फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budget Session 2022 Live: अनजाने में हुई मिसाइल फायरिंग पर कल संसद में बयान देंगे राजनाथ सिंह

Mon, 14 Mar 2022 10:27 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद आज से संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर का बजट पेश कर दिया है।
 
विज्ञापन
आजमगढ़ में राजनाथ सिंह - फोटो : सोशल मीडिया।
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:45 PM, 14-Mar-2022

मंत्रियों के जवाब के दौरान सांसदों के गैरहाजिर रहने पर स्पीकर नाराज

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को बहस के दौरान संबंधित मंत्री के जवाब की प्रतीक्षा किए बिना टिप्पणी करने के बाद सदस्यों के सदन छोड़ने को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वह उनकी पार्टियों के नेताओं से कहेंगे कि सदन में चर्चा के दौरान ऐसे सांसदों को सवाल पूछने के लिए नहीं कहा जाए। 
बिरला ने यह टिप्पणी तब की जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जिक्र किया कि वह कांग्रेस के एक सदस्य द्वारा उठाए गए बिंदु का जवाब दे रही हैं जो सदन में मौजूद नहीं हैं। वह केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 2022-23 के बजट और 2021-22 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगों पर बहस का जवाब दे रही थीं। 

09:16 PM, 14-Mar-2022

देश में पायलटों की कमी नहीं

नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री वीके सिंह ने राज्यसभा में एक सवाल का लिखित उत्तर देते हुए कहा कि लगभग 9000 पायलटों में से केवल 87 विदेशी पायलट ही विभिन्न भारतीय विमानन कंपनियों के साथ काम कर रहे हैं। देश में पायलटों की कोई कमी नहीं है। कुछ खास तरह के विमानों पर कमांडरों की कमी है।
 

09:11 PM, 14-Mar-2022

हरदीप पुरी का राहुल पर निशाना

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने तेल के दामों को लेकर दिए गए बयानों के लिए सोमवार को बिना नाम लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की आलोचना की। राज्यसभा में पूरक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा, एक नेता के बयानों के कारण तेल की जमाखोरी 20 फीसदी बढ़ गई। दरअसल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में वृद्धि के कारण राहुल गांधी ने यूपी के आखिरी चरण के मतदान से पहले 5 मार्च को कहा था, जल्दी अपने पेट्रोल टैंक फुल करा लें। मोदी सरकार का चुनावी ऑफर खत्म होने होने वाला है। पुरी ने कहा, यह शर्मनाक है कि इस बयान के कारण तेज की जमाखोरी 20 फीसदी बढ़ गई। दरअसल कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी के कारण आकलन किया जा रहा था कि सरकार चुनाव के बाद पेट्रोल के दाम कम से कम 12 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा सकती है। हालांकि सरकारी तेल कंपनियों ने अब तक दाम नहीं बढ़ाए हैं।

विज्ञापन
09:01 PM, 14-Mar-2022

राजनाथ देंगे बयान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल 15 मार्च को संसद में 9 मार्च 2022 को अनजाने में हुई मिसाइल फायरिंग पर बयान देंगे। यह मिसाइल पाकिस्तान के पंजाब में मियां चन्नू इलाके में गिरी थी। 
 

08:58 PM, 14-Mar-2022

उर्वरक सब्सिडी के लिए 15,000 करोड़ की सब्सिडी की मंजूरी मांगी

सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए पूरक मांगों के तीसरे बैच में उर्वरक सब्सिडी के लिए लगभग 15,000 करोड़ रुपये सहित 1.07 लाख करोड़ रुपये से अधिक के शुद्ध अतिरिक्त खर्च के लिए सोमवार को संसद से मंजूरी मांगी। लोकसभा में पेश अनुदान की अनुपूरक मांगों के तीसरे बैच के अनुसार 1.58 लाख करोड़ रुपये से अधिक के सकल अतिरिक्त व्यय की स्वीकृति मांगी जा रही है।  

दस्तावेज़ के अनुसार, उर्वरक सब्सिडी के भुगतान के लिए सरकार ने नेशनल बैंक फॉर फाइनेंसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट और सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों के पुनर्पूंजीकरण के लिए 14,902 करोड़ रुपये के अतिरिक्त फंड और 4,950 करोड़ रुपये की पूंजी की मांग की है।

 

विज्ञापन
08:46 PM, 14-Mar-2022

एटीसीओ की 708 रिक्तियों पर गंभीर चिंता

एक संसदीय समिति ने सोमवार को हवाई यातायात नियंत्रकों (एटीसीओ) के 708 खाली पदों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। एटीसीओ के 3,871 स्वीकृत पदों में से उपलब्ध संख्या 3,163 है जिसका अर्थ है कि 708 पद खाली हैं। परिवहन, पर्यटन और संस्कृति पर संसदीय समिति की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है जिसे सोमवार को राज्यसभा में पेश किया गया था।  
 

07:20 PM, 14-Mar-2022

मनीष तिवारी ने पूछा, जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा कब बहाल होगा

जम्मू और कश्मीर में कानून-व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सोमवार को कहा कि सरकार उन उद्देश्यों को नहीं हासिल कर सकी जो उसे वहां धारा 370 को निरस्त करते हुए निर्धारित किए थे। तिवारी ने पूछा कि इसका पूर्ण राज्य का दर्जा कब बहाल किया जाएगा। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के लिए 2021-22 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगों पर लोकसभा में चर्चा की शुरुआत करते हुए तिवारी ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर के लिए अपने बजट भाषण में महान भावनाओं का जिक्र किया, लेकिन जमीनी वास्तविकताएं अलग हैं। 
 

07:14 PM, 14-Mar-2022

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की कांग्रेस को चुनौती

भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस को चुनौती दी कि वह लोकसभा में यह घोषणा करे कि वह सत्ता में आने पर जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बहाल करेगी। निचले सदन में जम्मू-कश्मीर के लिए बजट पर बहस में हस्तक्षेप करते हुए पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार कांग्रेस शासन की विरासत से निपटने के लिए बजट का 63 प्रतिशत केंद्र शासित प्रदेश को आवंटित कर रही है। 

उन्होंने कहा कहा कि कांग्रेस पार्टी में यह कहने की हिम्मत है कि वह सत्ता में आने के बाद अनुच्छेद 370 को बहाल करेगी। आप ऐसा नहीं कहते। मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा निरस्त किए गए अनुच्छेद 370 ने बाल विवाह निषेध, भ्रष्टाचार की रोकथाम, दहेज विरोधी कानून, सूचना का अधिकार और एससी/एसटी आरक्षण जैसे कल्याणकारी उपायों के कार्यान्वयन को रोक दिया था।

07:09 PM, 14-Mar-2022

पांच वर्षों में आतंकवाद विरोधी अभियानों में सेना के 156 जवान शहीद

रक्षा मंत्रालय द्वारा सोमवार को राज्यसभा में उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में आतंकवादी हमलों के साथ-साथ आतंकवाद विरोधी अभियानों में 156 सेना के जवान और तीन भारतीय वायुसेना के तीन जवान शहीद हुए। एक सवाल के जवाब में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि 2017 में आतंकवादी हमलों व आतंकवाद विरोधी अभियानों में सेना की घातक हताहतों की संख्या 40 थी जो 2018 में बढ़कर 47 हो गई। 2019 में यह संख्या 27 थी, 2020 में 23 और यह 2021 में 19 थी। भट्ट ने कहा कि 2017 में भारतीय वायु सेना के तीन कर्मी शहीद हुए, जबकि 2022 में किसी की जान नहीं गई। पिछले पांच वर्षों में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान 323 सैन्यकर्मी घायल हुए। इस अवधि के दौरान कोई भी नौसैनिक हताहत नहीं हुआ। 

06:26 PM, 14-Mar-2022

भारतीय वायुसेना में सबसे अधिक 29 हादसे

रक्षा मंत्रालय द्वारा सोमवार को राज्यसभा में उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में तीनों रक्षा सेवाओं में से हेलीकॉप्टर सहित विमान से जुड़े हादसों में 42 रक्षाकर्मियों की मौत हो गई। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट द्वारा राज्यसभा में साझा किए गए विवरण के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में कुल हवाई दुर्घटनाओं की संख्या 45 थी, जिसमें भारतीय वायुसेना में सबसे अधिक 29 हादसे हुए। इस तरह की दुर्घटनाओं में मारे गए रक्षा कर्मियों का विवरण देते हुए भट ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने 34 लोगों को खो दिया, जबकि भारतीय सेना में सात और भारतीय नौसेना में एक सैन्यकर्मी की मृत्यु हुई।  

06:21 PM, 14-Mar-2022

सेंट्रल विस्टा एवेन्यू के पुनर्विकास पर 418.70 करोड़ रुपये खर्च

सरकार ने अब तक विजय चौक से इंडिया गेट तक फैले राजपथ के साथ सेंट्रल विस्टा एवेन्यू के पुनर्विकास पर 418.70 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और परियोजना के पहले चरण को इस साल मई तक पूरा करने का लक्ष्य है। सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी। 2 दिसंबर 2021 को केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने लोकसभा को एक लिखित उत्तर में सूचित किया था कि पुनर्विकास कार्य दिसंबर 2021 तक पूरा होने की उम्मीद थी और अनुमानित लागत 608 करोड़ रुपये थी। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड पुनर्विकसित राजपथ पर आयोजित की गई थी क्योंकि इसके लिए आवश्यक खंड को पहले सेंट्रल विस्टा एवेन्यू पुनर्विकास परियोजना के तहत पूरा किया गया था। सोमवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि राजपथ के साथ पूरे सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का विजय चौक से इंडिया गेट तक पुनर्विकास किया जा रहा है।
 

05:37 PM, 14-Mar-2022

होली के कारण राज्यसभा में दो दिन अवकाश

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को घोषणा की कि छोटी होली यानि होलिका दहन के कारण 17 मार्च को राज्यसभा की नियमित बैठक स्थगित रहेगी। उच्च सदन में होली के अवसर पर 17 मार्च और 18 मार्च को दो आधिकारिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा सप्ताहांत के कारण 19 मार्च और 20 मार्च को सदन का कामकाज नहीं होगा। शून्यकाल के बीच में नायडू ने कहा कि 17 मार्च को छोटी होली के कारण राज्यसभा की बैठक स्थगित रहेगी। 
 

04:26 PM, 14-Mar-2022

नौ राज्यों ने पेट्रोल और डीजल पर वैट कम नहीं किया

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि महाराष्ट्र और केरल समेत नौ राज्यों ने पेट्रोल और डीजल पर वैट कम नहीं किया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री ने सदन को यह भी बताया कि कई देशों में ईंधन की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है, लेकिन महामारी के दौरान भारत में स्थिर बनी रही या केवल 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने सदन को बताया कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को इस बात पर खुशी होनी चाहिए कि उपभोक्ता द्वारा भुगतान की गई पेट्रोल की कीमतें 1 अप्रैल, 2020 से 31 मार्च, 2021 की अवधि के दौरान स्थिर रही हैं। 

04:22 PM, 14-Mar-2022

17 मार्च को लोकसभा स्थगित रहेगी

होलिका दहन के अवसर पर 17 मार्च को लोकसभा स्थगित रहेगी। 
 

03:53 PM, 14-Mar-2022

भगवंत मान ने लोकसभा से इस्तीफा दिया

पंजाब के भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्पीकर ओम बिरला को अपना इस्तीफा सौंपा। पंजाब विधानसभा चुनाव में आप को प्रचंड बहुमत मिला है और जल्द ही भगवंत सीएम के तौर पर शपथ लेने वाले हैं। इसके मद्देनजर उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया है। 
 
 

02:50 PM, 14-Mar-2022

लेफ्ट और टीएमसी ने ईपीएफओ का मुद्दा उठाने की कोशिश की

लेफ्ट और टीएमसी ने राज्यसभा में ईपीएफओ की ब्याज दरों में कटौती का मुद्दा उठाने की कोशिश की। हालांकि राज्यसभा अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने इसकी अनुमति नहीं दी।

02:42 PM, 14-Mar-2022

जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए और अधिक फंड के डिमांड को मंजूरी

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए और अधिक फंड के डिमांड को मंजूरी दे दी है। इससे पहले एक फरवरी को आम बजट में केंद्रीय वित्त मंत्री ने जम्मू-कश्मीर के लिए 35,581.44 करोड़ रुपये की घोषणा की थी।

