राज्य में गत तीन वर्षों में हुए तीन में से ऐलनाबाद व बरोदा के दो विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। यह चुनाव उसके लिए इसलिए प्रतिष्ठा का प्रश्न था। 2024 के विधानसभा चुनाव के लिए अब मनोहर लाल की सरकार का मनोबल बढ़ेगा।
कांग्रेस का गढ़ भेदने में उन्हें कामयाबी हासिल हुई है क्योंकि इस बार भाजपा के उम्मीदवार को सरकार के प्रभाव भजनलाल की सियासी विरासत का फायदा मिला है। गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस की कमान पूरे चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा ने संभाले रखी लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके। आप व इनेलो को तो आदमपुर की जनता ने सिरे से नकार दिया है।
सबसे युवा विधायक बने भव्य
29 वर्षीय भव्य बिश्नोई हरियाणा में सबसे कम उम्र के विधायक बन गए हैं। अभी तक 34 साल के दुष्यंत चौटाला सबसे युवा थे।
किसको-कितने वोट
- भव्य बिश्नोई (भाजपा) 67492
- जयप्रकाश (कांग्रेस) 51,752
- कुरड़ाराम (इनेलो) 5248
- सतेंद्र सिंह (आप) 3420
- अन्य प्रत्याशियों को 500 से कम
नोटा को 11 प्रत्याशियों से ज्यादा मत पड़े
मतगणना के परिणाम अनुसार 236 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। कुल 22 प्रत्याशियों में से 11 ऐसे हैं, जिन्हें नोटा से भी कम वोट मिले हैं। इनमें 7 प्रत्याशियों को 100 वोट भी नहीं मिले।
नतीजे का असर...
- मनोहर लाल व भाजपा: मुख्यमंत्री ने साबित की नेतृत्व क्षमता, भाजपा सरकार की सफलता
- हुड्डा व कांग्रेस: भूपेंद्र सिंह हुड्डा कमजोर साबित हुए, गुटबाजी का नुकसान रोक नहीं सके
- आप: पहली बार मैदान में उतरी आप मुकाबले में भी नहीं आ सकी, करिश्मा तो दूर
- चौटाला व इनेलो: ओम प्रकाश चौटाला की पार्टी के लिए भविष्य में सियासी संकट का संकेत
भव्य की जीत के तीन प्रमुख कारण
- लोगों के दिलों में चौधरी भजनलाल का सम्मान
- पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम मनोहर लाल के काम
- जातीय ध्रुवीकरण
जेपी की हार के तीन प्रमुख कारण
- 13 साल तक आदमपुर के लोगों की सुध न लेना
- कांग्रेस के दूसरे दिग्गजों का प्रचार में न आना
- आदमपुर में कांग्रेस का कैडर (समर्थित) वोट न होना
जात-पात, झूठ-फरेब की राजनीति को नकारा
जनता ने जात-पात, झूठ और फरेब की राजनीति करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने का काम किया है। ये जीत भजनलाल परिवार और आदमपुर के 54 साल के विश्वास की है। सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में आदमपुर का कायाकल्प करने और लोगों के जन मुद्दों को पूरा करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। - भव्य बिश्नोई, भाजपा प्रत्याशी।
मोदी की नीतियों, जनता के विश्वास की जीत
भव्य बिश्नोई को बधाई व शुभकामनाएं। आदमपुर की जनता ने भाजपा की विकासात्मक विचारधारा पर मुहर लगाई है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, जनता के विश्वास और सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीत है। आदमपुर हलके को अब एक युवा विधायक मिला है, जो क्षेत्र के विकास के लिए निश्चित रूप से कार्य करेगा। - मनोहर लाल, मुख्यमंत्री।
सरकार को कांग्रेस कड़ी टक्कर दी
आदमपुर उपचुनाव कांग्रेस ने मुद्दों के आधार पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ा और पार्टी को 36 बिरादरी का भरपूर प्यार व समर्थन हासिल हुआ। वोट काटने के लिए चुनाव लड़ने वाली सभी पार्टियों को जनता ने पूरी तरह नकार दिया। पूरी सरकार को कांग्रेस ने कड़ी टक्कर दी। इन नतीजों से साफ है कि जनता कांग्रेस को 2024 चुनाव के लिए विकल्प के तौर पर देख रही है। - भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री।