हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा में अव्वल रहने वाले मेधावियों को अमर उजाला सम्मानित करने जा रहा है। करनाल में मेधावियों का यह सम्मान किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम में पहुंच गए हैं।
समारोह में पहुंची करनाल की निवर्तमान मेयर रेणुबाला ने कहा बहुत ही अच्छा लगता है जब हमारे बच्चे इस प्रकार से आगे बढ़ते हैं। बच्चे देश का भविष्य होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा पहले से मजबूत हो रही है, सरकार पढ़े लिखे युवाओं को बिना खर्ची बिना पर्ची के रोजगार दे रही है।
विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सम्मान समारोह में शिक्षा विभाग चंडीगढ़ की प्रोफेसर शालिनी शर्मा ने इस दौरान विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए कविताएं सुनाई और विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न भी किये।
कार्यक्रम में सीएम नायब सिंह सैनी जल्द शिरकत करेंगे। विद्यार्थियों की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अभिभावक बच्चाें के साथ सेल्फी ले रहे हैं।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुछ देर बाद पहुंचने वाले हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी पहुंचे हैं। अभिभावकों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
मेधावी छात्र सम्मान समारोह में पंजीकरण जारी है।
बताते चलें कि अमर उजाला हर साल प्रदेश में हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में टाॅपर्स का सम्मान करता है। इस समारोह के दाैरान ट्रेडिंग गुरुकुल सोनीपत के निदेशक रवींद्र भारद्वाज का बताैर पाॅवर्ड स्पाॅन्सर व एलएसबीटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पानीपत के एमडी वीरेंद्र साहनी, जेनेसिस क्लासिस के एमडी जितेंद्र अहलावत व एमआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, झज्जर के चेयरमैन सोमबीर कोडान का बताैर को-स्पाॅन्सर सहयोग रहेगा।
समारोह की शुरूआत से पूर्व विद्यार्थियों को 11 बजे तक कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में पहुंचकर पंजीकरण करवाना होगा। सीएम के हाथों सम्मान पाने के लिए जहां मेधावियों में खासी उत्सुकता बनी हुई है, वहीं उनके अभिभावक व शिक्षकगण भी काफी उत्साहित हैं। इस समारोह में मुख्यमंत्री के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग व अधिकारी भी माैजूद रहेंगे।
कड़ी मेहनत और प्रतिभा के बूते हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा में अव्वल रहने वाले मेधावियों को अमर उजाला सम्मानित करेगा। मेधावियों को यह सम्मान कर्णनगरी करनाल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कर कमलों से मिलेगा।
अमर उजाला की ओर से 18 जुलाई को करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में सूबे के सीएम नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर 10वीं और 12वीं कक्षा के टापर्स को सम्मानित करते हुए उनका हौसला बढ़ाएंगे।
इन मेधावियों ने शैक्षणिक सत्र 2023-24 में 10वीं व 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान अपने-अपने जिलों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल कर जिलों का नाम रोशन किया है। इन्हीं विद्यार्थियों को अब इस प्रदेश स्तरीय समारोह में सम्मान से नवाजा जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 300 मेधावियों को पदक व प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे।