चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को भेजा नोटिस
भारत चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। चुनाव आयोग ने मजूमदार से 21 मई को शाम 5 बजे तक अपना जवाब देने को कहा। दरअसल 4 मई को तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की कि कुछ अखबारों में भाजपा के विज्ञापन बेहद अपमानजनक और झूठे हैं। यह भी आरोप लगाया गया था कि इन विज्ञापनों में मतदाताओं से धार्मिक आधार पर वोट देने की अपील की गई है।
पीएम मोदी की जनसभा के बाद मनोज तिवारी बोले- यह हमारा सौभाग्य
उत्तर पूर्वी दिल्ली में पीएम मोदी की जनसभा के बाद भाजपा उम्मीदवार और सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री पहली बार जनसभा के लिए इस इलाके में आए हैं। उन्होंने कहा ‘यह हमारे संसदीय क्षेत्र का सौभाग्य है कि इस दारौन एक विदेशी प्रतिनिधिमंडल भी यहां आया।’
पीएम मोदी की जनसभा में सिंगापुर के उच्चायुक्त और नेपाल के राजदूत
सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग और नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर पी शर्मा सहित कई विदेशी प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में पीएम मोदी की जनसभा में भाग लिया।
महाराष्ट्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए संगीत का सहारा
महाराष्ट्र के भिवंडी लोकसभा क्षेत्र में तैनात केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक ने मतदाताओं से मतदान करने का आग्रह करने के लिए संगीत का सहारा लिया है। मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए एक समारोह में पर्यवेक्षक चितरंजन धांगडा माझी ने 'अपना ये वोट है, अपनी ये पहचान है' गीतको मतदाताओं को सुनाया। चिनार-महेश द्वारा रचित यह गीत नागरिकों से मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह करता है।
मुंबई में मतदान के दौरान तैनात होंगे 30 हजार पुलिसकर्मी
मुंबई में लोकसभा चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगभग 30,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। मुंबई की छह सीटों और महाराष्ट्र की सात अन्य सीटों पर लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण तहत 20 मई को मतदान होगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंगा नियंत्रण पुलिस की तीन इकाइयों के कर्मियों सहित 2,752 अधिकारी और 27,460 पुलिसकर्मी मुंबई में चुनाव के दिन तैनात रहेंगे।
चुनाव आयोग ने टीएमसी नेता हुमायूं कबीर की निंदा की
चुनाव आयोग ने टीएमसी नेता हुमायूं कबीर की निंदा की है। हुमायूं कबीर पर मतदाताओं को प्रतिद्वंद्वी दलों के कार्यकर्ताओं के खिलाफ धमकाने का आरोप है।
दिल्ली में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 का ये चुनाव भारत को शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में लाने के लिए है। प्रधानमंत्री ने कहा ‘2024 का ये चुनाव भारत की अर्थव्यवस्था को उन ताकतों से बचाने के लिए है, जो अपनी आर्थिक नीतियों से भारत को दिवालिया कर देना चाहते हैं। 2024 का ये चुनाव भारत के युवाओं के लिए नए अवसर बनाने के लिए है।’
पांचवें चरण का चुनाव प्रचार थमा, 20 मई को मतदान
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत आठ राज्यों की 49 सीटों के लिए चुनाव प्रचार थम गया है। 20 मई को उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, बिहार की पांच, पश्चिम बंगाल की सात, ओडिशा की पांच, झारखंड की तीन, जम्मू-कश्मीर की एक और लद्दाख की एक लोकसभा सीट पर मतदान होगा।
पीएम मोदी ने मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने का काम किया- शरद पवार
एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि विनायक दामोदर सावरकर कोई चुनावी मुद्दा नहीं है लेकिन पीएम मोदी ने एक जनसभा में इस बारे में बात कर मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने का काम किया है। इससे पहले पीएम मोदी ने महाराष्ट्र में एक जनसभा को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री ने पवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से यह वादा करने की चुनौती दी थी कि वह (पवार) सावरकर की कभी आलोचना नहीं करेंगे।
अमेठी में अमित शाह का रोड शो
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के अमेठी लोकसभा क्षेत्र में रोड शो किया।
पीओके भारत का हिस्सा बनेगा- योगी आदित्यनाथ
महाराष्ट्र के पालघर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत द्वारा अपने दुश्मन की पूजा नहीं की जाएगी और पाकिस्तान के लिए पीओके को बचाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे और छह महीने के भीतर पीओके भारत का हिस्सा बन जाएगा।
अंबाला में कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी
अंबाला में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ वोट से मतलब है। प्रधानमंत्री ने कहा ‘ये दिल्ली और हरियाणा में हाथ में झाडू़ लेकर घूम रहे हैं और पंजाब में कह रहे हैं कि झाडू़ वाला चोर है। इन्होंने हरियाणा वालों को समझ क्या रखा है।’ पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता किसानों का कल्याण है। उन्होंने कहा ‘कांग्रेस के जमाने में 2014 से पहले 10 साल में देश के किसानों से सिर्फ 7.5 लाख करोड़ रुपए का अनाज एमएसपी पर खरीदा गया था। हमने पिछले 10 साल में 20 लाख करोड़ रुपए का अनाज किसानों से एमएसपी पर खरीदा।’
अमेठी में प्रियंका गांधी का रोड शो
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमेठी में रोड शो किया।
ओडिशा में अगले चरण के मतदान के लिए तैनात होंगी सीएपीएफ की 102 कंपनियां
ओडिशा में अगले चरण में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मतदान के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 102 कंपनियां तैनात की जाएंगी। बता दें कि इससे पहले चरण के मतदान के दौरान गंजाम और बोलांगीर जिलों में हिंसा की खबरें सामने आईं थीं। सोमवार को ओडिशा में पांच लोकसभा क्षेत्रों और 35 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है।
लालू प्रसाद यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
बिहार के छपरा में आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने कहा ‘पीएम मोदी जी बार बार बिहार आ रहे हैं, इसका मतलब यह है कि भाजपा खत्म हो रही है...INDIA गठबंधन चारों तरफ जीत रहा है।’
ओडिशा: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव राजगांगपुर पहुंचे
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव राजगांगपुर पहुंचे। उन्होंने कहा, "इस बार ओडिशा के लोगों ने मन बना लिया है कि दोनों वोट (लोकसभा और विधानसभा) भाजपा को देंगे।"
भाजपा हार नहीं रही है, भाजपा चुनाव हार चुकी है: अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा हार नहीं रही है, भाजपा चुनाव हार चुकी है। उनकी भाषा और उनके भाषण से पूरे देश की जनता जान चुकी है कि उनका काउंटडाउन शुरू हो गया है। जितनी ऊंचाई पर जाना था वो जा चुके हैं, अब उन्होंने लुढ़कना शुरू कर दिया है... '400 पार' यानी 543 सीटों में से 400 के बाद जो सीटें होंगी वो ये लोग जीतेंगे... इस बार वे(भाजपा) 140 सीटों के लिए भी तरस जाएंगे।"
राहुल गांधी के बयान पर गिरिराज का पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा, "वे (राहुल गांधी) खुद अपने इशारे पर नहीं बोल पाते, वे तो दूसरों के इशारे पर बोलते हैं। उन्हें इतना वहम है... ऐसा व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बनना चाहता है।"
उद्धव ने जेपी नड्डा पर किया पलटवार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के बयान पर शिवसेना(UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, "वे (जे.पी. नड्डा) कल RSS को भी फर्जी बता सकते हैं। अब मुझे लगता है कि RSS को खतरा है... "
खरगे ने भाजपा पर साधा निशाना, अधीर रंजन पर कही यह बात
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "सभी चीजें पीएम मोदी के इशारे पर चलती हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। वे जो कहते हैं वो ही होता है लेकिन इस बार चुनाव में वो नहीं होगा। जनता की लड़ाई खुद जनता उनके खिलाफ लड़ रही है..."
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "पहले तो ममता बनर्जी ने कहा कि वे बाहर से (INDIA गठबंधन) समर्थन करेंगी... बहुत सी पार्टियां ऐसा करती हैं... हाल ही में उनका एक और बयान आया है कि अगर सरकार बनती है तो वे सत्ता में शामिल हो जाएंगी। वे(ममता बनर्जी) गठबंधन के साथ हैं, ये स्पष्ट है... अधीर रंजन चौधरी निर्णय लेने वाले नहीं हैं। निर्णय लेने वाले हम हैं, कांग्रेस पार्टी है, हाईकमान है... हम जो तय करेंगे उन्हें फॉलो करना होगा, अगर कोई फॉलो नहीं करता है तो वो बाहर जाएगा।"
Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: लोकसभा चुनाव का प्रचार अपने चरम पर है। पांचवें दौर का चुनाव प्रचार शनिवार को थम जाएगा। 20 मई को होने वाले मतदान के दौरान छह राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड और दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख की कुल 49 सीटों पर मतदाता वोट डालेंगे। पांचवें दौर में जिन सीटों पर मतदान है, उनमें उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार और ओडिशा की पांच-पांच सीटें शामिल हैं। इसके अलावा, झारखंड की तीन, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एक-एक सीट पर भी इसी चरण में मतदान होना है।