पूर्व विधायक पूर्ण चंद्र सेठी ने बीजद से किया किनारा
पूर्व विधायक पूर्ण चंद्र सेठी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार को सत्तारूढ़ बीजू जनता दल छोड़ दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भेज दिया है। पूर्ण चंद्र सेठी ने प्राथमिक सदस्यता के साथ-साथ पार्टी की राज्य परिषद से भी इस्तीफा दे दिया।सेठी ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर उनकी उपेक्षा की जा रही है इसी के लिए उन्होंने ये निर्णय लिया। वे 2009 से 2019 तक गंजम जिले की खलीकोट विधानसभा सीट से दो बार चुने गए।
पीएम मोदी की लोकप्रियता, स्वीकार्यता के मामले में ओडिशा नंबर वन: प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। अपनी इसी प्रतिबद्धिता के तहत केंद्र सरकार ने पिछले 10 वर्षों के दौरान राज्य को 18 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। आगे बोलते हुए उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और स्वीकार्यता के मामले में ओडिशा देश में नंबर वन पर है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सर्वेक्षणों और आकलनों से पता चलता है कि ओडिशा में पीएम की स्वीकार्यता 85 से 90 प्रतिशत के बीच है।
तमिलनाडु में इंधिया जननायगा काची (आईजेके) के संस्थापक टीआर पारीवेंधर ने पेरम्बलुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
NCP-SCP प्रमुख शरद पवार MVA बैठक में भाग लेने के लिए मुंबई के मातोश्री पहुंचे।
पश्चिम बंगाल की बेरहामपुर सीट से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाए गए पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान ने होली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मैं होली के त्योहार पर पूरे देश को शुभकामनाएं देता हूं। मैं कामना करता हूं कि हमारा जीवन सुंदर रंगों से भर जाए और सकारात्मक माहौल बना रहे।
"अगर कोई न्यायपालिका से राजनीति में आता है, तो यह सवाल उठाता है...": पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए तमलुक सीट से कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व न्यायधीश अभिजीत गंगोपाध्याय को उतारा है। जिसके बाद इसे लेकर विवाद पैदा हो गया है। पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम ने इसे लेकर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने सोमवार को कहा कि अगर कोई न्यायपालिका से राजनीति में आता है, तो यह सवाल उठाता है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए, न्यायपालिका एक भगवान की तरह है और यदि उनमें से कोई राजनीति में प्रवेश करता है, तो यह उनके द्वारा दिए गए पिछले निर्णयों पर सवाल उठाता है। हम चाहते हैं कि एक न्यायाधीश निष्पक्ष हो। एक न्यायाधीश जो समाज के लिए सोचता है और बिना किसी पूर्वाग्रह के फैसला देता है। उन्होंने कहा कि हमने एक मुख्य न्यायाधीश को देखा, जो सेवानिवृत्ति के बाद कुछ ही दिनों में राज्यसभा सदस्य बन गए। राम मंदिर के पक्ष में फैसला देने वाले एक अन्य मुस्लिम न्यायाधीश को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बना दिया गया। यह एक खतरनाक खेल है, ऐसा नहीं होना चाहिए।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सोमवार को पुरी में जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किया। वह 15 साल के अंतराल के बाद चुनावी मैदान में उतरे हैं। मंदिर में दर्शन के समय प्रधान के साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी थे। प्रधान को संबलपुर से भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पात्रा को पुरी से फिर से टिकट दिया गया है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने पश्चिम त्रिपुरा लोकसभा उम्मीदवार बिप्लब कुमार देब के समर्थन में बरजला में मतदाताओं के साथ एक संगठनात्मक बैठक में भाग लिया।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने दिल्ली में अपनी पत्नी-बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटियों रोहिणी आचार्य और मीसा भारती के साथ होली मनाई।
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने उत्तर प्रदेश के वृंदावन में होली का त्योहार मनाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने अबकी बार 400 पार का जो नारा दिया है, वह पूरा होगा। इतना ही नहीं, बल्कि सीटें इससे भी ज्यादा होंगी।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद में होली समारोह में शामिल हुए। शाह ने इस मौके पर होली की शुभकामनाएं दीं और रामभक्तों के लिए इस त्योहार को विशेष बताया।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीट जीतने का लक्ष्य हासिल करने के लिए भाजपा ने रविवार को उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। रविवार की रात घोषित पार्टी की पांचवीं सूची में विभिन्न राज्यों के 111 उम्मीदवार तय किए गए हैं। यूपी के लिए इस सूची में 13 नाम घोषित किए गए हैं जबकि पहली सूची में 51 नाम घोषित किए थे।
इस सूची में कई मौजूदा सांसदों के टिकट काटे हैं। मेरठ सीट से रामायण धारावाहिक में भगवान राम के पात्र की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को टिकट देकर सनातन को सर्वोपरि मानने का संदेश तो दिया ही है, साथ ही पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर पार्टी कार्यकर्ताओं को यह भी बताने की कोशिश की है कि अनुशासनहीनता करने वालों के लिए कोई रहम नहीं बरता जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अपने आवास पर दौरान लोक गीत गाकर होली का त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर तंज कसते हुए कहा, 'कोई खेल रेल में, कोई खेले जेल में।'
दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने होली मनाई। इस मौके पर उन्होंने कहा, "मैं रंगों के इस त्योहार होली पर देश के लोगों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मैं सभी से आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करता हूं। पिछले 10 वर्षों में देश नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है... मुझे लगता है कि पूरे देश में एक ही संदेश है, अब की बार 400 पार। टिकटों का आवंटन उम्मीदवारों की जीत के आधार पर किया गया है। मैं उन सभी को बधाई देना चाहता हूं जिन्हें टिकट मिला है।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में अपने आवास पर होली मनाई।
असम के लखीमपुर जिले के नाउबोइचा के विधायक भरत चंद्र नारा ने सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस ने दो दिन पहले उदय शंकर हजारिका को लखीमपुर लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया था, उसके बाद नारा ने पार्टी छोड़ दी। नारा को उम्मीद थी कि कांग्रेस इस सीट से उनकी पत्नी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रानी नारा को टिकट देगी। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को एक पंक्ति का त्यागपत्र भेजा। विधायक ने पत्र में लिखा है, "मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं।" नारा ने रविवार को असम कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ''मैं होली के अवसर पर सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।''
भाजपा नेता और पाटलिपुत्र से उम्मीदवार रामकृपाल यादव ने बिहार के पटना में होली मनाई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए गुजरात से छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिसमें वडोदरा और साबरकांठा के लिए नए चेहरे भी शामिल हैं, जहां पार्टी के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। इसके साथ ही पार्टी ने उन सभी 26 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। राज्य में सात मई को एक ही चरण में चुनाव होने हैं। भाजपा ने रविवार देर रात जारी छह उम्मीदवारों की अपनी नवीनतम सूची में सुरेंद्रनगर से आयुष एवं बाल विकास राज्य मंत्री महेंद्र मुंजपारा सहित पांच मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया।
वडोदरा और साबरकांठा सीट पर भाजपा ने क्रमश: मौजूदा सांसद रंजन भट्ट और भीखाजी ठाकोर को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, शनिवार को दो बार की सांसद भट्ट और ठाकोर ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की। पार्टी ने भट्ट की जगह हेमांग जोशी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि शोभना बरैया ठाकोर की जगह चुनाव लड़ेंगी।
Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने होली से ठीक एक दिन पहले अपनी पांचवीं लिस्ट जारी कर दी। वहीं, कांग्रेस ने भी शनिवार को अपने उम्मीदवारों की एक सूची जारी की थी। हालांकि, होली के दिन भी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा ने तो इस मौके पर भी चुनाव प्रचार जारी रखा है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने होली के बावजूद लोगों के घर-घर जाकर प्रचार किया। वहीं, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घर पर आए लोगों के साथ रंग लगाकर होली का आनंद लिया। यहां पढ़ें लोकसभा चुनाव से जुड़े बड़े अपडेट्स...