तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलिकॉप्टर हादसे के एक दिन बाद एयरफोर्स चीफ वीआर चौधरी घटनास्थल पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे इलाके का मुआयना किया और अधिकारियों से घटनाक्रम पर बात की।
हेलीकॉप्टर दुर्घटना के शिकार हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य सैन्य अधिकारियों के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार 10 दिसंबर को किया जा सकता है. गुरुवार शाम विशेष उड़ान से सभी के पार्थिव शरीर को दिल्ली लाया जाना है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के कल निधन के बाद सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल चंडी प्रसाद मोहंती ने कतर की अपनी दो दिवसीय यात्रा को कम कर दिया है और वो दिल्ली लौट रहे हैं।
हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद सीडीएस बिपिन रावत के साथ ताजनगरी के जांबाज विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान भी शहीद हुए हैं। पृथ्वी सिंह उसी हेलीकॉप्टर के पायलट थे, जिसमें सीडीएस रावत, उनकी पत्नी व अन्य लोग सवार थे। यह जानकारी पृथ्वी के पिता सुरेंद्र सिंह ने दी है। वायु सेना की ओर से इस संबंध में कोई अधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ न्यायाधीश से कराने की मांग की। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इस घटना को चौंकाने वाला और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ी चेतावनी बताया। स्वामी ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट नहीं आई है, इसलिए मेरे लिए कुछ भी कहना बहुत मुश्किल है, लेकिन तमिलनाडु जैसे सुरक्षित क्षेत्र में एक सैन्य विमान का इस तरह से दुर्घटनागस्त हो जाना कई सवाल खड़े करता है।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार शुक्रवार (10 दिसंबर) को दिल्ली छावनी में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर के कल शाम तक एक सैन्य विमान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। शवों को शुक्रवार को उनके घर लाया जाएगा और लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अंतिम सम्मान देने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद एक अंतिम संस्कार जुलूस निकाला जाएगा, जो कामराज मार्ग से दिल्ली छावनी में बरार स्क्वायर श्मशान तक जाएगा।
भारतीय वायु सेना का एमआई-17V5 हेलीकॉप्टर बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर में क्रैश हो गया। इस हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 13 लोगों का निधन हो गया। हालांकि, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का इलाज जारी है। वह गंभीर रूप से घायल हैं।
पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी मीटिंग में सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा और सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। सूत्रों के हवाले यह जानकारी दी गई।
पीएम मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट कमेटी की बैठक शुरू हो गई है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई ने सीडीएस समेत जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी है।
सीडीएस रावत की हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई है। हादसे में उनकी पत्नी समेत 13 अन्य लोगों की भी मौत हो गई है।
महाराष्ट्र में नए दरबार हॉल का उद्घाटन समारोह, जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे, अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण रद्द कर दिया गया है। राज्यपाल भरत सिंह कोश्यारी ने बताया कि तमिलनाडु में हुए हेलीकॉप्टर हादसे के मद्देनजर यह फैसला किया गया है।
विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान Mi-17V5 के पायलट थे, जो सीडीएस जनरल बिपिन रावत सहित 14 लोगों के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वह 109 हेलीकॉप्टर यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर हैं।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना संबंधित मंत्रालय उचित समय पर साझा करेगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत से संबंधित हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि दुर्घटना के बारे में पूरी जानकारी संबंधित मंत्रालय द्वारा उचित समय पर साझा की जाएगी।
बताया जा रहा है कि शाम साढ़े छह बजे सुरक्षा पर कैबिनेट कमेटी की बैठक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी अध्यक्षता करेंगे।
तमिलनाडु में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शामिल 14 में से 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। डीएनए जांच से होगी शवों की पहचान की जाएगी। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। वहीं, नीलगिरिस के कलेक्टर का कहना है कि हादसे में बचने वाला सख्श एक पुरूष है।
सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को तमिलनाडु में एक सैन्य हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना के बारे में जानकारी दी, जिसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत भी थे।
वहीं, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन का कहना है कि वह सीडीएस बिपिन रावत को लेकर सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना स्थल पर जा रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने स्थानीय प्रशासन को बचाव कार्यों में हर संभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जैसे ही पता चला कि सेना का एक हेलीकॉप्टर, जिसमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत सवार थे, तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। उन्होंने प्रशासनिक समीक्षा बैठक बीच में ही समाप्त कर दी। उन्होंने कहा कि हमें दुखद समाचार मिला है। मैं स्तब्ध हूं। मेरे पास अपना दुख व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं इस बैठक को समाप्त कर रही हूं।
चाय बागान से घिरे इसी जगह पर हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर सरकार कल संसद में बयान जारी करेगी। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जनरल बिपिन रावत के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह कल संसद में बयान देंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सीडीएस बिपिन रावत के घर पहुंचे हैं। उन्होंने यहां सीडीएस की बेटी से मुलाकात की है। यहां से राजनाथ सिंह संसद भवन के लिए रवाना हो गए हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि यह सुनकर दुख हुआ कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत को ले जा रहा भारतीय वायुसेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मैं घटना के बारे में और जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा हूं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
तमिलनाडु के वन मंत्री के रामचंद्रन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मैं सीएम के निर्देश पर यहां पहुंचा हूं। विमान में सवार 14 लोगों में से पांच लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य की स्थिति गंभीर है। बचाव अभियान जारी है।
इस बीच वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी सुलूर के लिए रवाना हो गए हैं। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संसद भवन पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर में वे हेलीकॉप्टर हादसे की जानकारी संसद के दोनों सदनों में देंगे।
हादसे के बाद रक्षा मंत्री जरूरत पड़ने पर कुन्नूर भी जा सकते हैं। उन्होंने पीएम मोदी को हादसे की जानकारी दे दी है।
सीडीएस बिपिन रावत को ले जा रहे वायु सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की पूरी जानकारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संसद में देंगे। वे लोकसभा व राज्यसभा में हादसे की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
दुर्घटनास्थल से मिले शवों को तमिलनाडु के वेलिंगटन स्थित सेना के अस्पताल ले जाया गया है।
वायु सेना ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा है कि सेना का एमआई-17V5 हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है। इस हेलीकॉप्टर में सीडीएस बिपिन रावत भी मौजूद थे। वायु सेना ने हादसे का कारण जानने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।
सेना का MI-17V5 विमान हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। अभी तक 14 में से सिर्फ चार लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
तमिलनाडु के नीलगिरी में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस हेलीकॉप्टर में सीडीएस बिपिन रावत के साथ उनकी पत्नी व अन्य अधिकारियों समेत 13 की मौत हो गई। चॉपर में कुल 14 लोग सवार थे, जिसमें ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ही एकमात्र जीवित बचे हैं। हालांकि, उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। इस बीच वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी तमिलनाडु के कुन्नूर में घटनास्थल का मुआयना करने पहुंच गए। उन्होंने अधिकारियों से हादसे को लेकर जानकारी भी हासिल की।