दिल्ली के सभी 250 वार्डों में शाम चार बजे तक करीब 45 फीसदी मतदान हो चुका है। दोपहर की तुलना में फिलहाल पूरी दिल्ली में तेज गति से मतदान जारी है। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
रानी खेड़ा वार्ड के नव दृष्टि आश्रम में दृष्टिहीन मतदाता ने मतदान किया। इसके अलावा, राजा गार्डन के शिवाजी एनक्लेव में मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा गया। रघुबीर नगर मतदान केंद्र पर लाइन में मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
प्रियदर्शिनी विहार में मतदान केंद्र पर अनोखे अंदाज में मतदाताओं का स्वागत किया जा रहा है। यहां मतदाताकर्मियों ने लाल कालीन बिछाई हुई है। इतना ही नहीं गुब्बारे लगाकर सजवाट की गई। मतदानकर्मियों ने यहां आने वाले बुजुर्ग मतदाताओं को फूल देकर स्वागत किया है। इसके बाद अपने मताधिकार के उपयोग के लिए कहा। उधर, साउथ एक्सटेंशन पार्ट 2 में एसडीएमसी स्कूल में वोट डालने के बाद पुलिसकर्मियों ने गुलाब के फूल बुजुर्ग मतदाताओं को दिए। पुलिसकर्मी बुजुर्गों को व्हील चेयर पर पोलिंग बूथ तक पहुंचा रहे हैं।
दिल्ली में एमसीडी चुनाव को लेकर हो रही वोटिंग में दोपहर 2 बजे तक लगभग 30 फीसदी मतदान हुआ। राज्य चुनाव आयोग ने यह जानकारी दी है।
आम आदमी पार्टी के नेता एवं मंत्री राजकुमार आनंद परिवार सहित पूर्वी पटेल नगर में मतदान किया। मतदान के बाद मतदान निशान दिखाया।
तस्वीर: भूपिंदर सिंह
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सर्वोदय कन्या विद्यालय तुगलकाबाद के मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पूर्व क्रिकेटर और बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ओल्ड राजेंद्र नगर में पत्नी नताशा गंभीर के साथ मतदान किया। इसके बाद भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि हमारे पास टैक्स पेयर के हजारों करोड़ रुपए नहीं हैं जो हम अपनी राजनीति चमकाने के लिए लगाएं, हमारे पास सच्चाई है। प्रधानमंत्री ने 3000 से ज्यादा जहां झुग्गी वहीं मकान दे दिए अगर ये दिल्ली सरकार ने किया होता तो तीन लाख का प्रचार करते।
तस्वीर:भूपिंदर सिंह
सीलमपुर इलाके में पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी हैं। इसके अलावा द्वारका ए 121 बूथ पर भी लंबी कतार लगी है। दिल्ली के शकरपुर राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर- 2 पोलिंग बूथ पर वोटर्स की लंबी लाइन लगी है।
तस्वीर: राकेश शर्मा
मुंडका गांव में मतदान केंद्र के पास कुछ ग्रामीण हुक्का गुड़गड़ा रहे हैं। सभी ग्रामीण मतदान की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाबी बाग एक्सटेंशन में पिंक पोलिंग बूथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि जैसे पूरा देश तरक्की कर रहा है वैसे ही दिल्ली भी तरक्की करे, इसके लिए लोगों को मतदान करने की ज़रूरत है। दिल्ली के लोगों को झूठ और फरेब से निजात चाहिए।
बवाना विधानसभा इलाके के कटेवड़ा गांव के लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। गांव में तीन मतदान केंद्र हैं, 3500 मतदाता हैं। मगर अभी तक एक भी ग्रामीणों ने मतदान नहीं किया है। दरअसल गांव के लोग समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण नाराज हैं। उन्होंने इस बार मतदान नहीं करने का निर्णय लिया है।
दिल्ली के 250 वार्डों में दोपहर 12 बजे तक लगभग 18 प्रतिशत मतदान हुआ। सभी वार्डों में सुचारू रूप से मतदान चल रहा है। अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
पोलिंग स्टेशन 26 गोविंदपुरी टेंट में पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। वहीं, चुनावों को देखते हुए गोविंदपुरी का मेन रोड आनंदमयी मार्ग दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है। इस वजह से आने जाने वालों को परेशानी हो रही है। दूसरी ओर, तिलक नगर में पोलिंग बूथ पर मतदान सूची में अपना नाम देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी है।
मध्य दिल्ली के पश्चिम पटेल नगर इलाके से भाजपा की उम्मीदवार दीपाली कपूर अपना वोट डालने के बाद अपने इलाके के पिंक बूथ का निरीक्षण करने पहुंची।
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हमें जनता पर पूरा भरोसा है, हमने क्षेत्र में जनता की सेवा की है। हर मुद्दे के ऊपर काम किया है। मैं केजरीवाल के बयान से सहमत हूं कि ईमानदार पार्टी को ही वोट करना चाहिए, क्योंकि जिस प्रकार CM, उप-CM और अन्य मंत्री है उनका रिकॉर्ड तो जनता के सामने है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ये चुनाव दिल्ली के लिए वेक-अप कॉल हैं। 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है...हाल ही में एक रिपोर्ट आई है कि अगले 4-5 साल में हम तीसरे (अर्थव्यवस्था) स्थान पर जा रहे हैं। इसलिए हमें ये भी देखना होगा कि हम राजनीति के किस ब्रांड चुन रहे हैं।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सुभाष मोहल्ला वार्ड में बीजेपी का समर्थन करने वाले 450 वोटरों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। यह दिल्ली सरकार की एक बड़ी साजिश है, इसके खिलाफ शिकायत करेंगे और इस चुनाव को रद्द करने और फिर से चुनाव कराने की अपील करेंगे।
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022: दिल्ली पुलिस निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। उत्तरी दिल्ली पुलिस स्टेशन कोतवाली और सब्जी मंडी की यह तस्वीरें हैं। वहीं, नसीरपुर गांव के एमसीडी प्राइमरी में वोट के लिए 80 वर्षीय दयावती पहुंची।
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया कि नगर निगम में एक ईमानदार सरकार बनाने के लिए आज पूरे परिवार साथ जाकर मतदान किया। आज छुट्टी का दिन है, आप भी अपने पूरे परिवार के साथ जाकर मतदान जरूर करें। अपने पड़ोसियों और जानकारों को भी वोट डालने के लिए कहें। हम सब मिलकर दिल्ली को साफ़-स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे।
मतदान के दिन संदिग्ध तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए सिंघू बॉर्डर पर विशेष पिकेट तैनात की गई है। वहां तैनात पुलिस कर्मचारियों ने 90 कार्टून अवैध शराब और तीन आरोपियों को एक संदिग्ध टेंपो के साथ रोका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मध्य दिल्ली के पश्चिमी पटेल नगर स्तिथ एक मतदान केंद्र पर कोई लग्जरी कार तो कोई रिक्शे से अपना मतदान करने पहुंचे। वहीं, 70 साल के बुजुर्ग मतदाता बलवंत का कहना है कि कोई भी पार्टी कुछ नहीं करती। इस बार बदलाव लाना है।
बीजेपी नेता सतीश उपाध्याय ने भी मतदान किया। हरी नगर में बीजेपी नेता राजिंदर पाल सिंह बग्गा ने वोट डाला। दिल्ली बीजेपी के कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल ने भी वोट किया।
पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह और पश्चिमी दिल्ली से सांसद प्रवेश वर्मा के गांव मुंडका में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची के बजाए लैपटॉप में देखकर मालूम किया जा रहा है। मुंडका में मतदान केंद्र के बहार एक उम्मीदवार की टेबल पर मतदाताओं की पर्ची बनाने की कमान युवतियों ने संभाल रखी है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी का वोट पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा में शिफ्ट हो गया। पहले यह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, मेरी पत्नी ने वोट डाला है। अभी तक ना मुझे लिस्ट के बारे में बताया जा रहा है ना मेरा नाम दिख रहा है।
जामिया के जे ब्लॉक अबुल फजल एनक्लेव में रहने वाले मतदाता सिराज मलिक वोट डालने आए थे, इनका वोट कट गया, वह वोट नहीं डाल पाए।
एमसीडी चुनाव में बुजुर्गों में मतदान को लेकर खासा जोश देखा जा रहा है। बड़ा हिंदू राव के डिप्टी गंज के गवर्नमेंट गर्ल्स सेक स्कूल में स्थित मतदान केंद्र में 106 वर्ष की बुजुर्ग महिला ने मतदान किया। बुजुर्ग महिला का नाम शांति बाला वैद्य है, वह न्यू कुतुब रोड इलाके में रहती हैं।
चितरंजन पार्क के पोलिंग बूथ पर मोबाइल नहीं ले जाने दिया जा रहा है। मोबाइल को लेकर सभी पोलिंग स्टेशनों पर अलग-अलग स्थिति बनी हुई है। कहीं ले जाने दिया जा रहा है कहीं नहीं जाने दिया जा रहा है।
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइंस के एक पोलिंग बूथ पर परिवार के साथ मतदान किया। दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली से बेहद प्यार करते हैं, दिल्ली की जनता से अपील है कि वे मतदान करें। आप ऐसी पार्टी को वोट दें जो काम करती है, कट्टर ईमानदार पार्टी को वोट दें, भष्टाचारी को नहीं शरीफ को वोट दें। अगले 5 साल तक काम करके दिल्ली को चमकाना है।
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग मोबाइल मैसेज करके वोट देने की अपील कर रहा है। मैसेज में लिखा है कि एमसीडी चुनाव 2022, मतदान आपका अधिकार ही नहीं आपकी जिम्मेदारी भी है, चार दिसंबर को पोलिंग बूथ जरूर जाएं और मतदान करें।
चितरंजन पार्क के वार्ड 171 पोलिंग स्टेशन 40 और 41 पर एक महिला मतदाता व्हीलचेयर से पहुंची। मतदाता का नाम पुष्पा कांडा है, जो 80 वर्ष की हैं। यह चलने में असमर्थ हैं और व्हीलचेयर पर वोट डालने आई। इनका कहना है कि मैं अपना वोट क्यों खराब करूं, वोट तो डालना है इसलिए वोट डालने आई हूं।
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022: भाजपा नेता एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने वेस्ट पटेल नगर में मतदान किया। आदेश गुप्ता वोट करने के बाद वोटर स्लिप दिखाते हुए।
MCD चुनाव में वोट डालने के बाद भाजपा उम्मीदवार राज रानी ने कहा कि MCD के एकीकरण से रुके हुए विकास के कार्यों के लिए पूरा बजट मिलेगा। AAP के चुने हुए मंत्री जेल में हैं तो वे काम कैसे कर पाएंगे। जैसा उनका पहला नेतृत्व है वैसा ही MCD में भी होगा। मुझे यकीन है कि यहां से मुझे 100% समर्थन है।
जोहर पब्लिक स्कूल बूथ नंबर 8 पर ईवीएम को ठीक कर दिया गया है। बूथ नंबर आठ पर करीब 9:30 बजे मतदान दोबारा शुरू हो गया था। मतदाता रहीस चौधरी ने कहा कि यहां वोट डालने के लिए आए थे, बेहद जरूरी काम से कहीं जाना था, लेकिन ईवीएम में खराबी के कारण वह वोट नहीं डाल पाए, अब इनका कहना है कि वह शाम के समय ही वोट डालेंगे।
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने रघुबीर नगर के एक मतदान केंद्र पर एमसीडी चुनाव के लिए वोट डाला। उन्होंने कहा कि 'मैं लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने और मतदान करने की अपील करती हूं, लोगों को बदलाव के लिए मतदान करना चाहिए'
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कृष्णा नगर में मतदान किया। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग वोट डालेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, मुझे उम्मीद है कि लोग उसी के अनुसार मतदान करेंगे। दिल्ली ने पिछले 15 वर्षों में भाजपा का काम देखा है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि मेरा नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, मेरी पत्नी ने वोट डाला है। अभी तक ना मुझे लिस्ट के बारे में बताया जा रहा है ना मेरा नाम दिख रहा है, मैं अभी औपचारिक जानकारी का इंतज़ार कर रहा हूं।
मतदान से पूर्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने अपनी पत्नी के साथ कालका माई के दरबार में मत्था टेका और सभी दिल्लीवासियों की खुशहाली के लिए मंगल कामना की।
दिल्ली के चितरंजन पार्क वार्ड नंबर 171 में पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल को ले जाने दिया जा रहा है। लेकिन मोबाइल को साइलेंट मोड पर करने के बाद अंदर जाने दिया जा रहा है। पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल के इस्तेमाल की अनुमति नहीं है।
डाबड़ी नगर निगम प्राथमिक विद्यालय में मतदान करने के लिए मतदाता पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, 86 वर्षीय आनंदी देवी ने पटेल नगर मतदान केंद्र से अपना वोट डाला। वह मतदान करके बाहर आते हुए।
मतदान केंद्र के अंदर फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। अकेले फोन लेकर आने वाले मतदाताओं को परेशानी हो रही है। मतदाता फोन कहां रखें, इसे लेकर समस्या हो रही है।
दिल्ली के जामिया नगर के अबुल फजल एनक्लेव वार्ड नंबर 188 में सुबह 8:15 बजे मतदान शुरू हुआ। जोहर पब्लिक स्कूल बूथ नंबर 188 पर ईवीएम मशीन में खराबी आने की वजह से मतदान शुरू नहीं हो सका।
दिल्ली के मयूर विहार फेस-1, एल्कॉन पब्लिक स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदाताओं का पहुंचना लगातार जारी है। मतदाता जयेश और शस्मिता त्रिपाठी 10 मिनट में वोट देकर वापस लौट गाए। जयेश ने कहा कि अभी भीड़भाड़ नहीं है, उनका 16वां नंबर था, वह करीब 10 मिनट में वोट देकर आ गए।
भाजपा सांसद परवेश वर्मा और उनकी पत्नी ने मटियाला गांव के एक मतदान केंद्र पर एमसीडी चुनाव के लिए वोट डाला। सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि 'आप' गोवा, उत्तराखंड और यूपी में सरकार बनाने का दावा कर रही थी लेकिन लोग जानते हैं कि उन्हें झूठ बोलने की आदत है। COVID के दौरान, AAP का कोई भी व्यक्ति लोगों के लिए काम करते नहीं देखा गया। लोगों के साथ केवल एमसीडी के कार्यकर्ता ही खड़े थे। एमसीडी चुनाव में हमें 250 में से करीब 210 सीटें मिल रही हैं:
पहली बार मतदान करने वाली एक छात्रा सोनम ने कहा कि मैं आज पहली बार मतदान करने आई हूं, इसे लेकर मैं उत्साहित हूं। जितना ज़रूरी इस देश में रहना है उतना ही ज़रूरी हमें देश को और बेहतर करने की दिशा में मतदान करना है। मेरे लिए महिला सुरक्षा, सफाई, सड़कें बनवाना यह प्राथमिकता है।
दिल्ली के लक्ष्मी नगर में मंगल बाजार बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। लक्ष्मी नगर के पोलिंग बूथ पर पार्टियों की टेबल पर मतदाता अपनी पर्ची बनवाने के लिए भीड़ लगी है।
एमसीडी चुनाव को लेकर नजफगढ़ के मतदान केंद्र के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदाताओं को मोबाइल अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि हमें अखबार से मालूम हुआ है कि मतदाता मोबाइल अंदर ले जा सकते हैं लेकिन हमारे पास इस संबंध में कोई भी आदेश नहीं आए हैं जिस कारण हम मोबाइल अंदर ले जाने नहीं दे रहे। वहीं, नजफगढ़ के पोलिंग बूथ पर एक पार्टी की टेबल पर मतदाता अपनी पर्ची बनवाने वालों की भीड़ है।
दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि 1.5 करोड़ लोग निगम के लिए अपनी सरकार चुनेंगे। MCD का काम है दिल्ली का कूड़ा साफ करना, व्यापारियों को इमानदारी से लाइसेंस देना, गलियां बनवाना, पार्कों की सफाई करनवाना है। आप अपना वोट यह सोच कर दें कि आप वोट दिल्ली को साफ, स्वच्छ रखने के लिए दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता अजय माकन एमसीडी चुनाव के लिए वोट डालने के लिए राजौरी गार्डन के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचे। MCD चुनाव में वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि यह चुनाव गलियों, कूड़े, नालियों और साफ-सफाई का चुनाव है, मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सबसे बेहतरीन हैं। पिछली बार हमें 24 फीसदी वोट मिले थे और हमने 31 सीटें जीती थीं। 2019 में भी हमें 22-23 फीसदी वोट मिले थे।
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए मतदान चल रहा है। मटियाला गांव के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए मतदाता कतार में खड़े हैं। तस्वीरें मटियाला गांव मतदान केंद्र की है।
1349 उम्मीदवारों में से 1336 को इसमें शामिल किया गया है। इनमें से छह उम्मीदवारों ने पीएचडी की है। सिर्फ 36 फीसदी यानि 487 उम्मीदवारों ने ही उच्च शिक्षा हासिल की है। 12 उम्मीदवार डिप्लोमा धारक हैं। दूसरी तरफ 60 उम्मीदवार निरक्षर हैं जबकि 20 ने खुद को सिर्फ साक्षर बताया है। स्कूली शिक्षा इन्होंने नहीं ली है। दूसरी तरफ निगम उम्मीदवारों में उनकी संख्या ज्यादा है, जिन्होंने 40 साल की उम्र पार कर ली है। करीब 55 फीसदी उम्मीदवार 41-60 आयु वर्ग में हैं। 40 और उससे कम उम्र के उम्मीदवारों की संख्या करीब 38 फीसदी है। वहीं, पांच फीसदी उम्मीदवार 61-80 वर्ष की आयु वर्ग के हैं।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में बेशक बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना बड़ा मसला है, लेकिन निगम चुनाव में ताल ठोक रहे 56 फीसदी उम्मीदवारों ने 12वीं तक ही पढ़ाई की है। करीब 60 उम्मीदवार तो स्कूल भी नहीं गए हैं। इसकी जानकारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की उम्मीदवारों की रिपोर्ट से मिली है। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग में उम्मीदवारों की शपथ पत्र के विश्लेषण के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की गई है।
मतदान शुरू होने से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लोगों से मतदान की अपील की। उन्होंने लिखा कि साफ़-स्वच्छ और सुंदर दिल्ली बनाने के लिए आज मतदान है, नगर निगम में एक भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए मतदान है। सभी दिल्लीवासियों से मेरी अपील- दिल्ली नगर निगम में एक ईमानदार और काम करने वाली सरकार बनाने के लिए आज अपना वोट डालने ज़रूर जाएं।
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त विजय देव ने लोगों से एमसीडी चुनाव में भारी मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से लोकतंत्र मजबूत होता है। इसी कड़ी में सभी दिल्लीवासी अपने मताधिकार के महापर्व का स्वागत करें।
चुनाव में 68 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इन स्टेशनों में मतदाताओं के लिए चाय-पानी के अलावा बैठने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, स्टेशनों पर टेंट लगाकर कवर किया जाएगा। इसके अलावा आयोग ने 68 पिंक पोलिंग स्टेशन भी बनाए हैं। यहां मतदान से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक महिला अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथों में होगी। एमसीडी चुनाव में पहली बार पिंक पोलिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। आयोग ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मॉडल व पिंक पोलिंग स्टेशन बनाया है।
250 सीटों पर 1,349 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। इसमें से 640 पुरुष और 709 महिलाएं हैं। भाजपा व आम आदमी पार्टी के 250 व कांग्रेस के 247 उम्मीदवार है। बसपा, एनसीपी, जनता दल (यू), समेत दूसरे दलों ने भी उम्मीदवार उतारे हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 384 है।