फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Flood Live: दिल्ली में 'जल प्रलय', अरविंद केजरीवाल ने की अपील; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Thu, 04 Sep 2025 03:26 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

Delhi NCR Weather Today Live Update News in Hindi: दिल्ली-एनसीआर में आज गुरुवार सुबह फिर दिन की शुरुआत बारिश से हुई। कई हिस्सों में सुबह बारिश देखी गई। वहीं दूसरी तरफ यमुना नदी उफान पर है, जिसकी वजह से कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार, गीता कॉलोनी, और झरोड़ा कलां जैसे क्षेत्रों में पानी घरों और दुकानों में घुस गया है।मौसम विभाग ने इस महीने भी अच्छी बारिश का आनुमान जताया है। खराब मौसम और बारिश के कारण आज भी उड़ानें प्रभावित रहेंगी।
विज्ञापन
दिल्ली सचिवालय तक पहुंचा बाढ़ का पानी - फोटो : भूपिंदर सिंह
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:16 PM, 04-Sep-2025

दिल्ली में यमुना का जलस्तर दो बजे तक इतना
आज दोपहर दो बजे तक दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 207.45 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से काफी ऊपर है। हथनी कुंड बैराज से 1,31,166 क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 1,93,090 क्यूसेक और ओखला बैराज से 2,44,478 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

03:04 PM, 04-Sep-2025

Delhi Fire: दिल्ली कैंट में हादसा, पीछे से आई बाइक डीटीसी बस में घुसी, फिर लग गई आग
दिल्ली कैंट इलाके में आज सुबह करीब 10:53 बजे एक पीसीआर कॉल मिली। जहां डीटीसी बस धौला कुआं बस स्टॉप पर डिफेंस ऑफिसर्स एन्क्लेव के पास बस रुकी थी। ताकी यात्री उतर सकें। तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल तेजी से आई और बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। मोटरसाइकिल बस के नीचे फंस गई। जिससे संदिग्ध चिंगारी निकली। जिसकी चपेट में आकर सीएनजी बस में आग लग गई।

02:51 PM, 04-Sep-2025

पुराना वजीराबाद पुल बंद, ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की
दिल्ली की ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसमें कहा गया है कि यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण वजीराबाद रोड पर स्थित पुराना वजीराबाद पुल वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है।

डायवर्जन
वजीराबाद फ्लाईओवर के नीचे सूर घाट
मुकरबा चौक, आईएसबीटी और तिमारपुर रोड यातायात के लिए सिग्नेचर ब्रिज होते हुए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं। प्रभावित सड़कों से बचें, सड़क किनारे पार्किंग न करें और यात्रा की योजना पहले से बना लें।

विज्ञापन
02:49 PM, 04-Sep-2025

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने मांगे सुझाव, नवाचार और कार्यकुशलता पर जोर
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोल्चा ने राजधानी की पुलिसिंग को और बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए सभी रैंक्स के पुलिसकर्मियों से सुझाव मांगे हैं। इसके लिए खास ईमेल आईडी बनाई गई है, जहां तकनीकी सुधार, नई प्रक्रियाओं और नवाचार से जुड़ी सलाह भेजी जा सकती है। आदेश के मुताबिक, सुझाव कॉन्सेप्ट नोट के रूप में भेजने होंगे, जिसमें चार बातें साफ-साफ लिखी जानी चाहिए। मौजूदा स्थिति, सामने आने वाली चुनौतियां, उसका समाधान और उससे होने वाले फायदे के बारे में बताएं। यह सुझाव 20 सितंबर 2025 तक भेजे जा सकते हैं। आदेश पर पुलिस आयुक्त के ओएसडी के हस्ताक्षर हैं। सरल भाषा में कहें तो अब दिल्ली पुलिस खुद अपने स्टाफ से बेहतर कामकाज और नई सोच के लिए आइडियाज मांग रही है।

02:02 PM, 04-Sep-2025

दिल्ली में बाढ़... पूर्व सीएम केजरीवाल की आप के कार्यकर्ताओं से अपील
आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रशासन के साथ कार्यकर्ताओं से मिलकर काम करने की अपील की है। केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। मैं आप के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि प्रशासन के साथ मिलकर राहत व बचाव कार्यों में जुट जाएं। हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाएं।

विज्ञापन
01:39 PM, 04-Sep-2025

दिल्ली सचिवालय तक पहुंचा बाढ़ का पानी
दिल्ली में लगातार यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। यमुना का पानी सड़कों तक पहुंच गया है। दिल्ली सचिवालय तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

01:09 PM, 04-Sep-2025

कश्मीरी गेट बस अड्डे तक पहुंचा यमुना का पानी

01:07 PM, 04-Sep-2025

जीएसटी पर सीएम रेखा गुप्ता का आया बयान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जीएसटी को लेकर कहा कि मैं प्रधानमंत्री का धन्यवाद करना चाहती हूं, उन्होंने देश के आम नागरिक को बहुत बड़ा तोहफा दिया है। इतनी बड़ी राहत जिससे न सिर्फ आम आदमी को फायदा होगा बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र, बीमा, घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, शिक्षा जैसे कई क्षेत्रों में दी गई राहत के लिए जनता प्रधानमंत्री का धन्यवाद करती है। उन्होंने जनता के मन की बात जानते हुए एक-एक करके हर चीज पर पुनर्विचार किया। इससे हमारे छोटे-बड़े सभी व्यवसाय बड़ी स्थिरता के साथ चल पाएंगे। मुझे लगता है कि यह एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद।

 

12:41 PM, 04-Sep-2025

दिल्ली के सिविल लाइन इलाके में घुसा पानी

11:35 AM, 04-Sep-2025

यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर डीएमआरसी का अलर्ट
यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला संपर्क मार्ग वर्तमान में दुर्गम है। स्टेशन चालू है और इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध है। डीएमआरसी ने इसकी जानकारी दी है।

11:33 AM, 04-Sep-2025

यमुना बाजार इलाके में निजी अस्पताल कराया गया खाली
दिल्ली में यमुना किनारे के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन हुए हैं। वहीं यमुना बाजार स्थित निजी अस्पताल को खाली करा लिया गया है। अब वहां पर एक भी मरीज नहीं है। यमुना की बाढ़ में नाला भी डूब गया है। बाढ़ के पानी से नाला पटा है। बता दें कि कश्मीरी गेट से निगम बोध घाट की ओर आने वाले रास्ते पर बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

11:31 AM, 04-Sep-2025

गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव से लोग परेशान
गुरुग्राम के सदर बाजार स्थित अग्रसेन चौक पर भारी जलभराव हो रखा है। जिसकी वजह से ट्रैफिक थम गया है। वहीं शीतला माता रोड पर जलभराव और टूटी सड़क की वजह से भारी जाम लग गया है।

11:17 AM, 04-Sep-2025

दिल्ली में राहत शिविरों तक पहुंचे बाढ़ के पानी पर आप का तंज

11:14 AM, 04-Sep-2025

आप सांसद संजय सिंह ने पंजाब भेजी राहत सामग्री

11:14 AM, 04-Sep-2025

आप ने किया केंद्र सरकार पर हमला

10:17 AM, 04-Sep-2025

सिविल लाइंस के पास रिंग रोड पर चंदगी राम अखाड़ा के पास जलभराव हो गया है। क्योंकि यमुना नदी उफान पर है और पानी किनारों से सड़क पर आ गया है।

10:14 AM, 04-Sep-2025

दिल्ली के कई इलाकों में जाम
दिल्ली के कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन के पास भारी ट्रैफिक देखा गया। वहीं कश्मीरी गेट पर भी ट्रैफिक की रफ्तार थम गई है।

10:07 AM, 04-Sep-2025

कश्मीरी गेट पर पानी ही पानी
उफनती यमुना नदी का पानी दिल्ली के यमुना किनारे वाले कुछ हिस्सों में घुसने से भीषण जलभराव हो गया है। आईएसबीटी कश्मीरी गेट पर पानी रिंग रोड तक पहुंच गया है। जिसकी वजह से वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। लोग वाहन लेकर गुजर रहे हैं और राह भी परेशान हो रहे हैं।

09:19 AM, 04-Sep-2025
दिल्ली में बढ़ा यमुना का जल स्तर - फोटो : X @ANI

पुराना लोहे के पुल पर ट्रेनों की आवाजाही रुकी, 99 ट्रेनें प्रभावित
दिल्ली मंडल के पुराने यमुना पुल (ब्रिज संख्या-249) पर रेल यातायात निलंबित कर दिया गया है। इसके चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे ने बताया कि सुरक्षा कारणों से 40 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, 34 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, 11 ट्रेनों की शुरुआत (शॉर्ट ओरिजिनेशन) अन्य स्टेशनों से होगी और 14 ट्रेनों का गंतव्य बदलकर (शॉर्ट टर्मिनेशन) समय से पहले ही समाप्त किया जाएगा।

40 ट्रेनें रद्द
दिल्ली से सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद, अलीगढ़, दनकौर समेत कई नजदीकी मार्गों पर चलने वाली ईएमयू और पैसेंजर ट्रेनों को 4 सितंबर को रद्द कर दिया गया है। इनमें दिल्ली जंक्शन–सहारनपुर, दिल्ली–शामली, दिल्ली–गाजियाबाद, दिल्ली–अंबाला कैंट, दिल्ली–मुरादाबाद और दिल्ली–कोटद्वार जाने वाली कई एक्सप्रेस व जनशताब्दी भी शामिल हैं। जम्मूतवी से धनबाद और जम्मूतवी–बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं।

34 ट्रेनें डायवर्ट
लंबी दूरी की 34 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। इनमें अवध असम एक्सप्रेस, कालका–हावड़ा मेल, रानीखेत एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, आलाहजरत एक्सप्रेस, मानेन्दा एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल सहित पूर्वोत्तर, बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को साहिबाबाद, नई दिल्ली, सब्जीमंडी, तिलक ब्रिज व सराय रोहिल्ला स्टेशनों के रास्ते मोड़ा जा रहा है।

11 ट्रेनें दूसरे स्टेशनों से चलेंगी
दिल्ली जंक्शन से खुलने वाली 11 ट्रेनों की शुरुआत अन्य स्टेशनों से होगी। इनमें कुछ गाड़ियां दिल्ली शाहदरा, गाजियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और मेरठ सिटी से रवाना होंगी। दिल्ली–हरिद्वार, दिल्ली–सहारनपुर, दिल्ली–गया और दिल्ली–काठगोदाम एक्सप्रेस इनमें प्रमुख हैं।


14 ट्रेनें बीच में ही समाप्त
14 गाड़ियों का गंतव्य बदला गया है। यानी वे अपने अंतिम स्टेशन तक नहीं जाएंगी और बीच में ही समाप्त हो जाएंगी। इनमें गया से दिल्ली सुपरफास्ट स्पेशल, सहारनपुर–दिल्ली, हरिद्वार–दिल्ली, काठगोदाम–दिल्ली व जालंधर–दिल्ली जैसी गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें आनंद विहार, शाहदरा, गाजियाबाद और मेरठ सिटी पर ही समाप्त किया जा रहा है।

09:17 AM, 04-Sep-2025

आज सुबह छोड़ा गया इतना हथिनीकुंड बैराज से इतना पानी
आज सुबह 7:00 बजे पुराने रेलवे ब्रिज (ORB) पर यमुना का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया है। जो 208 तक पहुंचने का अनुमान है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से सुबह 7 बजे 1,43,184 क्यूसेक और 8 बजे 1,42,604 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वजीराबाद बैराज से 1,93,090 क्यूसेक और ओखला बैराज से 2,40,002 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। इन बैराजों से लगातार छोड़ा जा रहा पानी यमुना के जलस्तर को और बढ़ा रहा है। बाढ़ और बारिश की वजह से दिल्ली पर दोहरी मार लग रही है।

08:30 AM, 04-Sep-2025

अलीपुर के पास फ्लाइओवर पर गड्ढा
दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर फ्लाईओवर का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया।


 

08:28 AM, 04-Sep-2025

आज भी उड़ानें प्रभावित... एडवाइजरी जारी
राजधानी दिल्ली में खराब मौसम और बारिश के कारण आज भी उड़ानें प्रभावित रहेंगी। हवाई कंपनियों ने अपने यात्रियों को अपडेट रहने की सलाह दी है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, हरियाणा में भी जलभराव से हालात बिगड़े हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एयरपोर्ट से रवाना होने वाली 400 से अधिक उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। कई राज्यों में स्कूलों को बंद करना पड़ा है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल समेत आठ राज्यों में अगले दो-तीन दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। दिल्ली में पांच सितंबर को बारिश का हाई अलर्ट है।

08:20 AM, 04-Sep-2025
दिल्ली के सिविल लाइंस में यमुना का पानी - फोटो : एएनआई

पानी में डूबे दिल्ली के ये इलाके
उफनती यमुना नदी का पानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में घुसने से भीषण जलभराव देखा गया। साथ ही लोहा पुल और आसपास के इलाकें पानी में डूबे हुए हैं। लगातार बारिश के बाद यमुना नदी का उफान जारी है। यमुना बाजार, मजनू का टीला, सिविल लाइंस, मयूर विहार, गीता कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में पानी घरों घुस गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।

08:16 AM, 04-Sep-2025

सिविल लाइंस से लेकर कश्मीरी गेट तक पहुंचा पानी
दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित बेला रोड पर उफनती यमुना नदी का पानी इलाके में घुसने से वाहन डूब गए और इमारतें पानी में डूब गई हैं। वहीं यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से कश्मीरी गेट इलाके के कुछ हिस्सों में पानी भर गया। पानी रिंग रोड पर दिख रहा है। इलाके से आज सुबह 7:10 बजे ड्रोन से कुछ वीडियो और तस्वीरें ली गई हैं।

08:15 AM, 04-Sep-2025

राहत शिविरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में बीते चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण यमुना नदी के उफान पर होने से मयूर विहार-फेज 1 के पास स्थापित कुछ राहत शिविरों में पानी भर गया है।

08:15 AM, 04-Sep-2025
कश्मीरी गेट - फोटो : एएनआई

आज बारिश का चौथा दिन...
राजधानी में हर वर्ष सितंबर माह में होने वाली औसत बारिश की एक तिहाई के करीब बारिश इस बार महज तीन दिनों में हो गई है। सितंबर में बुधवार तक 58.1 एमएम बारिश हो चुकी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सितंबर माह में औसत बारिश 129.6 मिलीमीटर होती है जो 1971-2020 के दीर्घकालिक औसत पर आधारित है।

08:10 AM, 04-Sep-2025

Delhi Flood Live: दिल्ली में 'जल प्रलय', अरविंद केजरीवाल ने की अपील; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली-एनसीआर में आज गुरुवार सुबह फिर दिन की शुरुआत बारिश से हुई। कई हिस्सों में सुबह-सुबह बारिश देखी गई। वहीं दूसरी तरफ यमुना नदी उफान पर है, जिसकी वजह से कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार और गीता कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में पानी घरों और दुकानों में घुस गया है। मौसम विभाग ने इस महीने भी अच्छी बारिश का आनुमान जताया है। खराब मौसम और बारिश के कारण आज भी उड़ानें प्रभावित रहेंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें