आम आदमी पार्टी की नेता रीना गुप्ता ने बताया कि सबसे बड़ी बात ये है कि सीबीआई के पास दो साल से ये 50,000 दस्तावेज हैं, उन्होंने कभी अरविंद केजरीवाल को नहीं बुलाया। अब अचानक से अरविंद केजरीवाल को गवाह से आरोपी कैसे हो गए। ये सीधा-सीधा राजनीतिक षडयंत्र था कि केजरीवाल बाहर न आएं, इसलिए आज सीबीआई के जरिए उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि पहली बार अरविंद केजरीवाल को गवाह के तौर पर 16 अप्रैल 2023 को बुलाया गया था। सीबीआई बार-बार मनीष सिसोदिया की जमानत के मामले में वही कहानी दोहराती रही है, जो आज अरविंद केजरीवाल के मामले में दोहरा रही है। जिस मगुंटा रेड्डी के बयान को सीबीआई केजरीवाल की गिरफ्तारी का आधार बना रही है, वही मगुंटा रेड्डी जुलाई 2023 में मनीष सिसोदिया के मामले में अपना बयान दे चुका है। जब ट्रायल कोर्ट केजरीवाल को जमानत दे चुका था, सुप्रीम कोर्ट जमानत देने वाला था तब इन्हें मैगुंटा रेड्डी के बयान की याद क्यों नहीं आई? कल प्रधानमंत्री मोदी आपातकाल का रोना तो रो रहे थे, मैं समझता हूं आज इससे बड़ा आपत्काल कोई नहीं हो सकता।
आप नेता रीना गुप्ता ने कहा कि कोर्ट ने अभी तक कोई आदेश नहीं दिया है। जज दोपहर साढ़े चार बजे आदेश सुनाएंगे। सीबीआई कोशिश कर रही है लेकिन अभी तक कोई केस नहीं है।
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि 20 जून को अरविंद केजरीवाल को बेल मिली। तुरंत प्रवर्तन निदेशालय ने स्टे लगवा लिया। अगले ही दिन सीबीआई ने आरोपी बना दियाऔर आज गिरफ्तार कर लिया। पूरा तंत्र इस कोशिश में है कि बंदा जेल से बाहर ना आ जाये। ये क़ानून नहीं है। ये तानाशाही है, इमरजेंसी है।
अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में कहा, "सीबीआई दावा कर रही है कि मैंने मनीष सिसोदिया के खिलाफ बयान दिया है, यह गलत है। मनीष सिसोदिया निर्दोष हैं, आम आदमी पार्टी निर्दोष है और मैं भी निर्दोष हूं।"
अदालत में सुनवाई के दौरान अरविंद केजरीवाल ने खुद खड़े होकर बोलना शुरू कर दिया। अरविंद केजरीवाल ने आपत्ति जाहिर करते हुए था कहा कि सीबीआई की तरफ से मीडिया में प्लांट किया जा रहा है कि मैंने सारा दोष मनीष सिसोदिया पर डाल दिया है। मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मैंने कहा है मैं भी निर्दोष हूं, मनीष सिसोदिया भी निर्दोष हैं, आप निर्दोष है। अभी तो इन्होंने अरेस्ट किया है अगले तीन-चार दिन तक यह इसी तरह की चीज प्लांट करेंगे। इस चीज को भी ऑन रिकॉर्ड लिया जाए कि कैसे मीडिया में प्लांट किया जा रहा है और बदनाम किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने करीब 1 मिनट तक बोला।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पांच दिन की रिमांड की मांग करने वाली सीबीआई की याचिका पर दिल्ली की एक अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। न्यायाधीश अमिताभ रावत शाम तक आदेश सुनाएंगे।
एक्साइज पॉलिसी मामले में सीबीआई ने दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।
कोर्ट की अनुमति के बाद केजरीवाल से सीबीआई कोर्ट में पूछताछ कर रही है। मामला जल्द ही फिर से शुरू होगा।
कोर्ट ने कहा कि जांच और पूछताछ के लिए आवेदन दायर किया गया था। इसे स्वीकार कर लिया गया। कल सीबीआई ने प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन किया था। आज के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किए गए। चौधरी ने कहा कि न्यायाधीश मुझे पहले का आवेदन, पारित आदेश, उत्पादन वारंट के लिए आवेदन और उसमें पारित आदेश दे सकते हैं। फिर जो भी होगा मैं उस पर आगे बढूंगा। कोर्ट ने कहा कि उन्हें उसकी जांच करने दें। आप प्रमाणित प्रतियों के माध्यम से प्रतियों तक पहुंच सकते हैं। मैं आपको पूरा सेट दे दूंगा लेकिन वे उसकी जांच करेंगे। यह एक अलग बात है।
दिल्ली पुलिस अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ से लेकर निकल गई है। आज राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी होगी। कोर्ट में सीबीआई केजरीवाल की कस्टडी मांग सकती है।
दिल्ली शराब घोटाले से संबंधित मामले में तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली शराब घोटाला मामले में पहले से ईडी की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं केजरीवाल पर सीबीआई शिंकजा कसती नजर आ रही है। इस मामले में आज सीबीआई दिल्ली सीएम को गिरफ्तार कर सकती है। मंगलवार को दिल्ली शराब घोटाले से संबंधित मामले में केजरीवाल से सीबीआई ने पूछताछ की थी।
जांच एजेंसी को मंगलवार को अरविंद केजरीवाल को बुधवार को संबंधित ट्रायल कोर्ट में पेश करने की अनुमति भी मिल गई। केजरीवाल को आज संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक आज कोर्ट के सामने इस मामले में उन्हें आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।