दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि बातों को भटकाने की बजाय ये बताएं कि उनको अभी तक जांच में मिला क्या? कुछ नहीं। अब ये बताएं कि तेलंगाना में एमएलए खरीदने गए इनके लोग रंगे हाथों सौ करोड़ के साथ पकड़े गए। मोदी जी, वो सौ करोड़ किस से लिए?
भाजपा ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के गाजीपुर लैंडफिल साइट दौरे को राजनीतिक पर्यटन करार दिया है। कहा है कि चुनाव नजदीक आते ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री को लैंडफिल साइट देखने का वक्त मिल गया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है की दिल्ली सरकार इस लैंडफिल साइट को साफ करने मे कोई प्रशासनिक रुचि लेती तो एमसीडी को जरूर आर्थिक सहयोग देती। दुर्भाग्य है कि पिछले 8 साल में नगर निगम के सामान्य सेनिटेशन फंड में तो कटौती की ही पर उसी के साथ ही लैंडफिल साइट सफाई का बजट भी जारी नहीं किया गया।
भाजपा इस बार केवल प्रत्याशियों की सूची जारी करने में देरी करना चाह रही है और न ही घोषणापत्र तैयार करने में। भाजपा के दिग्गज नेता घोषणापत्र तैयार करने के लिए बैठक तो कर ही रहे है साथ ही एक एजेंसी को भी इस काम में लगाया गया है। बुधवार को घोषणापत्र को लगभग ड्राफ्ट कर लिया गया है। केंद्रीय नेतृत्व के सामने जल्द ही इसे भी पेश किया जाएगा। इस पत्र में वादों की झड़ी होगी जिसमें दिल्ली को स्वच्छ शहर बनाने, प्रदूषण मुक्त करने, एमसीडी के स्कूल व अस्पताल को विश्वस्तरीय सुविधा प्रदान करने, भ्रष्टाचार मुक्त करने, कूड़े के पहाड़ों को जहांगीरपुरी लैंडफिल साइट की तरह बेहतर करने समेत कई वादों को शुमार किया गया है।
आलाकमान के इस निर्देश पर प्रदेश भाजपा नेतृत्व काफी संजीदा है और हर स्तर पर चर्चा के बाद ही सूची तैयार करने में जुटा है। बुधवार को सभी जिला अध्यक्ष और जिले के प्रभारियों के साथ बैठक की गई। एक-एक दावेदार पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। भाजपा सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार तक प्रदेश स्तर पर सूची फाइनल कर ली जाएगी और केंद्रीय नेतृत्व को सूची सौंप दी जाएगी। हालांकि प्रदेश नेतृत्व की निगाहे आम आदमी पार्टी की सूची पर भी है। उनके मजबूत वार्ड पर भी चर्चा की जा रही है ताकि उस वार्ड में अपने सबसे मजबूत दावेदार को प्रत्याशी बना सके।
भाजपा के लिए इस बार एमसीडी में वापसी करना बेहद अहम है। नगर निगम के एकीकरण और वार्ड की संख्या घटने और नये परिसीमन के बाद दावेदारों का आकलन करना भी कठिन हो रहा है। उधर, आम आदमी पार्टी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी स्पष्ट निर्देश दिया है कि टिकट वितरित करने के पूर्व यह सुनिश्चित कर ले कि प्रत्याशियों की छवि कैसी है और वार्ड में कितनी पकड़ है। किसी भी कमजोर प्रत्याशी को टिकट नहीं मिलनी चाहिए। हर वार्ड के लिए मजबूत प्रत्याशियों का नाम सामने आना चाहिए।
एमसीडी चुनाव के लिए दावेदारों की संख्या ने भाजपा में बैठकों के दौर जारी है। वार्ड में रायशुमारी के बाद जिला व मंडल स्तर के नेताओं के साथ बैठक का दौर शुरू हुआ है। बुधवार देर रात तक बैठक का दौर जारी रहा लेकिन फाइनल सूची तैयार नहीं हो सकी। हालांकि, केंद्रीय नेतृत्व के दबाव की वजह से अगले एक से दो दिन में दिल्ली भाजपा सभी ढाई सौ वार्ड के लिए प्रत्याशियों की सूची तैयार कर लेगी।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. रणवीर सिंह ने बताया कि विशेष सारांश संशोधन के दौरान वर्ष 2023 में योग्यता तिथि पर 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाला नागरिक फॉर्म-छह में अपना नाम शामिल करने के लिए दावा दर्ज कर सकता है। उस पर संबंधित योग्यता तिथि के संदर्भ में वर्ष की संबंधित तिमाही में विचार किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार मतदाता सूची का ड्राफ्ट विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों पर भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटा दिए गए हैं, वे लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 24 के तहत 15 दिनों की के भीतर जिला निर्वाचन अधिकारी के पास अपील दायर कर सकते हैं।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने बुधवार को मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त संशोधन अभियान चलाया। इस दौरान एक जनवरी 2023 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में चले अभियान के का प्राथमिक उद्देश्य नए पात्र और छूटे हुए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करना है।
प्रदेश अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा ने 15 वर्षों में दिल्ली में कूड़े के निस्तारण की कोई योजना नहीं बनाई। इस कारण लैंडफिल कूड़े के पहाड़ों में बदल गए और दिल्ली में जहरीली गैस के प्रदूषण के लिए बड़ा कारक बनी, वहीं केजरीवाल सरकार 2014 से ही दिल्ली का प्रदूषण कम करने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, परंतु यहां प्रदूषण खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। दोनों पार्टियों ने विकास के बजाय केवल झूठे और गुमराह करने वाले खोखले वादे किए हैं। चुनाव में जनता उन्हें माकूल जवाब देगी।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दावा किया है कि जनता भाजपा और आम आदमी पार्टी के झूठे और भ्रमित करने वाले प्रचार के बहकावे में नहीं आएगी और इस बार कांग्रेस को मौका देगी। कांग्रेस पार्टी मेरी चमकती दिल्ली का नारा बुलंद करते हुए भाजपा व आप का सफाया कर देगी। प्रदेश अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में व्याप्त भ्रष्टाचार के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।
एमसीडी चुनाव के लिए दूसरे दिन बुधवार को रोहिणी-सी वार्ड-51 से आजाद प्रत्याशी ललित कुमार ने नामांकन का पर्चा भरा। सोमवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई है। पहले दिन भी केवल एक निर्दलीय प्रत्याशी ने ही नामांकन भरा था। एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जैसे दलों ने अभी तक अपने किसी भी प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया है। मंगलवार को स्वराज इंडिया ने अपने सात प्रत्याशियों केे नाम की घोषणा की थी, लेकिन बुधवार को इनमें से भी किसी ने पर्चा नहीं भरा।
आम आदमी पार्टी ने ‘कूड़े पर जनसंवाद’ अभियान तेज कर दिया है। जनसंवाद के माध्यम से पार्टी के पदाधिकारी लोगों से कूड़े से जुड़ी समस्याओं को सुनेंगे और उनके समाधान पर चर्चा करेंगे। साथ ही लोगों को भाजपा शासित एमसीडी की दिल्ली को कूड़ा-कूड़ा करने की मंशा से अवगत कराएंगे। 20 नवंबर तक दिल्ली के सभी 13682 बूथों पर कूड़े पर जनसंवाद किए जाएंगे।
वहीं, सूत्रों की माने तो नए सिरे से हुए परिसीमन के कारण बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के वर्तमान पूर्व पार्षदों की टिकट कट सकता है। इसके अलावा कई ऐसे पार्षद भी हैं जिनके छवि को देखते हुए टिकट नहीं देने पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि आप के वर्तमान 70 से 80 फीसदी पूर्व पार्षदों की टिकट पर कैंची चल सकती है।
टिकट बंटवारे के संबंध में मनीष सिसोदिया ने कहा कि एक-एक उम्मीदवार का चयन बारीकी से जांच के बाद किया जाएगा। टिकट के लिए काफी लोगों ने आवेदन किया है। टिकट मांगने वाले सभी लोगों का सर्वे चल रहा है। पेशेवर तरीके से दावेदारों के बारे में सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के बाद ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची को फाइनल करेंगे।
भाजपा के 15 साल के कार्यकाल में दिल्ली बर्बाद हो गई है। दिल्ली के हर कोने, हर गली, हर पार्क में कूड़ा फैला हुआ है। इसके अलावा, व्यापारियों और छोटे-छोटे दुकानदारों का शोषण हो रहा है। दिल्ली में एक आम आदमी को तब तक अपना मकान बनाने नहीं दिया जाता है, जब तक पैसे नहीं मिलते।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज एमसीडी चुनाव को लेकर ‘केजरीवाल की 10 गारंटी’ लॉन्च करेंगे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के लोग मांग कर रहे हैं कि एमसीडी में अब ऐसी सरकार आनी चाहिए, जो भाजपा के भ्रष्टाचार और कूड़े के पहाड़ों को खत्म कर निगम में अच्छी व्यवस्था दें।
वहीं विशेष आमंत्रित सदस्यों में भाजपा के राष्ट्रीय नेता बैजयंत जय पांडा और डॉ. अल्का गुर्जर को शामिल किया गया है। यह समिति उम्मीदवारों की फाइनल सूची तैयार करेगी। इसमें तीन चयनित उम्मीदवार होंगे। केंद्रीय नेतृत्व इसी सूची में से एक नाम पर मुहर लगाएगा। हालांकि केंद्रीय नेतृत्व के सर्वे से भी प्रदेश सूची के साथ मिलान किया जाएगा।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश भाजपा की दिल्ली नगर निगम चुनाव समिति पर मुहर लगा दी है। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता सहित 22 नेताओं और पदाधिकारी इस समिति में रखे गए हैं। इस समिति की बैठक बृहस्पतिवार आज होगी।। समिति में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता को दी गई है। सदस्यों में मीनाक्षी लेखी, दुष्यंत गौतम, सिद्धार्थन, रामवीर सिंह बिधूड़ी, विजय गोयल, विजेन्द्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, डॉ. हर्षवर्धन, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, हंसराज हंस, पवन शर्मा, आशीष सूद, कुलजीत सिंह चहल, हर्ष मल्होत्रा, दिनेश प्रताप सिंह और योगिता सिंह शामिल हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता और पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने आगामी MCD चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। एमसीडी चुनाव के मद्देनजर दिल्ली बीजेपी ने अपने पहले वचन पत्र में पहला वचन दिल्ली की सभी झुग्गिवसियों को फ्लैट्स दिए जाने का है।