02:33 PM, 14-Mar-2022

17 मार्च को राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

होलिका दहन के कारण 17 मार्च को होने वाली राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित रहेगी।

01:36 PM, 14-Mar-2022

राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

12:19 PM, 14-Mar-2022

सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अतिरिक्त व्यय के लिए संसद की मंजूरी मांगी

सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 1.07 लाख करोड़ रुपये अतिरिक्त व्यय के लिए संसद की मंजूरी मांगी।

12:04 PM, 14-Mar-2022

संसद में कश्मीर फाइल्स फिल्म के मामले पर जमकर हंगामा 

संसद में कश्मीर फाइल्स फिल्म के मामले पर जमकर हंगामा हुआ। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कश्मीर के हिंदुओं कोअपनी किस्मत पर छोड़ दिया। वित्तमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के प्रधानमंत्री ने एयरफोर्स के अधिकारी की हत्या के आरोपी अलगाववादी नेता को अपने पास बुलाकर हाथ मिलाया। सीतारमण के इस बयान के बाद हंगामा शुरु हो गया। 

12:03 PM, 14-Mar-2022

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर के लिए बजट पेश किया

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में जम्मू-कश्मीर के लिए बजट पेश किया। उन्होंने लोकसभा में अनुदान के लिए पूरक मांग, अनुदान की मांग और जम्मू और कश्मीर के लिए अतिरिक्त अनुदान की मांग भी प्रस्तुत कीं।

11:58 AM, 14-Mar-2022

लोकसभा में पीएम मोदी का जोरदार स्वागत

चार राज्यों में विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के बाद मोदी, मोदी के नारों के साथ लोकसभा में भाजपा सांसदों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया गया। 

 

11:03 AM, 14-Mar-2022

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू

आज यानी सोमवार से संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। प्रश्नकाल के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर का बजट पेश करेंगी।

10:58 AM, 14-Mar-2022

अमित शाह संसद पहुंचे

संसद की कार्यवाही में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद पहुंच चुके हैं।

10:48 AM, 14-Mar-2022

यूक्रेन मामले पर संसद में मंगलवार को बयान देंगे विदेश मंत्री 

विदेश मंत्री एस जयशंकर यूक्रेन की मौजूदा स्थिति के साथ-साथ वहां फंसे भारतीय नागरिकों की जानकारी मंगलवार को संसद में देंगे।

10:44 AM, 14-Mar-2022

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला संसद पहुंचे

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला संसद पहुंचे। कुछ ही देर में दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो जाएगी। इससे पहले उन्होंने व्यापार सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता भी की थी।

 
 

10:42 AM, 14-Mar-2022

भाजपा के कई वरिष्ठ नेता संसद पहुंचे

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्तार अब्बास नकवी, जितेंद्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल और पार्टी के अन्य सांसद संसद पहुंचे। इस दौरान सभी ने विक्ट्री के साइन दिखाए।

10:39 AM, 14-Mar-2022

कांग्रेस पार्टी यूक्रेन में फंसे छात्रों के मुद्दों को उठाएगी: खड़गे

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारी रणनीति है कि हम इस चर्चा में भाग लेंगे और जनता से संबंधित सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएंगे। विशेष रूप से छात्र जो यूक्रेन में फंसे थे, उनकी समस्याओं को कैसे दूर किया जाना चाहिए। महंगाई, बेरोजगारी ये सभी समस्याएं हैं जिन पर चर्चा होनी चाहिए।

10:39 AM, 14-Mar-2022

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का तीसरा बजट

केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण प्रश्नकाल के बाद जम्मू-कश्मीर का तीसरा बजट पेश करेंगी। गौरतलब है कि 5 अगस्त 2019 को राज्य से अनुच्छेद 370 और 35 ए समाप्त होने के बाद तीसरा बजट पेश किया जाएगा।  

10:25 AM, 14-Mar-2022

संसद का बजट सत्र: अनजाने में हुई मिसाइल फायरिंग पर कल संसद में बयान देंगे राजनाथ सिंह

उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद आज से संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर का बजट पेश करेंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें