फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Block Pramukh Election Live: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी भाजपा का दबदबा, सपा ने किया शतक लगाने का दावा

Sat, 10 Jul 2021 08:56 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

खास बातें

UP Block Chief Election 2021 Live: जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बाद क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भी भाजपा ने परचम फहराया है। शनिवार को हुए क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने 825 में से 735 क्षेत्र पंचायतों में चुनाव लड़कर 648 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में शतक लगाने का दावा किया है। यहां पढ़ें, पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
जीते हुए प्रत्याशी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:54 PM, 10-Jul-2021

जिला पंचायतों के बाद क्षेत्र पंचायतों में भी भाजपा का परचम फहरा

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बाद क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भी भाजपा ने परचम फहराया है। शनिवार को हुए क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने 825 में से 735 क्षेत्र पंचायतों में चुनाव लड़कर 648 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में शतक लगाने का दावा किया है। भाजपा के सहयोगी अपना दल (एस) और निर्दलियों ने भी करीब 70 से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया है। 14 जिलों में सपा का खाता भी नहीं खुला, वहां पर सभी क्षेत्र पंचायतों में भाजपा के उम्मीदवार चुनाव जीते हैं। 

प्रदेश की 825 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में 349 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इनमें से भाजपा के 334 प्रत्याशी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने गए। शनिवार को सभी 75 जिलों में 476 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के  चुनाव के लिए सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर 3 बजे तक मतदान के बाद मतगणना हुई। साढ़े तीन बजे तक परिणाम आने शुरू हो गए थे। शाम 6 बजे तक सभी 476 जिला क्षेत्र पंचायतों में परिणाम आ गए। 648 क्षेत्र पंचायतों में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। 

14 जिलों में क्लीन स्वीप
लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद, आगरा, बदायूं, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, गौतमबुद्ध नगर, पीलीभीत, कन्नौज, बांदा, महोबा, ललितपुर, सोनभद्र जिलों की सभी क्षेत्र पंचायतों में भाजपा ने चुनाव जीता है।

08:15 PM, 10-Jul-2021

बलिया में तीन-तीन सीटों पर भाजपा-निर्दल प्रत्याशी जीते, सपा-बसपा का भी खुला खाता

बलिया जिले में छिटपुट घटनाओं के बीच शनिवार को ब्लॉक प्रमुख के नौ पदों के लिए शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। इसमें 822 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नौ प्रमुख पदों पर फैसला किया। कुल 17 ब्लॉकों में आठ पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो गया था। नौ ब्लॉकों में सपा ने दो, निर्दलों ने तीन, बसपा ने एक और भाजपा ने तीन सीटों पर परचम लहराने में सफलता प्राप्त की। जीत के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।

08:14 PM, 10-Jul-2021

झांसी में भाजपा को तीन, सपा को एक और निर्दलीय के खाते में आई दो सीट 

भारी गहमागहमी के बीच शनिवार को झांसी जनपद के 6 ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान कराया गया। मतदान के तुरंत बाद मतगणना हुई और परिणाम भी घोषित कर दिए गए। इनमें तीन सीटों पर भाजपा को कामयाबी मिली, जबकि एक सीट पर सपा और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीत हासिल करने में कामयाब रहे। 

विज्ञापन
07:56 PM, 10-Jul-2021

प्रयागराज में भाजपा, सपा को दस-दस सीटें

ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में प्रयागराज व कौशाम्बी में भाजपा व सपा बराबरी पर रहीं, जबकि प्रतापगढ़ में सपा का सूपड़ा साफ हो गया। प्रतापगढ़ में सपाइयों ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर पुलिस पर पथराव किया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रयागराज में नैनी के चाका में बीडीसी सदस्य को अगवा करने की कोशिश की गई।

शनिवार को देर शाम घोषित नतीजों में प्रयागराज के 23 ब्लाकों में भाजपा व सपा ने दस-दस सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि अपना दल को एक व दो सीटें निर्दलीय के खाते में गईं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह की बहू प्रगति सिंह मांडा से चुनाव जीतने में कामयाब रहीं। बसपा के पूर्व विधायक राजबली जैसल की पत्नी राजकुमारी जैसल मेजा से चुनाव हार गईं हैं।
 

07:28 PM, 10-Jul-2021

संतकबीर नगर के पांच ब्लॉकों में भाजपा का कब्जा, सपा का भी खुला खाता

संतकबीर नगर जिले के आठ ब्लॉकों में शनिवार को प्रमुख पद का चुनाव हुआ। इसमें पांच ब्लॉकों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने चुनाव जीता। जबकि दो ब्लॉकों में भाजपा के बागी प्रत्याशी चुनाव जीते। सिर्फ एक ब्लॉक में सपा समर्थित प्रत्याशी को जीत मिली। सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक ब्लॉकों में काफी संख्या में पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे। पुलिस की सख्ती की वजह से कहीं कोई विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

विज्ञापन
07:01 PM, 10-Jul-2021

ब्लॉक प्रमुख चुनाव: बस्ती में रुका भाजपा का विजय रथ

बस्ती जिले के दुबौलिया और रुधौली में आखिरकार भाजपा का विजय रथ का पहिया थम गया। दुबौलिया में सपा की गीता देवी ने बाजी मारी। रुधौली में निर्दलीय उम्मीदवार अनूप चौधरी प्रमुख चुने गए। दोनों विजयी उम्मीदवारों को जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कलक्ट्रेट में प्रमाणपत्र दिया।  मतदान और मतगणना के दौरान दोनों ब्लॉक मुख्यालयों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। दुबौलिया में तीखी नोकझोंक को छोड़ निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई।

06:58 PM, 10-Jul-2021

लखीमपुर खीरी: धौरहरा और बेहजम में भाजपा प्रत्याशियों की करारी शिकस्त

जनपद की 15 ब्लॉकों में से छह ब्लॉकों में निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए हैं, जबकि नौ ब्लॉकों में मतदान कराने के बाद प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने वाले प्रमुखों में मितौली से भाजपा की खुशबू सिंह, फूलबेहड़ से भाजपा की बीना सिंह, पसगवां से भाजपा की शिखा सिंह, मोहम्मदी से निर्दलीय महेंद्र वाजपेयी, ईसानगर से भाजपा के आलोक कुमार और रमियाबेहड़ से भाजपा की कल्पना वर्मा शामिल हैं।

06:57 PM, 10-Jul-2021

अलीगढ़ ब्लॉक प्रमुख चुनाव: एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी गंगीरी में हारी भाजपा

ब्लॉक प्रमुख पद के लिए अलीगढ़ जिले में एकमात्र गंगीरी ब्लॉक में चुनाव हुआ। ऐसे में यहां जीत हासिल करने के लिए पूरी भाजपा लगी रही लेकिन 20 साल से पद पर काबिज सपा नेता महेश यादव के छोटे भाई की पत्नी वीरबती देवी ने भाजपा उम्मीदवार राकेश यादव को हरा दिया।

 

06:45 PM, 10-Jul-2021

ब्लॉक प्रमुख चुनाव: गोरखपुर से सपा का सूपड़ा साफ

मुख्यमंत्री के जिले गोरखपुर में संपन्न हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। पार्टी समर्थक की एक भी सीट पर जीत नहीं हुई है। वहीं 20 में से 18 ब्लॉकों में प्रमुख का चुनाव भाजपा ने जीत लिया है। भाजपा के 17 प्रत्याशी जहां निर्विरोधि निर्वाचित हुए वहीं शनिवार को हुए चुनाव में बेलघाट से भाजपा प्रत्याशी को जीत मिली है। उरुवा व बड़हलगंज में निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है। जिला प्रशासन के मुताबिक तीन विकास खंडों के चुनाव शांतिपूर्वक कराए गए हैं। कहीं से किसी तरह के विवाद की सूचना नहीं है। विजयी प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र भी दे दिया गया है।

06:43 PM, 10-Jul-2021

सिद्घार्थनगरः 10 में से सात पर बीजेपी, दो पर सपा और एक निर्दलीय जीता

प्रमुख पद के लिए 10 ब्लॉकों में हुए चुनाव में सत्ताधारी भाजपा ने सात पर जीत दर्ज की है, जबकि दो पर सपा और एक पर निर्दल प्रत्याशी जीतने में कामयाब रहा। प्रतिष्ठापरक बन चुकी इटवा, बांसी, नौगढ़ और लोटन में भाजपा ने तीन सीटे गवां दी और मात्र नौगढ़ में ही जद्दोजहद के बाद सफल हो सकी।

05:45 PM, 10-Jul-2021

आजमगढ़ में भाजपा का बोलबाला, 22 में से आधी सीटें बीजेपी के खाते में, सपा को मिलीं सिर्फ चार

आजमगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में करारी हार के बाद ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा का बोलबाला देखने को मिला। सर्वाधिक 11 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं, मुख्य विपक्षी दल सपा को मात्र चार सीट ही मिल सकीं। सात सीटों पर निर्दल प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया।

05:37 PM, 10-Jul-2021

बरेली: 11 सीटों पर भाजपा, 3 पर सपा और एक पर निर्दलीय का कब्जा

1) मीरगंज  गोपाल कृष्ण 27 वोट से जीते (बीजेपी)
2) शेरगढ़ :- भूपेंद्र गंगवार (सपा)
3) फतेहगंज प. :- किरन यादव(सपा)
4) बहेड़ी :- अमरेंद्र सिंह 8 वोट से जीते (बीजेपी)
5) नवाबगंज :- प्रज्ञा गंगवार 25 वोटो से जीती (बीजेपी)
6) भदपुरा :- रश्मि गंगवार 60 वोटो से जीती (बीजेपी)
7) दमखोदा :- स्नेहलता लता गंगवार (निर्विरोध) (बीजेपी)
8) भोजीपुरा :- योगेश पटेल (निर्विरोध) (बीजेपी)
9) रामनगर :- विजेता (निर्दलीय)
10) भुता :- जगमोहन यादव (सपा)
11) मझगवां :- यशवंत सिंह 94 वोटो से जीते (बीजेपी)
12) फरीदपुर :- सोनम (बीजेपी)
13) बिथरीचैनपुर :- ब्रजेश कुमारी 9 वोटो से जीती (बीजेपी)
14) आलमपुर जफराबाद :- वेद प्रकाश यादव (निर्विरोध) ( बीजेपी)
15) क्यारा :- रजनी चौहान (निर्विरोध) (बीजेपी)
 

05:30 PM, 10-Jul-2021

महराजगंज में 12 विकास खंडों में से 10 पर भाजपा का कब्जा

महराजगंज ब्लॉक प्रमुख चुनाव: 12 विकास खंडों में से 10 पर भाजपा का कब्जा, एक-एक सीट पर निर्दल व सपा हुई विजयी
महराजगंज जिले के सात ब्लॉकों में शनिवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर मतदान व मतगणना की प्रक्रिया बेहतर ढंग से संपन्न हो गई। मतगणना का परिणाम घोषित किए जाने के बाद जहां छह ब्लॉकों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए वहीं, लक्ष्मीपुर ब्लॉक में पूर्व विधान परिषद सभापति गणेश शंकर पांडेय की पुत्रवधू अंजली पांडेय ने जीत दर्ज की है।

