फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसार पहुंचे राहुल गांधी: बोले- मोदी कहते हैं नॉन बॉयोलॉजिकल हूं; घबरा गए हैं, तभी उल्टी सीधी बात कर रहे हैं

Thu, 26 Sep 2024 03:52 PM IST
नवीन दलाल अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा

खास बातें

हरियाणा विधानसभा चुनावों की बढ़ती सरगर्मियों के बीच आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने-अपने कार्यक्रमों के जरिए चुनावी अभियान को गति देंगे।

विज्ञापन
हरियाणा पहुंचे राहुल गांधी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:51 PM, 26-Sep-2024

विदेशी हथियारों पर लेवल अडानी का लगता- राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि अग्निवीर क्या है मैं आपको बताता हूं। पहले आपको याद है वन रैंक वन पेंशन हुआ। अफसरों की जेब में पैसा गया। थोड़ा पैसा उधर गया। अडानी को हथियार खरीदवाते हैं, अब इन्हें ये भी चिंता हो गई, कि जवानों को पेंशन भी देनी है। तो ये अग्निवीर लेकर आ गए। अडानी हथियार नहीं बनाता, ये इजराइल से लेता है। इन विदेशी हथियारों पर लेवल अडानी का लगता है।

अग्निवीर को न पेंशन मिलेगी, न शहीद का दर्जा मिलेगा। अब सोचो हिंदुस्तान का क्या होगा। इसका नाम सिर्फ अग्निवीर है, इसका सच्चा मतलब जवानों की पेंशन, शहीद का दर्जा छीन लिया गया है।

03:40 PM, 26-Sep-2024

किसानों-गरीबों को सीधे रुपये दूंगा- राहुल गांधी

राहुल ने कहा कि सबसे पहले गरीब लोगों की जेब में पैसा डालना है। मैंने लोकसभा में वायदा किया था, मैंने वायदा किया था कि हर गरीब परिवार के बैंक अकाउंट में एक लाख रुपए साल के अंदर डालेंगे। ये मैं छोड़ूंगा नहीं, आज नहीं कल। जितना पैसा इन्होंने अंबानी अडानी को दिया है उतना पैसा मैं निकालकर किसानों, गरीबों को दूंगा।

03:38 PM, 26-Sep-2024

मैं हरियाणा के किसान को जानता हूं, मैंने खेती की है- राहुल

भाजपा सरकार में किसानों से उनका हक छीना जाता है। आपको अपनी फसलों का सही दाम मिलता है। अरे ये पैसा किसी न किसी की जेब में तो जा रहा है। ये सिर्फ अडानी और अंबानी की जेबों में जा रहा है। मैं नहीं चाहता हूं कि हरियाणा के बच्चों को रोना पड़े। मैं ऐसा हरियाणा नहीं चाहता हूं, मैं ऐसा नहीं चलने दूंगा। हिंदुस्तान का किसान मर जाएगा, लेकिन आंसू नहीं निकलने देता। मैं हरियाणा के किसान को जानता हूं, मैंने खेती की है।

राहुल ने कहा कि ये काले कानून अडानी-अंबानी के लिए बनाए गए हैं। आपने अंबानी की शादी देखी, करोड़ों रुपए खर्च किए। कोई अमेरिका से आकर नाच रहा है, वहां सब बड़े लोग थे, गरीब किसान नहीं दिखा। इसलिए अवधेश ने इन्हें पटका है। जो अयोध्या से जीता है। इन्होंने राम मंदिर बनाया, वहां आदिवासियों को घुसने नहीं देते। मजदूर को आने नहीं दिया, किसान को आने नहीं दिया। सब बड़े लोग आ गए।

विज्ञापन
03:25 PM, 26-Sep-2024

सब लोग बॉयोलॉजिकल, नरेंद्र मोदी नॉन बॉयोलॉजिकल- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने रैली में संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि नॉर्मली आम तौर पर बब्बर शेर अकेला दिखता है, यहां पर हजारों टाइगर बैठे हुए हैं। मोदी जी का चेहरा देखा है आजकल। पहले 56 इंच की छाती हुआ करती थी। अब कहते हैं नॉन बॉयोलॉजिकल हूं, मेरा भगवान से सीधा रिश्ता है। घबरा गए हैं, तभी उल्टी सीधी बात बोल रहे हैं। आज कल यही कहते फिर रहे हैं, सब लोग बॉयोलॉजिकल, नरेंद्र मोदी नॉन बॉयोलॉजिकल।

03:19 PM, 26-Sep-2024

व्यापारी पूरी तरह से भयभीत- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि आज तराजू आपके हाथ में है कि किस तरह से भाजपा के कुशासन से आम आदमी तंग है। आपको ये भी देखना है कि किसानों ने अपना बलिदान दिया है। मैं आपसे अनुरोध करूंगा कि बीजेपी वालों से पूछो कि हरियाणा में बेरोजगारी में नंबर वन क्यो हैं। आज हरियाणा में अपराध बढ़ता जा रहा है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं। हरियाणा को सबसे असुरक्षित प्रदेश बताया गया है।

इसलिए यहां कोई भी उद्योगपति निवेश करने को तैयार नहीं है। आज जेलों से फिरौतियां मांगी जाती हैं। व्यापारी पूरी तरह से भयभीत हैं। सरकार दलित विरोधी सरकार चल रही है।

विज्ञापन
03:13 PM, 26-Sep-2024

किसानों की आय दोगुनी करेंगे- हुड्डा

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने जब भारत जोड़ो यात्रा की, उसके बाद एक नई ऊर्जा उन्होंने पैदा की। उसका नतीजा है कि अब हर व्यक्ति कांग्रेस की ओर से देख रहा है। लोगों ने दस साल कांग्रेस की सरकार देखी, इनकी भी देखी, लेकिन आज हरियाणा को इन्होंने बर्बाद कर दिया। ऐसी सरकार का अब तिरस्कार करना है। इन्होंने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे, लेकिन इन्होंने किसानों को भी कुछ नहीं दिया। कांग्रेस ने 7 गारंटी की है, जिनको वह सरकार बनते ही पूरा करेगी।

03:10 PM, 26-Sep-2024

राहुल गांधी ने बोलती बंद कर दी- जेपी

सांसद जयप्रकाश जेपी ने कहा कि जो लोग संसद में कहते थे कि एक अकेला सब पर भारी, 56 इंच का सीना। अब उनकी बोलती राहुल गांधी ने बंद कर दी है। सोनिया गांधी ने जो हुड्डा और उदयभान की जोड़ी बनाई है, वह इस बार हरियाणा में कमाल करने जा रही है।

02:24 PM, 26-Sep-2024

मैं झूठ नहीं बोलता, ये मोदी जी का काम- राहुल

आपको मेरी जहां भी जरूरत होगी, संसद में उसे उठाना हो, मेरा दिल का रिश्ता है, पुराना रिश्ता है। मैं झूठ नहीं बोलता, ये मोदी जी का काम है। अब सब मिलकर एक साथ हरियाणा को खड़ा होना है, क्योंकि देव जैसे जो बच्चे रो रहे हैं उनके आंसू पोछने हैं। उनको खुश करना है।

02:24 PM, 26-Sep-2024

हरियाणा में कांग्रेस स्वीप पार्टी करने जा रही- राहुल

हिंदुस्तान की सरकार को नब्बे लोग चलाते हैं, इनमें तीन दलित है। होने कितने चाहिए 45। बजट कितना संभालते हैं। ये हिंदुस्तान की सच्चाई है। मैंने कहा है कि मोदी जी के सामने कहा है कि मैं इसको पास कराऊंगा। ये बांटने का काम करते हैं, मीडिया वाले चौबीस घंटे लगे रहते हैं, एक जात को दूसरी जात से लडा दो। अडानी को बचा दो। हरियाणा में कांग्रेस स्वीप पार्टी करने जा रही है। ये जो सरकार बनने जा रही है पूरे हरियाणा की सरकार होगी।

02:23 PM, 26-Sep-2024

कॉर्पोरेट इंडिया में हिंदुस्तान का एक भी व्यक्ति नहीं- राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि हम सिर्फ ये कह रहे हैं कि इस देश में आदिवासी कितने हैं, दलित कितने हैं, पिछड़े कितने हैं। कभी आरएसएस कहती है कि होना चाहिए। सच्चाई यह है कि नब्बे प्रतिशत लोगों के पास कुछ है नहीं। सिर्फ 250 लोगों के पास ही पैसा है। कॉर्पोरेट इंडिया में हिंदुस्तान का एक भी व्यक्ति नहीं है। सिलेक्टेड लोग हैं, अडानी का बिजनेस हैं, हजारों बिजनेस उससे कनेक्टेड है। फैमिली बिजनेस है।

02:18 PM, 26-Sep-2024

हरियाणा नहीं हिंदुस्तान बचाने की लड़ाई- राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि ये लड़ाई हरियाणा की नहीं है। हिंदुस्तान को बचाने की है। संविधान को बचाने की है। ये बीजेपी के लोग कर क्या रहे हैं, बीजेपी संविधान को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। सारी की सारी संस्थाओं को आरएसएस के हवाले कर दिया गया है, पूरा कंट्रोल नागपुर का है। उसमें हिंदुस्तान के 90 प्रतिशत लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।
 

आप लिस्ट निकालिए। उसमें न आपको एक ओबीसी मिलेगा, न दलित मिलेगा, न आदिवासी मिलेगा। ये खोखला कर रहे हैं देश को। इलेक्शन कमीशन में अपने लोग। मीडिया में अपने लोग। बाकी हिंदुस्तान के लिए कुछ नहीं। इसलिए हमने जातिगत जनगणना की बात की।

राहुल गांधी ने कहा कि हम सिर्फ ये कह रहे हैं कि इस देश में आदिवासी कितने हैं, दलित कितने हैं, पिछड़े कितने हैं। कभी आरएसएस कहती है कि होना चाहिए। सच्चाई यह है कि नब्बे प्रतिशत लोगों के पास कुछ है नहीं। सिर्फ 250 लोगों के पास ही पैसा है। कॉर्पोरेट इंडिया में हिंदुस्तान का एक भी व्यक्ति नहीं है। सिलेक्टेड लोग हैं, अडानी का बिजनेस हैं, हजारों बिजनेस उससे कनेक्टेड है। फैमिली बिजनेस है।

02:17 PM, 26-Sep-2024

500 रुपए में गैस सिलेंडर- राहुल गांधी

राहुल ने कहा कि मैं आपको शुरुआत की बात कर रहा हूं, पहला कदम, महिला शक्ति 2000 रुपए, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, दूसरा कदम दो लाख सरकारी नौकरी। किसान को एमएसपी गारंटी करके हरियाणा की सरकार देगी, जो आपका बीमा का पैसा है, वह आपको एक दम मिलेगा। गरीबों के लिए घर, सौ गज के प्लॉट और साढ़े तीन लाख रुपए घर बनाने के लिए। तीन सौ यूनिट फ्री में देंगे।

02:16 PM, 26-Sep-2024

सारे के सारे एथलीट खत्म कर दिए- राहुल गांधी

राहुल गांध ने कहा कि हरियाणा की हालत को हम बदलना चाहते हैं। यहां पर स्टेज पर पूनिया जी बैठे हैं, ये इनके जैसे लोग गोल्ड मेडल पाते हैं। मैं इनके जिम में गया, ये चौबीस घंटा लगा रहते हैं। क्यों, गोल्ड मेडल चाहिए। हरियाणा का नाम रोशन करना चाहते हैं। गोल्ड मेडल हम अपने लिए नहीं लेते, हिंदुस्तान के लिए लेते हैं।

इनका क्या किया, सारे के सारे एथलीट खत्म कर दिए। इनकी बहनों का सेक्शुअल हैरेसमेंट चल रहा है, जिसने किया उसको बचाया जा रहा है। ऐसा हरियाणा हमे नहीं चाहिए। हमें हरियाणा ऐसा चाहिए, जहां बच्चे न रोएं, जहां पिता अपने बच्चे के गले लग सके। ऐसा हरियाणा अब कांग्रेस पार्टी आपको देने जा रही है।

02:15 PM, 26-Sep-2024

करोड़पतियों का कर्जा माफ- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि इनकी सारी प्लानिंग 10-15 लोगों के लिए होती है। आपका कर्जा माफ नहीं होगा, लेकिन अपने दोस्तों का लाखों करोड़ रुपया माफ हो जाएगा। यहां हो क्या रहा है। हरियाणा में ड्रग प्रॉब्लम है, गुजरात में अडानी के पोर्ट में हजारों किलो ड्रग्स पाया जाता है। किसी को सजा हुई। मीडिया में लिखा, एक शब्द नहीं। एयरपोर्ट उनको चले जाते हैं, पोर्ट चले जाते हैं, मोबाइल फोन चलाओ पैसा उनकी जेब में चला जाता है। आपके लिए गलत जीएसटी, नोट बंदी।

02:14 PM, 26-Sep-2024

सेब का पूरा बिजनेस ठप हो गया- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि बच्चा रो क्यों रहा है, मैं आपको समझाता हूं। हरियाणा की सरकार और नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में रोजगार के सिस्टम को खत्म किया है। राहुल ने करनाल के अमित का भी जिक्र किया। नरेंद्र मोदी क्या करते हैं, काले कानून लाते हैं, जो है आपके पास वह भी छीनने की कोशिश करते हैं। कल मैं जम्मू कश्मीर गया तो सेब का पूरा बिजनेस ठप हो गया है। अडानी को दे दिया है।

02:06 PM, 26-Sep-2024

राहुल ने बताई अमेरिका की बात

राहुल गांधी ने कहा कि मैं ये सोच रहा था कि अगर इनकी ये हालत है। तो इनके बच्चों की क्या हालत होगी। कमरे में मैंने बात उठाई थी। फैमिली से मिल पाते हो। हम दस साल के लिए अपने बच्चों से नहीं मिल पाएंगे। हमारे माता पिता मर जाएंगे, लेकिन हम वापस नहीं जा पाएंगे। जब आप वापस हिंदुस्तान जाएंगे, तब हमारे परिवारों से पांच मिनट के लिए मिल लीजिएगा।

राहुल बोले- मैं परिवार से मिलने करनाल आया

मैंने उनसे कहा कि आपके पास मोबाइल फोन तो होगा, वीडियो कॉल करते होंगे, उनको तो मालूम होगा। हमारे बच्चे ये नहीं मानते हैं कि हम ठीक हैं। फिर मैं करनाल गया, सुबह चार बजे। बातचीत शुरू की, एक मेंबर परिवार का यूएस में है। वीडियो कॉल चल रही है। 

फिर एक दौड़ता हुआ बच्चा आता है और पिता से कहता है कि वापस आओ। बच्चे की आंखों में आंसू, चिल्ला रहा है। पिता हजारों किलोमीटर दूर मुस्कुराने की कोशिश कर रहा है। नहीं मैं ठीक हूं। बच्चा इमोशनल हो गया।

वह अपने पिता को दस साल के लिए नहीं देखेगा। छू नहीं पाएगा, गले नहीं लग पाएगा। क्यों, हरियाणा की सरकार ने हरियाणा को खत्म कर दिया है। वो बच्चे की चीखें नहीं थी, हर हरियाणा के लोगों की चीखें हैं। हरियाणा के लाखों बच्चे इस प्रकार से रो रहे हैं, चीख रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का काम उनके आंसू पोंछने का है रोकने का है।

02:02 PM, 26-Sep-2024

कर्ज लेकर विदेश जा रहे युवक- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने बताया कि मैंने फिर एक सवाल पूछा कि आपने 35 लाख रुपए कर्जा लिया है। आप इतने पैसों से हरियाणा में बिजनेस कर लो। वो हंसने लगे। उन्होंने कहा कि अगर हमने ये पैसे हरियाणा में लगा दिए होते तो हरियाणा में बिजनेस ठप हो जाता है।

जब उन्होंने मुझे बोला हरियाणा में हमारे जैसे लोगों के लिए अब कुछ नहीं बचा है। अगर एक युवा गरीब है, तो न उसे बैंक लोन मिल सकता है। न उसे नौकरी मिल सकती है। ऐसे लोगों के लिए सारे दरवाजे बंद कर दिए गए हैं।

02:01 PM, 26-Sep-2024

डेलेस में एक कमरे में 15 से 20 लोग सोते हैं- राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि आपके भाई डेलेस में एक कमरे में 15 से 20 लोग सोते हैं। मैंने उनसे पूछा कि आप अमरीका कैसे आए। देशों की लिस्ट दे दी। उन्होंने बताया कि हम कई देशों से होकर तैमना के जंगलों से निकलकर अमेरिका गए। अमेरिका में हमे रोका गया, पकड़ा गया। अब हम यही हैं। रास्ते की कहानी बताई। राहुल जी, रास्ते पर माफिया के लोगों ने एक बार नहीं, अनेक बार हम सबको लूटा। हम समुद्र में से निकले। जंगलों में से निकले। पहाड़ों में से निकले। हमारे भाईयों को जंगल में मरते हुए देखा है।

01:59 PM, 26-Sep-2024

रैली में राहुल गांधी ने उठाया डंकी का मुद्दा

राहुल गांधी ने भाषण की शुरुआत में कहा कि कैसे हैं आप। मूड कैसा है। देखिए आज कल ग्लोबलाइज दुनिया है। सारे के सारे देश हवाई जहाज से जुड़े हुए हैं। कुछ दिन पहले मैं अमेरिका गया, वहां मेरा प्रोग्राम टेक्सेस में था।

किसी ने कहा कि टेक्सेस में हरियाणा के युवाओं से मुझे मिलना चाहिए। मैं आज आपसे उस वीडियो के बारे में बोलना चाहता हूं, अगर आज आप हरियाणा को समझना चाहते हो, जो भी समझना है उस वीडियो के अंदर है। सबसे पहले जब मुझे बताया गया है कि हरियाणा से हजारों लोग अमरीका गए हैं।

मैं हैरान हो गया, मेरे दिमाग में सवाल उठा, इतने लोग क्यों जा रहे हैं। फिर मैं डेलेस में आपके भाईयों से एक छोटे से घर में जाकर मिला।

01:52 PM, 26-Sep-2024

भाजपा ने स्कूलों की बुरी हालत कर दी- उदयभान

प्रदेश कांग्रेस प्रधान उदयभान ने कहा कि अब समय आ गया है कि आपको निर्णय लेना है। आज किस तरह से किसान 13 महीने सड़कों पर बैठा रहा। आपके इसी करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा था कि यहां से एक भी किसान बिना सिर फूटे जा सकेगा।

आज आपको वोट की चोट से बदला लेना है। हमारी महिला पहलवानों को धरने पर बैठना पड़ा। आज आपको ये पूछना है कि हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन क्यों हैं।

क्यों हरियाणा में पर्चे लीक हो रहे हैं। आज ये पूछने की जरूरत है कौशल रोजगार विकास निगम जो भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। इसमें संविधान की घोर अवहेलना की गई है।

उदयभान ने कहा कि सरकार हमारे नौजवानों का शोषण कर रही है। परिवार पहचान पत्र को हथियार बनाकर लोगों की पेंशन काटी गई। बुजुर्गों की पेंशन काटी गई है। ये दलित विरोधी है, संविधान विरोधी है। आज स्कूलों की बुरी हालत कर दी है। शिक्षा में आज भी कई पद खाली पड़े हैं। यही हाल स्वास्थ्य विभाग का है।

01:44 PM, 26-Sep-2024

हुड्डा का भाजपा पर तंज

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी जब से भारत जोड़ो यात्रा जीटी रोड बेल्ट से गई थी, उससे कार्यकर्ताओं में भारी जोश भरा था। दस साल कांग्रेस की सरकार थी, दस साल बीजेपी की सरकार थी। कहा कि लोगों ने दोनों को तोल कर देख लिया है। गोहाना में प्रधानमंत्री आए थे, कह रहे थे कि हमारी सरकार 24 फसलों में एमएसपी दे रही है। हरियाणा में तो 24 फसलें ही नहीं होती। ये सिर्फ घोषणाएं ही करते हैं।

कहा कि कहा कि आज हरियाणा में हर वर्ग सरकार से परेशान है। अब लोग आपकी और कांग्रेस की तरफ देख रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की लहर है। कांग्रेस आ रही है, भाजपा जा रही है।

01:40 PM, 26-Sep-2024

एक तरफा गोगी की जीत होने वाली- सैलजा

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज राहुल गांधी ने पूरे देश में कांग्रेस का परचम इतना ऊंचा कर दिया है, आज इनके सामने कोई नेता टिक नहीं पा रहा है। कहा कि आज समय आ गया है कि हरियाणा में दस साल का कुशासन से छुटकारा मिलने जा रहा है। बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जल्द ही चुनाव का परिणाम आ जाएगा।

01:36 PM, 26-Sep-2024

भाजपा ने भाजपा ने भाईचारे को बांटने का काम किया- बीरेंद्र सिंह

पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि मैं आपको सिर्फ इतना ही कहूंगा। भाजपा हरियाणा के लोगों को पहले धर्म के नाम पर बरगलाती रही, लेकिन जब इससे काम नहीं हुआ, तो अब दूसरे जतन कर रहे हैं। इन्होंने हरियाणा के भाईचारे को बांटने का काम किया है। लेकिन शमशेर सिंह गोगी ने अपनी कार्यशैली से इन्हें मात दे दिया है।

01:35 PM, 26-Sep-2024

मैंने राजीव गांधी के साथ काम शुरू किया था- शमशेर सिंह गोगी

असंध से कांग्रेस उम्मीदवार शमशेर गोगी ने कहा कि मैंने राजीव गांधी के साथ काम शुरू किया था। अब आपके साथ परवान चढ़ा है। मैंने कांग्रेस की सेवा की है, उसका आपने रिवार्ड दिया है। असंध की धरती पर आपका स्वागत करता हूं।

01:34 PM, 26-Sep-2024

राहुल गांधी रैली के मंच पर पहुंचे

करनाल के असंध रैली के लिए राहुल गांधी मंच पर पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में उनका संबोधन होगा।

01:20 PM, 26-Sep-2024

बीजेपी का मेरा बूथ,सबसे मजबूत कार्यक्रम

बीजेपी के मेरा बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी ने नमो ऐप के जरिए कार्यकर्ताओं से बातचीत में पार्टी की नीतियों के बारे में बताया। कहा कि इसके अलावा वो पार्टी की उपलब्धियों को वोटरों तक पहुंचाने की जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा पीएम ने बताया कि हरियाणा बीजेपी ने 4000 से ज्यादा शक्ति केंद्र बनाए हैं।

01:17 PM, 26-Sep-2024

जो मतदान केंद्र जीतता है, वह चुनाव जीतता है- मोदी

नमो ऐप के जरिए हरियाणा के भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जो मतदान केंद्र जीतता है, वह चुनाव जीतता है। इसका पूरा आधार उन लोगों का झूठ है जो हमारे खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

01:04 PM, 26-Sep-2024

हिसार में रूठों को मनाने में जुटे पूर्व सीएम मनोहरलाल, पंजाबी समाज पर रखा फोकस

केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हिसार में भाजपा से रूठे लोगों को मनाने पहुंचे। उन्होंने पंजाबी समाज के लोगों पर खास फोकस रखा। मान-मनौव्वल के लिए पहुंचे मनोहर लाल ने एक निर्दलीय प्रत्याशी को भी मनाने का प्रयास किया लेकिन प्रत्याशी चुनाव लड़ने पर अड़ा रहा। 15 से 20 लोगों से एक-एक कर बातचीत की। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी की 28 सितंबर को होने वाली रैली की तैयारियों की समीक्षा की।

लोगों की प्रतिक्रिया के बाद उन्होंने समाज के प्रभावी लोगों को बातचीत के लिए बुलाया और हर एक से 5 से 10 मिनट तक बातचीत की। आखिर में सभी को एक ही संदेश देते रहे कि आपसी नाराजगी का फायदा किसी दूसरे को मत उठाने देना। उन्होंने अपनी जनसभाओं में 2016 आरक्षण आंदोलन से लेकर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी को भी दोहराया।

12:30 PM, 26-Sep-2024

पिछले दिनों अमित के परिवार से मिलने करनाल आए थे राहुल गांधी

करनाल में राहुल गांधी छह दिन पहले वह सुबह करीब 5 बजे अचानक घोगड़ीपुर गांव में पहुंच गए थे। यहां पर राहुल अमित कुमार के घर पहुंचे थे और उन्होंने उसके परिवार से मुलाकात की थी।

बता दें कि अमित कुमार अमेरिका में एक सड़क हादसे में घायल हो गया था जिसके बाद जब राहुल गांधी अमेरिका पहुंचे तो उन्होंने उससे मुलाकात कर उससे वादा किया था कि जब वो भारत पहुंचेंगे तो उसके परिवार से जरूर मिलेंगे। इस वादे को पूरा करने के लिए राहुल गांधी गोगड़ीपुर पहुंचे थे।

गोगड़ीपुर से लौटने के बाद राहुल गांधी ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस दौरे का वीडियो भी अपलोड किया और बीजेपी को रोजगार के मुद्दे पर घेरने का प्रयास किया था।

12:13 PM, 26-Sep-2024

सैलजा के मंच पर आने को लेकर संशय

हिसार में कपास मंडी में होने वाली राहुल गांधी की रैली को पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशन में 625 से अधिक पुलिस कर्मी 5 इंस्पेक्टर, चार सब इंस्पेक्टर, 5 डीएसपी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात होंगे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हिसार जिले के सभी प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील करेंगे।

2019 में हिसार जिले में 7 में से कांग्रेस को केवल एक कुलदीप बिश्नोई की आदमपुर सीट मिली थी। बाद में कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में जाने के बाद वह भी भाजपा के खाते में चली गई थी। इस बार हिसार जिले में दीपेंद्र सिंह हुड्डा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रचार के लिए जुटे हुए हैं। आज से कुमारी सैलजा भी प्रचार करने उतरेंगी।

12:08 PM, 26-Sep-2024

संयुक्त किसान मोर्चा ने नारनौंद में पंचायत कर लिया फैसला

संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा के आह्वान पर शहर की दादा देवराज धर्मशाला में बुधवार को किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए बलजीत सिंह और रणधीर मिलकपुर ने कहा कि 750 किसानों की शहादत को हम भूले नहीं हैं। पंचायत में किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों को हर हाल में सत्ता से बाहर करेंगे। 

उन्हाेंने बताया कि खनौरी सीमा पर उनके साथी शुभकरण को गोली मारी गई। पिछले आठ महीनों से किसान खनौरी सीमा पर बैठे हैं। उनकी अनदेखी चिंताजनक है। किसान-मजदूरों से अपील की गई कि वे किसी के बहकावे में न आएं। किसान नेता विकास सीसर ने बताया कि पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।

11:42 AM, 26-Sep-2024

दुष्यंत चौटाला का बीरेंद्र सिंह परिवार पर कटाक्ष

जींद के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कृषि कानूनों का समर्थन करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह को भी जनता अच्छे से समझ गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा की केंद्र सरकार में सांसद रहते हुए संसद में बृजेंद्र सिंह ने नए कृषि कानूनों के पक्ष में वोट देकर खुलकर समर्थन किया था और ट्रैक्टर रैली भी निकाली थी।

दुष्यंत ने कहा कि बृजेंद्र सिंह चाहे कितना भी भ्रम फैलाने की कोशिश कर लें, लेकिन जनता सब समझती है। पूर्व डिप्टी सीएम ने बीरेंद्र सिंह परिवार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टियां बदलने से किसी का किरदार नहीं बदल सकता। कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा में आने-जाने वाला बीरेंद्र सिंह का परिवार मौकापरस्त की राजनीति करते हैं। दुष्यंत चौटाला बुधवार को उचाना कलां में चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

11:29 AM, 26-Sep-2024

पूर्व विधायक कापड़ीवास ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत को कहा धृतराष्ट्र

रेवाड़ी के पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने नारनौल में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत पर हमला बोलते हुए उन्हें धृतराष्ट्र कह दिया। कापड़ीवास ने कहा कि राव को अपनी बेटी के अलावा कोई भी नहीं दिखाई दे रहा है। कहा कि वे भी रेवाड़ी से टिकट के दावेदार थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। पूर्व विधायक कापड़ीवास ने कहा कि इस चुनाव में पार्टी गौण हो गई और एक व्यक्ति विशेष ने कब्जा कर लिया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने बेटी के लिए भाजपा के सच्चे नेताओं और कार्यकर्ताओं की बलि ले ली है।

कापड़ीवास ने आरोप लगाया कि राव इंद्रजीत सिंह ने 70 साल में एक भी कार्य नहीं किया है। अगर किया है तो कोई उसे बताए। उन्होंने कहा कि अटेली विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले नेताओं की भावनाओं को दरकिनार करते हुए राव ने बेटी आरती राव को टिकट दिलवाया। आरोप लगाया कि राव इंद्रजीत सिंह ने केवल अपना ही भला चाहा है, दूसरे लोगों को तोते की तरह बना कर रखा है, जो केवल उनका नाम ही बोलते हैं।

11:24 AM, 26-Sep-2024

असंध से चुनाव प्रचार शुरू करने पर सीएम सैनी ने राहुल गांधी पर बोला बड़ा हमला

सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अभी मुझे मीडिया से जानकारी मिली कि आरक्षण विरोधी सोच रखने वाले नेता राहुल गांधी हरियाणा में अपनी चुनावी सभा की शुरुआत असंध से कर रहे हैं। 
  • दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी ने चुनाव रैली की शुरुआत उसी कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में की है, जिसने दो दिन पहले खुलेआम हरियाणा को लूटने का ऐलान करते हुए कहा है कि अगर कांग्रेस आई तो "अपना घर भरेंगे" और "अपनों का घर भरेंगे।”
  • एक ऐसा प्रत्याशी जो सरकारी खजाने को लूटने का खुलेआम ऐलान कर रहा हो, उसके समर्थन में अपनी सभा की शुरुआत करना राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के कट्टर भ्रष्टाचारी होने का सबसे बड़ा प्रमाण है।
  • मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि असंध के कांग्रेस प्रत्याशी से उनकी क्या सांठ-गांठ है? वो हरियाणा में कहीं और से भी तो रैली शुरू कर सकते थे! लेकिन, उन्होंने असंध को ही क्यों चुना? क्या ये "अपनों का घर भरना" दिल्ली दरबार का खजाना भरने का कोई प्लान तो नहीं है, राहुल गांधी इसका जवाब दें? 
  • कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की चैंपियन है। राहुल गांधी खुद भ्रष्टाचार के केस में जमानत पर हैं। कांग्रेस ने हरियाणा को भी खूब लूटा है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि असंध के उम्मीदवार के समर्थन में अपनी रैली की शुरुआत करके क्या वे “अपना घर भरने” का एजेंडा लेकर आए हैं?
  • राहुल गांधी ने असंध से सभा की शुरुआत करके कांग्रेस के लूट और भ्रष्टाचार की गारंटी दी है।

11:22 AM, 26-Sep-2024

पीएम का नमो ऐप के जरिए सीधा संवाद

वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर करीब 12:30 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और समर्थकों से नमो ऐप के जरिए सीधा संवाद करेंगे। इस महत्वपूर्ण बातचीत में पीएम मोदी आगामी चुनावों के मद्देनज़र पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देंगे और संगठन को मजबूती प्रदान करने पर जोर देंगे।

11:17 AM, 26-Sep-2024

हिसार पहुंचे राहुल गांधी: बोले- मोदी कहते हैं नॉन बॉयोलॉजिकल हूं; घबरा गए हैं, तभी उल्टी सीधी बात कर रहे हैं

राहुल गांधी आज हरियाणा में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। करनाल और हिसार में उनकी रैलियों का आयोजन किया गया है, जहां वे कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में जनता से समर्थन मांगेंगे। यह हरियाणा चुनाव में राहुल गांधी की पहली रैली होगी। उनके साथ मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद रहेंगे। इन रैलियों से कांग्रेस की चुनावी रणनीति को बल मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें