मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्रेटर नोएडा दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को पुलिस ने विफल कर दिया। मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध जताने जा रहे सपा नेता मोहित नागर समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार सपा नेता जिम्स के स्वास्थ्यकर्मियों पर हुए कथित लाठीचार्ज और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करना चाहते थे। इसके साथ ही वे मुख्यमंत्री के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराने की तैयारी में थे। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों को पहले से इसकी सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस ने मोजर बियर गोल चक्कर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान पुलिस और सपाइयों के बीच तीखी नोकझोंक हुई तथा कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस ने हालात को नियंत्रित रखते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा और दादरी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 2479 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर गौतम बुद्ध नगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चतुर्थ संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी में हिस्सा लिया। साथ ही नोएडा और दादरी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 2479 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सेक्टर 96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।
यमुना सिटी के बाद सीएम योगी नोएडा के सेक्टर 96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए दफ्तर के पास बने हेलीपैड पर 3:35 पर पहुंचेंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास क्षेत्र शुक्रवार को एक बार फिर बड़े निवेश का गवाह बना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यमुना सिटी के सेक्टर-10 में हेलीकॉप्टर से पहुंचकर अंबर इंटरप्राइजेज और एसेंट सर्किट्स के इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन प्लांट का शिलान्यास किया। इन अत्याधुनिक इकाइयों में प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) सहित इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। करीब 6,745 करोड़ रुपये के निवेश वाली इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और उत्तर प्रदेश की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास हुआ था और अब इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण से जुड़ी नई परियोजनाओं की शुरुआत प्रदेश को तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत बन चुके हैं तथा उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। डेढ़ हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ यमुना सिटी के सेक्टर-10 पहुंच गए हैं। सीएम यमुना सिटी में 15,023 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन बड़ी विनिर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनी दो सीवर लाइनें तथा यमुना तट पर 18.40 करोड़ रुपये से पुनर्जीवित रेनीवेल-4 परियोजना का भी लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री दोपहर बाद सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के सात मंजिला नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। वर्ष 2015 में शुरू हुए इस भवन का निर्माण अब पूरा हुआ है। इसके निर्माण में 390 करोड़ रुपये की लागत आई है।
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि असेंट-के सर्किट्स ईएमसी-2.0 में निर्माण शुरू करने वाली पहली कंपनी होगी। वहीं सेल सोलर पी-6 का संयंत्र उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा प्लांट होगा, जहां सोलर सेल का निर्माण किया जाएगा। अभी प्रदेश में केवल सोलर मॉड्यूल का उत्पादन होता है। इन तीनों निवेशों से यमुना सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स और नवीकरणीय ऊर्जा आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर करीब 10 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी-2.0) पहुंचेंगे, जहां 15,023 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में 3,250 करोड़ रुपये की लागत से असेंट-के सर्किट्स संयुक्त उपक्रम का इलेक्ट्रॉनिक सर्किट एवं सेमीकंडक्टर सर्किट निर्माण संयंत्र, 3,520 करोड़ रुपये के निवेश से अंबर एंटरप्राइजेज का होम एप्लायंसेज एवं कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण प्लांट तथा 8,253 करोड़ रुपये की लागत से सेल सोलर पी-6 का पांच गीगावाट का सोलर सेल और पांच गीगावाट सोलर मॉड्यूल निर्माण संयंत्र शामिल हैं।