05:19 PM, 10-Jul-2021

शाहजहांपुर में क्लीन स्वीपः सभी पांच ब्लॉक में भाजपा ने हासिल की जीत

शाहजहांपुर में 15 में से दस ब्लॉकों में निर्विरोध निर्वाचन के बाद शेष पांच ब्लॉक में भी भाजपा ने चुनाव जीत लिया है। शनिवार को मतदान के बाद हुई मतगणना में बंडा से ओमप्रकाश, सिंधौली से मछला सिंह, भावलखेड़ा से राजाराम, तिलहर से कविता यादव और जैतीपुर से सपना कश्यप ने जीत हासिल की। तिलहर और जैतीपुर में थोड़ा नजदीकी मुकाबला हुआ मगर अन्य जगह पर भाजपा प्रत्याशी की जीत एकतरफा रही। सपा सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगा रही है लेकिन भाजपाई क्लीन स्वीप पर जश्न मना रहे हैं।

05:17 PM, 10-Jul-2021

बिसौली और वजीरगंज ब्लॉक प्रमुख पदों पर भी भाजपा का कब्जा

बिसौली और वजीरगंज ब्लॉक प्रमुख के पदों पर भी भाजपा प्रत्याशियों का कब्जा हो गया। वजीरगंज में कारगिल शहीद हरीओम सिंह की पत्नी गुड्डो देवी ब्लॉक प्रमुख चुनी गई। वजीरगंज में सपा समर्थित प्रत्याशी को केवल छह क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ही वोट दिया। यहां कुल 72 सदस्य थे। बिसौली में भाजपा की सरला देवी ने सपा को हराकर ब्लॉक प्रमुखी जीती है। कुल 15 ब्लॉक में 13 ब्लॉक प्रमुख पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इस तरह जिले की सभी 15 ब्लॉक प्रमुख सीटों पर भाजपा जीत गई है। अपने गढ़ में सपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

05:08 PM, 10-Jul-2021

संतकबीरनगर जिले के आठ ब्लॉकों के परिणाम आए

- मेंहदावल में भाजपा की समर्थित प्रत्याशी पुष्पा निर्विरोध चुनी गई थी।

- हैंसर बाजार ब्लॉक में भाजपा की बागी प्रत्याशी जयंत्री देवी चुनाव जीती।

- पौली ब्लॉक मेंं भाजपा के बागी प्रत्याशी राम मिलन यादव चुनाव जीते।

- नाथनगर ब्लॉक में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रामवृक्ष यादव चुनाव जीते।

- खलीलाबाद ब्लॉक में भाजपा की समर्थित प्रत्याशी प्रमिला चुनाव जीती।

- बघौली ब्लॉक में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सरिता चुनाव जीती।

- बेलहर कला में भाजपा समर्थित प्रत्याशी डॉक्टर भूपेंद्र सिंह चुनाव जीते।

- सांथा ब्लॉक में भाजपा के समर्थित प्रत्याशी अरविंद जायसवाल चुनाव जीते।

- सेमरियावां ब्लॉक सपा समर्थित प्रत्याशी मजहरून्निशा चुनाव जीती।

05:06 PM, 10-Jul-2021

पीलीभीत 07 में से 6 सीट पर आए नतीजे

1. मरौरी ब्लॉक - सभ्यता वर्मा ( निर्दलीय)  
2. पूरनपुर ब्लॉक - कमलेश्वरी देवी (निर्दलीय )
3. बीसलपुर - अशोक शर्मा (भाजपा)
4. बरखेड़ा - राम देवी (भाजपा)
5. अमरिया- गिनती जारी

ये हुए निर्विरोध
6. ललौरीखेड़ा- अजय सिंह गंगवार (भाजपा) 
अजय सिंह भाजपा शहर विधायक संजय सिंह गंगवार के भाई है।
7. बिलसंडा - गीता देवी (भाजपा)

नोट: निर्दलीय जीतकर आये ब्लॉक प्रमुखों को भी भाजपा ने अपने घोषित प्रत्याशी कमजोर पड़ने पर समर्थन दे दिया था।

04:48 PM, 10-Jul-2021

मेरठ में कहां से कौन जीता 

1. सरूरपुर से भाजपा के बागी मनोज चौहान ब्लॉक प्रमुख बने। उन्हें 65 में से 39 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह को एक भी वोट नहीं मिला। वहीं कविता चौधरी को 22 वोट मिले हैं।
2. जानी ब्लॉक में भाजपा के प्रत्याशी गौरव ने एक वोट से जीत हासिल की है। उन्होंने हरेंद्र सिंह को एक वोट से हराया है। गौरव को 39 वोट मिले, हरेंद्र सिंह को 38 वोट मिले हैं।
3. माछरा क्षेत्र पंचायत में अशोक त्यागी ब्लाक प्रमुख पद पर बिजय हुए।
4. हस्तिनापुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन पोसवाल विजय घोषित हुए। उन्हें 59 में से 44 वोट मिले हैं। वहीं सपा प्रत्याशी सचिन गुर्जर को छह वोट मिले, सनी गुर्जर को भी छह वोट मिले, जबकि पूर्व मंत्री मुकेश सिद्धार्थ की पुत्री आरुषि सिद्धार्थ को सिर्फ दो वोट मिले। इसके अलावा एक वोट कैंसिल हो गया।
5. मवाना पंचायत क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा प्रत्याशी गीता पायल चार वोट से विजय हुई हैं।

बागपत में कहां से कौन जीता
1. छपरौली पंचायत क्षेत्र में रालोद समर्थित प्रत्याशी अंशु विजय हुई हैं। उन्हें 44 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी कमलेश देवी को 21 वोट मिले हैं। इसके अलावा पांच वोट निरस्त हो गए।
2. बागपत पंचायत क्षेत्र में निर्दलीय सुनीता जीती हैं। उन्हें कुल 46 वोट मिले, जबकि भाजपा की मीनू को 37 वोट मिले हैं।
3. पिलाना ब्लॉक से अनीश यादव जीते हैं। अनीश यादव लगातार तीसरी बार ब्लॉक प्रमुख बने। उन्होंने अभयवीर यादव को हराया है। अनीश को 42 तो अभयवीर को 39 वोट मिले हैं।

सहारनपुर में कहां से कौन जीता
1. सहारनपुर में नकुड़ पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सुभाष चौधरी को 75 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वन्द्वी मनोज कुमार को सिर्फ 28 मत प्राप्त हुए। भाजपा के सुभाष चौधरी ब्लॉक प्रमुख बन गए हैं।2. नागल पंचायत क्षेत्र से भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजना चौधरी विजयी हुईं।
3. ब्लॉक साढौली कदीम में भाजपा प्रत्याक्षी चौधरी विश्वास को 53 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याक्षी सुमन को 46 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए।
4. सरसावा पंचायत क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ताहिर हसन 70 वोट लेकर विजय हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी सिराज अहमद को 49 वोट मिले। इसके अलावा आठ वोट कैंसिल हो गए और दो बीडीसी मतदान करने नहीं आए।
5. रामपुर मनिहारान में ब्लॉक प्रमुख पद पर भाजपा की गीता रानी ने भाजपा के ही बागी प्रत्याशी डॉ. किरणपाल को सात मतों से शिकस्त देकर अपनी जीत दर्ज की। दो मत निरस्त किए गए, जबकि एक वोट नहीं पड़ी है।

बिजनौर में कहां से कौन जीता
1. किरतपुर पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अंकित चौधरी 19 वोटों से जीते हुए। अंकित को 53 वोट मिले, दूसरे प्रत्याशी हिमालय को 34 वोट मिले हैं।
2. धामपुर पंचायत क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी क्षमा हेमलता चौहान नौ वोटों से जीतीं। हेमलता को 65 और निर्दलीय प्रत्याशी डॉक्टर कुसुम रघुवंशी को 56 वोट मिले, जबकि तीन वोट कैंसिल हो गए।यहां कुल 124 वोट पड़े।
3. अफजलगढ़ पंचायत क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार उर्फ बबली को 69 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी शैलेंद्र चौहान को 41 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी 28 मतों से जीते हैं, जबकि नौ वोट कैंसिल हो गए।
4. नजीबाबाद से ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्दलीय प्रत्याशी तपराज सिंह जीते हैं। भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अवधेश कुमार को हार का सामना करना पड़ा।
5. जलीलपुर पंचायत क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जीते। भाजपा प्रत्याशी कुंतेश देवी को 68 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी रीना धारीवाल को 61 वोट मिले हैं।

बिजनौर में 11 में से 10 ब्लॉक पर भाजपा के ब्लॉक प्रमुख बनना तय
शनिवार को पांच सीटों पर हुआ चुनाव हुआ। इनमें से चार पर भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। इससे पहले छह प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

शामली में कहां से कौन जीता
1. थानाभवन पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका ने जीत दर्ज की। 
2. शामली पंचायत क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी ने जीत हासिल की है।
3. कांधला में निर्दलीय प्रत्याशी विनोद मालिक जीते हैं।

04:44 PM, 10-Jul-2021

ठाकुरद्वारा में पूर्व सांसद समर्थक विजयी, भाजपा को मिली हार

ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह समर्थित प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को 58 वोटों से पराजित कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी को मात्र 22 मत मिले हैं।

ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को 104 बीडीसी सदस्यों ने मतदान किया। यहां ब्लॉक प्रमुख पद अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित था। कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्वक मतदान के बाद मतगणना कार्य प्रारंभ हुआ। इसमें संजना को 80 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी संतोष देवी को 22 वोट मिले। दो वोट निरस्त हो गए। ब्लाक प्रमुख के पद पर संजना ने विजय हासिल की है। संजना को पूर्व सांसद ने समर्थन दिया था।

04:21 PM, 10-Jul-2021

सिकंदराराऊ ब्लॉक में भाजपा और सपा समर्थित उम्मीदवारों के बराबर मत आए

सिकंदराराऊ ब्लॉक में भाजपा और सपा समर्थित उम्मीदवारों के बराबर बराबर मत आए। प्रशासन द्वारा लॉटरी सिस्टम से सपा समर्थित प्रत्याशी सुदामा देवी को विजयी घोषित किया गया।

03:53 PM, 10-Jul-2021

लोनी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा जीती

लोनी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा ने 6 वोटों से जीत हासिल की। भाजपा प्रत्याशी वंदना को 39 और निर्दलीय प्रत्याशी रेनू को 33 वोट मिले। वहीं, 2 वोट रिजेक्ट हुए।

03:41 PM, 10-Jul-2021

अलीगंज में भाजपा प्रत्याशी रेखा शाक्य विजयी

अलीगंज में भाजपा प्रत्याशी रेखा शाक्य विजयी। उन्हें 68 मिले। सपा प्रत्याशी ओमपाल सिंह को 49 वोट मिले।

03:39 PM, 10-Jul-2021

एटा में मतदान समाप्त

एटा: मतदान समाप्त, तीनों ब्लॉक की स्थिति
अलीगंज: 119 में से पड़े 117 वोट
सकीट: 101 में से पड़े 99 मत
जैथरा: 98 में से 96 सदस्यों ने किया मताधिकार का प्रयोग किया।

03:36 PM, 10-Jul-2021

ककवन से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी किरनलता बनीं ब्लॉक प्रमुख

  • कानपुर नगर- ककवन से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी किरनलता बनीं ब्लॉक प्रमुख। 32 वोटो में किरन को मिले 27 वोट।
  • सरसौल से ब्लॉक प्रमुख पद पर सपा प्रत्याशी डॉ. विजयरत्ना 70 मत पाकर विजयी घोषित। वहीं, भाजपा समर्थित गायत्री अवस्थी को 20 मत मिले चार मत अवैध घोषित हुए।
  • चौबेपुर से भाजपा समर्थित राजेश शुक्ला हुए विजय।

03:28 PM, 10-Jul-2021

गोरखपुर के विभिन्न ब्लॉकों का हाल

उरुवा विकास खण्ड में सब 101 क्षेत्र पंचायत सदस्य है। जिसमें से 87 मत अब तक पड़ चुके हैं। सूचना के मुताबिक ब्लॉक परिसर पर 99 बीडीसी सदस्य पहुंच चुके हैं।

बड़हलगंज ब्लॉक में 91 मतों में 90 मत पड़े। एक मत वार्ड संख्या 06 से श्रीमती पूनम शाही पत्नी हरिश्चंद्र शाही पीजीआई में इलाज के चलते वोट नहीं दे पा रही हैं।

बेलघाट में 98 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं जिसमें अब तक 96 वोटिंग होने का पता चल रहा है।

03:05 PM, 10-Jul-2021

कानपुर देहात में पथराव

इटावा हमीरपुर के बाद कानपुर देहात के सरवनखेड़ा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी की भाभी माया त्रिवेदी व उर्वशी सिंह के समर्थकों के बीच फायरिंग व पथराव हो गया। पथराव से दोनों तरफ की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। डीएम व एसपी मौके पर पहुंचे।

बलरामपुर
धनघटा की बीटीसी श्रीदेवी का प्रमाणपत्र गायब होने के बाद उसने आधार कार्ड पर वोट डाला। वहीं आधार कार्ड में नाम स्पष्ट ना होने पर नूरबानो को मतदान से रोका। विधायक कैलाश नाथ शुक्ला के हस्तक्षेप से पड़ा वोट। सभी 134 बीडीसी सदस्यों ने मतदान चुनाव संपन्न किया।

उन्नाव
मियागंज ब्लॉक में बीडीसी को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। इस दौरान पुलिस ने लाठियां पटकीं और मीडिया के लोगों से भी धक्का मुक्की की गई। पत्रकारों को प्रशासन ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। धरने पर बैठे पत्रकार। डीएम एसपी मौके पर पहुंचे।

02:40 PM, 10-Jul-2021

बाराबंकी में हुआ विवाद

बाराबंकी त्रिवेदीगंज ब्लॉक प्रमुख चुनाव में मतदान के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी पक्ष के दो लोग घायल हो गए। भाजपा का झंडा लगाने को लेकर सुबह हुए दोनों पक्षो में विवाद पर अधिकृत प्रत्याशी ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की थी। डीएम एसपी भारी पुलिस बल के साथ भाजपा प्रत्याशी के गांव में मौजूद हैं।

अलीगढ़
गंगीरी ब्लॉक पर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हुआ तो सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी रहे। यहां राकेश सिंह और वीरवती देवी के बीच कड़ा मुकाबला है। जानकारी के अनुसार अतरौली तहसील क्षेत्र के बिजौली और अतरौली ब्लॉक पर निर्विरोध ब्लॉक चयनित हो गए हैं। तहसील क्षेत्र के एकमात्र गंगीरी ब्लॉक पर दोपहर 11 बजे से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हुए जो दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। 3.00 बजे के बाद मतगणना शुरू की जाएगी। शाम तक चुनाव परिणाम आ जाएंगे। ग्रामीण शुभम पटेल ने बताया ब्लॉक परिसर पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम हैं और भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है।

02:12 PM, 10-Jul-2021

फिरोजाबाद में भाजपाइयों ने सपाइयों को धमकाया

फिरोजाबाद ब्लॉक में मतदान केंद्र के अंदर भाजपा प्रत्याशी द्वारा सपा समर्थक सदस्यों को धमकाने, मारपीट करने और वोट न डालने देने का आरोप है। यह आरोप मतदान केंद्र से बाहर आए सदस्यों ने लगाए हैं। इसके विरोध में सपाइयों ने भाऊ के नगला चौराहे पर नारेबाजी की।

सिद्धार्थनगर: बीडीसी के हाथ से पेपर छीनकर दूसरे ने डाल दिया वोट
 लोटन  में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में शनिवार को लोटन ब्लॉक में मतदान करने गए क्षेत्र पंचायत सदस्य से बैलेट पेपर छीनकर किसी दूसरे ने वोट दिया। बाहर आए क्षेत्र पंचायत सदस्य उमेश ने बताया कि अंदर किसी ने उसे दो थप्पड़ मार दिया। वह कुछ समझ पाते, इसके पहले ही उसने उनका वोट डाल दिया। बाहर निकलने के बाद उमेश ने इसका खुलासा किया। लोटन ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मणि त्रिपाठी एवं निर्दल प्रत्याशी आशीष सिंह मैदान में हैं। जब दूसरे व्यक्ति के वोट डालने की खबर फैली तो ब्लॉक परिसर में हंगामा होने लगा। इस मौके पर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस सख्त हुई तो मामला शांत हुआ, जबकि एक प्रत्याशी के समर्थक जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इटावा
मतदान के दौरान बढ़पुरा ब्लॉक के अंदर फिर फायरिंग हुई। इसके बाद पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की। मौके पर डीएम-एसपी मौजूद हैं। अचानक आई भीड़ पुलिस से भिड़ गई। इस बीच नकाबपोश युवक ने एक एसपी को तमाचा जड़ दिया।

01:48 PM, 10-Jul-2021

अमेठी: संग्रामपुर में गुंडागर्दी पर उतरा पुलिस प्रशासन

अमेठी की भाजपा विधायक गरिमा सिंह के पुत्र व प्रतिनिधि अनंत विक्रम सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप मढ़ा है। शनिवार को संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे अनंत ने आरोप लगाया कि यहां भाजपा के ही लोग योगी के प्रशासन की मदद से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को हराने में जुटे हैं। पुलिस की मदद से न सिर्फ अधिकृत प्रत्याशी को घंटों रोका गया, वहीं कई बीडीसी सदस्यों को निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में अगवा कर लिया गया। आरोपों के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे नाराज पुलिस ने कार्यकर्ताओं को दौड़ाकर पीटा।

प्रतापगढ़
जिले के आसपुर देवसरा विकासखंड में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के दौरान सपा व पुलिस में भिड़ंत हो गई। सपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा पथराव के बाद पुलिस ने उन पर काबू पाने के लिए कई राउंड फायर किए जिसके बाद हंगामे के चलते मतदान बाधित हुआ।

01:38 PM, 10-Jul-2021

अयोध्या के सोहावल ब्लॉक में भाजपाइयों ने शक के आधार पर युवक को पीटा

अयोध्या के सोहावल ब्लॉक पर दो गुटों में मारपीट। भाजपाइयों ने संदेह के आधार पर एक युवक की पिटाई कर दी। उन्होंने युवक को निर्दल प्रत्याशी विश्वनाथ का समर्थक समझकर पीटा था। पुलिस ने दोनों पक्षों पर हल्का बल प्रयोग कर तितर-बितर किया।

इटावा
बढ़पुरा ब्लॉक में सपा-भाजपा की टक्कर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की झड़प हो गई। कार्यकर्ताओं की तरफ से एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई। वहीं खबर ये भी है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी सिटी को थप्पड़ मार दिया। इस दौरान पुलिस की तरफ से आंसू गैस की फायरिंग भी की गई। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए स्पेशल पुलिस बुलाई गई और भाजपा सदर विधायक सरिता भदौरिया और जिला अध्यक्ष के साथ पुलिस की कहासुनी हो गई।

01:27 PM, 10-Jul-2021

सदर ब्लॉक में मतदान के दौरान बसपा नेता ने किया हंगामा, पुलिस का लाठीचार्ज

लखीमपुर खीरी के सदर ब्लॉक में मतगणना स्थल पर जाने के लिए बसपा नेता मोहन वाजपेयी व उनके समर्थक गाड़ियों के काफिले संग पहुंचे। बैरियर पर मुस्तैद पुलिस ने मोहन को रोककर वापस जाने के लिए कहा, तो मोहन व उनके समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तनावपूर्ण होते देख सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा ने मोर्चा संभाला और उपद्रव करने का प्रयास करने वालों पर लाठी फटकारी। इस दौरान कुछ डंडे मोहन पर भी पड़े। एसडीएम सदर डॉ अरुण सिंह ने बसपा नेता को वापस जाने के लिए कहा और कार्रवाई की चेतावनी दी। एसडीएम ने कहा बसपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

मुजफ्फरनगर
बुढ़ाना में मतदान के दौरान भाजपा विधायक उमेश मलिक के आते ही विरोधी गुट के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। उमेश मलिक को वहां से चले जाने की मांग की। इसी दौरान भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी वहां पहुंच गए। टिकैत ने एसपी क्राइम को इमानदारी से चुनाव करवाने की बात कही। सड़क के एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता तो दूसरी ओर विरोधी दलों के नेता व ग्रामीण तथा भाकियू कार्यकर्ता जमे हुए हैं।

इटावा
इटावा के बढ़पुरा ब्लॉक में मतदान के दौरान फायरिंग हुई और सपा-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इस दौरान पुलिस ने भी की फायरिंग।

01:17 PM, 10-Jul-2021

मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक में मतदान प्रक्रिया पूरी

मऊ के मुहम्मदबाद गोहना ब्लॉक में सबसे पहले पूरी हुई मतदान की प्रक्रिया। यहां सभी 91 बीडीसी सदस्यों ने मतदान कर दिया है। 3.00 बजे मतगणना की जाएगी।

लखनऊ
लखनऊ के सरोजनी नगर ब्लॉक में चल रहे मतदान में धांधली का आरोप लगाते हुए सपा समर्थकों ने कानपुर रोड पर हंगामा किया।

शाहजहांपुर में प्रत्याशी पहुंचे, धीरे धीरे आने शुरू हुए बीडीसी सदस्य
शाहजहांपुर के 10 ब्लॉकों में निर्विरोध निर्वाचन के बाद शनिवार को 5 ब्लाकों में भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच ब्लाक प्रमुख के लिए मुकाबला हो रहा है। पूर्वाहन 11:00 बजे से मतदान शुरू हो गया है। प्रत्याशी को छोड़कर मतदान के लिए कुछ ही बीडीसी सदस्य नहीं पहुंचे हैं। धीरे धीरे सदस्य आ रहे हैं। 3:00 बजे तक मतदान होगा। सिंधौली, बंडा, तिलहर, जैतीपुर और भावलखेड़ा ब्लॉक में चुनाव हो रहा है। चुनाव स्थल से ढाई सौ मीटर पहले बैरिकेडिंग लगाकर मीडिया के साथ सामान्य लोगों का आवागमन भी बंद कर दिया है इससे लोगों में नाराजगी है।

12:29 PM, 10-Jul-2021

हस्तिनापुर में मतदान जारी

हस्तिनापुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदाता धीरे-धीरे खंड विकास कार्यालय पर बने मतदानस्थल की ओर पहुंच रहे हैं और अभी तक शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम हैं। ड्रोन द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, साथ ही मतदान स्थल के दोनों ओर दो-दो स्थानों पर बैरियर बनाए गए हैं।

अमरोहा: जोया ब्लॉक में सपा और भाजपा समर्थकों में जमकर हुई मारपीट
अमरोहा के जोया ब्लाक प्रमुख चुनाव के मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ। सपा और भाजपा समर्थकों में पुलिस के सामने मारपीट हुई। उपद्रवियों ने दहशत फैलाने को  ओवर ब्रिज पर खड़े होकर पांच छह राउंड फायरिंग की। जमकर पत्थर किया। घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बवालियों पर लाठी भांज कर खदेड़ दिया। बवाल के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों में दहशत का माहौल है। अमरोहा जनपद में शनिवार को पांच ब्लॉकों में ब्लाक प्रमुख पद के लिए वोटिंग चल रही है। ग्यारह बजे से वोटिंग शुरू हुई। पुलिस प्रशासन ने जोया चौराहे से भाजपा समर्थित बीडीसी सदस्यों को ब्लॉक में जाने की अनुमति दी। जबकि सपा समर्थित सदस्यों को साप्ताहिक बाजार की तरफ से एंट्री दी गई। मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था। तभी कुछ उपद्रवियों ने ओवर ब्रिज पर पहुंचकर पांच से छह राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इससे पहले पुलिस कुछ समझ पाती उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके तत्काल बाद भाजपाइयों सपा समर्थित सदस्यों के एंट्री स्थल पर कब्जा कर लिया। इस दौरान पुलिस और भाजपाइयों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। तभी बड़ी संख्या में सफाई पहुंच गए। इसके बाद पुलिस के सामने ही सपा और भाजपा समर्थकों में जमकर मारपीट हुई। जिसके बाद पुलिस ने बवालियों को लाठी भांज कर खदेड़ दिया। बवाल के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों में दहशत का माहौल है। वही ब्लॉक के आसपास के लोगों में हड़कंप मचा है। फिलहाल वोटिंग शांतिपूर्ण चल रही है। पुलिस ने उपद्रवियों को चारों तरफ से घेर रखा है।

12:15 PM, 10-Jul-2021

गहमागहमी के बीच ब्लॉक प्रमुख का चुनाव प्रारंभ

प्रतापगढ़ जिले के 11 ब्लॉक प्रमुख पदों का चुनाव शनिवार को 11:00 बजे से प्रारंभ हो गया। कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक मुख्यालयों पर चेकिंग व प्रमाण पत्र देखने के पश्चात क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मतदान के लिए प्रवेश दिया जा रहा था। 11 प्रमुख पद के लिए 31 क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव मैदान में।

छह ब्लॉकों में प्रमुख के लिए मतदान शुरू, मतदाताओं की लगी लाइन
संभल में छह ब्लाकों में मतदान सुबह 11 बजे से शुरू हो गया है। मतदान के लिए पहुंचे बीडीसी सदस्यों की लाइन लगी है। सुरक्षा को लेकर सभी ब्लॉक संभल, बहजोई, जुनावई, रजपुरा, संभल, पवांसा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सभी को ब्लॉक परिसर से 200 मीटर पहले ही रोक दिया गया है। बहजोई में मतदान की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने हाईकोर्ट में अपील कर प्रशासन पर भाजपा के पक्ष में चुनाव कराने का आरोप लगाया था तथा मतदान की वीडियोग्राफी कराने की मांग थी। बहजोई में प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ी भी परिसर से दूर रोक दी गई, अधिकारी भी पैदल ही ऑफिस तक पहुंचे। बनियाखेड़ा और गुन्नौर ब्लॉक में पहले ही प्रमुख निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

12:00 PM, 10-Jul-2021

सहारनपुर में ड्रोन से हो रही निगरानी

सहारनपुर में आज नकुड़, सरसावा, देवबंद, साढ़ौली कदीम, नागल और रामपुर मनिहारान ब्लाक प्रमुख पदों के लिए मतदान हो रहा है। इन सभी ब्लाक कार्यालय पर सुरक्षा के लिहाज से सुबह से ही पुलिस तैनात कर दी गई है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।

हमीरपुर
हमीरपुर के सुमेरपुर ब्लाक में सपा प्रत्याशी जयनारायण यादव की गाड़ी में भाजपा समर्थकों ने की तोड़फोड़, सपा प्रत्याशी के भाई के साथ मारपीट की।

मऊ
छह ब्लॉक में प्रमुख पद के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी। दोहरीघाट ब्लॉक में मतदाताओं की लंबी कतार। दोहरीघाट में कस्बे को पूरी तरह से पुलिस ने सील कर दिया है। किसी भी आम आदमी को आने-जाने की इजाजत नहीं है। बताते चलें कि बीती रात भाजपा के ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशी बंदना राय के देवर पर बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। वहीं बड़ा ब्लॉक पर भी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था है।

11:32 AM, 10-Jul-2021

सिद्धार्थनगर: मतदान से पहले बीडीसी को पीटा 

सिद्धार्थनगर के नौगढ़ ब्लॉक में शनिवार को सुबह 10.30 बजे एक क्षेत्र में पंचायत सदस्य की पिटाई कर दी है। इस कारण मतदान से पहले ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर ब्लॉक की ओर जाने वाले रास्ते पर रोक लगा दी। ब्लॉक परिसर में बीडीसी सदस्य की कुछ लोगों ने अचानक पिटाई कर दी, उसके बाद पुलिस फोर्स ने यहां सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। भीड़ को हटाकर मामला शांत कराया गया। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी रेनू मिश्रा और निर्दल प्रत्याशी प्रियंका सिंह मैदान में हैं। निर्दल प्रत्याशी प्रियंका सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय यादव की बेवजह पिटाई कर दी। दहशत का माहौल पैदा कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार बेरोक-टोक मतदान केंद्र के अंदर पहुंच रहे हैं।

कासगंज
कासगंज में सोरों ब्लॉक में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ है। इससे पहले शुक्रवार को नाम वापसी प्रक्रिया के दौरान सहावर और सोरों ब्लॉक से एक-एक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लिए जाने के बाद पांच विकासखंडों में ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।

11:06 AM, 10-Jul-2021

सोनभद्र और मैनपुरी में चुनाव शुरू

सोनभद्र के पांच ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हो गया है। कोन, करमा, घोरावल, नगवां और चोपन ब्लॉक में पड़ वोट पड़ रहे हैं। घोरावल में भाजपा और निर्दलीय अन्य ब्लॉकों में सपा और भाजपा प्रत्याशी के बीच मुकाबला है।

मैनपुरी विकास खंड कार्यालय जागीर पर थानाध्यक्ष एलाऊ सुनील भारद्वाज के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात। ब्लॉक प्रमुख चुनाव को देखते हुए ब्लॉक जागीर की 10 किलोमीटर तक की सीमाओं को सील किया गया। थानाध्यक्ष एलाऊ सुनील भारद्वाज ने बताया ब्लॉक जागीर की आने-जाने के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश निषेध है। मीडियाकर्मियों को विकास खंड कार्यालय से 200 मीटर दूरी पर लगे बैरियर पर रोका गया है।

इटावा में एक साथ 80 से अधिक संख्या में सपा के बीडीसी सदस्य मतदान के लिए पहुंचे हैं।
 

11:04 AM, 10-Jul-2021

सीओ सुरेंद्र और एसडीएम ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

औरैया के सहार ब्लॉक में सीओ सुरेंद्र नाथ व एसडीएम राशिद अली ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एटा में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर पुलिस बल को सीओ राजकुमार ने ब्रीफ किया। तीन ब्लॉक अलीगंज, जैथरा और सकीट में मतदान है।

11:01 AM, 10-Jul-2021

चुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बलरामपुर के हरैया सतघरवा ब्लॉक में मतदान कराने के लिए प्रशासनिक व पुलिस अफसर पहुंच गए हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रायबरेली में डलमऊ ब्लॉक में मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। गेट पर एसडीएम और सीओ बैठे हैं। ऊंचाहार ब्लॉक में अंदर जाने वाले वाहन चालक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
 

10:59 AM, 10-Jul-2021

सीतापुर में ड्रोन से नजर

सीतापुर में महमूदाबाद में सात द्वार पार कर मतदान केंद्र तक पहुंच पाएंगे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। ड्रोन से निगहबानी हो रही है। सीतापुर के कसमंडा ब्लॉक में नामांकन के दौरान हुए बवाल के बाद शनिवार को ब्लॉक प्रमुख के होने जा रहे चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। शनिवार को मतदान से पूर्व कसमंडा ब्लॉक पहुंचकर एसपी आरपी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का पूरा जायजा लिया और मातहतों को हर गतिविधि पर नजर रखते हुए चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।


10:56 AM, 10-Jul-2021

मथुरा में नौहझील पर पुलिसबल तैनात

ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मथुरा में नौहझील पर पुलिसबल तैनात किया गया है। कुछ देर बाद मतदान शुरू होगा। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मथुरा में भाजपा का मुकाबला, रालोद और बसपा से होगा।

10:50 AM, 10-Jul-2021

चित्रकूट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट

चित्रकूट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। प्रशासन जगह-जगह बैरीकेटिंग कर शांति पूर्ण ढंग से चुनाव कराने की कवायद में जुटा है। जनपद के पांच ब्लॉकों में से दो ब्लॉकों में भाजपा के दो प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं मानिकपुर व कर्वी में सपा-भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। पहाड़ी ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच कड़ा मुकाबला है। तीनों ब्लॉकों में भाजपा के दिग्गज नेताओं व सपा के नेताओं ने अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

10:45 AM, 10-Jul-2021

325 से अधिक जगह जीत के लिए मशक्कत शुरू

भाजपा ने शनिवार को 476 क्षेत्र पंचायतों में होने वाले चुनाव में से करीब 325 से अधिक जगह जीत के लिए मशक्कत शुरू की है। सरकार के मंत्री, पार्टी के विधायक और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जहां-जहां चुनाव होना है वहां पार्टी के जिम्मेदार लोगों ने प्रतिद्वंद्वी खेमे के क्षेत्र पंचायत सदस्यों से संपर्क कर उनका समर्थन जुटाने का प्रयास शुरू कर दिया।
 

10:31 AM, 10-Jul-2021

334 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित

825 क्षेत्र पंचायत में हो रहे चुनाव में से भाजपा ने करीब 795 क्षेत्र पंचायतों में अधिकृत उम्मीदवार घोषित किए हैं। वहीं करीब 30 क्षेत्र पंचायतों में उम्मीदवारी को लेकर पार्टी के सांसद-विधायक या जिलाध्यक्ष-विधायक के बीच विवाद होने के कारण वहां पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। 795 क्षेत्र पंचायतों में से 334 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।

10:20 AM, 10-Jul-2021

भाजपा के 334 ब्लॉक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित

क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने भारी बढ़त बना ली है। भाजपा के 334 प्रत्याशी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। पार्टी ने शनिवार को होने वाले चुनाव में प्रदेश की 825 में से 650 से अधिक क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष निर्वाचित कराने की तैयारी की है।

10:08 AM, 10-Jul-2021

मतदान के बाद मतगणना कर घोषित किया जाएगा परिणाम

राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि नामांकन वापसी के बाद 349 क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 476 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए 1,174 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। शनिवार को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
 

09:58 AM, 10-Jul-2021

UP Block Pramukh Election Live: ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी भाजपा का दबदबा, सपा ने किया शतक लगाने का दावा

उत्तर प्रदेश की 476 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए आज मतदान होगा। शुक्रवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन 349 क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को होने वाले मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। 825 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कुल 1778 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 68 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हुए। शुक्रवार तक 289 क्षेत्र पंचायतों में एक-एक उम्मीदवार ने ही नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापसी के अंतिम दिन दोपहर 3 बजे तक कुल 187 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें