फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida Airport Inauguration: 'पहले के CM यहां आने से डरते थे, नोएडा को लूट का ATM बना लिया था', PM मोदी का हमला

Sat, 28 Mar 2026 01:47 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा

खास बातें

Noida Jewar Airport Inauguration Today Live Updates : करीब 25 वर्षों के बाद आसमान से जुड़ने का नोएडा का सपना आज पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का लोकार्पण किया। 
विज्ञापन
Noida Airport Inauguration - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:07 PM, 28-Mar-2026

'भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बनाया'

पीएम मोदी ने कहा, 'किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।'

12:58 PM, 28-Mar-2026

पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे, समाजवादी पार्टी पर पीएम मोदी का हमला

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। नोएडा को अपने हाल पर छोड़ दिया था। मुझे भी नोएडा के लिए डराया गया था। सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आप सोचिए इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 2003 में फाइल में मंजूरी दे दी थी। लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना लेकिन केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहली की सरकारों ने वर्षों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी शुरू के 2-3 वर्षों में उन्होंने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-एनडीए की सरकार बनी और दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी और निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया है।'

12:57 PM, 28-Mar-2026

हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'यह सभी प्रोजेक्ट पूरा होना डबल इंजन की सरकार का शानदार उदाहरण है। सेमीकंडक्टर फैक्टरी भारत को तकनीकी में आगे बढ़ा रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है और यह हमारा जेवर एयरपोर्ट, पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। आपने वीडियो में देखा, यह ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जिससे हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा।'

विज्ञापन
12:55 PM, 28-Mar-2026

भारत इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'आज पूरा विश्व चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है।  हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है, और हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े।  संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी यूपी की बात करूं तो पिछले कुछ सप्ताह में ही यह चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंक्टर फैक्टरी का शिलान्यास हुआ। इसी काल खंड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी। इसकी काल खंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया। इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्घाटन हो गया।'

12:49 PM, 28-Mar-2026

पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'पश्चिम यूपी की जनता को इस एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज का यह कार्यक्रम, भारत के नए मिजाज का प्रतीक है। आप सभी देख रहे हैं कि आज पूरा विश्व कितना चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान पेट्रोल-डीजल, गैस आदि ऐसे कई चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है।

पीएम मोदी ने कहा, 'कई देशों में खाने पीने की चीजों का संकट पैदा हो गया है। भारत देश वासियो की ताकत के सहारे सामना कर रहा है। सामान्य परिवारों और किसानो पर बोझ नहीं पड़े, सरकार वो काम कर रही है। संकट में विकास नहीं रुका है, यूपी में ही पिछले कुछ सप्ताह में बड़े-बड़े प्रोजेक्ट मिले।'

विज्ञापन
12:45 PM, 28-Mar-2026

यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। पहला: इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा: जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।'

पीएम ने कहा, 'साथियों यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिंदुस्तान और यूपी का तो होना ही होना है, यह एयरपोर्ट पश्चिम यूपी के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और भारत के नौवजानों के लिए अनेक अवसर देने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।

12:43 PM, 28-Mar-2026

यूपी सबसे ज्यादा एयरपोर्ट वाला राज्य: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्य में से एक हो गया है।'

12:38 PM, 28-Mar-2026

ये एयरपोर्ट जनता की अमानत है: पीएम मोदी

नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा, 'अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है, मैं चाहता हूं कि जो भी उपस्थित है, आप सब उद्घाटन करें। इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिए। अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट ऑन करिए।' पीएम मोदी की अपील के बाद लोगों ने भी हाथों में मोबाइल लेकर फ्लैश लाइट जलाई। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, 'अब यहां उपस्थित हर व्यक्ति इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। यह आपकी अमानत है, यह आपका पुरुषार्थ है। इसलिए इसका उद्घाटन आपके हाथों से हो रहा है।' पीएम मोदी ने कहा, 'ये एयरपोर्ट जनता की अमानत है। इसलिए एयरपोर्ट का उद्घाटन आप लोग करेंगे। मौजूद जनता एयरपोर्ट का उद्घाटन करे।'

12:29 PM, 28-Mar-2026

पीएम मोदी ने किया नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया। एयरपोर्ट को लगभग 11,200 करोड़ रुपये के कुल निवेश से बनाया गया है।

12:17 PM, 28-Mar-2026

जेवर एयरपोर्ट विकास का उदाहरण: सीएम योगी

नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी जी का बहुत आभार। हम नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट से यूपी को नई उड़ान मिलेगी। जेवर एयरपोर्ट विकास का उदाहरण है। पिछले 11-12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो कार्ययोजना बनी है, आज हम सबको देखने को मिल रही है। भारत के अंदर पेट्रोलियम उत्पादों का दाम नियंत्रित है। उसकी आपूर्ति स्मूथ बनाई गई है। उस पूरी व्यवस्था में अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छूते दिख रहे हैं। भारत के पड़ोसी देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम बढ़े हुए हैं, वहां पर अव्यवस्था का माहौल है। उन्हें अपने कार्य की अवधि को कम करना पड़ रहा है, उत्पादन को रोकना पड़ा है। जनता में कोटा सिस्टम लागू करना पड़ा है, लेकिन भारत के पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बनाए रखना, दाम को नियंत्रित करना और कल का ऐतिहासिक निर्णय जो लिया, जिसमें पेट्रोलियम उत्पादों में एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला जो लिया, उसके लिए यूपी की ओर से कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।

12:06 PM, 28-Mar-2026

थोड़ी देर में पीएम करेंगे जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन

पीएम मोदी आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन करने के लिए स्टेज पर पहुंचे। इस दौरान उनका अभिनंदन किया गया। पीएम मोदी थोड़ी देर में जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी स्टेज पर मौजूद रहें।

11:48 AM, 28-Mar-2026
Noida Airport Inauguration - फोटो : Youtube/PMO India

उद्घाटन के लिए पीएम मोदी पहुंचे नोएडा एयरपोर्ट

जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन के लिए पीएम मोदी पहुंच गए हैं। कुछ देर में पीएम एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। पीएम एयरपोर्ट का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं।

11:30 AM, 28-Mar-2026

घने कोहरे और बारिश में होगी उड़ान और लैंडिंग

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में घने कोहरे, बहुत कम विजिबिलिटी और बारिश के दौरान भी विमानों की उड़ान और लैंडिंग हो सकेगी। एयरपोर्ट में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) के सबसे हाई लेवल तकनीकि सिस्टम कैट थ्री का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीकि के जरिए कम दृश्यता में भी सुरक्षित लैंडिंग कराई जाती है। आमतौर पर पायलट इस तकनीकि का इस्तेमाल तब करते हैं, जब उन्हें बाहर कुछ भी दिखाई न दे रहा हो और लैंडिंग के लिए पूरी तरह से उन्हें तकनीकि पर निर्भर होना पड़ता है।

11:24 AM, 28-Mar-2026

नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले सीएम योगी की प्रतिक्रिया

सीएम योगी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी स्वागत किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'नए भारत' के 'नए उत्तर प्रदेश' की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम शिखर को स्पर्श करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों से आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा। इस युगांतरकारी परियोजना को धरातल प्रदान करने वाले हमारे किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।' 

11:12 AM, 28-Mar-2026

यमुना नदी में भी तैनात किए गए हैं सुरक्षा कर्मी

प्रधानमंत्री की जनसभा से एक दिन पहले शासन के निर्देश पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा लेयर को बढ़ा दिया गया। इसके साथ ही प्रशासन ने यमुना नदी में भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गई। जल पुलिस और सुरक्षा कर्मी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान लगातार यमुना नदी में गश्त करेंगे और इस मार्ग की निगरानी भी की जाएगी। वहीं मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए भी प्रशासन ने इसकी तैयारी की है।

10:49 AM, 28-Mar-2026

यह गौरव का दिन, ऐतिहासिक दिन है: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'देश की दृष्टि से भी और उत्तर प्रदेश की दृष्टि से भी जेवर एयरपोर्ट का आज प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटन यह गौरव का दिन, ऐतिहासिक दिन है। चुनाव तो 2027 में भाजपा तीसरी बार जीतने जा रही है लेकिन विकास हमारा मुख्य लक्ष्य रहता है। हवाई जहाज पर हवाई चप्पल पहनने वाला भी बैठ सके ऐसा देश हमें बनाना है और जेवर इसी कड़ी में एक सौगात है।'

10:44 AM, 28-Mar-2026

नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पहुंचे फिल्म निर्माता बोनी कपूर

फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने कहा, 'यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है, जिसे साकार करने के लिए हम सभी मिलकर प्रयास कर रहे हैं। मैं जेवर में एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी विकसित कर रहा हूं।'

10:41 AM, 28-Mar-2026

जेवर वासी आज प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए ललाइत है: सांसद महेश शर्मा

गौतम बुद्ध नगर भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा, 'प्रधानमंत्री का जो संकल्प है जिसके कारण आज भारत और भारत के लोगों का सम्मान विश्व शिखर पर है। आज युद्ध नहीं बुद्ध के मार्ग पर चलकर हम नई ऊंचाइयां पा रहे हैं। जेवर वासी आज प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए ललाइत है। मैं किसानों को धन्यवाद करता हूं और बधाई भी देता हूं।'

10:37 AM, 28-Mar-2026

यह विकसित भारत के सपने को साकार करेगा: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, 'आज भारतवर्ष को बहुत बड़ी सौगात प्रधानमंत्री मोदी के हाथों से मिलने वाली है। यह भारत का ही नहीं एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा आज लोकार्पित हो रहा है। मैं प्रदेशवासियों को बहुत बधाई देता हूं। इस हवाई अड्डे से बनने से हवाई यात्रियों को तो सुविधा मिलेगी ही साथ ही प्रदेश और देश के आर्थिक विकास को भी सहयोग मिलेगा, बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा। यह विकसित भारत के सपने को साकार करेगा।'

10:34 AM, 28-Mar-2026

एनसीआर में दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा

पूरी तरह बनने के बाद नोएडा एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा और दिल्ली एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। इसके संचालन से दिल्ली समेत हिंडन एयरपोर्ट का दबाव भी कम होगा। साथ ही कार्गो हब से नोएडा, ग्रेनो, दिल्ली, बुलंदशहर, आगरा, टप्पल समेत अन्य शहरों व जिलों के उद्यमी दूसरे देशों में अपना सामान निर्यात कर सकेंगे।

10:04 AM, 28-Mar-2026

नोएडा एयरपोर्ट में आने वालों का सिलसिला जारी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के आने का सिलसिला जारी है। बस और प्राइवेट वाहनों में सवार होकर लोग एयरपोर्ट कैंपस पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री लगभग 11:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और एयरपोर्ट का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।

09:48 AM, 28-Mar-2026

एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए टैक्सी और निजी वाहन का सहारा

घरेलू फ्लाइटों के शुरू होने के साथ-साथ कैब और बसों की सुविधा दी जानी है। इसके लिए एनआईए ने यूपी रोडवेज, दिल्ली रोडवेज, उत्तराखंड और राजस्थान रोडवेज के साथ एमओयू किया है। इसके अलावा कुछ कैब कंपनियों से भी एनआईए का समझौता है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद आदि शहरों से निजी वाहनों से आने वाले नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने वालों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे का विकल्प है। यमुना एक्सप्रेसवे के 32वें किमी पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए इंटरचेंज बनाया गया है। करीब 800 मीटर एलिवेटेड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का यह रास्ता पहले ही तैयार हो चुका है।

09:48 AM, 28-Mar-2026

वीवीआईपी एक्सप्रेसवे और आम लोग किशोरपुर से करेंगे प्रवेश

लोकार्पण कार्यक्रम और प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए तीन बड़े पांडाल बनाए गए हैं। पीएम की रैली में डेढ़ लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। कार्यक्रम में वीवीआईपी की एंट्री यमुना एक्सप्रेसवे के 33 किमी कट पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से होगी। जबकि आम जनता की एंट्री किशोरपुर वाले रास्ते से होगी। लोगों की सुविधा के लिए समारोह के अंदर जाने के लिए पांच गेट बनाए गए हैं। समारोह में 20 हजार वाहनों के आने की उम्मीद है। इसके लिए 15 से ज्यादा पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। एयरपोर्ट पर दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर हरियाणा से भी लोगों के आने संभावना है।

09:47 AM, 28-Mar-2026

उद्घाटन से पहले पीएम करेंगे निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह लगभग 11:30 बजे नोएडा एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। जिसके बाद दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री हवाई अड्डे का लोकार्पण करेंगे। समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सिविल एविएशन मंत्रालय के मंत्री राम मोहन नायडू शामिल होंगे। इसके कुछ देर बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल से कुछ दूरी पर होगी।

09:38 AM, 28-Mar-2026

Noida Airport Inauguration: 'पहले के CM यहां आने से डरते थे, नोएडा को लूट का ATM बना लिया था', PM मोदी का हमला

करीब 25 वर्षों के बाद आसमान से जुड़ने का नोएडा का सपना आज पूरा पूरा हो जाएगा। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण और विमानों की मरम्मत के लिए बनने वाले एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और संचालन) सेंटर का शिलान्यास भी करेंगे। एयरपोर्ट पर घरेलू व्यावसायिक उड़ानें और कार्गो सुविधा अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक शुरू होने की संभावना है। हवाईअड्डे के पहले चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकास कार्य किए गए हैं। करीब 11,200 करोड़ की लागत से तैयार हवाई अड्डा उड़ान भरने के लिए तैयार है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें