फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi CJP Protest Live: हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई, प्रदर्शन में मौत के दावों पर दिल्ली पुलिस का बयान

Wed, 22 Jul 2026 12:19 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

CJP Parliament March Live Updates in Hindi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सोमवार को मचे भारी बवाल के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करवा लिया था लेकिन देर रात एक बार फिर से प्रदर्शनकारी वहां पर जुटने लगे। रात को प्रदर्शनकारियों के बीच अभिजीत दीपके ने कहा है कि अब सरकार से कोई बात नहीं होगी जिसे भी बात करनी होगी वो जंतर-मंतर पर आएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:17 AM, 22-Jul-2026
द्धव ठाकरे - फोटो : अमर उजाला

ठाकरे पहुंचे जंतर मंतर

शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे जंतर-मंतर पहुंचे हैं। 

10:33 PM, 21-Jul-2026

दिल्ली पुलिस का बयान, सीजेपी के प्रदर्शन में किसी की मौत नहीं

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान या उसके बाद किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे ऐसे सभी दावों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी के भी जान गंवाने की खबर पूरी तरह गलत है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं को साझा न करें। साथ ही पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने और बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचने की भी अपील की।

08:54 PM, 21-Jul-2026

हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों की रिहाई, पुलिस मुख्यालय के बाहर चल रहा धरना समाप्त

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, हमारे वकीलों ने अभी जानकारी दी है कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा कर दिया गया है। इसलिए दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर चल रहा धरना समाप्त किया जाता है।

विज्ञापन
08:22 PM, 21-Jul-2026

मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा

दिल्ली के मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर विपक्षी नेता और कार्यकर्ता जमा हुए हैं। यहीं पर लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ नेताओं को हिरासत में लेने के बाद थोड़ी देर पहले लाया गया था।
 

07:28 PM, 21-Jul-2026

हिरासत से पहले जानें राहुल गांधी ने क्या कहा


विज्ञापन
07:06 PM, 21-Jul-2026

कहां ले जा रहे हो पुलिस भाई?: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को भी प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत के दौरान गाड़ी में बैठे हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कहां ले जा रहे हो पुलिस भाई?

06:53 PM, 21-Jul-2026

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिया

लोक कल्याण मार्ग पर विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे राहुला गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

06:31 PM, 21-Jul-2026

दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रदर्शनकारियों की याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से इनकार किया

दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को उस याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से इनकार कर दिया, जिसमें शहर की पुलिस द्वारा 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संसद तक मार्च में शामिल छात्रों के खिलाफ बहुत ज्यादा बल के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया गया था। चीफ जस्टिस डी.के. उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने याचिकाकर्ता से कहा कि कोर्ट को इन सब मामलों में न घसीटें।

06:30 PM, 21-Jul-2026

दिल्ली पुलिस ने चार एफआईआर दर्ज की

मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने अब तक चार एफआईआर दर्ज की हैं और 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी और किसान समूहों द्वारा आयोजित "संसद चलो" मार्च के दौरान हुई हिंसा, तोड़-फोड़ और अन्य घटनाओं के सिलसिले में दो और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

06:26 PM, 21-Jul-2026

राहुल गांधी की मांगों पर केंद्रीय मंत्री का पलटवार, कहा - बात से पलटना दुर्भाग्यपूर्ण

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी ने मांग रखी कि अगर सरकार संसद में नीट और उससे जुड़े आंदोलन से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार हो जाए, तो वे तुरंत अपना विरोध प्रदर्शन खत्म कर देंगे। कुछ ही देर बाद, सरकार के शीर्ष नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद राहुल गांधी को भरोसा दिलाया गया कि उनकी मांग मान ली गई है और सरकार संसद में नीट और उससे जुड़े आंदोलन से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। जब यह जानकारी राहुल गांधी को दी गई, तो उन्होंने कहा कि वे सिर्फ इतने से सहमत नहीं होंगे, बल्कि उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का भी भरोसा मांगा। जब उन्हें याद दिलाया गया कि पहले उन्होंने सिर्फ चर्चा की मांग की थी, तो उन्होंने कहा कि अब मेरी मांगें बदल गई हैं। राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता का अपनी बात से पीछे हटना दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र के हर नियम के खिलाफ है।
 

05:50 PM, 21-Jul-2026

राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में खोला मोर्चा, पीएम मोदी से मांगा जवाब

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। पीएम मोदी को लगता है कि वे बिना जवाब दिए और बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे। वे ऐसा नहीं कर सकते। इस बार तो बिल्कुल नहीं। मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए - प्रधानमंत्री आवास के सामने धरने में हमारे साथ शामिल हों। भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
 

05:46 PM, 21-Jul-2026

आप सांसद संजय सिंह ने पीएम और कांग्रेस को घेरा

आप सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि सीजेपी के धरने को कमजोर करने के लिए मोदी जी ने राहुल गांधी को अपने आवास पर धरने पर बैठा दिया है। 
 

05:40 PM, 21-Jul-2026

सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल ले जाने आई एंबुलेंस

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो सफदरजंग अस्पताल में हैं, जहां मेदांता अस्पताल से एक एम्बुलेंस पहुंची है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक को प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने की इजाजत दे दी।
 



 

05:17 PM, 21-Jul-2026

केजरीवाल जंतर-मंतर पर पहुंचे

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के अपने बच्चे नहीं हैं, इसलिए उन्हें नहीं पता कि बच्चे होने का क्या मतलब होता है। ये सभी हमारे बच्चे हैं। बच्चों को पीटना सही नहीं है। छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मैं छात्रों से कहना चाहता हूं कि वे डटे रहें। सबसे बड़े तानाशाह को भी जनता के सामने झुकना ही पड़ता है।

05:01 PM, 21-Jul-2026

शरद पवार और सुप्रिया सुले जंतर मंतर पहुंचे

एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं। वहीं जंतर मंतर पर बारिश हो रही है। वहीं नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एससीपी) के प्रमुख शरद पवार भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
 

04:34 PM, 21-Jul-2026

राहुल गांधी से मिले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह लोक कल्याण मार्ग पहुंचे और यहां कांग्रेस के चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बात की। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन भी वहां मौजूद थे।
 

04:29 PM, 21-Jul-2026

लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस नेता हिरासत में

लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए जाने पर पंजाब कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि यह भाजपा का आतंकवाद है। वे छात्रों की बात नहीं सुनते। वहीं प्रदर्शन कर रहे कन्हैया कुमार समेत कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

04:16 PM, 21-Jul-2026

विपक्ष ने की प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और अन्य कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया।
 

04:14 PM, 21-Jul-2026

सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल ले जाने का दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश

दिल्ली हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि अंगमो की अपील पर सुनवाई करते हुए अदालत ने यह फैसला सुनाया। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ ने चिकित्सकीय रिपोर्ट्स की समीक्षा के बाद कहा कि वांगचुक को निरंतर और सतत चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता है। कोर्ट ने मेदांता अस्पताल के निदेशक को विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम गठित करने का निर्देश दिया, जो उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करेगी और स्वीकृत चिकित्सा मानकों के अनुसार उपचार प्रदान करेगी। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने केंद्र सरकार की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताई। कोर्ट ने सफदरजंग अस्पताल के सभी मेडिकल रिकॉर्ड तुरंत मेदांता को सौंपने को कहा। साथ ही, गीतांजलि अंगमो को पति से मिलने की पूरी छूट दी गई है।

03:34 PM, 21-Jul-2026

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने घायल हुए बच्चों पर चिंता जताई

दिल्ली में कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बच्चों को चोटें आई हैं। जो लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, उनसे बातचीत करके कोई समाधान निकाला जाना चाहिए। हमारे युवा बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
 



 

03:32 PM, 21-Jul-2026

नीट परीक्षा पर सचिन पायलट का सरकार पर हमला

सीजेपी के विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि नौबत यहां तक क्यों पहुंची? हमारे देश के बच्चे लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। पहले कोई नाराज नहीं था, और सरकार को उनकी चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए था। नीट का पेपर दोबारा कराया गया, जिसमें 2 लाख कम बच्चे शामिल हुए। कल सरकार ने बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया। शिक्षा मंत्री इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं?, हम पूरी पारदर्शिता चाहते हैं। हम पूरे देश को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि हम संसद में उनके मुद्दों को ज़ोर-शोर से उठाएंगे।

03:27 PM, 21-Jul-2026

प्रदर्शन में गंभीर रूप से घायल हुई लड़की को आया होश

दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई 21 साल की लड़की, जिसका इलाज दिल्ली के आरएमएस अस्पताल में चल रहा है। उसकी सेहत में सुधार के संकेत मिले हैं। उसे होश आ गया है। लेकिन वह अभी भी वेंटिलेटर सपोर्ट पर है। सूत्रों के मुताबिक, अगर उसकी हालत में सुधार जारी रहता है, तो डॉक्टर उसे वेंटिलेटर से हटाने पर विचार कर रहे हैं।

02:38 PM, 21-Jul-2026

अनशन पर हैं सोनम वांगचुक, हमें कोर्ट के लिखित आदेश का इन्तजार: गीतांजलि आंग्मो

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि मैं इस मामले को सही ढंग से सुलझाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का शुक्रिया अदा करती हूं। भारत में एक लोकतांत्रिक नागरिक को अपनी पसंद का डॉक्टर, अस्पताल और इलाज चुनने का अधिकार है। यहाँ उन्हें जिस तरह से लाया गया था, उसके कारण हमें भरोसा नहीं हो रहा था। उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं थी, क्योंकि उनकी सेहत की निगरानी जंतर-मंतर पर भी की जा सकती थी। यह एक तरह की नजरबंदी जैसा था ताकि वह बाहर के लोगों से संपर्क न कर सकें। उनकी सेहत से जुड़ी बातें जानलेवा नहीं हैं। सरकार से ज्यादा चिंता हमें उनकी सेहत की है। सोनम ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है, ताकि वे उन छात्रों के साथ एकजुटता दिखा सकें जिनकी कल पिटाई हुई थी। सफदरजंग अस्पताल आए कई सांसदों को उनसे मिलने नहीं दिया गया। डॉ. लांबा और डॉ. दिघे, जो पिछले 20 दिनों से उनका इलाज कर रहे थे, ने आज कोर्ट को बताया कि इलाज करने वाले डॉक्टर को भी मरीज से मिलने नहीं दिया जा रहा था। हमें उस अस्पताल में नजरबंदी और कैद जैसा महसूस हुआ। लंच के बाद एक लिखित आदेश दिया जाएगा, फिर हम उन्हें मेदांता ले जाएंगे।
 

02:33 PM, 21-Jul-2026

अभी और दर्ज हो सकती है एफआईआर

दिल्ली के एडिशनल डीसीपी आनंद कुमार मिश्रा ने कहा कि कुछ एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी हैं और यह संख्या निश्चित रूप से और बढ़ सकती है। अभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जैसे-जैसे दूसरे पहलुओं की जांच होगी। एफआईआर दर्ज होने की संभावना है। पूरे विरोध वाले इलाके में 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन सभी की निगरानी की जा रही है। इस काम के लिए एक खास टीम लगाई गई है, जिसमें कई टीमें मिलकर काम कर रही हैं। हम हर चीज की बारीकी से जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, लोगों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो और हमारे अपने लगाए गए कैमरों की फुटेज। हमने पहले ही एक टीम बना ली थी ताकि जरूरत पड़ने पर हम तेजी से जांच कर सकें। वह टीम अभी काम कर रही है।

02:29 PM, 21-Jul-2026

युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की गई: दीपेंद्र सिंह हुड्डा

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने संसद परिसर में कहा कि हमारी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और शिक्षा व्यवस्था व परीक्षा प्रणाली पर व्यापक चर्चा हो। दिल्ली पुलिस ने युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश की है। देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। सादे कपड़ों में किसी पर भी लाठीचार्ज करने की इजाजत नहीं होनी चाहिए। जब सड़कों पर इस तरह की चिंगारी उठती है, तो संसद में भी आवाज उठनी चाहिए।

02:28 PM, 21-Jul-2026

'डॉक्टरों की सलाह के बिना डिस्चार्ज न हों सोनम वांगचुक'

सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने एक याचिका दायर की है। इसमें सिंगल जज के उस आदेश को चुनौती दी गई है जिसमें उन्हें सफदरजंग अस्पताल से उनकी पसंद के प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने से मना कर दिया गया था। दिल्ली हाईकोर्ट में एसजी तुषार मेहता ने कहा कि केंद्र को सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने आग्रह किया कि वे लगातार मेडिकल निगरानी में रहें और मेदांता के डॉक्टरों की सलाह के बिना उन्हें डिस्चार्ज न किया जाए। बेंच ने सफदरजंग अस्पताल से उनके सभी मेडिकल रिकॉर्ड के साथ उन्हें ट्रांसफर करने का प्रस्ताव दिया और कहा कि लंच के बाद इस पर आदेश जारी किया जाएगा।

02:25 PM, 21-Jul-2026

'सरकार को पहले ही छात्रों से बातचीत करनी चाहिए थी'

दिल्ली में एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि कल जो हुआ, वह इस सरकार का लगातार दिखने वाला रवैया है। वकीलों के विरोध, किसानों के विरोध और सीएए विरोध के दौरान भी ऐसी ही चीजें हुई थीं। विरोध कई हफ्तों से चल रहा है। आपको पहले ही छात्रों से बातचीत करनी चाहिए थी। आप सामने आए वीडियो देख सकते हैं। यह पूरी तरह से अव्यवस्था है।

02:22 PM, 21-Jul-2026

'एक महीने से छात्र धरना दे रहे, सरकार ने मुलाकात तक नहीं की'

संसद परिसर में कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार हर मामले में नाकाम रही है। जिसमें रोजगार भी शामिल है। इसीलिए जनता में इतना गुस्सा बढ़ गया है। छात्र एक महीने से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने उनसे मुलाकात तक नहीं की है।

01:52 PM, 21-Jul-2026

घायल छात्रों से मिले अभिजीत दीपके

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके आंदोलन में आए छात्रों से मिले। सीजेपी आंदोलन में घायल हुए छात्र आज फिर आंदोलन से जुड़ गए हैं। लखनऊ से आए आदर्श सूरज झा सोमवार के प्रदर्शन में लाठीचार्ज में घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि बैरिकेड से निकलने का प्रयास कर रहे थे, उस समय लाठीचार्ज में घायल हो गए। 

01:40 PM, 21-Jul-2026

दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश, सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल में किया जाए शिफ्ट

दिल्ली हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि सभी मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट मेदांता में डॉक्टरों के एक पैनल को सौंपी जाएं। अस्पताल को उनके इलाज के लिए डॉक्टरों का एक पैनल बनाने को कहा है।

01:30 PM, 21-Jul-2026

'आप ऐसे मामले को कैसे नजरअंदाजकर सकते हैं?'

कांग्रेस सांसद शशि थरू ने कहा कि यह सच में बहुत बुरी हालत है। पार्लियामेंट चर्चा के लिए होती है। हमारे पास कई ऐसे मुद्दे हैं जो देश को जला रहे हैं, जिसमें यह राजधानी शहर भी शामिल है। हमने देखा है कि कल क्या हुआ, और इन हालात में, अगर पार्लियामेंट इन पर चर्चा करने का फोरम नहीं है, तो फिर फोरम क्या है? मेरा मतलब है, मुझे आपको बताना है कि सरकार इन चीज़ों को लेकर बहुत जिद्दी हो रही है। मुझे लगता है कि स्पीकर को बस मामला अपने हाथ में लेना चाहिए और पार्लियामेंट में इस रुकावट को पूरी स्थिति पर खुली चर्चा बुलाकर हल करना चाहिए। स्टूडेंट प्रोटेस्ट, भूख हड़ताल, लाठीचार्ज, हिंसा- 100 लोग राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में हैं। आप ऐसे मामले को कैसे नजरअंदाजकर सकते हैं? 

01:16 PM, 21-Jul-2026

'कल सरकार का बेरहम और क्रूर रवैया देखने को मिला'

दिल्ली: कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, "कल राजधानी में केंद्र सरकार का बेरहम और क्रूर रवैया देखने को मिला। क्या छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध से निपटने का यही तरीका था? यह सरकार डरी हुई और असंवेदनशील है। हम संसद में फिर से यह मुद्दा उठाएंगे। हमने चर्चा और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पहले ही एक प्रस्ताव पेश कर दिया है। पूरा देश देख रहा है कि मोदी छात्र-विरोधी और युवा-विरोधी हैं। कल की घटना के लिए वही जिम्मेदार हैं। कल विरोध प्रदर्शन में कितने छात्र शामिल थे? यह एक तानाशाही सरकार है, लोकतांत्रिक सरकार नहीं?"

01:15 PM, 21-Jul-2026

घायलों से मिले राहुल गांधी और प्रियंका

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल के साथ RML अस्पताल पहुंचे। कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई में घायल हुए लोगों को यहां भर्ती कराया गया है।
 

01:13 PM, 21-Jul-2026

अखिलेश यादव का सरकार पर हमला

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा अपने साथियों पर इस्तीफे का दबाव नहीं बना पा रही है ताकि वे लोग दबे और कुचले राज न खोल दें... कोई कल्पना नहीं कर सकता है कि आजादी के बाद कोई सरकार इस तरह का व्यवहार युवाओं के साथ करेगी... यह लोकतंत्र में कभी स्वीकार नहीं हो सकता है..."

12:44 PM, 21-Jul-2026

ये बहुत निर्मम सरकार है: डिंपल

सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि "बच्चे ये बताने चाहते थे कि सरकार का सिस्टम बीमार पड़ गया है और उनके हित के बारे में नहीं सोच रहा है। लेकिन उन बच्चों को लाठियां खानी पड़ी। ये इतनी निर्मम सरकार है और बच्चों ने इतना आंसू बहाए हैं सरकार को इनके आंसुओं पर भी दया नहीं आ रही है। ये शिक्षा मंत्री को अभी भी पद से हटा नहीं रहे हैं, हमें इन्हें वोट के माध्यम से हटाना है एक यही हमारे पास हथियार है।'

12:42 PM, 21-Jul-2026

प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं?: राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि कल जो हुआ, उसके लिए मोदी जी ने माफी तक नहीं मांगी है। युवा शिक्षा और परीक्षा प्रणाली के फिलाफ विरोध कर रहे हैं। पूरा देश जानता है कि शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को दीमक ने खोखला कर दिया है। प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? उन्हें छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और उन्हें ये सब बंद करवाना चाहिए।"
 

12:38 PM, 21-Jul-2026

नड्डा ने की RML अस्पताल में डॉक्टरों के साथ बैठक

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने RML अस्पताल में डॉक्टरों के साथ बैठक की। कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई में घायल हुए लोगों को यहां भर्ती कराया गया है।
 

12:37 PM, 21-Jul-2026

बच्चों को सुनने के बजाए उनके ऊपर लाठी लार्ज हुआ: अवधेश प्रसाद

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि "सबसे बड़ा मुद्दा देश के तमाम युवा जो बेरोजगार हैं पेपर लीक मामले को लेकर लाखों युवा आए थे और उनकी बात सुनी नहीं गई। सुनने के बजाए उनके ऊपर लाठी लार्ज हुआ, और एक और मुद्दा है राम मंदिर में चंदा चोरी जिससे देश के करोड़ों-करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई है इस मुद्दे पर चर्चा होना चाहिए और जो जिम्मेदार हैं उसको सरकार बचाने का काम कर रही है। मुझे उम्मीद है जो चंदा चोरी में शामिल हैं वो बच नहीं पाएंगे।

12:27 PM, 21-Jul-2026

हमारी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें: हुड्डा

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारी मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और शिक्षा प्रणाली और परीक्षा प्रणाली पर व्यापक चर्चा हो, दिल्ली पुलिस ने युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया है। देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। सिविल ड्रेस में किसी को लाठी चार्ज करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। जब सड़कों पर इस किस्म की चिंगारी हो तो संसद में भी आवाज उठानी पड़ती है।

12:20 PM, 21-Jul-2026

'सीजेपी आंदोलन में देश विरोधी तत्वों के हाईजैक करने का मनगढ़ंत आरोप बताया'

अरविंद केजरीवाल ने आप मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर छात्रों से बर्बरता का लगाया आरोप। सीजेपी आंदोलन में देश विरोधी तत्वों के हाईजैक करने का मनगढ़ंत आरोप बताया। केजरीवाल ने कहा कि वह कल पंजाब में एक जरूरी मीटिंग में शामिल होने के लिए गए थे इसलिए वह आंदोलन में शामिल नहीं हो पाए।

12:14 PM, 21-Jul-2026

अस्पताल में घायलों से मिले केजरीवाल

नीट मुद्दे पर 20 जुलाई को दिल्ली में जंतर मंतर से संसद भवन तक हुए सीजेपी विरोध प्रदर्शन में घायल लोगों से मिलने के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "कल के विरोध प्रदर्शन में कई छात्र घायल हो गए थे। कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। घायल छात्रों और पुलिसकर्मियों में से कई को आरएमएल अस्पताल लाया गया था। 

आज मैं यहां उन सभी से मिलने आया हूं जो घायल हुए थे। हमें जानकारी मिली है कि एक लड़की को छोड़कर बाकी सभी को छुट्टी दे दी गई है। सभी घायल छात्रों और पुलिसकर्मियों को छुट्टी मिल गई है। एक लड़की ICU में है और उसकी हालत गंभीर है, हो सकता है कि कुछ लोग दूसरे अस्पतालों में भी हों। हमारे पास उसका डेटा नहीं है।

सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के मुताबिक 110 लोग थे, लेकिन हमारे पास कोई पक्का आंकड़ा नहीं है। यहां से हम पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जा रहे हैं क्योंकि हमने सोशल मीडिया पर देखा है कि कई छात्र लापता हैं और उनके माता-पिता को डर है कि पुलिस उन्हें ले गई होगी। ऐसी खबरें भी हैं कि कई छात्रों के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की गई हैं। आज हमने एक हेल्पलाइन भी शुरू की है ताकि जिसे भी कानूनी या मेडिकल मदद की ज़रूरत हो, उसे वह मदद मिल सके।
 

12:13 PM, 21-Jul-2026

दिल्ली पुलिस पर बर्बरता का आरोप, CJP ने कहा- वर्दी में गुंडे भरे थे

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता अभिजीत दीपके ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सोमवार को हुए विरोध मार्च के दौरान पुलिस पर "बर्बरता और क्रूरता" का आरोप लगाया। दीपके ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने छात्र प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की। उन्होंने पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।

 
दीपके ने मीडिया को बताया कि दिल्ली पुलिस ने बच्चों को बर्बरता से पीटा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरुष पुलिस अधिकारियों ने 12 साल की लड़कियों के सिर फोड़ दिए। दीपके ने कहा कि उस दिन दिल्ली पुलिस की वर्दी में गुंडे भरे थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने युवा प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी की। एक लड़की गर्दन पर लाठी लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। वह अभी भी RML में गंभीर हालत में है। दीपके ने कहा कि अगर उसे कुछ होता है, तो दिल्ली पुलिस और नरेंद्र मोदी की सरकार जिम्मेदार होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि पुलिस मार्च रोकने के लिए जल तोप का उपयोग कर सकती थी। दीपके के अनुसार, प्रदर्शनकारी 17-18 साल के बच्चे थे। उन्होंने कहा कि वे एक महीने से शांति से बैठे थे और पहला हमला दिल्ली पुलिस की तरफ से हुआ। पुलिस ने लाठियां चलाईं, जिससे भगदड़ मच गई। दीपके ने विरोध स्थल के पास पत्थरों की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए।

11:59 AM, 21-Jul-2026

दीपके ने घायल समर्थकों से माफी मांगी

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारी भारी बारिश, कड़ी सुरक्षा और एक दिन पहले "संसद चलो" मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई के बावजूद रात भर जंतर-मंतर पर डेरा डाले रहे। मंगलवार सुबह, वॉलंटियर्स ने विरोध स्थल की सफाई की, जबकि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई में घायल हुए समर्थकों से माफी मांगी।

विरोध स्थल के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था बनी हुई थी क्योंकि वॉलंटियर्स को मंच की सफाई करते देखा गया, जो सोमवार को पुलिस द्वारा टेंट और अन्य अस्थायी जगहों को हटाने के बाद एकमात्र खड़ा ढांचा था। यहां तक कि मंच को ढकने वाला टेंट भी फटा हुआ था। युवा समर्थकों के एक समूह ने दीपके को अपने अनुभव बताए, आरोप लगाया कि बिना नाम के टैग वाले पुलिस कर्मियों ने महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों को पीटा और उन्हें "आतंकवादी" कहा। दीपके को हाथ जोड़कर उनसे माफी मांगते देखा गया।

11:55 AM, 21-Jul-2026

राज्यसभा में AAP सांसदों ने जताया विरोध

दिल्ली में कल CJP प्रोटेस्ट मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर राज्यसभा में AAP सांसदों ने विरोध जताया। 

11:54 AM, 21-Jul-2026

सभी सांसद संसद के अंदर थे: कंगना

कल संसद के बाहर CJP के विरोध-प्रदर्शन पर BJP सांसद कंगना रनौत ने कहा कि "सभी सांसद संसद के अंदर थे। हम सभी डरे हुए थे, यह सोचकर कि भीड़ हम पर हमला कर सकती है। मैं दिल्ली पुलिस की तारीफ करती हूं कि उन्होंने ढाल बनकर लोगों को नुकसान नहीं पहुंचने दिया।"

11:25 AM, 21-Jul-2026

मोदी जी एंटी यूथ हैं, एंटी गरीब हैं और एंटी किसान हैं: प्रियंका

दिल्ली में युवाओं के विरोध-प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हम इस मुद्दे को काफी समय से उठा रहे हैं ये कोई नया मुद्दा नहीं है लेकिन मुद्दा ये है कि बार-बार ये हो रहा है लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं हो रही है मुझे याद है जब मैं यूपी में काम कर रही थी तो जब पेपर लीक हुए थे उसमें सबसे नीचे वाले अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया था और दो दिन के लिए रखा और उसके बाद बात वही रुक जाती है किसी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अभी ये मुद्दा इसलिए ज्वलंत हैं क्योंकि ये देश के युवा है और उनके मां-पाप उन्हें लोन लेकर पढ़ाते हैं ये कितनी मुश्किल परिस्थिति है बच्चा कह रहा है कि क्या मैं संघर्ष ही करता रहूं? ये बहुत गंभीर मामला है इस हल्के में नहीं लिया जा सकता है..आज बच्चे बहुत दुखी हैं....ये सदन ही युवा का है हम सब को उन्होंने ही यहां रखा है...मोदी जी एंटी यूथ हैं, एंटी गरीब हैं और एंटी किसान हैं 12 साल हो गए हैं आप सब देख रहे हैं..बच्चों की आवाज आप सुन लीजिए और मंत्री से इस्तीफा दिलवाए...एक जमाना था जब मंत्री जिम्मेदारी लेते थे..आप भी जिम्मेदारी लीजिए और सिस्टम को दुरूस्त करिए।

11:18 AM, 21-Jul-2026

लोकतंत्र में असहमति को लाठियों से दबाया नहीं जा सकता: चंद्रखेशर

आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वे पेपर लीक मामले और कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं। आजाद समाज पार्टी - कांशी राम के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद कहते हैं, "हमें दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र होने पर गर्व है, फिर भी लोकतंत्र में असहमति को लाठियों से दबाया नहीं जा सकता... जंतर-मंतर पर 30 दिनों से विरोध प्रदर्शन चल रहा है; लोग 20 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। क्या सरकार उनके मरने का इंतज़ार कर रही थी? कल, जब देश के युवा सड़कों पर उतरे, तो उन पर की गई बर्बरता चौंकाने वाली थी... मुझे लगा कि जब युवा सड़कों पर भूखे-प्यासे घूमते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हों, तो मैं चुप नहीं रह सकता। मैंने खुद विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी ज़िम्मेदारी निभाने का फैसला किया... मैं उन युवाओं के साथ खड़ा होने के लिए यहाँ बैठा हूँ जो अभी भी विरोध कर रहे हैं, ताकि सरकार और प्रधानमंत्री से उनकी बात सुनने का आग्रह कर सकूँ... आबादी के 51% हिस्से को कुचलने के बाद आपने क्या सबक सीखा है? वे किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता नहीं थे; वे युवा थे, अपनी पढ़ाई कर रहे छात्र थे... एक शिक्षित, जागरूक भारतीय नागरिक और सांसद के तौर पर, मैं पूरी रात बाबासाहेब अंबेडकर की मूर्ति के नीचे बैठा रहा और इस लड़ाई को लड़ने की हिम्मत जुटाई... मैंने अभी स्पीकर से बात की है और उन्हें स्थिति के बारे में बताया है... जो कोई भी बातचीत करने को तैयार है, मैं उससे बात करने के लिए तैयार हूं... अगर वे हमें नज़रअंदाज़ करते हैं, तो आंदोलन होगा।
 

11:01 AM, 21-Jul-2026

संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज

संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023, आर्म्स एक्ट, 1959 और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाव अधिनियम (PDPP एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। धारा 223(b) BNS किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा जारी आदेश का पालन न करना या सरकारी काम में बाधा डालना।

FIR में आरोप लगाया गया है कि आरोपी गैर-कानूनी रूप से इकट्ठा हुए और उन्होंने सार्वजनिक व्यवस्था में खलल डाला, सरकारी काम में बाधा डाली, हिंसक गतिविधियों में शामिल हुए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इन सभी आरोपों की जांच संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन द्वारा भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और PDPP एक्ट के प्रावधानों के अनुसार की जा रही है।
 

10:57 AM, 21-Jul-2026

बिना इजाज़त ड्रोन उड़ाने को लेकर एक FIR

दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट मार्च के दौरान हुई हिंसा में संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली जिले के इलाके में बिना इजाज़त ड्रोन उड़ाने को लेकर एक FIR दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि हिंसा की साज़िश रचने के मामले में एक FIR दर्ज की गई है, जिसमें पुलिस जांच के दौरान कई अहम सबूत सामने आए हैं। सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामलों में दो FIR दर्ज की गई हैं।

10:53 AM, 21-Jul-2026

दिल्ली में हुए बवाल पर पांच एफआईआर दर्ज

दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट मार्च के दौरान हुई हिंसा में दिल्ली पुलिस ने अब तक कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन, पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन और अन्य पुलिस स्टेशनों में पांच FIR दर्ज की हैं। अभी और FIR दर्ज होने की संभावना है।  दिल्ली पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
 


 

10:50 AM, 21-Jul-2026

'उनका ब्लड शुगर लेवल लगातार कम बना हुआ है'

सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में सफदरजंग अस्पताल में मेडिसिन विभाग की हेड, डॉ. प्रो. मनीषा ठाकुर कहती हैं, "उनका इलाज अभी भी दिल्ली के VMMC और सफदरजंग अस्पताल में एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम की देखरेख में चल रहा है, जिसमें AIIMS दिल्ली और सफदरजंग अस्पताल के एक्सपर्ट्स शामिल हैं। अभी उनके वाइटल्स (शरीर के ज़रूरी संकेत) स्थिर हैं। हालांकि, उनका ब्लड शुगर लेवल लगातार कम बना हुआ है। हमने कल रात उनके इलेक्ट्रोलाइट्स की जांच के लिए ब्लड सैंपल भेजा था, जिसमें पोटैशियम का लेवल 3.2 mEq प्रति लीटर पाया गया। उन्हें अभी भी पैनसाइटोपेनिया (pancytopenia) की समस्या है, जिसमें एनीमिया के लक्षण दिख रहे हैं; यानी उनका हीमोग्लोबिन कम है और ल्यूकोसाइट काउंट भी कम है। इन क्लिनिकल और लैब पैरामीटर्स को देखते हुए लगातार जांच और कड़ी निगरानी की ज़रूरत है। उन्हें अभी ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी दी जा रही है और वे सिरप के रूप में ओरल पोटैशियम सप्लीमेंट ले रहे हैं, लेकिन वे लगातार इंट्रावेनस थेरेपी और किसी भी तरह का ग्लूकोज लेने से मना कर रहे हैं। हल्के से मध्यम डिहाइड्रेशन, लगातार लैब रिपोर्ट में गड़बड़ी और लंबे समय तक उपवास के कारण होने वाले शारीरिक तनाव को देखते हुए, उन्हें लगातार मेडिकल देखरेख और क्लिनिकल निगरानी की ज़रूरत है। उनके ठीक होने और किसी भी तरह की जटिलता (complication) का समय पर पता लगाने के लिए यह बहुत ज़रूरी है। सफदरजंग अस्पताल में मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम द्वारा सभी ज़रूरी मेडिकल देखभाल दी जा रही है और उनकी क्लिनिकल स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।
 

10:43 AM, 21-Jul-2026

21 जुलाई को सुबह 9 बजे तक सोनम वांगचुक की सेहत का अपडेट 

सोनम वांगचुक के ज़रूरी हेल्थ पैरामीटर स्थिर हैं। हालांकि, उनका ब्लड शुगर लेवल कम बना हुआ है। कल रात लिए गए सैंपल की जांच के अनुसार, उनका सीरम पोटैशियम लेवल 3.2 mEq/L है, और उन्हें लगातार पैनसाइटोपेनिया (pancytopenia) की समस्या है, जिसमें एनीमिया और ल्यूकोसाइट काउंट कम होना शामिल है। इन क्लिनिकल और लैबोरेटरी पैरामीटर्स को देखते हुए लगातार जांच और कड़ी निगरानी की ज़रूरत है। उन्हें अभी ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी (ORS) और ओरल पोटैशियम सप्लीमेंट दिया जा रहा है। हालाँकि, बार-बार मेडिकल सलाह के बावजूद वे इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड और ग्लूकोज़ लेने से इनकार कर रहे हैं। हल्के से मध्यम डिहाइड्रेशन, लगातार लैबोरेटरी असामान्यताएं और लंबे समय तक उपवास से होने वाले शारीरिक तनाव को देखते हुए, उनके ठीक होने और किसी भी संभावित जटिलता की समय पर पहचान और इलाज के लिए लगातार मेडिकल देखरेख और क्लिनिकल निगरानी ज़रूरी है। सभी ज़रूरी मेडिकल देखभाल दी जा रही है, और उनकी क्लिनिकल स्थिति पर कड़ी और लगातार नज़र रखी जा रही है। आगे का इलाज उनकी क्लिनिकल प्रगति और लगातार होने वाली लैबोरेटरी जांच के आधार पर तय किया जाएगा।

10:37 AM, 21-Jul-2026

सफदरजंग अस्पताल में सुरक्षा कड़ी

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जहां एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भर्ती हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को सफदरजंग अस्पताल से सोनम वांगचुक की पैथोलॉजिकल रिपोर्ट और हेल्थ बुलेटिन जमा करने को कहा। कोर्ट ने यह भी कहा कि वह मंगलवार को एक्टिविस्ट की पत्नी गीतांजलि आंग्मो की उस याचिका पर फैसला करेगा, जिसमें उन्हें किसी प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की गई है।
 

10:34 AM, 21-Jul-2026

कनॉट प्लेस में हुई हिंसा के मामले में FIR दर्ज, पूरी दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई

मंगलवार को सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस इलाके में रीगल सिनेमा के पास हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पत्थरबाज़ी और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। उन्होंने बताया कि कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में हुए हंगामे के दौरान, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके और पुलिस की कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया।
 

10:16 AM, 21-Jul-2026

सोनम वांगचुक अनशन जारी रखेंगे

सोनम वांगचुक अनशन जारी रखेंगे
दूसरी ओर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा है कि वो अपना अनशन जारी रखेंगे। वांगचुक ने कहा- "मैं तब तक अनशन जारी रखूंगा, जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती, या फिर मुझे यहां अस्पताल में ही सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती। मुझे उम्मीद है कि सरकार शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी, उससे पहले नहीं।

09:53 AM, 21-Jul-2026

70 लोग हिरासत में 

CJP के प्रोटेस्ट में पुलिस पर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़ और हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस ने अब एक्शन शुरू कर दिया है। पुलिसकर्मियों से मारपीट, पथराव और पुलिसकर्मियों को आई चोटों पर अलग-अलग FIR दर्ज करने के बाद अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। इधर हिंसा और प्रोटेस्ट मामले में पुलिस ने 70 लोगों को हिरासत में लिया है। सोमवार शाम प्रोटेस्ट में शामिल उपद्रवियों के हमले में IPS और दिल्ली पुलिस के 10 अफसर समेत 118 से ज़्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान घायल हो गए हैं। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की तो अब बारी उन उपद्रवियों की पहचान करने की है जिन्होनें शांति पूर्ण प्रोटेस्ट की आड़ में पत्थरबाजी और हंगामा किए।
 

09:46 AM, 21-Jul-2026

पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई

जंतर-मंतर पर एक तरफ प्रदर्शकारियों ने फिर से मंच बना लिया है तो वहीं पुलिस ने भी सुरक्षा को बढ़ा दिया है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्ते खुले हैं लेकिन संसद भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच पुलिस को आशंका है कि आज प्रदर्शनकारी फिर से संसद की तरफ कूच कर सकते हैं। इसके साथ ही आज विपक्ष के कई नेता जंतर मंतर पर पहुंच सकते हैं। कुल मिलाकर आज पुलिस बेहद सतर्क हैं और किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है।
 

09:18 AM, 21-Jul-2026

बात करनी हो तो जंतर-मंतर आए- दीपके

इस बीच सीजेपी के नेताओं ने केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की है। CJP के प्रवक्ता ने कहा है कि सरकार ने उन्हें विचार का भरोसा दिया है। हालांकि, रात को प्रदर्शनकारियों के बीच अभिजीत दीपके ने कहा है कि अब सरकार से कोई बात नहीं होगी जिसे भी बात करनी होगी वो जंतर-मंतर पर आएगा।
 

09:16 AM, 21-Jul-2026

Delhi CJP Protest Live: हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई, प्रदर्शन में मौत के दावों पर दिल्ली पुलिस का बयान

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी ने फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सोमवार को मचे भारी बवाल के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करवा लिया था लेकिन देर रात एक बार फिर से प्रदर्शनकारी वहां पर जुटने लगे। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने भी इस दौरान किसी को नहीं रोका। पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने वालों को नहीं रोका जाएगा और ये भी साफ कर दिया है कि अगर किसी तरह का बवाल किया गया तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें