 38 हजार 361 सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना के चलते अब तक एक लाख 14 हजार 154 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, प्रदेश की राजधानी मुंबई में 575 नए मामले मिले, 718 ठीक हुए और 14 की मौत हुई।

08:39 PM, 15-Jun-2021

जम्मू-कश्मीर में: 30 जून तक बंद रहेंगे सभी शिक्षण संस्थान

जम्मू-कश्मीर में सभी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास संस्थानों को 30 जून तक बंद रखने का फैसला किया गया है। केंद्र शासित प्रदेश की सरकार ने कहा कि यह फैसला कोरोना वायरस महामारी की स्थिति की वजह से लिया गया है।

08:22 PM, 15-Jun-2021

राजस्थान सरकार ने किया राहतों का एलान

राजस्थान सरकार ने शनिवार की शाम पांच बजे से सोमवार की सुबह पांच बजे के दौरान वीकेंड कर्फ्यू का एलान किया है। इसके साथ ही राज्य में रोज शाम पांच से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। राज्य सरकार ने कहा कि ऐसे सभी सरकारी और निजी कार्यालय जिनमें 10 से अधिक कर्मचारी हैं, 50 फीसदी कार्य क्षमता के साथ खुल सकते हैं। इसके अलावा रेस्तरां को 50 फीसदी ग्राहक क्षमता के साथ खुलने की अनुमति दी गई है।

08:15 PM, 15-Jun-2021

झारखंड: ब्लैक फंगस महामारी घोषित 

झारखंड सरकार ने ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) को महामारी घोषित कर दिया। राज्य के मुख्य मंत्री कार्यालय ने बताया कि सीएम हेमंत सोरेन ने यह घोषणा की।

08:08 PM, 15-Jun-2021

जम्मू-कश्मीर: संक्रमण के 715 नए मामले, 10 की मौत

जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 715 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में अब तक सामने आए संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर तीन लाख आठ हजार 726 तक पहुंच गई। इसी अवधि में कोविड-19 के 10 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4205 हो गई। जम्मू-कश्मीर में फिलहाल 12,407 मरीज उपचाराधीन हैं और अब तक दो लाख 92 हजार 114 मरीज ठीक हो चुके हैं।

07:49 PM, 15-Jun-2021

हरियाणा: स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ा

हरियाणा सरकार ने मंगलवार को राज्य के सभी स्कूलों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि 30 जून तक बढ़ा दी। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा कि गर्मियों की छुट्टियां बढ़ाए जाने के कारण राज्य के सभी स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे। स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा पिछले महीने जारी एक आदेश के अनुसार, राज्य सरकार ने कोरोना वायरस की स्थिति को ध्यान में रखते हुए गर्मी की छुट्टियां 15 जून तक बढ़ा दी थी। हालांकि, शिक्षकों को एक जून से स्कूल के कार्य करने की अनुमति दी गई थी।

07:38 PM, 15-Jun-2021

उत्तर प्रदेश: 340 नये मामले मिले, 57 नए मामले

उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 57 और मरीजों की मौत हो गई और 340 नए मामले सामने आए। प्रदेश में अब तक कोरोना से संक्रमित 21,914 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कुल संक्रमितों का आंकड़ा 17 लाख तीन हजार 207 हो गया है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण से स्वस्थ होने की दर बढ़कर 98.3 फीसदी हो गई है।

07:19 PM, 15-Jun-2021

तेलंगाना: 1556 नए मामले, 2070 ठीक हुए

तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में कोविड के 1556 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में राज्य में 2070 लोग ठीक हुए और 14 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या छह लाख छह हजार 436 हो गई है।

07:15 PM, 15-Jun-2021

उत्तराखंड: 274 नए मामले, 515 ठीक हुए

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 274 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में राज्य में 515 मरीज ठीक हुए तो 18 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब तीन लाख 37 हजार 449 हो गई है।

07:06 PM, 15-Jun-2021

केरल: पॉजिटिविटी के आधार पर मिलेंगी राहतें

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने मंगलवार को कहा कि लॉकडाउन में राहत स्थानीय निकायों के तहत टेस्ट पॉजिटिविटी के आधार पर दी जाएगी। जिन स्थानीय निकायों में पॉजिटिविटी आठ फीसदी से कम है वहां बिना प्रतिबंधों के सामान्य तरीके से गतिविधियां संचालित होंगी, दुकानों को खुलने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों को 25 फीसदी कार्यक्षमता के साथ खुलेंगे। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आंशिक रूप से शुरू किया जाएगा। आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को रोज खुलने की अनुमति होगी। बार 17 जून से खुल सकेंगे। वीकेंड पर राज्य में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा।

06:45 PM, 15-Jun-2021

देश में 25.69 करोड़ लोगों को मिला टीकाकरण प्रमाणपत्र

देश में अभी तक 25.69 करोड़ लोगों को टीकाकरण प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के प्रमुख डॉ. आरएस शर्मा ने दी।

06:22 PM, 15-Jun-2021

केरल: 12246 नए मामले, 13536 ठीक हुए

केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 12,246 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 13,536 लोग ठीक हुए तो 166 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामले एक लाख 12 हजार 361 हो गए हैं। यहां अभी तक इस बीमारी के चलते कुल 11,508 लोगों की जान जा चुकी है।

06:14 PM, 15-Jun-2021

जून में अब तक सिर्फ एक कैदी संक्रमित मिला: दिल्ली जेल विभाग

दिल्ली के जेल विभाग ने मंगलवार को कहा कि इस महीने अब तक सिर्फ एक कैदी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आठ जून को आखिरी बार एक कैदी संक्रमित पाया गया था जबकि 29 मई को अंतिम बार जेल कर्मी के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, आठ जून तक दिल्ली की जेलों में कोविड-19 के संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 12 थी, जिनमें जेल के दो कर्मचारी शामिल हैं।

06:09 PM, 15-Jun-2021

दिल्ली: 228 नए मरीज मिले, 12 की मौत

दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड संक्रमण के 228 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 364 लोग ठीक हुए तो 12 संक्रमितों की मौत हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 3078 हो गई है।  

05:59 PM, 15-Jun-2021

गोवा: 327 नए मामले, 548 ठीक हुए

गोवा में मंगलवार को कोरोना के 327 नए मामले सामने आए। इसके अलावा राज्य में 10 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई तो 548 लोग ठीक हुए। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब 4175 पर पहुंच गया है।

05:47 PM, 15-Jun-2021

आंध्र प्रदेश: 5741 नए मामले, 10567 ठीक हुए

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 5741 नए मामले सामने आए। इसी अवधि में यहां 53 लोगों की मौत हुई और 10,567 लोग ठीक हुए। प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 18 लाख 20 हजार 134 हो गई है। वहीं, सक्रिय मामलों की संख्या 75,134 हो गई है।

05:34 PM, 15-Jun-2021

पंजाब: सकारात्मकता दर दो फीसदी से कम

पंजाब में कोरोना सकारात्मकता दर दो फीसदी से कम हो गई है, जिसके चलते सरकार ने बुधवार से प्रतिबंधों में राहतें देने का फैसला किया है। इसके तहत रेस्तरां, ढाबा, सिनेमा और जिम आदि 50 पीसदी क्षमता के साथ खुल सकेंगे। हालांकि, इन प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को टीके की कम से कम एक खुराक लगी होनी चाहिए। इसके साथ ही राज्य में रोज रात आठ से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा और वीकेंड कर्फ्यू भी लगेगा।

05:26 PM, 15-Jun-2021

धारावी में दूसरे दिन कोई मामला नहीं

मुंबई के धारावी में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया। बीएमसी के अनुसार इलाके में कोरोना के फिलहाल 11 सक्रिय मामले हैं।

04:58 PM, 15-Jun-2021

ओडिशा: कोरोना संक्रमण के 3405 नए मामले

ओडिशा में मंगलवार को कोविड-19 के 3405 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर आठ लाख 59 हजार 526 हो गई। वहीं, संक्रमण से 44 और लोगों के दम तोड़ने से मृतक संख्या 3388 हो गई है। राज्य में 51,104 मरीजों का उपचार चल रहा है। ओडिशा में कोरोना वायरस की संक्रमण दर 6.72 फीसदी है।

04:47 PM, 15-Jun-2021

राज्यों के पास टीके की 1.05 करोड़ से अधिक खुराकें: केंद्र

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 1.05 करोड़ से अधिक खुराक अब भी मौजूद हैं। उन्हें अगले तीन दिन के भीतर 47 लाख 43 हजार 580 से अधिक खुराकें उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कुल एक करोड़ पांच लाख 61 हजार 861 खुराकें हैं।

04:38 PM, 15-Jun-2021

कर्नाटक: कोरोना प्रतिबंधों में दी जा सकती है और ढील

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने मंगलवार को संकेत दिया कि 21 जून के बाद राज्य में लॉकडाउन पाबंदियों में और ढील दी जाएंगी। येदियुरप्पा ने राज्य में अनलॉक के अगले चरण के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा कि आज और कल की स्थिति का विश्लेषण करने के बाद, हम देखेंगे कि क्या किया जाना है और स्थिति में सुधार के साथ ही प्रतिबंधों में और ढील दी जाएगी। 

04:29 PM, 15-Jun-2021

पहली और दूसरी लहर में बच्चों में संक्रमण

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कोरोना संक्रमण की पहली लहर के दौरान एक से 10 साल की आयु वर्ग के 3.28 फीसदी बच्चे इस बीमारी की चपेट में आए थे। जबति दूसरी लहर के दौरान यह आंकड़ा 3.05 फीसदी रहा है। वहीं, पहली लहर में 11-20 वर्ष के 8.03 फीसदी बच्चे संक्रमित हुए थे और दूसरी लहर में 8.5 फीसदी इस कोरोना वायरस से संक्रमित हुए।

04:17 PM, 15-Jun-2021

हज 2021 के लिए सभी आवेदन रद्द

भारतीय हज समिति ने कोरोना वायरस महामारी की स्थिति को देखते हुए 2021 की हज यात्रा के लिए आए सभी आवेदन रद्द कर दिए हैं। समिति ने इस संबंध में जारी एक सर्कुलर में कहा कि अंतरराष्ट्रीय हज रद्द कर दिया गया है। सऊदी अरब ने सीमित संख्या में देश में मौजूद लोगों को ही हज यात्रा करने की अनुमति दी है। इसलिए सबी आवेदनों को रद्द करने का फैसला किया गया है।

04:10 PM, 15-Jun-2021

संक्रमण दर में आ रही गिरावट: स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछली बार एक दिन में दर्ज किए कोरोना के सबसे ज्यादा मामलों के बाद से दैनिक मामलों में अब 85 फीसदी की कमी आ चुकी है। मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि हम यह स्थिति 75 दिन बाद देख रहे हैं। यह इस बात का संकेत है कि संक्रमण की दर में गिरावट आ रही है। 

03:57 PM, 15-Jun-2021

दिल्ली: एम्स में 18 जून से शुरू होंगी ओपीडी सेवाएं

दिल्ली एम्स में 18 जून से ओपीडी सेवाएं फिर से शुरू हो जाएंगी। संस्थान ने कहा कि ओपीडी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।

03:45 PM, 15-Jun-2021

ग्वालियर में थोक दवा व्यापारी से नकली दवाएं जब्त

मध्यप्रदेश में ग्वालियर के एक थोक दवा व्यापारी से कोविड-19 के इलाज में इस्तेमाल होने वाली फैवीमैक्स की नकली गोलियां जब्त की गई हैं। राज्य के औषधि विभाग को सूचना मिली थी कि ओडिशा के एक दवा आपूर्तिकर्ता ने ग्वालियर के एमके प्लाजा में स्थित थोक दवा कारोबारी को नकली फैविमैक्स सहित अन्य नकली दवाओं की आपूर्ति की है। जांच में पाया गया कि ओडिशा से अप्रैल में करीब 40 हजार फैविमैक्स की गोलियां भेजी गई थीं और इसमें से 35 हजार गोलियां ग्वालियर के कारोबारी ने बाजार में बेच दीं।

03:34 PM, 15-Jun-2021

बंगलूरू: बाहर से आने वालों के लिए जांच शिविर

वृहद बंगलूरू महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने बंगलूरू के केएसआर रेलवे स्टेशन पर एक कोरोना जांच शिविर लगाया है। बीबीएमपी ने कहा कि यहां बंगलूरू से बाहर से आने वाले लोगों की जांच की जा रही है। हम मैसेज के माध्यम से इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि पिछले 72 घंटों के दौरान उनकी जांच हुई है या नहीं। न होने की स्थिति में उनकी जांच यहां की जा रही है।

03:21 PM, 15-Jun-2021

असमः गर्मी की छुट्टियों के बाद भी बंद रहेंगे विद्यालय

असम सरकार ने कहा है कि कोविड-19 के मद्देनजर राज्य में ग्रीष्मावकाश के बाद भी विद्यालय बंद रहेंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव बी कल्याण चक्रवर्ती ने माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा निदेशकों, सभी विद्यालय निरीक्षकों एवं विभाग के अन्य अधिकारियों तथा सरकारी व निजी विद्यालायों के प्रमुखों को अगले आदेश तक या इन संस्थानों के खुलने तक के लिए ऑनलाइन कक्षाओं के आयोजन के लिए कदम उठाने को कहा है। सरकार ने कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के चलते निर्धारित समय से पहले ही 15 मई से 14 जून तक के लिए गर्मियों की छुट्टी कर दी थी।

03:04 PM, 15-Jun-2021

झारखंड: सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय शाम चार बजे तक खुले रहेंगे

झारखंड में सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों को शाम चार बजे तक खोलने की अनुमति मिल गई है। हालांकि इन कार्यालयों में सिर्फ 50 फीसदी लोगो को ही इजाजत दी गई है। इसके अलावा शनिवार से लेकर सोमवार सुबह छह बजे तक फल और ग्रॉसरी की दुकानें बंद रहेंगी।
 

02:47 PM, 15-Jun-2021

कुंभ मेले में फर्जी टेस्टिंग को लेकर हरिद्वार सीएमओ ने दी प्रतिक्रिया

कुंभ मेले में फर्जी टेस्टिंग के आरोपों पर हरिद्वार के सीएमओ एसके झा ने कहा कि अभी टिप्पणी करना ठीक नहीं है, इसकी जांच की जा रही है। अगर कुछ गलत हुआ है तो जांच में खुलासा होगा।
 

02:16 PM, 15-Jun-2021

केरल: तिरुवनंतपुरम में 18-44 उम्र के लोगों को लग रहा टीका

केरल के तिरुवनंतपुरम में सेंट्रल स्टेडियम में एक स्पेशल वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित किया गया है। इस केंद्र पर 18-44 उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। 
 

01:50 PM, 15-Jun-2021

कोरोना प्रतिबंधों में छूट के चलते चेरी की फसल की कटाई हुई शुरू

जम्मू-कश्मीर में कोरोना प्रतिबंधों को लेकर मिली छूट के चलते उत्पादकों ने चेरी की फसल की कटाई की शुरुआत कर दी है। एक उत्पादक का कहना है कि इस साल चेरी की पैदावार अच्छी हुई है लेकिन कोविड प्रतिबंधों की वजह से हम कटाई नहीं कर पाए। हालांकि अब इसे किया जाएगा।
 

01:28 PM, 15-Jun-2021

राहुल ने लोगों से जल्द टीका लगवाने की अपील की

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को लोगों का आह्वान किया कि वे जल्द से जल्द कोविड-19 रोधी टीका लगवाएं। उन्होंने ट्वीट किया कि अनलॉक हो रहा है लेकिन कोरोना वायरस हमारे बीच है और रहेगा। ऐसे में सुरक्षा नियमों का पालन करते रहें व जल्द से जल्द टीका लगवाएं। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, ‘‘जब तक सब सुरक्षित नहीं हो जाते, तब तक कोई भी सुरक्षित नहीं है। अपना ध्यान रखिए।’’ राहुल गांधी पिछले कुछ महीनों से मांग कर रहे है कि देश के सभी नागरिकों को मुफ्त में टीका लगवाया जाए।

01:03 PM, 15-Jun-2021

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 26.69 करोड़ खुराकें दी गईं

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 26.69 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 1.05 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध है।
 

12:20 PM, 15-Jun-2021

बिहार में कोरोना प्रतिबंधों में एक हफ्ते की मिली छूट

बिहार में कोरोना की संक्रमण दर कम होने के बाद राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बिहार सरकार ने अगले एक हफ्ते के लिए राज्य में कोरोना पाबंदियों में छूट दी है। राज्य सरकार ने 16 जून यानी कल से 22 जून तक कोरोना प्रतिबंधों में ढील दी है। इस छूट के तहत अब सरकारी और निजी कार्यालय शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे।
 

11:58 AM, 15-Jun-2021

अरुणाचल प्रदेश: कोविड-19 के 366 नए मामले

अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 के 366 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 31,648 हो गई है और पिछले दो दिनों में संक्रमण से एक महिला समेत छह लोगों की मौत होने से मृतक संख्या 151 हो गई है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने मंगलवार को इस बारे में बताया।

11:42 AM, 15-Jun-2021

यूपी: योगी ने मुफ्त दवा वितरण वाहनों को हरी झंडी दिखाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कोरोना के लक्षण वाले 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए निगरानी समिति के माध्यम से मुफ्त दवा वितरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
 

11:12 AM, 15-Jun-2021

यूपी में 7200 सक्रिय मामले- सीएम आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी संभावना जताई गई थी कि यूपी में 25 अप्रैल से 15 मई के बीच एक लाख दैनिक पॉजिटिव मामले आएंगे। ऐसी संभावना जताई गई थी कि मई महीने के अंत तक 30 लाख एक्टिव मामले होंगे लेकिन मौजूदा समय में 7200 एक्टिव केस हैं। प्रदेश के 19 जिलों में एक भी पॉजिटिव मामला नहीं आया है। 45 जिलों में सिंगल डिजिट में मामले आए हैं।
 

10:43 AM, 15-Jun-2021

राष्ट्रीय रिकवरी रेट 95.64 फीसदी हुई - स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि रिकवरी रेट बढ़कर 95.64 फीसदी हो गई है। साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से कम होकर वर्तमान में 4.39 फीसदी है। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.45 फीसदी है जो लगातार 8 दिनों तक 5 फीसदी से कम है।
 

10:30 AM, 15-Jun-2021

ओखला सब्जी मंडी में कोविड टेस्टिंग कैंप लगाया गया

ओखला सब्जी मंडी में कोविड टेस्टिंग कैंप लगाया गया। दिल्ली सरकार में नियुक्त जावेद ने बताया कि दिल्ली सरकार के सौजन्य से ये कैंप लगा है। यहां रोज 100 आरटी-पीसीआर और 200 एंटीजेन टेस्ट होता है। टेस्ट सुबह छह बजे से शुरू होता है और यहां रोज पॉजिटिव केस पाए जा रहे हैं।"
 

10:19 AM, 15-Jun-2021

दैनिक पॉजिटिविटी दर 3.45 फीसदी- स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारत में आज 75 दिनों बाद कोरोना वायरस के सबसे कम नए मामले आए। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.45 फीसदी है, जो लगातार 8 दिनों से 5 फीसदी से कम है। पॉजिटिविटि रेट बढ़कर 95.64 फीसदी हो गया है।
 

10:04 AM, 15-Jun-2021

हरियाणा के पंचकूला में दुकानदारों और स्टाफ को प्राथमिक तौर पर लगाई जा रही वैक्सीन

हरियाणा के पंचकूला में दुकानदारों और उनके स्टॉफ को प्राथमिकता के आधार पर कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई जा रही है। सिविल अस्पताल की सीएमओ ने कहा,''भीड़भाड़ वाले बाजारों में अगले 7-10 दिन में वैक्सीनेशन पूरा हो जाएगा। इसके बाद दुकानों के बाहर लिखा रहेगा कि सभी का वैक्सीनेशन हो गया है।''
 

09:54 AM, 15-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 39,27,154 लोगों की लगी वैक्सीन- स्वास्थ्य मंत्रालय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी जानकारी के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 39,27,154 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 25,90,44,072 हुआ।
 

09:40 AM, 15-Jun-2021

कोरोना: 75 दिन बाद सबसे कम दैनिक मामले हुए दर्ज

75 दिन बाद देश में कोरोना वायरस के सबसे कम दैनिक मामले दर्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना के 60,471 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,95,70,881 हुई। 2,726 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,77,031 हो गई है।
 

09:24 AM, 15-Jun-2021

बीते 24 घंटे में 17,51,358 सैंपल टेस्ट किए गए- आईसीएमआर

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने जानकारी दी कि भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 17,51,358 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 38,13,75,984 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
 

08:55 AM, 15-Jun-2021

यूपी: मुरादाबाद की सब्जी मंडी में जुटी भीड़

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने कोरोना नियमों का उल्लंघन किया।
 

08:45 AM, 15-Jun-2021

चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के लोगों का चार धाम की यात्रा करने का फैसला स्थगित

उत्तराखंड सरकार ने चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के लोगों के लिए चार धाम यात्रा खोलने के अपने आदेश को स्थगित कर दिया। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा, "चार धाम यात्रा को लेकर नैनीताल हाई कोर्ट में सुनवाई चल रही है। 16 जून के बाद राज्य सरकार यात्रा खोलने पर फिर से विचार करेगी।"
 

08:28 AM, 15-Jun-2021

दिल्ली की गाजीपुर मंडी में लोगों की जुटी भीड़

राजधानी दिल्ली की गाजीपुर मंडी में लोग कोरोना नियमों का उल्लंघन करते दिखे।
 

08:12 AM, 15-Jun-2021

पुडुचेरी में 21 जून तक बढ़ा लॉकडाउन

कोरोना की दूसरी लहर के मद्देनजर पुडुचेरी सरकार ने लॉकडाउन 21 जून मध्यरात्रि तक बढ़ाया, नए मामलों में कमी के साथ कुछ प्रतिबंधों में ढील दी गई है। रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कोरोना कर्फ्यू पहले से लागू है।
 

08:01 AM, 15-Jun-2021

मिजोरम: बीते 24 घंटे में 268 नए मामले आए सामने

मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 268 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 15,631 है जिसमें 3,682 सक्रिय मामले, 11,879 डिस्चार्ज हो चुके मामले और 70 मौतें शामिल हैं।
 

07:47 AM, 15-Jun-2021

आज से दिल्ली में स्पूतनिक-वी के टीके लगने की संभावना

आज से दिल्ली में रूसी वैक्सीन स्पूतनिक-वी के टीके लगने की संभावना है। दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में स्पूतनिक-वी के लगने की संभावना है। इसके लिए सामान्य तौर पर कोविन एप का इस्तेमाल किया जाएगा और कोविन एप के जरिए ही स्लॉट बुक किए जाएंगे। 

07:23 AM, 15-Jun-2021

Coronavirus Live: देश में अब तक लगाई गईं टीके की 26 करोड़ से अधिक खुराकें

देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब हल्की हो गई है यानी संक्रमण दर पहले के मुकाबले काफी कम हो गई है। हालांकि कोरोना से होने वाली दैनिक मौतें अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है। वहीं संक्रमण दर कम होने की वजह से दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों ने कोरोना पाबंदियों में ढील देनी शुरू कर दी है लेकिन पूरी तरह से बाजार अभी भी नहीं खुला है। उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में संक्रमण दर पांच फीसदी से कम है लेकिन इसके बाद भी कोरोना कर्फ्यू को 22 जून तक बढ़ा दिया गया है। वही 21 जून से अब देश में युवाओं को भी वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। बता दें कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में वैक्सीनेशन के अलावा मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग को ही एकमात्र तरीका बताया गया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें