प्रदर्शन कर रहे आप विधायकों और कार्यकर्ताओं पर पुलिस की करवाई शुरू हो गई है। पुलिस ने कई विधायकों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
आप मंत्री गोपाल राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अरविंद केजरीवाल को सीबीआई द्वारा बुलाए जाने से दिल्ली की जनता में आक्रोश है। दिल्ली सीएम के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे दिल्ली के 32 विधायकों और 70 पार्षदों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री से मिलने आ रहे पंजाब के 20 विधायकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई ऑफिस बुलाए जाने के विरोध में बुराड़ी क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्तओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प देखने को मिली।
दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री भगवंत मान को यहां से हटने के लिए समझाने में लगे हैं। आप कार्यकर्ताओं के साथ वे सीबीआई मुख्यालय के नजदीक प्रदर्शन कर रहे हैं।
सीबीआई मुख्यालय के नजदीक पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा संजय सिंह दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल और मंत्री आतिशी राजकुमार आनंद के साथ आप कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
सीबीआई दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मुख्य द्वार तक पहुंच नहीं पाए हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा व अन्य भाजपा नेता राजघाट पर धरने पर बैठ गए हैं।
आबकारी नीति मामले में सीबीआई के सामने पेश होने जा रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत का विकास हो। केजरीवाल ने अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'कुछ राष्ट्र-विरोधी ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत का विकास हो। मैं इन ताकतों से कहना चाहता हूं कि देश प्रगति करता रहेगा।'
सीबीआई पेशी से पहले अरविंद केजरीवाल राजघाट पहुंचे हैं। यहीं से केजरीवाल सीबीआई दफ्तर जाएंगे। सीबीआई ने 11 बजे अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति घोटाला मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री की पेशी के दौरान आम आदमी पार्टी हंगामा कर सकते हैं, इसको देखते हुए डीडीयू मार्ग स्थित आम मुख्यालय के अलावा लगभग पूरी राजधानी में ही सुरक्षा व्यस्था बढ़ा दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने एरिया में गश्त करने के अलावा हालात पर ध्यान देने के लिए कहा है।
सीबीआई की पूछताछ से पहले अरविंद केजरीवाल ने बैठक बुलाई है। केजरीवाल के घर पर यह बैठक जारी है। आम आदमी पार्टी के सभी नेता मौजूद हैं।