02:01 PM, 14-Apr-2026
बंगाल में चुनाव के लिए मैदान में 2,926 उम्मीदवार
भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। राज्य में कुल 2,926 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। चुनाव दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों (1,478 उम्मीदवार) पर होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों (1,448 उम्मीदवार) पर किया जाएगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होंगे। आयोग ने इस बार ईवीएम के बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो लगाने का निर्देश दिया है ताकि मतदाता आसानी से अपने प्रतिनिधि को पहचान सकें।
अमित शाह का टीएमसी पर तीखा हमला, घुसपैठ और सुरक्षा को बनाया मुद्दा
इससे एक दिन पहले, पश्चिम बंगाल में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग का काम पूरा कर घुसपैठ को रोका जाएगा। उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वे चुनाव के दौरान गड़बड़ी न करें, वरना 5 मई के बाद उन पर सख्त कार्रवाई होगी। शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बहुसंख्यक समुदाय को डराने का आरोप लगाया और मुर्शिदाबाद दंगों का जिक्र करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस बार बंगाल में टीएमसी चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा उसे कड़ी चुनौती दे रही है।