केंद्रीय मंत्री राजकुमार रंजन की लोगों से समर्थन देने की अपील
मिजोरम चुनाव पर केंद्रीय मंत्री राजकुमार रंजन सिंह का कहा, हाल ही में पीएम मोदी ने महिला आरक्षण बिल पारित करने की पहल की। पूर्वोत्तर पहले से ही महिला प्रधान अर्थव्यवस्था है इसलिए इस पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए, हमें उम्मीद है कि पूर्वोत्तर भारत, विशेषकर मिजोरम के मतदाता हमारे उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे। हमें उम्मीद है कि हम निश्चित रूप से चुनाव जीतेंगे।
तेलंगाना के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सभी दलों ने प्रचार प्रचार शुरु कर दिया है। कई दलों ने राज्य की विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। वहीं आज शुक्रवार को कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। जिसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन सहित 45 लोगों को टिकट दिया गया है। हैदराबाद शहर के जुबली हिल्स सीट से मोहम्मद अजहरुद्दीन, पूर्व सांसद मधु गौड़ याक्षी को लाल बहादुर नगर सीट, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के सामने सिद्दीपेट सीट से पूजाला हरीकृष्णा को मैदान में उतारा गया। के. राजगोपाल रेड्डी को मुनुगोडे, मुरली नाइक को महबूबाबाद और रॉबिन रेड्डी को अंबरपेट से उम्मीदवार बनाया गया।
तेलंगाना चुनाव: भाजपा छोड़ने के बाद राज गोपाल रेड्डी कांग्रेस में वापस लौटे
तेलंगाना विधानसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के एक साल से अधिक समय बाद कांग्रेस में लौट आये हैं। रेड्डी ने पिछले साल अगस्त में कांग्रेस और मुनुगोडे से विधायक पद छोड़ दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने भाजपा के टिकट पर फिर से चुनाव की मांग की लेकिन बीआरएस उम्मीदवार के प्रभाकर रेड्डी से हार गए। तेलंगाना विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में पूर्व मंत्री मोत्कुपल्ली नरसिम्हुलु, पूर्व सांसद कोमाटिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी, पूर्व विधायक येनुगु रविंदर रेड्डी, पूर्व एमएलसी नेथी विद्यासागर, पूर्व एमएलसी संतोष कुमार, पूर्व एमएलसी अकुला ललिता, पूर्व एमएलसी कपिलवई दिलीप कुमार और नीलम मधु कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस ने दावा किया कि भ्रष्ट बीआरएस शासन को लोगों ने खारिज कर दिया है। तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
जी किशन रेड्डी बोले- हम तो सिर्फ तेलंगाना के लोगों की टीम हैं
तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ताबड़तोड़ रैली कर रही है। वहीं कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री चुनावी दौरे पर हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, एआईएमआईएम कांग्रेस और बीआरएस के लिए ए-टीम है। कांग्रेस और बीआरएस अवसरवादी है। हाल ही में मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने कहा था कि अगर कांग्रेस दिल्ली में जीतती है, तो वह सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आज वे भाजपा की आलोचना के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। भाजपा किसी की बी-टीम नहीं, हम तो सिर्फ तेलंगाना लोगों की टीम हैं।
मिजोरम के लिए BJP का विजन डॉक्यूमेंट
भाजपा ने मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने 'विजन डॉक्यूमेंट 2023' जारी किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस दौरान मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा, कई राजनीतिक दल अपने विजन डॉक्यूमेंट, अपने मिशन डॉक्यूमेंट, अपने घोषणापत्र के साथ सामने आते हैं, लेकिन हम उन्हें महज एक कागज का टुकड़ा मात्र मानते हैं। क्योंकि वे इस बारे में निश्चित नहीं हैं कि वे इसे आगे बढ़ाएंगे या नहीं। लेकिन जब भाजपा एक विजन डॉक्यूमेंट लाती है तो यह एक अच्छी तरह से शोध किया गया दस्तावेज है। यह एक ऐसा दस्तावेज है जो हमेशा कार्य करता है।
मध्य प्रदेश के लिए भाजपा के 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी
मध्य प्रदेश आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। 40 स्टार प्रचारकों में पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्षजेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा और अन्य नेताओं को स्टार प्रचारक के रूप में नामित किया गया है।
तेलंगाना में चुनावी दौरे पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना में चुनावी दौरे पर हैं। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और बीआरएस पर जमकर हमला बोला। अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा, 30 नवंबर को तेलंगाना में चुनाव हैं। कांग्रेस और बीआरएस तेलंगाना का विकास नहीं कर सकती। केवल पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही तेलंगाना का विकास कर सकती है। संबोधन के दौरान उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना में भाजपा का अगला सीएम पिछड़ी जाति से होगा।
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद की सीएम भूपेश बघेल पर तीखी टिप्पणी
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में सभी दलों ने प्रचार प्रसार तेज कर दिया है। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को छ्त्तीसगढ़ पहुंचकर लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जमकर घेरा। उन्होंने कहा, डीएमके जैसे कांग्रेस के सहयोगियों द्वारा सनातन धर्म के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई। मुझे समझ नहीं आता कि भूपेश बघेल इस पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा, भूपेश बघेल कहते हैं कि वह भगवान राम का सम्मान करते हैं और 'राम वन गमन पथ' विकसित कर रहे हैं। लेकिन मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब डीएमके नेता और तमिलनाडु के सीएम के बेटे सनातन धर्म को डेंगू, तपेदिक और एड्स जैसी बीमारी कहते हैं तो वह चुप क्यों हैं। बता दें छत्तीसगढ़ में 7 और 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे, जबकि वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
सीएम केसीआर का जनता से अच्छे चावल देने का वादा
तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपने-अपने ढंग से प्रचार प्रसार कर रहे हैं। कई राजनीतिक दल रैली का आयोजन कर रहे हैं। इसी बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर रावत ने पलेयर में रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रैली में शामिल लोगों से वादा किया कि चुनाव के बाद तेलंगाना के सभी 93 लाख बीपीएल परिवारों को अच्छे चावल उपलब्ध कराए जाएंगे।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव: भाजपा ने ए.पी. मिथुन कुमार रेड्डी को महबूबनगर विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित किया।
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने छत्तीसगढ़ में अपने एक बयान में जांच एजेंसियों के छापे पर कहा कि ईडी और आईटी से कौन डर रहा है? जिसने भी गलत किया है उसे डरना चाहिए। जिन्होंने काला धन इकट्ठा किया है, उन्हें डरना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ। इस बैठक में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत चुनाव समिति के सदस्य और तेलंगाना कांग्रेस के नेता भी शामिल हुए। इससे पहले बुधवार को भी कांग्रेस की एक बैठक हुई थी। पार्टी ने अभी तक तेलंगाना में 55 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। राज्य में कुल 119 विधानसभा सीटें हैं।
केंद्रीय जांच एजेंसियों की छापेमारी पर शिवेसना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि 'अब चुनाव आचार संहिता लागू है और उसके बावजूद छापेमारी की जा रही है। हमने महाराष्ट्र में 10 नाम दिए हैं, उनके खिलाफ छापेमारी क्यों नहीं की जा रही है। दरअसल छापेमारी उन जगहों पर की जा रही है, जहां चुनाव होने हैं और उनके खिलाफ की जा रही है जो भाजपा को हरा सकते हैं।'
तेलंगाना विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक हो रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गए हैं।
अंबिकापुर सीट से भाजपा उम्मीदवार को लेकर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह नया नाम नहीं हैं और पहले कांग्रेस में रह चुके हैं। अंबिकापुर में कांग्रेस का जनाधार है और यह क्षेत्र पारंपरिक रूप से कांग्रेस का रहा है, जिससे पार्टी को यहां फायदा होगा।
राहुल गांधी 28-29 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। राहुल गांधी 29 अक्तूबर को राजनंदगांव में एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।