आशीष मिश्र की गिरफ्तारी के बाद इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर अखिलेश कुमार, सीओ सिटी अरविंद वर्मा क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंच गए हैं। आशीष की मेडिकल जांच होगी। उपेंद्र अग्रवाल पर्यवेक्षण समिति के अध्यक्ष हैं। क्राइम ब्रांच के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष मिश्र को शनिवार देर रात को गिरफ्तार कर लिया। डीआइजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि जांच में सहयोग न करने पर गिरफ्तार किया गया है। पूरे 12 घंटे तक लंबी पूछताछ चली, जिसके बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की विशेष समिति टीम ने आशीष मिश्र से 10 घंटे तक पूछताछ की। लेकिन पूछताछ के बाद भी जांच टीम उन पर कोई फैसला नहीं ले सकी। देर रात तक आशीष मिश्र से पूछताछ चली, लेकिन मामले में करीब साढ़े आठ बजे तक कोई नतीजा नहीं निकला।
लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को तत्काल बर्खास्त करने और उनके बेटे सहित सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कांग्रेस ने अपने राज्य और केंद्रशासित प्रदेश इकाइयों के प्रमुखों को राजभवनों या केंद्र सरकार के कार्यालयों के बाहर सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच मौन व्रत रखने के लिए कहा है।
संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष बलविंदर सिंह राजेवाल ने शनिवार को चौखड़ा फार्म में मृतक लवप्रीत सिंह के परिजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मोर्चा द्वारा लिए गए फैसले के बारे में बताया। उन्होंने लवप्रीत के पिता सतनाम सिंह से कहा कि किसान मोर्चा ने बैठक कर निर्णय लिया है कि 12 अक्तूबर को भोग घटनास्थल पर ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि टेनी अभी पद से हटाए नहीं गए हैं, इसलिए वह जांच प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से टेनी को अविलंब बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र आशीष को भी कड़ी सजा दी जाए ताकि मृतक किसानों के साथ इंसाफ हो सके। करीब एक घंटा रुकने के बाद वह यहां से रवाना हो गए। उधर, लगातार वीआईपी के आने-जाने के कारण मृतक लवप्रीत सिंह के घर पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है।
पुलिस की विशेष समिति टीम की आरोपी आशीष मिश्र से अभी भी पूछताछ चल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक कुछ दस्तावेजों को लेकर जांच अधिकारी संतुष्ट नहीं थे, उसको जस्टिफाई करने के लिए आशीष मिश्र अपने बचाव में कुछ वीडियोज दिखा रहा है। कुछ देर बाद आरोपी आशीष बाहर निकल सकते हैं। पिता के कार्यालय पर समर्थकों की भारी भीड़। बाहर से फोर्स बुलाई गई है। मेडिकल के बाद कोर्ट ले जाने की तैयारी है।
लखीमपुर खीरी की घटना पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 15 अक्तूबर को पुतला दहन होगा। 18 अक्तूबर को 6 घंटे ट्रेन रोकी जाएगी। 26 अक्तूबर किसान मोर्चा महापंचायत करेगा।
लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में लखनऊ से अंकित दास का ड्राइवर पुलिस हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है जबकि अंकित दास की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि हिंसा में प्रयोग हुई गाड़ी का मालिक अंकित दास है। उसके ड्राइवर को हिरासत में लिया जा चुका है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी हिंसा के विरोध में 15 अक्तूबर को दशहरा पर पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंकेंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने लखीमपुर खीरी हिंसा के विरोध में महापंचायत करने का एलान किया है। 26 अक्तूबर को लखनऊ में किसान मोर्चा महापंचायत करेगा। इसके अलावा 18 अक्तूबर को देशभर में रेल रोकने का एलान किया है। साथी अजय मिश्र के इस्तीफे की मांग की है और आशीष मिश्र की गिरफ्तारी की मांग की है।
दिल्ली में लखीमपुर कांड पर यूथ कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। सुनहरी बाग के पास यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री अजय मिश्र का इस्तीफा मांगा है।
बताया जा रहा है कि आशीष मिश्र करीब एक दर्जन से ज्यादा पेन ड्राइव लेकर क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंचे हैं। सूत्रों के मुताबिक इन पेन ड्राइव में वह सभी वीडियोज हैं जो उनकी मौजूदगी साबित करेंगे की घटना के वक्त वह कहां मौजूद थे।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अनशन खत्म करने के बाद कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। राष्ट्र चलाने के लिए न्याय से बड़ा कोई साधन नहीं है। न्याय है तो सुशासन है, न्याय नहीं है तो कुशासन है। सत्य की इस लड़ाई में किसान भाईयों की जीत हुई है।
गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र से दो घंटे से ज्यादा समय से पूछताछ जारी है। आशीष मिश्रा से मजिस्ट्रेट के सामने क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार अभी भी सो रही है सरकार अभी भी उन्हें (दोषियों को) बचाना चाहती है। ये सरकार केवल ताकतवर लोगों के लिए है, ये सरकार किसानों के लिए नहीं है। जनता ये सब देख रही है, आने वाले समय में बीजेपी का सफाया होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर की घटना का वीडियो जिसने भी देखा उसने घटना की निंदा की है। ये संविधान कुचलने वाली सरकार है। सबने सब कुछ देखा फिर भी दोषी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं। जिन भी परिवार से मैं मिला सबने कहा कि दोषी को सज़ा मिले।
यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सरकार न्याय में भेदभाव कर रही है। अन्नदाताओं के लिए सरकार क्या कर रही है। यूपी में भाजपा का सफाया होगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में जंगलराज है। ये सरकार लगातार भेदभाव कर रही है। यूपी में समन नहीं सम्मान दिया जा रहा है। देश का कानून रौंदा जा रहा है। टायर तले कानून कुचला जा रहा है। दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। अखिलेश ने कहा कि आशीष को समन नहीं गुलदस्ता भेजा गया। अखिलेश ने कहा कि यूपी में हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।
गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा क्राइम ब्रांच के सामने पेश होने के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। शनिवार से नवजोत सिंह सिद्धू मौन व्रत पर थे। लखीमपुर में पुलिस लाइन के सामने भारी भीड़ है।
शनिवार सुबह ही मंत्री पिता अजय मिश्र टेनी लखीमपुर स्थित अपने कार्यालय में पहुंच गए थे। वहां भी काफी गहमा-गहमी थी। कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी थी, पुलिस बल भी तैनात था।
लखीमपुर हिंसा के सातवें दिन मुख्य आरोपी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र का बेटा आशीष क्राइम ब्रांच के ऑफिस पहुंचा। आशीष को क्राइम ब्रांच ने 11 बजे बुलाया गया था, लेकिन वह उससे काफी पहले ही पहुंच गया। डीआईजी-एसपी विजय ढुल मौके पर हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने आशीष मिश्र से पूछताछ शुरू कर दी है। मजिस्ट्रेट के सामने आशीष मिश्र से पूछताछ की जा रही है। आशीष मिश्र का कलमबंद बयान हो रहा है। पूछताछ के दौरान आशीष मिश्र का वकील भी मौजूद है।
पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर खीरी के निघासन इलाके में मृतक पत्रकार रमन कश्यप के आवास पर लखीमपुर घटना के सिलसिले में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष मिश्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। सिद्धू ने कहा कि जब तक मंत्री के बेटे गिरफ्तार नहीं हो जाते, अनशन से नहीं हटेंगे।
आशीष मिश्र के क्राइम ब्रांच के ऑफिस पहुंचने पर समर्थकों ने हंगामा किया है। आशीष मिश्र के समर्थन में समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं। मंत्री अजय मिश्र ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। आशीष मिश्र के साथ सदर विधायक योगेश वर्मा मौजूद हैं। सांसद प्रतिनिधि संजय सिंह भी हैं। उनके वकील अवधेश सिंह भी आशीष के साथ क्राइम ब्रांच ऑफिस में पहुंचे हैं।
आशीष मिश्र के कानूनी सलाहकार अवधेश कुमार ने कहा कि हम नोटिस का सम्मान करेंगे और जांच में सहयोग करेंगे। आशीष मिश्र आज पुलिस के सामने पेश होंगे। मिश्र को यूपी पुलिस ने लखीमपुर हिंसा के सिलसिले में तलब किया है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी का पुत्र और तिकुनिया कांड का मुख्य आरोपी आशीष मिश्र मोनू क्राइम ब्रांच के ऑफिस पहुंच गया है। आशीष मिश्र से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
लखीमपुर खीरी में शुक्रवार देर शाम को फिर से इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। इससे पहले भी इंटरनेट बंद कर दिया गया था, लेकिन बाद में बहाल कर दिया गया था। लेकिन कल शाम को फिर से इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कहा कि मेरा बेटा निर्दोष है। उन्होंने कहा कि बेटे की तरफ से नोटिस का लिखित जवाब दिया गया है। बेटे का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण वह शुक्रवार को पेश नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बेटा शनिवार को जांच एजेंसी के सामने पेश होकर अपने निर्दोष होने के सबूत देगा। उन्होंने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है इसका राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में कोई पक्षपात नहीं होता। निष्पक्ष जांच होगी, इसमें पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के वेष में कुछ उपद्रवी भीड़ में शामिल थे।
तीन अक्तूबर को हुए तिकुनिया कांड में आशीष मिश्र को शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच दफ्तर में पेश होना था। इसके लिए गुरुवार को उसके घर पर नोटिस लगाया गया था। शुक्रवार सुबह क्राइम ब्रांच में निर्धारित समय दस बजे से पहले ही डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल पहुंच गए। उसके बाद एसपी विजय ढुल भी पहुंचे, लेकिन दोपहर दो बजे तक आशीष नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के घर के बाहर दूसरा नोटिस चस्पा करवा दिया।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी का पुत्र और तिकुनिया कांड का मुख्य आरोपी आशीष मिश्र मोनू आज क्राइम ब्रांच के सामने बयान दर्ज कराएगा। कुछ देर में आशीष क्राइम ब्रांच ऑफिस पहुंचेगा। शुक्रवार को वह क्राइम ब्रांच ऑफिस में नहीं पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने दूसरा नोटिस फिर से उसके घर पर चस्पा किया था।