फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assembly Election Voting: असम, केरल और पुदुचेरी में बंपर वोटिंग; राज्यों में मतदान खत्म; जानिए ताजा अपडेट

Thu, 09 Apr 2026 08:52 PM IST
Nitin Gautam न्यूज डेस्क, अमर उजाला।

खास बातें

Assam Kerala Puducherry Vidhan Sabha Chunav Voting, Election News Live: दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराए जा रहे हैं। असम में 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। तीनों प्रदेशों में मतदान से जुड़े तमाम अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में जानिए
विज्ञापन
चुनाव - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:51 PM, 09-Apr-2026

तीन राज्यों में मतदान की तस्वीर साफ, पुदुचेरी सबसे आगे

विधानसभा चुनाव 2026 के तहत तीन राज्यों में मतदान के आंकड़े सामने आ गए हैं। पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 89.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो मतदाताओं के उत्साह को दिखाता है। वहीं असम में 85.46 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जबकि केरल में 78.09 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

06:42 PM, 09-Apr-2026

त्रिपुरा उपचुनाव में शांतिपूर्ण मतदान पूरा, 79.84% वोटिंग दर्ज

त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक करीब 79.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे। सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ, जहां सभी 55 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया गया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, कुल 46,142 मतदाता छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी और ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल हुआ। यह उपचुनाव भाजपा के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष बिश्व बंधु सेन के निधन के बाद कराया गया है। मतदान के दौरान मतदाता लंबी कतारों में नजर आए और बिना किसी व्यवधान के अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
 

06:34 PM, 09-Apr-2026

असम में रिकॉर्ड मतदान, 84.42 प्रतिशत वोटिंग के साथ चुनाव संपन्न

असम विधानसभा चुनाव में गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक करीब 84.42 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो 2021 के 82.04 प्रतिशत से ज्यादा है। इस बार मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य के 35 जिलों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ था, जो शाम तक चला।

इस चुनाव में कुल 126 सीटों पर मतदान हुआ, जहां 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है, जबकि कांग्रेस एक दशक बाद वापसी के लिए जोर लगा रही है। आंकड़ों के मुताबिक दलगांव में सबसे ज्यादा 94.57 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि अमरी में सबसे कम 70.40 प्रतिशत वोट पड़े। राज्यभर में 31,490 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया।

विज्ञापन
06:27 PM, 09-Apr-2026

मतदान में पुदुचेरी सबसे आगे, असम और केरल में भी अच्छी भागीदारी

देश के अलग-अलग राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनाव के बीच मतदान के रुझान सामने आए हैं। शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार पुडुचेरी में सबसे ज्यादा करीब 86.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं केरल में 75.01 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो अच्छी भागीदारी को दिखाता है। असम में मतदान प्रतिशत 70.42 के आसपास रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक यह आंकड़े अनुमानित हैं और अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है। कुल मिलाकर तीनों राज्यों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, जिससे लोकतंत्र की मजबूती का संकेत मिलता है।
 

05:49 PM, 09-Apr-2026

उम्मीदवार सुरेन दैमरी को लेकर विवाद बढ़ा, एफआर की मांग तेज

असम विधानसभा चुनाव 2026 के बीच उदलगुड़ी सीट से उम्मीदवार सुरेन दैमरी को लेकर विवाद बढ़ गया है। पार्टी के एक नेता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए एफआईआर की मांग की है। आरोप है कि दैमरी ने पार्टी के खिलाफ बयान दिए और इस्तीफा दे दिया।

विज्ञापन
05:36 PM, 09-Apr-2026

असम में कई बूथों पर मतदान पूरा

असम के कामरूप जिले में मतदान समाप्त होने पर मतदान अधिकारियों ने ईवीएम और वीवीपैट को सील किया।एक पीठासीन अधिकारी ने कहा, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ... मैं चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग का धन्यवाद करता हूं। 

05:35 PM, 09-Apr-2026
असम केरल और पुदुचेरी के मतदान प्रतिशत - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

शाम 5 बजे तक हुई वोटिंग का आंकड़ा

  • असम में शाम 5 बजे तक 84.42 % मतदान।
  • केरल और पुदुचेरी में अब तक 72 फीसदी से अधिक वोटिंग।

05:08 PM, 09-Apr-2026

टीवीके प्रमुख विजय पर डीके शिवकुमार का बड़ा बयान, कहा- वो परिपक्व नेता नहीं

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने विजय पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विजय एक अपरिपक्व नेता हैं और राजनीति की समझ उनमें अभी नहीं है। शिवकुमार ने यह भी कहा कि विजय का तृणमूल कांग्रेस के साथ जुड़ाव हो सकता है, लेकिन कांग्रेस उनके साथ नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस डीएमके के साथ है और गठबंधन मजबूत स्थिति में है। शिवकुमार ने दावा किया कि यह गठबंधन दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगा।

04:56 PM, 09-Apr-2026

केरल चुनाव में नई पहल, बच्चों और महिलाओं के लिए खास ग्रीन पोलिंग स्टेशन

केरल के एर्नाकुलम में चुनाव को और सुविधाजनक बनाने के लिए खास ग्रीन पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां क्रेच सुविधा, बच्चों के लिए खिलौने और आरामदायक वेटिंग एरिया उपलब्ध कराया गया है। इन केंद्रों का संचालन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को वोट डालने में आसानी हो सके। इस पहल का मकसद मतदान को ज्यादा सुरक्षित, सहज और परिवार अनुकूल बनाना है।

04:24 PM, 09-Apr-2026

पुदुचेरी में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पुदुचेरी के मन्नादीपेट विधानसभा क्षेत्र के तिरुकानूर गांव में गुरुवार को मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्र के पास भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। कांग्रेस का कहना है कि वहां केवल मतदाताओं को होना चाहिए। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने मारपीट शुरू कर दी।

हालात को बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना से मतदान प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा। इस सीट से भाजपा की ओर से गृह मंत्री ए नमशिवायम और कांग्रेस की ओर से पूर्व डिप्टी स्पीकर टीपीआर सेल्वम चुनावी मैदान में हैं।

03:40 PM, 09-Apr-2026
विधानसभा चुनाव 2026 - फोटो : अमर उजाला

केरल और पुदुचेरी में मतदान 70 फीसदी के पार, केरल सबसे पीछे

विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। दोपहर तीन बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 75.91 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुदुचेरी में 72.40 प्रतिशत और केरल में 62.71 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।

03:06 PM, 09-Apr-2026

पुदुचेरी के गृह मंत्री ए नमस्सिवयम ने तिरुक्कनूर में किया मतदान

पुदुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान जारी है। इस मौक पर पुदुचेरी के गृह मंत्री और मन्नादीपेट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ए नमस्सिवयम ने तिरुक्कनूर स्थित एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

02:45 PM, 09-Apr-2026

असम में मतदान केंद्र का वीडियो वायरल होने पर प्राथमिकी दर्ज

असम विधानसभा चुनाव 2026 के बीच, कार्बी आंगलोंग जिला प्रशासन के संज्ञान में एक गंभीर मामला आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक मतदान केंद्र के भीतर की चुनावी प्रक्रिया को दिखाया गया है। मतदान की गोपनीयता और नियमों के इस उल्लंघन को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज की है। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है ताकि वीडियो की सत्यता और इसके पीछे जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

02:19 PM, 09-Apr-2026

मशहूर गायक पापन ने गुवाहाटी में अपना वोट डाला

असम के मशहूर गायक पापोन ने गुवाहाटी में अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, 'मैं युवाओं से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और अपना वोट डालें। मौसम बहुत अच्छा है और शानदार व्यवस्थाएं की गई हैं, हर वोट कीमती है इसलिए हमें मतदान जरूर करना चाहिए।'

01:46 PM, 09-Apr-2026

रियान पराग ने भी मताधिकार का किया प्रयोग

आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग ने भी गुवाहाटी के एक मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रियान गुवाहाटी के खारगुली में लाल सिंह अकादमी पोलिंग स्टेशन पर मतदान करने पहुंचे।

01:35 PM, 09-Apr-2026
कहां कितना प्रतिशत मतदान - फोटो : अमर उजाला

1 बजे तक असम में 60 फीसदी मतदान, केरल सबसे पीछे

असम, केरल, पुदुचेरी राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। दोपहर एक बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुदुचेरी में 56.83 प्रतिशत और केरल में 49.70 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।

01:23 PM, 09-Apr-2026

असम सीएम हिमंता ने पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के साथ किया मतदान

असम के मुख्यमंत्री और जलुकबारी से उम्मीदवार हिमंता बिस्वा सरमा ने अपनी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा और बच्चों के साथ कामपुर के एक मतदान केंद्र पर असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना वोट डाला। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने जीत पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा, 100 प्रतिशत जीत तय है।

01:15 PM, 09-Apr-2026

मतदान के बाद CPI के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने एलडीएफ की बड़ी जीत का दावा किया

केरल विधानसभा चुनाव के लिए तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डालने के बाद सीपीआई के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने एलडीएफ की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, पूरे राज्य से खबरें आ रही हैं कि मतदाता एलडीएफ को वोट देने के लिए उमड़ रहे हैं। केरल में कांग्रेस और भाजपा के अपवित्र गठबंधन को हराना होगा। मेरी जनता से अपील है कि वे एलडीएफ को वोट दें क्योंकि यही उम्मीद है और यही वह राजनीतिक शक्ति है जो धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, संघवाद की रक्षा करेगी और देश के गरीबों के लिए खड़ी होगी। 

12:57 PM, 09-Apr-2026

असम में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की मौत

असम विधानसभा चुनाव के बीच सोनितपुर जिले के नदुआ निर्वाचन क्षेत्र में तैनात एक मतदान अधिकारी मृत पाए गए। मृतक का नाम देबेन होरो था और उनकी उम्र 45 वर्ष थी। वह डोलापानी एलपी स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 230 पर दूसरे मतदान अधिकारी के रूप में तैनात थे। अधिकारियों ने बताया कि देबेन होरो आज सुबह अपने बिस्तर पर बेहोश मिले थे। जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत का असली कारण अभी साफ नहीं है। हालांकि, डॉक्टरों को किसी पुरानी बीमारी का शक है। देबेन होरो चारीद्वार क्षेत्र के रहने वाले थे और एक सरकारी स्कूल में सहायक शिक्षक थे। इस घटना का मतदान पर कोई असर नहीं पड़ा। बूथ पर सुबह 7 बजे तय समय पर वोटिंग शुरू हुई। प्रशासन ने उनकी जगह एक आरक्षित कर्मचारी को तैनात कर दिया है। असम की 126 सीटों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।
 

12:41 PM, 09-Apr-2026

पीआर श्रीजेश ने परिवार के साथ किया मतदान

पीआर श्रीजेश ने मतदान करने के बाद अपने परिवार के साथ फोटो शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, मेरा वोट, मेरी आवाज, मेरी जिम्मेदारी। मैंने तो कर दिया, क्या आपने किया?
 

12:18 PM, 09-Apr-2026

दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा ने किया मतदान

असम के दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग और उनकी बहन पाल्मी बोरठाकुर ने दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 116 पर पहुंचकर अपना वोट डाला। कल ही अस्पताल से छुट्टी मिलने के बावजूद गरिमा सैकिया गर्ग मतदान करने पहुंचीं। उन्होंने कहा, 'मैं शारीरिक रूप से अस्वस्थ हूं, लेकिन फिर भी वोट डालने आई हूं क्योंकि यह हमारा कर्तव्य है। पहले मैं जुबीन के साथ वोट डालने आती थी।' जुबीन गर्ग के लिए न्याय की मांग पर उन्होंने कहा, 'हम इसके लिए लड़ रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही कोई परिणाम निकलेगा।'

11:59 AM, 09-Apr-2026

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने किया मतदान, भाजपा को बताया शून्य

केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, 'यहां भाजपा का कोई फैक्टर नहीं है। यह एक ऐसा राज्य है जहां विधानसभा में भाजपा शून्य सीट वाली पार्टी है। उनका नाम लेना भी उनके लिए एक बड़ी तारीफ होगी।' थरूर ने आगे कहा, केरल में असली चुनावी मुकाबला सत्ताधारी LDF सरकार और चुनौती दे रहे UDF गठबंधन के बीच है।

महिला आरक्षण बिल पर क्या बोले कांग्रेस सांसद?
महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा, 'हमने अभी तक बिल का ड्राफ्ट नहीं देखा है। मुझे पता है कि वे इसके लिए 16 अप्रैल को संसद का सत्र बुलाने की योजना बना रहे हैं। हमें बिल देखना होगा और समझना होगा कि वे क्या प्रस्ताव रख रहे हैं। हमें संघवाद, विधायिका के कामकाज और संसद पर इसके असर का पता लगाना होगा। क्या 800 के आस-पास सदस्य होंगे? क्या उन्हें बोलने का मौका मिलेगा? इन सभी मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।'

11:55 AM, 09-Apr-2026

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट में किया मतदान

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट के डीसीबी गर्ल्स हाई स्कूल में अपना वोट डाला। उन्होंने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि लोगों में भारी उत्साह है और वे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए एक नए असम का निर्माण करेंगे।

11:51 AM, 09-Apr-2026

मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने किया मतदान

मलयालम सुपरस्टार ममूटी और उनकी पत्नी सुल्फाथ कुट्टी ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए अपना मतदान किया। दोनों ने कोच्चि के क्राइस्ट किंग कॉन्वेंट स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने सत्ता परिवर्तन का दावा किया
पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने मतदान के बाद सत्ता परिवर्तन का दावा किया। उन्होंने कहा कि केरल की जनता भाजपा को पसंद नहीं करती है और 10 साल के कुशासन की वजह से इस बार राज्य में सरकार निश्चित तौर पर बदलेगी।
 

11:34 AM, 09-Apr-2026
विधानसभा चुनाव 2026 - फोटो : अमर उजाला

11 बजे तक असम में 39 फीसदी मतदान, केरल सबसे पीछे

विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 38.92 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुदुचेरी में 37.06 प्रतिशत और केरल में 33.28 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।

11:23 AM, 09-Apr-2026

पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने किया मतदान

पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने विधानसभा चुनाव के लिए डीएमएस कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद नागरिकों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, 'चुनाव में मतदान करना प्रत्येक नागरिक का प्राथमिक कर्तव्य है। मैं सभी नागरिकों से अपना वोट डालने का अनुरोध करता हूं।'

10:55 AM, 09-Apr-2026

केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने किया मतदान

केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि मैंने मतदान किया है और मैं राज्य के सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने कर्तव्य का पालन करें। लोकतंत्र न केवल हमारी मिट्टी में बल्कि हमारे दिलों में भी गहराई से बसा हुआ है। आइए हम सब मिलकर मतदान करें।

10:26 AM, 09-Apr-2026

पुदुचेरी के पूर्व सीएम नारायणसामी ने किया मतदान

पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। शाम 6 बजे तक चलने वाले इस चुनाव में मतदाता 1,099 केंद्रों पर वोट डाल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने कतार में लगकर अपना वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि इस बार पुदुचेरी में इंडिया गठबंधन के पक्ष में माहौल बहुत अच्छा है। वर्तमान में यहां एन रंगासामी के नेतृत्व वाली एआईएनआरसी और बीजेपी गठबंधन की सरकार है।

प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव के लिए 4,836 कर्मचारी और भारी पुलिस बल तैनात किया है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 30 कंपनियां भी तैनात हैं। कुल 209 बूथों को संवेदनशील और 5 को अत्यंत संवेदनशील माना गया है। यहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बुजुर्गों और दिव्यांगों की मदद के लिए 2,000 छात्र स्वयंसेवक लगाए गए हैं। इस बीच चुनाव प्रचार के दौरान अधिकारियों ने 8.4 करोड़ रुपये की नकदी, सोना और शराब जब्त की। कलेक्टर ए कुलुथुंगन ने बताया कि लोग सुबह से ही बड़े उत्साह के साथ वोट डालने पहुंच रहे हैं। साल 2021 में यहां 82 प्रतिशत मतदान हुआ था। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार मतदान का प्रतिशत और बढ़ेगा।

10:15 AM, 09-Apr-2026

चुनाव प्रक्रिया समझने असम पहुंचा विदेशी प्रतिनिधिमंडल, कामरूप में किया वृक्षारोपण

असम विधानसभा चुनाव के दौरान श्रीलंका का एक प्रतिनिधिमंडल मतदान केंद्र का दौरा करने पहुंचा। यह दौरा भारत निर्वाचन आयोग के 'अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम' (आईईवीपी) का हिस्सा है। श्रीलंकाई प्रतिनिधियों ने न केवल चुनाव प्रक्रिया को करीब से देखा, बल्कि पर्यावरण का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण भी किया। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। आयोग ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद विदेशी मेहमानों को भारत की चुनाव प्रणाली समझाना है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सात अप्रैल को दिल्ली में इस कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उन्होंने इसे 'लोकतंत्र का उत्सव' बताया।

इस कार्यक्रम में 23 देशों के 43 प्रतिनिधि शामिल हैं। पहले चरण में ये लोग असम, केरल और पुदुचेरी का दौरा कर रहे हैं। दूसरे चरण में 20 अप्रैल से वे पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जाएंगे। इन प्रतिनिधियों को ईवीएम का काम करने का तरीका दिखाया गया। उन्होंने 'मॉक पोल' में हिस्सा लेकर वोटिंग का अनुभव भी लिया। विशेषज्ञों ने उन्हें चुनाव प्रबंधन और सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

09:57 AM, 09-Apr-2026

सीएम पी विजयन और सुपरस्टार मोहनलाल ने किया मतदान

केरल विधानसभा चुनाव के लिए दिग्गज हस्तियों ने सुबह-सुबह मतदान किया। सुपरस्टार मोहनलाल सुबह 6:45 बजे नेमोम में कतार में खड़े दिखे, जबकि केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी सुबह 6:30 बजे ही मतदान के लिए गुरुवायूर पहुंचे। वहीं मुख्यमंत्री पी विजयन ने भी सुबह-सुबह अपना वोट डाला। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने भी अपने परिवार के साथ सुबह-सुबह आकर मतदान किया।

09:46 AM, 09-Apr-2026

असम में मतदान जारी: CM हिमंत बिस्वा सरमा ने पूजा कर मांगा आशीर्वाद

126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इसी बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने घर पर विशेष पूजा अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने घर पूजा करने का एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'प्रभु का आशीर्वाद और जनता के विश्वास का संकल्प लेकर, असम के उज्ज्वल भविष्य की ओर।' उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, आज असम में मतदान हो रहा है। एक बेहतर असम के निर्माण की दिशा में हर आवाज और हर वोट मायने रखता है। लोकतंत्र के इस पर्व के अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि आप बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके और असम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

09:30 AM, 09-Apr-2026

त्रिपुरा के धर्मनगर में उपचुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

केरल, असम और पुदुचेरी में मतदान के साथ आज त्रिपुरा में उपचुनाव भी कराए जा रहे हैं। उत्तर त्रिपुरा जिले की धर्मनगर विधानसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र के सभी 55 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस सीट पर कुल 46,142 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनमें 23,758 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदाता यहां अपनी किस्मत आजमा रहे छह उम्मीदवारों के सियासी भाग्य का फैसला करेंगे। 55 में से 11 मतदान केंद्र पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।

असम और मिजोरम की सीमा से सटा धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र 2008 से कांग्रेस और भाजपा के बीच गढ़ बना हुआ है, जबकि इससे पहले 2003 में यहां सीपीआई(एम) ने जीत दर्ज की थी। इस बार का उपचुनाव काफी दिलचस्प और कड़ा मुकाबला माना जा रहा है, क्योंकि मैदान में छह उम्मीदवार हैं। यह उपचुनाव विधायक और त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वा बंधु सेन के निधन के बाद कराया जा रहा है। सेन का 26 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में बीमारी की वजह से 72 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

09:15 AM, 09-Apr-2026
विधानसभा चुनाव 2026 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

तीनों राज्यों में 17 फीसदी वोट, पहले दो घंटे का मतदान प्रतिशत जारी

निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक तीनों राज्यों में पहले दो घंटे में करीब 17 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। वोटर टर्नआउट एप के मुताबिक असम में सबसे अधिक 17.87 प्रतिशत वोट डाले गए हैं। केरल में 16.23 फीसदी, जबकि पुदुचेरी में 17.41 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया है।

09:08 AM, 09-Apr-2026

वोट डालने की अपील: पीयूष गोयल ने देश के विकास में योगदान का जिक्र किया

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा, 'मेरे केरल के भाइयों और बहनों, आज आपके पास अपने राज्य के भविष्य की दिशा तय करने का मौका है। आपका वोट तय करेगा कि यह खूबसूरत दक्षिणी राज्य देश के विकास में और कैसे योगदान देगा, राज्य के युवाओं को आगे बढ़ने, इनोवेट करने और लीड करने के मौके कैसे मिलेंगे। महिलाओं, किसानों, मछुआरों, कारीगरों और दूसरों को अच्छे शासन से कैसे फायदा होगा और हर परिवार को बेहतर क्वालिटी ऑफ लाइफ कैसे मिलेगी।' गोयल ने पुदुचेरी और असम की जनता से भी लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने की अपील की।

09:01 AM, 09-Apr-2026

असम में मतदान में महिलाएं आगे, फर्स्ट टाइम वोटर बोले- हमें चाहिए विकास

असम में विधानसभा चुनाव के तहत गुरुवार को मतदान जारी है और सुबह से ही वोटरों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अलग-अलग इलाकों से सामने आए दृश्य लोकतंत्र के इस पर्व की जीवंत तस्वीर पेश कर रहे हैं। जालुकबारी में पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा मतदाता ने कहा, 'हम विकास चाहते हैं।' वहीं कामरूप में एक मतदाता ने बताया, यहां दो उम्मीदवार हैं। एक भाजपा से और एक कांग्रेस से। दोनों ही अच्छे हैं। एक अन्य मतदाता ने कहा, हम उसी को वोट देंगे जो अच्छा काम करेगा।

विश्वनाथ के पावोई एलपी स्कूल में एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने जानकारी दी कि वह सुबह ही मतदान कराने के लिए पहुंचा है। वहीं होजाई में सुबह 5 बजे से ही बड़ी संख्या में मतदाता कतार में लग गए, जिनमें महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक है।

08:50 AM, 09-Apr-2026
भाजपा अध्यक्ष जेपी (फाइल) - फोटो : ANI

तीन प्रदेशों में मतदान जारी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा क्या बोले?

केरल, असम और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने तीनों राज्यों की जनता से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने की अपील की। जेपी नड्डा ने अपने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा, 'आज असम में वोटिंग हो रही है, इसलिए मैं अपने सभी भाइयों और बहनों, खासकर हमारे युवा वोटर्स से गुजारिश करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें। आपका वोट आपकी आवाज है। यह राज्य को घुसपैठ से बचाने और हमारे मूल समुदायों के हितों की रक्षा करने के हमारे सामूहिक इरादे को मजबूत करता है।'

08:40 AM, 09-Apr-2026
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल) - फोटो : ANI

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने बड़ी संख्या में मतदान की अपील की

केरल में नई सरकार चुनने के लिए मतदान जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोगों से ऐसी सरकार को वोट देने का आग्रह किया जो सुनती, परवाह करती और काम करती है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर केरल की विविधता में एकता को विभाजन से कमजोर न होने देने का आह्वान किया। खरगे ने केरलवासियों के शिक्षा, गरिमा, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को सराहा। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, वित्तीय संकट और अनिश्चितता का जिक्र करते हुए न्याय और बेहतर केरल के लिए बड़ी संख्या में मतदान की अपील की। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी बदलाव के लिए यूडीएफ को वोट देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केरल के लोग ऐसी सरकार के हकदार हैं जो उनकी समस्याओं को समझती और कल्याण के लिए काम करती है। मतों की गिनती 4 मई को होगी।

08:29 AM, 09-Apr-2026

केरल में मतदान जारी, कई हाईप्रोफाइल लोगों ने डाले वोट

केरल में कराए जा रहे विधानसभा चुनाव में आज कई हाईप्रोफाइल लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इन लोगों में एलडीएफ प्रत्याशी और मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की सरकार में मंत्री पीए मोहम्मद रियास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता वीडी सतीशन, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, कांग्रेस सांसद हिबी ईडन जैसी हस्तियां शामिल रहीं। तीनों प्रदेशों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। 

08:10 AM, 09-Apr-2026

पुदुचेरी में मतदाताओं का हाईटेक स्वागत, नीला कर रही अभिवादन

बीते कुछ समय से चुनावों में तकनीक का भी बढ़चढ़ कर इस्तेमाल हो रहा है। इसी की एक नजीर पुदुचेरी में दिखी जहां रोबोट नीला वोट डालने आ रहे लोगों का अभिवादन कर रही है। पुदुचेरी में हो रहे इस हाईटेक स्वागत के बादे में वीओसी गवर्नमेंट स्कूल में मौजूद शख्स कौशिक ने बताया, 'इस रोबोट का नाम 'नीला' है। आम तौर पर इसका इस्तेमाल इवेंट में करते हैं। यानी शादियों, सरकारी कामों और चुनावों जैसे आयोजनों के दौरान। हम तमिलनाडु के कोयंबटूर से आए हैं। नीला रोबोट में कई खूबियां हैं... इसमें आवाज़ की भी सुविधा है, और यह बात भी कर सकती है। हम इसमें कमांड डाल सकते हैं, और पास खड़े व्यक्ति को वह आवाज सुनाई देगी।' 

07:55 AM, 09-Apr-2026

असम में प्रद्युत बोरदोलोई ने डाले वोट, दिसपुर में मतदान के बाद जताया जीत का भरोसा

कांग्रेस पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके प्रद्युत बोरदोलोई ने आज असम में अपना वोट डाला। मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद प्रद्युत चुनाव में जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'मैंने अभी अपना वोट डाला है। जब मैंने दिसपुर से भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने का फैसला किया था, तब मैं अपने मतदान केंद्र को बदलवा नहीं सका। नए मतदान केंद्र का आवंटन नहीं होने के कारण मैंने अभी यहीं वोट डाला है। मैं दिसपुर वापस जा रहा हूं।'

07:40 AM, 09-Apr-2026

पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी मताधिकार का इस्तेमाल किया

केरल से निर्वाचित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने भी आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

07:25 AM, 09-Apr-2026

अभिनेता मोहनलाल ने किया मतदान

केरल चुनाव में मशहूर अभिनेता मोहनलाल ने मतदान किया। 
 

07:18 AM, 09-Apr-2026

पीएम मोदी ने विधानसभा चुनाव को लेकर की अपील

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में विधानसभा चुनाव को लेकर अपील की। पीएम मोदी ने केरल की जनता से बड़ी संख्या में लोगों से मतदान करने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री ने महिलाओं और युवा मतदाताओं से भी वोट करने की अपील की। इसी तरह पीएम मोदी ने असम और पुदुचेरी की जनता से भी रिकॉर्ड नंबरों में मतदान की अपील की। 

07:09 AM, 09-Apr-2026

कांग्रेस को झटका असम में उम्मीदवार ने मतदान से पूर्व छोड़ी पार्टी

असम में मतदान से एक दिन पहले बुधवार को उदालगुरी के कांग्रेस प्रत्याशी सुरेन दाइमारी ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया और अपनी उम्मीदवारी भी छोड़ दी। पार्टी ने हालांकि कहा कि अब तक सुरेन का त्यागपत्र नहीं मिला है। एक वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी ने हालांकि कहा कि क्योंकि नाम वापस लेने की समय सीमा काफी पहले बीत चुकी है, इसलिए सुरेन दाइमारी का नाम ईवीएम में रहेगा और मतदाता अब भी उन्हें अपना वोट दे सकते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता बेदब्रत बोरा ने कहा कि दाइमारी ने मीडिया के सामने अपना फैसला सुनाया है, लेकिन अब तक उन्होंने पार्टी को अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है। इससे पहले दाइमारी ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस में रहने का कोई लाभ नहीं है, इसने मुझे धोखा दिया है। इसलिए मैंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर अपनी उम्मीदवारी छोड़ दी है। 

07:05 AM, 09-Apr-2026

विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू

असम, केरल और पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। 

06:50 AM, 09-Apr-2026

असम चुनाव में 722 उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत

असम विधानसभा चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजर दल के नेता अखिल गोगोई और एजेपी अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं। राज्य के 35 जिलों में कुल 31,490 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इस चुनाव में 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें करीब 1.25 करोड़ महिलाएं और 318 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

06:00 AM, 09-Apr-2026

Assembly Election Voting: असम, केरल और पुदुचेरी में बंपर वोटिंग; राज्यों में मतदान खत्म; जानिए ताजा अपडेट

केरल, असम और पुदुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनाव राजनीतिक दलों की तुलना में उनसे जुड़े बड़े नामों के लिए ‘अग्नि परीक्षा’ साबित हो सकते हैं। केरल में पिनाराई विजयन, असम में हिमंत बिस्वा सरमा और पुदुचेरी में एन रंगास्वामी की साख का सवाल तो है ही, चुनावी नतीजों के राजनीतिक निहितार्थ भी गहरे होंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें