वाड्रा ने किया ट्वीट, भाजपा का तंज
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने भी अपनी तस्वीर के साथ पार्टी की 'भारत जोड़ी यात्रा' के पोस्टर ट्वीट किए। इस पर भाजपा नेताओं ने उन पर चुटकी ली। भाजपा ने पूछा कि क्या वह अब भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलेंगे?
चिदंबरम ने भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई भारत जोड़ी यात्रा देश का दूसरी स्वतंत्रता संग्राम है। यह तब तक जारी रहेगा, जब तक विभाजनकारी ताकतें हार नहीं जातीं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस दूसरे स्वतंत्रता संग्राम में भाजपा की कोई भूमिका नहीं होगी, जिससे उस पार्टी का पतन हो जाएगा।
पूरा मुल्क इस यात्रा को लेकर उत्सुक: गहलोत
भारत जोड़ो यात्रा पर राजस्थान CM और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि पूरा मुल्क इस यात्रा को लेकर उत्सुक है। देश में सामाजिक ताना-बाना कैसे मजबूत हो, जाति एवं धर्म के नाम पर चल रहे ध्रुवीकरण को कैसे मिटाएं और आपस में प्यार रहे, यह संदेश लेकर राहुल जी इस यात्रा पर निकल गए हैं।
राहुल ने कही यह बात
कन्याकुमारी (तमिलनाडु) में बोलते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मुझे तमिलनाडु आकर बहुत खुशी होती है। मुझे भारत जोड़ो यात्रा यहां से शुरू करते हुए बहुत बेहद खुशी है। आज़ादी के इतने साल बाद भी सिर्फ कांग्रेस ही नहीं भारत के करोड़ों लोग भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस खूबसूरत जगह से यात्रा शुरू करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। राष्ट्रीय ध्वज इस देश में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के धर्म और भाषा का प्रतिनिधित्व करता है। भाजपा और आरएसएस सोचते हैं कि यह झंडा उनकी निजी संपत्ति है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें (भाजपा) लगता है कि ED, CBI, आयकर विभाग से वे विपक्ष को डरा सकते हैं। चाहे कितने भी घंटों तक पूछताछ की जाए, विपक्ष का एक भी नेता भाजपा से डरने वाला नहीं है। भाजपा को लगता है कि वे इस देश को धार्मिक आधार पर, भाषा के आधार पर बांट सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को भारत के लोगों की आवाज़ को सुनने के लिए डिजाइन किया गया है। हम RSS और भाजपा की तरह भारत के लोगों की आवाज़ को दबाना नहीं चाहते, हम भारत के लोगों को सुनना चाहते हैं।
गहलोत बोले- राहुल के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस मजबूत होगी
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राहुल गांधी की तरफदारी की। उन्होंने कहा कि राहुल के फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। देश के समक्ष चुनौतियों से निपटने में भी आसानी होगी। आज भी कांग्रेस में लोग यह भावना रखते हैं कि राहुल को कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहिए।
राहुल गांधी ने कही यह बात
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मैंने नफरत और विभाजन की राजनीति के कारण अपने पिता को खो दिया। मैं अब अपने देश को नहीं खो सकता। घृणा पर प्रेम की विजय होगी। हम सब मिलकर जीत हासिल करेंगे।
सोनिया गांधी ने जारी किया संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए एक संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि मैं इसमें पूरी भावना के साथ भाग लूंगी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे संगठन में फिर से एक नई ऊर्जा का संचार होगा।
भारत जोड़ो यात्रा शुरू
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आगाज हो गया है। द्रमुक अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा। दोनों नेताओं ने तिरंगे को सलामी दी।
विवेकानंद मेमोरियल पहुंचे राहुल
राहुल गांधी यात्रा के आगाज से पहले कन्याकुमारी के विवेकानंद मेमोरियल पहुंचे।
कांग्रेस के प्रस्तावित ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरु होकर 25 नवंबर को मालवा-निमाड़ इलाके से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, यह यात्रा महाराष्ट्र की सीमा से लगे बुरहानपुर जिले से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी और खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा जिलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में यात्रा 16 दिनों में 382 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
भाजपा ने कांग्रेस की 'भारत जोड़ी यात्रा' को खोखला करार दिया। पार्टी ने दावा किया कि यह पार्टी पर गांधी परिवार का नियंत्रण बनाए रखने के लिए और एक परिवार को बचाने वाला अभियान है। यह राहुल गांधी को एक नेता के रूप में स्थापित करने का एक और प्रयास है। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी अपनी पार्टी को एकजुट नहीं कर सके। उन्होंने विपक्षी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह एक परिवार बचाने वाला अभियान है। भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करते हुए परिवार और पार्टी का राजनीतिक विस्तार सिकुड़ रहा है। यह देश को एकजुट करने के बारे में नहीं है, बल्कि राहुल को फिर से एक नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। मैं जानना चाहूंगा कि राहुल कितनी बार लॉन्च और रीलॉन्च किया जाएगा?
भारत जोड़ो पदयात्रा 11 सितंबर को केरल पहुंचेगी और अगले 18 दिनों तक राज्य से होते हुए 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी और उसके बाद उत्तर की तरफ अन्य राज्यों में जाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जी-23 समूह के प्रमुख सदस्य आनंद शर्मा ने बुधवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भारत के समावेशी लोकतंत्र को बनाए रखने और एकता को मजबूत करने का प्रयास है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह 3,500 किलोमीटर से अधिक लंबी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं, जब यह उनके गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के पास पहुंचेगी। हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होंगे।
उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘अपनी एकजुटता व्यक्त करता हूं और राहुल गांधी और सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देता हूं। भारत जोड़ो यात्रा, भारत के समावेशी लोकतंत्र को बनाए रखने, अन्याय, असमानता और असहिष्णुता के खिलाफ लोगों को एकजुट करने का एक मिशन है। साथ ही यह राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रतिबद्धता है।’’
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने पार्टी की 'भारत जोड़ो' यात्रा को लेकर बुधवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी द्वारा 1990 में की गई रथ यात्रा सत्ता के लिए थी, लेकिन उनकी पार्टी की यह (भारत जोड़ो) यात्रा सत्य के लिए है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी के साथ जो 118 'भारत यात्री' कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करेंगे उनमें कन्हैया कुमार भी शामिल हैं।
कांग्रेस ने अपनी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से पहले बुधवार को कहा कि यह भारतीय राजनीति में एक 'टर्निंग प्वाइंट’ (निर्णायक मोड़) है और आखिरकार घृणा पर प्रेम की विजय होगी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यात्रा शुरू करने से पहले श्रीपेरंबुदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर सुबह श्रद्धांजलि अर्पित की और एक प्रार्थना सभा में शामिल हुए । तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में तीन दशक पहले एक चुनावी रैली के दौरान आत्मघाती हमला करके राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। राहुल ने ट्वीट में कहा, ‘‘मैंने नफरत और विभाजन की राजनीति के कारण अपने पिता को खो दिया। मैं अब अपने देश को नहीं खो सकता। घृणा पर प्रेम की विजय होगी। हम सब मिलकर जीत हासिल करेंगे।’’
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने नेताओं में असंतोष और उनके पार्टी छोड़कर जाने के कारण चल रहे मंथन के बीच मंगलवार को कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक पार्टी की महत्वाकांक्षी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिए ‘कांग्रेस जोड़ो’ का उद्देश्य भी हासिल किया जा सकता है और इससे पार्टी के पुनरुत्थान में मदद मिल सकती है। कहा जा रहा है कि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं। थरूर ने यह उम्मीद जताई कि कई नेता आगामी चुनाव लड़ेंगे और उन्होंने जोर दिया कि उन्होंने अपनी उम्मीदवारी की बात न तो स्वीकार की है और न ही नकारी है।
राहुल गांधी शाम को कन्याकुमारी के समुद्री तट के निकट एक जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके साथ इस यात्रा की औपचारिक शुरुआत होगी, हालांकि राहुल गांधी और 118 अन्य ‘भारत यात्री’ आठ सितंबर की सुबह विधिवत पदयात्रा आरंभ करेंगे। राहुल जनसभा से पहले कन्याकुमारी के ‘गांधी मंडपम’ में एक प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। फिर वह एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन उन्हें राष्ट्र ध्वज सौंपेंगे। यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर स्टैच्यू और कामराज मेमोरियल भी जाएंगे।
भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और यात्रा संगठन समिति के प्रभारी दिग्विजय सिंह के साथ तैयारियों का जायजा लिया। रमेश ने ‘कहा, ‘‘ देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। जो राज्य इस यात्रा मार्ग में नहीं आते वहां कांग्रेस 50 या 100 किलोमीटर की छोटी यात्राओं का आयोजन करेगी। इस यात्रा का मकसद भारत को एकजुट करना है, जो आर्थिक असमानताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण से टूट रहा है।’’ केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए रमेश ने कहा कि यह भाषणों व घोषणाओं से भरी यात्रा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गांधी, 118 कांग्रेसियों के साथ नागरिक संगठनों और मछुआरा संघों सहित विभिन्न समूहों के साथ बातचीत करेंगे। रमेश ने कहा, ‘‘ पार्टी भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने पर पूरा ध्यान दे रही है और इसके लिए पूरी तरह तैयार है, क्योंकि यह लोगों को जोड़ने का सबसे बड़ा कार्यक्रम है....।’’
तटीय शहर कन्याकुमारी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ की भव्य तैयारियां की हैं। शहर भर में कई स्थानों में पोस्टर लगे हैं जिनमें तमिल भाषा में ‘‘राहुल गांधी आपका स्वागत है’’ और ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ लिखा है। ‘महात्मा गांधी मंडपम’ तक झंडे व रंग-बिरंगे कागजों से सजावट की गई है, जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी को खादी से बना ध्वज देंगे। गांधी इस ध्वज को सेवा दल के कार्यकर्ताओं को सौंपेंगें, जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर लंबी यात्रा का प्रबंधन कर रहे हैं।
कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा को भारतीय राजनीति का 'टर्निंग प्वाइंट' करार दिया कन्याकुमारी, सात सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा आरंभ होने से पहले बुधवार को कहा कि यह यात्रा भारतीय राजनीति में एक 'टर्निंग प्वाइंट’ (निर्णायक मोड़) है और एक नई शुरुआत का प्रतीक है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, "सात सितंबर 2022 एक ऐसा दिन जब देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू करेगी। आज का दिन एक शांत चिंतन और नए सिरे से संकल्प का दिन है।' उन्होंने कहा, "भारतीय राजनीति में यह एक टर्निंग प्वाइंट है। एक नई शुरुआत का प्रतीक है।"
भारत जोड़ो यात्रा पर भाजपा के तंज के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान आरएसएस की भूमिका की याद दिला दी। कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने कहा कि भाजपा सही कह रही है 'भारत छोड़ो आंदोलन' महात्मा गांधी के नेतृत्व में था जिसमें संघियों(RSS)ने कभी भाग नहीं लिया। फिलहाल हमारे राहुल गांधी बुधवार से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं।
तमिलनाडु भाजपा प्रमुख अन्नामलाई ने तंज कसते हुए कहा है कि राहुल गांधी 'भारत जोड़ो' नहीं 'भारत छोडो' यात्रा के लिए प्रसिद्ध हैं। राहुल गांधी जब इस यात्रा के माध्यम से देश में घूमेंगे तो पता चलेगा कि आठ साल में पीएम मोदी ने देश को कैसे बदल दिया और उनकी आंखें खुल जाएंगी।
राहुल गांधी करेंगे यात्रा की शुरुआत
राहुल गांधी कन्याकुमारी में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे। यहां राहुल को खादी का राष्ट्रीय ध्वज सौंपा जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि वह आर्थिक विषमताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक केंद्रीकरण की समस्याओं और विचारधाराओं की लड़ाई के रूप में यह रैली कर रही है।
पांच महीनों में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करेगी यात्रा
हालांकि कन्याकुमारी से श्रीनगर तक की 3,570 किलोमीटर की यात्रा, जो लगभग पांच महीनों में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करेगी, औपचारिक रूप से इस रैली में शुरू की जाएगी। यह दरअसल 8 सितंबर को सुबह 7 बजे शुरू होगी जब राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेता मार्च शुरू करेंगे।