एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि लखीमपुर खीरी बवाल में कुल आठ लोगों की मौत हुई है। इसमें चार किसान के अलावा दो भाजपा कार्यकर्ता, एक ड्राइवर और एक पत्रकार शामिल है।
लखीमपुर खीरी को लेकर चल रहे बवाल के बीच सोवमार शाम को यूपी सरकार ने हिंसा में जान गंवाने वाले सभी लोगो के परिजनों को मुआवजा देने का एलान किया है।
रॉबर्ट वाड्रा ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखीमपुर खीरी में हिंसा के शिकार लोगों के परिवारों से मिलने जा रहीं उनकी पत्नी और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को के साथ हाथापाई और बदसलूकी की ।
लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा भले ही थम गई हो, लेकिन इसे लेकर शुरू हुआ बवाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आठ लोगों की मौत के मामले में सोमवार को अब एक क्रास एफआइआर भी दर्ज कराई गई है। भाजपा नेता की ओर से दूसरे पक्ष के अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शामली में रालोद नेताओं ने गुरुद्वारा तिराहे पर प्रदर्शन किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर रोड जाम करने का भी प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने कलक्ट्रेट का मुख्य द्वार बंद कर उन्हें अंदर ही रोक दिया। अधिवक्ता भी इस घटना को लेकर न्यायिक कार्यों से विरत रहे।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद लखनऊ के साथ ही बनारस में भी सियासी पारा चढ़ गया। जिलेभर में सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा गया। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने सपा के दर्जन भर से ज्यादा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।
लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान संगठनों ने अलीगढ़ के आंबेडकर पार्क में सुबह 10 बजे से धरना दिया। सुबह 11 बजे करीब 70-80 किसान पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट रवाना हुए। रास्ते में पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके। कलेक्ट्रेट के वीआईपी गेट पहुंच गए और गेट पर ही भाकियू टिकैत के पूर्व जिलाध्यक्ष विमल तोमर के नेतृत्व में धरना दिया।
लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर देश भर में किसान संगठनों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पश्चिमी यूपी में भारतीय किसान यूनियन ने इस घटना का विरोध जताते हुए आज वेस्ट यूपी के सभी जिलों में कलक्ट्रेट का घेराव करने का एलान किया। इस दौरान मेरठ व आसपास के जिलों में किसान कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पर एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए लोगों के शव के पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित की गई है।
लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के विरोध में सोमवार को करनाल हाईवे को किसानों ने जाम किया हुआ है।
लखीमपुर खीरी की घटना और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में देहरादून में प्रदर्शन कर रहे हरीश रावत गिरफ्तार। लगभग 80 कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भी हिरासत में लिए गए हैं। हरीश रावत पुलिस लाइन में धरने पर बैठे हैं।
अपने घर के बाहर से हिरासत में लिए गए यूपी के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने रिहा कर दिया है। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने अखिलेश यादव को रिहा करते हुए उनसे कहा कि आप अब जा सकते हैं। लेकिन उन्हें अब भी लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत नहीं है।
यूपी के लखीमपुर खीरी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तय किया है कि यहां छह अक्टूबर तक आरएएफ और एसएसबी की दो-दो कंपनियां तैनात रहेंगी।
रुद्रपुर के कलक्ट्रेट गेट पर किसानों का धरना शुरू। प्रदर्शनकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने और हत्यारों को फांसी की मांग कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी जारी है।
चंडीगढ़ में कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू भी कार्यकर्ताओं के साथ लखीमपुर खीरी की घटना की निंदा करते विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
दिल्ली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन
दिल्ली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के बाहर घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
प्रियंका गांधी का झाड़ू लगाता वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद ने भी वो वीडियो ट्वीट कर लिखा है कि, 'गिरफ्तारी के दौरान 'हवालात' में झाड़ू लगाती हुई इंदिरा गांधी की पोती और 'राक्षसों' का वध करने वाली आदि शक्ति प्रियंका गांधी।'
लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद तमाम विपक्षी दल उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना कर रहे हैं। ऐसे ही नेता हैं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला जिन्होंने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश को नया जम्मू कश्मीर बता दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश 'नया जम्मू-कश्मीर' है।
पंजाब सरकार ने उत्तर प्रदेश सरकार को खत लिखकर कहा है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी लखीमपुर खीरी जाना चाहते हैं। आप उनका हेलीकॉप्टर उतारने की इजाजत दें।
प्रियंका ने गेस्ट हाउस में लगाई झाड़ू
गौरतलब है कि लखीमपुर के लिए निकलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को रास्ते में ही रोक लिया गया था। इस वक्त उन्हें जिस गेस्ट हाउस में रखा गया है, वहां वह झाड़ू लगाती नजर आईं हैं।
लखीमपुरी खीरी हिंसा के विरोध में गाजियाबाद में जिला मुख्यालय पर सीपीआईएम के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
गाजियाबाद की तरफ जाने वाले रास्ते को खोला गया
यूपी गेट से गाजियाबाद की तरफ जाने वाले एनएच-9 को खोला गया। इससे लोगों का काफी राहत मिली है।
हापुड़ से लखीमपुर जा रहे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के काफिले को पुलिस ने छिजारसी टोल पर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उनके काफिले में शामिल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए पीछे धकेल दिया। जिसके बाद जयंत चौधरी काफिले के साथ आगे रवाना हो गए। चालाकी से झांसी टोल पर एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल रात से ही तैनात कर दिया गया था। मुरादाबाद की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। गाड़ियों के नाम पते दर्ज किए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी जाने पर अड़े थे। पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने पर उन्होंने अपने आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया था।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बंद किया एनएच-9 और 24
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-9 और 24 बंद कर दिया है। इससे दिल्ली से गाजियाबाद आने-जाने वाले कई रास्तों पर लंबा जाम लग गया है।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को लखनऊ स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया गया था पर वह सुबह पुलिस को चकमा देकर लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए। वहीं, उन्होंने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों से जिला मुख्यालय पर धरना देने और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्देश दिया है।
लखीमपुर जा रहे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के काफिले को पुलिस ने हापुड़ के छिजारसी टोल पर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उनके काफिले में शामिल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए पीछे धकेल दिया। इसी बीच जयंत चौधरी काफिले के साथ आगे रवाना हो गए। इसके बाद जयंत चौधरी ब्रजघाट स्थित टोल पर पहुंचे यहां भी उन्होंने पुलिस को चकमा दिया और आगे बढ़ गए।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में रविवार को हुई हिंसक झड़प में चार किसान समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही सभी विपक्षी पार्टियों के नेता कल रात से लखीमपुर खीरी पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अभी तक कोई कामयाब नहीं हो सका। इन्हीं में से एक हैं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जिन्हें आज सुबह करीब 4.00 बजे हरगांव में रोकने के बाद हिरासत में ले लिया।
प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर अपनी बहन का मनोबल बढ़ाते हुए कहा है कि वह जानते हैं कि प्रियंका पीछे नहीं हटेंगी। राहुल ने ट्वीट किया है, प्रियंका, मैं जानता हूं तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।
लखनऊ के गौतमपल्ली में अराजकतत्वों ने पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। आनन-फानन आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।
वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दावा है कि सलमान खुर्शीद और प्रमोद तिवारी को भी नजरबंद किया गया है।
लखीमपुर खीरी में रविवार को हुए बवाल के बाद पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने दुख जताया है और मुख्यमंत्री से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि लखीमपुर खीरी की हृदय-विदारक घटना में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस प्रकरण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी से सख्त कार्रवाई करने का निवेदन करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा अपना पत्र भी पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि 'तीन अक्तूबर को लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचलने की निर्दयतापूर्वक घटना से सारे देश में पीड़ा और रोष है। हमारे अन्नदाताओं की जिस तरह कुचलकर हत्या की गई, वह सभ्य समाज में अक्षम्य है।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव की नजर बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों से जिला मुख्यालय पर धरना देने और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्देश दिया है।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आशीष मिश्र के खिलाफ हत्या और गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आशीष मिश्र मोनू और 15-20 अज्ञात के खिलाफ दफा 147, 148, 149, 302, 130 बी, 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
लखीमपुर में हुई हिंसा की घटना में जा रही कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी को हरगांव इलाके से पकड़े जाने के बाद पीएसी की सेकेंड वाहिनी में लाकर रखा गया है। इसकी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पहले गेट के बाहर धरने पर बैठ कर प्रदर्शन किया। काफी देर तक धरने पर बैठे रहने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अब हंगामा और प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने जिस जगह पर प्रियंका गांधी को रखा गया है। आरोप है कि उसके बाहर लगे गेट को तोड़ने का प्रयास किया। बताते हैं कि पुलिस ने इसको लेकर विरोध जताया। इसी को लेकर तूल पकड़ गया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को रिहा करने को लेकर पुलिस से भिड़ गए। धक्का-मुक्की की। कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल मामले को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है।
यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने लखनऊ एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर एस रंधावा को एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं देने को कहा है। बघेल और रंधावा ने आज लखीमपुर खीरी जाने की घोषणा की है, जहां संघर्ष में 8 लोगों की मौत हो गई है।
लखीमपुर की घटना को लेकर आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन सुबह करीब 10:30 बजे गाजियाबाद कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी। यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह ने बताया कि अलग-अलग जगह से किसान कलेक्ट्रेट पर पहुंचेंगे इसके बाद अग्रिम आदेश तक किसान कलेक्ट्रेट पर ही डटे रहेंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा के आवाहन पर लखीमपुर खीरी में धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों की हत्या भाजपा के मंत्री द्वारा किए जाने को लेकर जनपद गौतम बुद्ध नगर में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संदेश है कि आज सुबह 10:00 बजे जिलाधिकारी कार्यालय कलेक्ट्रेट सूरजपुर गौतम बुद्ध नगर पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं।-अनित कसाना, भाकियू, गौतम बुद्ध नगर
लखीमपुर खीरी में रविवार को हुए बवाल के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत लखीमपुर खीरी पहुंच गए हैं। इसके साथ ही किसान नेताओं और प्रशासन के बीच सोमवार को बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राकेश टिकैत समेत 12 लोग मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, किसान नेताओं ने प्रशासन के सामने चार मांगें रखी हैं।
इस बैठक में लखीमपुर खीरी के जिला अधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी शामिल हैं। किसानों ने बैठक में प्रशासन के सामने चार बड़ी मांगें रखी हैं। इनमें पहली मांग केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त किए जाने की मांग है। इसके अलावा दूसरी मांग अजय मिश्र के बेटे और मुख्य आरोपी आशीष मिश्र को गिरफ्तार करने की भी मांग है। किसान नेताओं ने प्रशासन से तीसरी मांग के रूप में मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और मृतकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। फिलहाल बातचीत जारी है।
लखीमपुर में हुई घटना के बाद मचे बवाल के बीच अब राजनीति गरमा गई है। जहां एक ओर विपक्षी दल लखीमपुर जाकर माहौल को गर्माने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार और उनकी मशीनरी विपक्षी दलों की मंशा को नाकाम करने की कोशिश में लगी हुई है। इसी कड़ी में लखीमपुर जा रहे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने सीतापुर के खैराबाद टोल प्लाजा पर रोक लिया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर सीतापुर की पुलिस लाइंस में बैठाया गया है।
लखीमपुर जा रहे आम आदमी पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य व राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी सीतापुर में पुलिस-प्रशासन ने हिरासत में ले लिया है। उन्हें लखीमपुर नहीं जाने दिया गया हिरासत में लेने के बाद संजय सिंह को पुलिस लाइन में रखा गया है। इसके अलावा एसपी आरपी सिंह ने अटरिया से लेकर लखीमपुर के बॉर्डर पर पड़ने वाले लहरपुर कोतवाली पुलिस को अलर्ट कर दिया है। किसी भी विपक्षी दल को भी लखीमपुर जाने के लिए इजाजत नहीं दी गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को लखनऊ में नजरबंद कर दिया है। अखिलेश यादव के आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने रविवार को घटना के बाद एलान किया था कि वह सोमवार को लखीमपुर खीरी जाएंगे। अखिलेश यादव ने सभी वरिष्ठ नेताओं को सुबह पार्टी कार्यालय बुलाया था। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने अखिलेश यादव को हाउस अरेस्ट कर लिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लखीमपुर खीरी में हुई घटना अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मौके पर शासन द्वारा अपर मुख्य सचिव नियुक्ति, कार्मिक एवं कृषि, ए.डी.जी. कानून-व्यवस्था, आयुक्त लखनऊ तथा आई.जी. लखनऊ मौजूद हैं तथा स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं। घटना में लिप्त जो भी जिम्मेदार होगा, सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। क्षेत्र के सभी लोगों से अपील है कि वे किसी के बहकावे में न आएं व मौके पर शान्ति-व्यवस्था कायम रखने में अपना योगदान दें। किसी प्रकार के निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मौके पर हो रही जांच तथा कार्रवाई का इन्तजार करें।
लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद लखनऊ से निकलकर मौके पर जाने के लिए लुका-छुपी का खेल खेल रहीं प्रियंका गांधी के मंसूबों को पुलिस-प्रशासन ने नाकाम कर दिया। वह लखनऊ के रास्ते सिधौली तक पहुंची। इसके बाद पुलिस-प्रशासन को चकमा देकर दूसरे रास्तों की जरिए होते हुए निकल गईं, जबकि कमलापुर से लेकर लहरपुर तक जगह-जगह पर पुलिस ने जबरदस्त नाकेबंदी कर रखी थी।
टोल प्लाजा पर खुद डीएम विशाल भरद्वाज और एसपी आरपी सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद थे, लेकिन आगे रोके जाने के डर से प्रियंका गांधी रूट बदलकर दूसरे रास्ते पर चल दीं। इसकी जानकारी मिलते ही सीतापुर पुलिस-प्रशासन के भी होश उड़ गए। वह उनकी लोकेशन को पता लगाने में जुट गए, लेकिन रात का समय होने की वजह से पुलिस को काफी परेशानी भी हुई।
आखिरकार सुबह करीब 4 बजे प्रियंका गांधी को हरगांव कस्बे में मौजूद सीओ सिटी पीयूष सिंह ने महिला पुलिस की मदद से रोक लिया। रोके जाने के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सीओ सिटी को खूब खरी-खरी भी सुनाई। हालांकि काफी मशक्कत के बाद प्रियंका गांधी को हरगांव से लाकर पीएसी की द्वितीय वाहिनी पीएससी में रखा गया है।
प्रियंका गांधी के साथ दूसरी गाड़ी से जा रहे कांग्रेश के प्रदेश अध्यक्ष लल्लू को भी पुलिस ने रोक लिया है। प्रियंका गांधी के साथ हरियाणा के राज सभा सांसद भी थे। पुलिस-प्रशासन ने उन्हें भी रोक लिया है। सभी को पीएसी की वाहिनी में रखा गया है।
वहीं, इसकी सूचना मिलने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता पीएसी पहुंच गए और जहां पर कांग्रेस महासचिव समेत अन्य कांग्रेस के नेताओं को रखा गया है। उसके बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने धरने पर बैठ कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। नारेबाजी कर रहे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस प्रशासन तानाशाही कर रहा है।
कृषि कानूनों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की टिप्पणी का विरोध कर रहे किसानों और मंत्री के बेटे के बीच रविवार को हिंसक टकराव में आठ लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। सियासी उबाल के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लखीमपुर के लिए रात में निकली लेकिन उन्हें सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अखिलेश यादव को भी लखनऊ में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।