कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर छोटी पार्टियों के कांग्रेस में संभावित विलय पर बयान दिया। मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने कहा, 'जहां तक छोटी पार्टियों के कांग्रेस के साथ गठबंधन या विलय का सवाल है, मुझे लगता है कि अगर विचारधारा एक ही है तो अलग रहने की क्या जरूरत है? देखते हैं कि क्या होता है।' दरअसल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने भविष्यवाणी की है कि अगले कुछ वर्षों में, कई क्षेत्रीय दल कांग्रेस के साथ अधिक निकटता से जुड़ेंगे, या उसमें विलय करेंगे। उन्होंने एक साक्षात्कार के दौरान भविष्य के राजनीतिक परिदृश्य से जुड़े सवाल पर यह बयान दिया। थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पवार और उद्धव ठाकरे से की गई अपील को ‘निरर्थक’ करार दिया। बता दें कि पीएम मोदी ने एक चुनावी रैली में दोनों को अजित पवार और एकनाथ शिंदे से हाथ मिलाने की नसीहत दी थी। थरूर ने कहा, जो पार्टियां अब तक विपक्षी गठबंधन में शामिल नहीं हुई हैं, वे लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद ऐसा करेंगी।
केंद्रीय मंत्री और अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी सद्भावना मिलन में शामिल हुईं। स्मृति ईरानी इन दिनों अमेठी में जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राहुल गांधी के साथ बहस का निमंत्रण स्वीकार करने की अभी तक 'हिम्मत नहीं जुटाई है।' न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मदन बी लोकुर, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अजीत पी शाह और एन राम ने पिछले सप्ताह कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी और प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर लोकसभा चुनाव के प्रमुख मुद्दों पर बहस के लिए एक मंच पर आमंत्रित किया था। रमेश ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री से बहस का निमंत्रण स्वीकार करते हुए राहुल गांधी द्वारा पत्र लिखे एक दिन बीत चुका है। तथाकथित 56 इंच के सीने ने अभी तक निमंत्रण स्वीकार करने की हिम्मत नहीं जुटाई।'
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल 52 दिन तक जेल में रहे और तिहाड़ में कौन रहता है? खूंखार अपराधी। उन्हें फिर से जेल में जाना भी है। इस समय उनका मानसिक संतुलन सामान्य नहीं है। वे वही पुराने केजरीवाल नहीं हैं। कम से कम 2-3 से 4 दिनों तक उनकी बातों को खारिज किया जाना चाहिए।'
पटना में पीएम मोदी के रोड शो के दौरान उमड़ी भारी भीड़। पीएम मोदी को देखने के लिए घरों की छतों पर चढ़े लोग।
भाजपा नेता और पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार मनोज तिवारी ने सोनिया विहार में युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, 'हमारे सामने जो व्यक्ति चुनाव लड़ रहे हैं जैसे ही आप उनका नाम गूगल पर लिखेंगे तो आपको एक नारा सुनाई देगा, 'भारत तेरे टुकड़े होंगे'... आप सब भारत की सेना का सम्मान करते हैं... जिस व्यक्ति को यहां कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है वे भारतीय सेना को बलात्कारी कहते हैं।'
पीएम मोदी आज पटना में रोड शो करेंगे। थोड़ी देर में पीएम मोदी का रोड शो शुरू होगा। रोड शो के दौरान सीएम नीतीश कुमार भी प्रधानमंत्री के साथ रहेंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने AAP के पश्चिमी दिल्ली लोकसभा उम्मीदवार महाबल मिश्रा के समर्थन में उत्तम नगर इलाके में रोड शो किया। दिल्ली की सभी 7 संसदीय सीटों पर 25 मई को मतदान होना है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा, 'वे कह रहे हैं कि पूरे देश में 24 घंटे बिजली फ्री देंगे। दिल्ली में मध्यम वर्ग 8 रुपए की बिजली खरीद रहा है। व्यापारी वर्ग 11-13 रुपए की बिजली ले रहा है। इस तरह की बिजली पूरे देश को देना चाहते हैं? इससे बेहतर हमारे प्रधानमंत्री सोलर योजना में दे रहे हैं... पिछले 10 सालों में उन्होंने अगर दिल्ली में एक नया स्कूल खोला हो तो बताएं। पुराने स्कूल को रंग पेंट करके दिखाना इनकी चालाकी है।'
हरियाणा की करनाल लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर ने घर-घर जाकर प्रचार किया। मीडिया से बात करते हुए मनोहर लाल खट्टर ने कहा, 'उनके(अरविंद केजरीवाल) दिमाग का बाजा बजा हुआ है... ये काम हमारा और हमारी पार्टी के नेतृत्व का है। संविधान में किसी प्रकार की आयु सीमा नहीं दी गई है कि कौन सा व्यक्ति कितनी उम्र तक प्रधानमंत्री के पद पर रहेगा। आप अमित शाह से भी पूछेंगे तो वे बताएंगे कि प्रधानमंत्री कौन बनने जा रहा है।' गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में दावा किया है कि लोकसभा चुनाव में जीत के बाद पीएम मोदी एक साल के बाद अमित शाह को पीएम बनाएंगे। इसी दावे पर खट्टर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'मैं गृह मंत्री से पूछना चाहती हूं कि भाजपा ने रायबरेली के लिए क्या किया है? क्योंकि कांग्रेस ने गंगा ब्रिज, रेस कोर्स फैक्ट्री... AIIMS, NIFT... रेल लाइन... 5 राष्ट्रीय हाईवे... स्कूल की शुरूआत हमने की इन्होंने(भाजपा) बंद की... AIIMS हमने शुरू किया, इन्होंने बंद किया... उन्होंने(भाजपा) क्या किया है रायबरेली के लिए?'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मई को वाराणसी में रोड शो करेंगे और 14 मई को वाराणसी से लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इसके मद्देनजर तैयारियां जारी हैं। वीडियो अस्सी घाट और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हुगली में कहा, 'TMC जिस तरह बंगाल को लूट रही है वह एक 'महापाप' है। शिक्षक भर्ती घोटाला, कोयला घोटाला, पॉन्जी घोटाला, चीट फंड घोटाला... बहुत बड़ी लिस्ट है... TMC ने हमारे अन्नदाता, किसानों को भी नहीं छोड़ा। TMC वाले धान किसानों को मंडियों में लूटते हैं।' उन्होंने कहा कि 'आज TMC सरकार में हमारी बहनें सुरक्षित नहीं हैं। यहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। संदेशखाली में क्या हुआ? पूरे देश ने देखा। बेटियों के गुनहगारों को बचाने में TMC की पूरी सरकार लग गई... आज आरोपी CBI की गिरफ्त में है लेकिन TMC अभी भी उसके लिए बैटिंग कर रही है।'
हुगली के आरामबाग में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इसी पावन भूमि ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान सपूत दिए हैं लेकिन वोट बैंक की राजनीति के आगे उनके महान विचारों की अनदेखी की जा रही है। TMC के व्यवहार, काम में बंगाल की संस्कृति की एक झलक भी नज़र नहीं आती है। वोट बैंक को खुश करने के लिए ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। TMC घोर एंटी SC-ST घोर महिला विरोधी है।'
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मातृ दिवस के अवसर पर पीएम मोदी को उनके कई समर्थकों ने उनकी मां स्वर्गीय हीराबेन पटेल का चित्र उपहार में दिया।
पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा और पियाली दास समेत भाजपा नेताओं के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में टीएमसी ने 'संदेशखाली की निर्दोष महिलाओं से जालसाजी, धोखाधड़ी, धमकी और आपराधिक साजिश का गंभीर अपराध करने के आरोप लगाए। टीएमसी ने रेखा शर्मा और भाजपा नेताओं के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही करने की मांग की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जहां 'टेम्पो वाले अरबपतियों' से मिले 'नोटों की गिनती' कर रही है, वहीं उनकी पार्टी समानता सुनिश्चित करने के लिए जातीय जनगणना कराएगी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को अडानी और अंबानी से टेम्पो में नकदी मिल रही है।
देश में 24 घंटे बिजली का इंतजाम करेंगे: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "10 गारंटी में से पहली गारंटी ये है कि हम देश में 24 घंटे बिजली का इंतजाम करेंगे। देश में 3 लाख मेगावाट बिजली पैदा करने की क्षमता है...हमारा देश मांग से अधिक बिजली का उत्पादन कर सकता है। हम सभी गरीबों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देंगे। इसमें 1.25 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे..." पढ़ें पूरी खबर
महाराष्ट्र के मंत्री गुलाब रघुनाथ पाटिल ने कही यह बात
महाराष्ट्र के मंत्री गुलाब रघुनाथ पाटिल ने कहा, "जलगांव में सिंचाई के मुद्दें हैं... यह इलाका गन्ने का बेल्ट है, गन्ने को फल का दर्जा देने की हमारी बेहद पुरानी मांग है जिसे हम आगे बढ़ाएंगे औऱ इस पर कार्य करेंगे... हम इस बार केंद्र सरकार से यह मांग करेंगे की यहां पर उतत्र महाराष्ट्र महामंडल स्थापित की जाए।"
वीरेंद्र सचदेवा ने कही यह बात
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "मतदान के लिए लोगों का जागरूक होना बहुत जरूरी है और आज पूरी दिल्ली में हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से एक ही बात कह रहे है- 'अपना वोट राष्ट्र व प्रधानमंत्री मोदी के नाम'..."
मयूर विहार में डोर-टू-डोर प्रचार अभियान
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा के समर्थन में मयूर विहार में डोर-टू-डोर प्रचार अभियान चलाया।
पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में चार जनसभाओं को करेंगे संबोधित
लोकसभा चुनाव के तहत अब तक तीन चरणों में मतदान हो चुका है। अब चौथे चरण का मतदान 13 मई को होना है। इस दिन पश्चिम बंगाल की आठ लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी रविवार को पश्चिम बंगाल में तूफानी दौरे कर धुआंधार प्रचार करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को चार रैलियों को संबोधित करेंगे।
Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 96 सीटों के लिए सोमवार को मतदान होना है। लोकसभा चुनाव के चौथे दौर में जिन सीटों पर मतदान है, उनमें आंध्र प्रदेश की सभी 25, तेलंगाना की सभी 17, उत्तर प्रदेश की 13 और महाराष्ट्र की 11 सीट शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, बिहार की पांच, झारखंड और ओडिशा की चार-चार और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर भी इसी चरण में मतदान होना है।