कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को करेंगे प्रदर्शन
अग्निपथ योजना और राहुल गांधी को निशाना बनाने की मोदी सरकार की प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ देश भर में कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता सोमवार को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात करेगा और धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से राहुल गांधी से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा पार्टी सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न को उनके संज्ञान में लाएगा।
कांग्रेस सबसे बेहतर काम में भी दोष निकाल रही है: वीके सिंह
‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बयान को लेकर विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री एवं सेना के पूर्व प्रमुख जनरल वीके सिंह (सेवानिवृत्त) ने आरोप लगाया कि सबसे पुरानी पार्टी केंद्र सरकार के सबसे बेहतर काम में भी दोष ढूंढ रही है, क्योंकि यह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा राहुल गांधी से की गई पूछताछ से नाराज हैं। उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने और देश में अशांति पैदा करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
बिहार में आज कोई घटना नहीं
बिहार पुलिस के मुताबिक, बिहार में आज कोई घटना नहीं हुई। 16 से 18 जून तक सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 145 प्राथमिकी दर्ज की गई है और 804 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौजूदा हालात को देखते हुए 17 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।
कल भारत बंद, सोशल मीडिया पर संदेश वायरल
केंद्र की ‘अग्निपथ’ सैन्य भर्ती योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के बीच कुछ संगठनों ने कल यानी सोमवार (20 जून) को कथित तौर पर भारत बंद का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर झारखंड में सोमवार को सभी स्कूल-कॉजेल बंद करने का आदेश जारी किया गया है। बिहार में सरकार ने अलर्ट जारी करते हुए अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, केरल पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने या हिंसा में शामिल होने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रखने का आदेश जारी किया है।
पीके ने जदयू-भाजपा को घेरा
चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने केंद्र की नई 'अग्निपथ' योजना के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन को लेकर बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी दलों जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय
जनता पार्टी (भाजपा) की एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करने के लिए आलोचना की। उन्होंने कहा कि अग्निपथ पर आंदोलन होना चाहिए, हिंसा और तोड़फोड़ नहीं। बिहार की जदयू और भाजपा के आपसी तनातनी का खामियाजा भुगत रही है। बिहार जल रहा है और दोनों दल के नेता मामले को सुलझाने के बजाय एकदूसरे पर छींटाकशी और आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त हैं।
पूर्व रेलवे ने कई ट्रेन रद्द की
पूर्वी रेलवे ने रविवार को कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य क्षेत्रों को जोड़ने वाली कई ट्रेन को रद्द कर दिया, जबकि कुछ ट्रेन के समय में परिवर्तन किया गया है। पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हावड़ा स्टेशन से अपराह्न तीन बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई। इसी तरह उन्होंने पूर्वा एक्सप्रेस के अपराह्न चार बजकर 50 मिनट पर रवाना होने की बात कही।
प्रियंका की युवाओं से अपील
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने युवाओं से फर्जी राष्ट्रवादियों को पहचानने की अपील की। उन्होंने अग्निपथ योजना का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे लोगों को अपनी पार्टी के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आपसे बड़ा देशभक्त कोई नहीं है। मैं आपको बताना चाहती हूं, आप अपनी आंखें खोलिए तथा फर्जी राष्ट्रवादियों एवं फर्जी देशभक्तों को पहचानिए। पूरा देश और कांग्रेस आपके संघर्ष में आपके साथ है।
उद्धव ने अग्निपथ योजना की आलोचना की
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना को लेकर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के जीवन और महत्वाकांक्षाओं से खिलवाड़ करना गलत है। शिवसेना के 56वें स्थापना दिवस पर पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि यदि युवाओं के पास नौकरी नहीं होगी तो केवल भगवान राम के बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है। केंद्र के कुछ कृषि कानूनों के खिलाफ पहले किसान सड़कों पर उतरे थे।
तमिलनाडु में ट्रेन सेवाएं प्रभावित
दक्षिणी रेलवे ने कहा कि उसने केंद्र के सैन्य बलों में भर्ती योजना ‘अग्निपथ’ के खिलाफ आंदोलन के कारण कुछ और ट्रेनों को रद्द कर दिया है। केएसआर बेंगलुरु-संघमित्र डेली एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है, जबकि केएसआर बेंगलुरु-पटना साप्ताहिक हमसफर सुपर फास्ट एक्सप्रेस को भी रद्द किया गया है।
अग्निपथ योजना को लेकर आज फिर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक बुलाई है। तीनों सेना अध्यक्ष के साथ रक्षामंत्री ताजा हालात पर चर्चा करेंगे।