फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bharat Bandh Live: किसानों के भारत बंद का असर, कहीं हड़ताल... तो कहीं चक्का जाम; यात्री हो रहे परेशान

Fri, 16 Feb 2024 03:33 PM IST
अनुज कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Bharat Bandh Today Live News in Hindi: किसान संगठनों ने 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। दिल्ली के बॉर्डरों पर पुलिस के साथ सुरक्षाबल भी भारी संख्या में तैनात हैं।
विज्ञापन
भारत बंद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:13 PM, 16-Feb-2024

भारत बंद का जम्मू से समर्थन

जम्मू के महाराजा हरि सिंह पार्क के बाहर में सेंट्र ऑफ इंडिया ट्रेन यूनियन (सीटू) ने किसानों की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्क के बाहर कुछ देर के लिए धरना भी दिया गया। उन्होंने रैली निकालने की कोशिश भी की। हालांकि पुलिस की तरफ से उन्हें इसकी इजाजत नहीं मिली। प्रदेश के किसान व अन्य संगठन भी किसानों की मांगों के पक्ष में यहां पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए केंद्र और हरियाणा सरकार की तरफ से किसानों पर किए जा रहे बल प्रयोग का विरोध किया।

03:01 PM, 16-Feb-2024

ऊधमसिंह नगर जिले में भी किसानों का समर्थन

ऊधमसिंह नगर जिले में विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में तराई क्षेत्र के किसान भी उतर आए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के ग्रामीण भारत बंद के आह्वान का समर्थन करते हुए सभी किसानों ने शुक्रवार को कृषि कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया है। ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारियों से भी इस आंदोलन को समर्थन देने की अपील की गई है।

03:00 PM, 16-Feb-2024

भाकियू कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया

बिजनौर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने भारत बंद के दौरान क्षेत्र के गन्ना क्रय केंद्रों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर तौल को बंद कराया। मटौरा मान गन्ना सेंटर पर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। उधर, अफजलगढ़ में भी भाकियू कार्यकर्ताओं ने नगर व क्षेत्र में बाजार बंद कराया।

विज्ञापन
02:26 PM, 16-Feb-2024

अंबाला पुलिस का बड़ा बयान

अंबाला पुलिस ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा-किसान आन्दोलन की आड़ में उपद्रवियों द्वारा शम्भू बैरियर पर उत्पात मचाया जा रहा है। उपद्रवी पुलिस पर बार-बार पत्थरबाजी कर रहे हैं। इसमें पुलिस के 18 व पैरामिलिट्री के सात जवानों सहित कुल 25 जवान घायल हुए हैं। 

02:24 PM, 16-Feb-2024

किसान आंदोलन से सप्लाई पर पड़ेगा असर

पंजाब से आ रहे किसानों के दिल्ली कूच को लेकर अब आमजन की खाने-पीने की चीजों की सप्लाई पर भी असर पड़ना शुरू हो गया है। पंजाब से आने वाला आलू, मटर, किन्नू और आजादपुर सब्जी मंडी से आने वाली कुछ सब्जियां भी रोहतक मंडी में नहीं पहुंच रही हैं।

विज्ञापन
02:17 PM, 16-Feb-2024

शंभू बॉर्डर दागे आंसू गैस के गोले

पंजाब-हरियाणा शंभू सीमा पर प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे हैं।
 

 

02:01 PM, 16-Feb-2024

पानीपत में बोले गुरनाम चढ़ूनी- किसानों के साथ हूं पर शंभू बॉर्डर नहीं जाऊंगा

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी पानीपत पहुंचे। गुरनाम सिंह ने कहा कि वे किसान आंदोलन का समर्थन करते हैं। प्रदेश के किसान अपनी मांगों को लेकर आज तीन घंटे पूरे प्रदेश में टोल फ्री कर रहे हैं। शनिवार को तहसील सत्र पर ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि वह शंभू बॉर्डर पर नहीं जाएंगे।

02:01 PM, 16-Feb-2024

पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में किया प्रदर्शन 

पंजाब कांग्रेस ने भारत बंद के दौरान चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। पीसीसी प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में नेताओं ने हरियाणा भाजपा के कार्यालय के सामने नारे लगाए। इसके बाद पुलिस उन्हें वहां से उठाकर ले गई। इस दौरान बीएसएफ की एक टुकड़ी भी मौके पर तैनात रही।

01:46 PM, 16-Feb-2024

छत्तीसगढ़ के कोरबा में भारत बंद का असर

केंद्र सरकार के खिलाफ शुक्रवार को बुलाई गई देशव्यापी हड़ताल का कोरबा जिले में जबरदस्त असर देखने को मिला। जिले के सभी कोयला खदानों में श्रमिक संगठन के नेतृत्व में श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद किया। गेवरा और दीपका दोनों ही क्षेत्रों में हड़ताल को पूरी तरह से सफल माना जा रहा है। सुबह से ही श्रमिक नेता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे थे जिससे प्रबंधन को काफी नुकसान होने की बात कही जा रही है।

01:43 PM, 16-Feb-2024

भारत बंद का कोई असर नहीं

किसानों के भारत बंद का पूरे देश में इसका कोई असर नहीं दिखाई पड़ा। दिल्ली-एनसीआर में दुकानें और व्यापारिक-शैक्षणिक संस्थान पूरी तरह खुले रहे और सामान्य कामकाज हुआ। देश के सबसे बड़े राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान में भी कहीं बंद का असर दिखाई नहीं पड़ा। इसका बड़ा कारण किसानों के बड़े संगठनों और नेताओं का आंदोलन से दूर रहना हो सकता है।

01:42 PM, 16-Feb-2024

मुजफ्फरनगर में राकेश टिकैत बोले- देश में पूंजीपतियों की सरकार

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि देश में भाजपा की नहीं, पूंजीपतियों की सरकार है। किसानों की अब तक कोई मांग पूरी नहीं हुई। ग्रामीण बाजार को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। साप्ताहिक पैठ लगाने वालों को तंग किया जा रहा है। सरकार किसानों को डराने का काम कर रही है।

01:37 PM, 16-Feb-2024

हिटौटा टोल प्लाजा को किसानों ने किया फ्री

शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में खुटार-पूरनपुर मार्ग पर हिटौटा टोल प्लाजा को किसानों ने फ्री करा दिया है। दोपहर 12 से तीन बजे तक फ्री करने की घोषणा की है। किसान संगठन के पदाधिकारी 11:30 बजे टोल प्लाजा पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। इसके बाद 12 बजे से टोल के दोनों तरफ की एक-एक लाइन को खुलवाकर वाहनों को बिना शुल्क दिए निकलवाने लगे।

किसानों ने कहा कि एमएसपी सहित सभी मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शुक्रवार को किसान संगठनों की अपील पर टोल नाके को फ्री कराया गया है। टोल पर भारी संख्या में पुलिस मौजूद है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने किसान नेताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। टोल पर मौजूद किसान सरकार के खिलाफ और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी कर रहे हैं। 

01:36 PM, 16-Feb-2024

चीनी मिल में किसान अपना गन्ना लेकर पहुंच रहे

हापुड़ जिले में सिंभावली चीनी मिल में सामान्य रूप गन्ने की आपूर्ति हो रही है। किसान अपना गन्ना लेकर मिल में पहुंच रहे हैं।

01:20 PM, 16-Feb-2024

गुरुग्राम में रोडवेज बसों की कमी नहीं

गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की वजह से बसों की कमी है तो वहीं राष्ट्रव्यापी हड़ताल का रोडवेज की बसों पर कोई प्रभाव नहीं दिख रहा है।

01:16 PM, 16-Feb-2024
आशा कार्यकर्ताओं का समर्थन - फोटो : अमर उजाला

आशा कार्यकर्ताओं ने किया समर्थन

गुरुग्राम के कमला नेहरू पार्क में आशा कार्यकर्ताओं ने भारत बंद का आह्वान करते हुए किसान मजदूरों की एकता पर बात कही है।

01:12 PM, 16-Feb-2024
हड़ताल में भाग लेते कर्मचारी - फोटो : अमर उजाला

हड़ताल में भाग लेते कर्मचारी

फरीदाबाद में राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर बल्लभगढ़ बस अड्डा में कामकाज बंद कर कर्मचारियों ने हड़ताल में भाग लिया है।

01:08 PM, 16-Feb-2024

बल्लभगढ़ में भारत बंद का असर

बल्लभगढ़ बस अड्डा में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लेने से बस नहीं चलने पर यात्री इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं। राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर रोडवेज कर्मचारियों द्वारा हड़ताल में भाग लेने पर बस अड्डा खाली पड़ा है।

12:55 PM, 16-Feb-2024

फरीदाबाद में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल

फरीदाबाद में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रीयव्यापी हड़ताल में भाग लेने से बस नहीं चल रही हैं। जिसकी वजह से बस यात्री परेशान होकर मेट्रो स्टेशन की तरफ जा रहे हैं।

12:52 PM, 16-Feb-2024
नगर निगम कर्मचारियों ने कामकाज किया बंद - फोटो : अमर उजाला

नगर निगम कर्मचारियों ने कामकाज किया बंद

फरीदाबाद में संयुक्त मोर्चा की तरफ से आयोजित राष्ट्रीयव्यापी हड़ताल को लेकर नगर निगम कर्मचारियों द्वारा कामकाज बंद करने पर कार्यालय खाली पड़ा वहीं नगर निगम कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रीय व्यापार को लेकर नगर निगम कार्यालय के गेट पर ताला लगाने से गेट के ऊपर से कूद कर लोग अंदर आ रहे हैं।

12:52 PM, 16-Feb-2024

भाकियू कार्यकर्ता करेंगे चक्का जाम, पुलिस अलर्ट

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 16 फरवरी को ग्रामीण भारत बंद का आह्वान किया गया है। भाकियू से जुड़े किसान खेतों पर नहीं जाएंगे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।

12:51 PM, 16-Feb-2024

दिल्ली एनसीआर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

दिल्ली-एनसीआर के प्रशासन इस बंद को लेकर काफी चौकन्ने हैं। नोएडा में इस बंद को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है। सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बंद का असर ग्रामीण इलाकों में ज्यादा दिखने की संभावना है। 
 

12:45 PM, 16-Feb-2024

किसान संगठनों का भारत बंद

किसान संगठनों ने 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। एमएसपी की गारंटी के साथ 11 अन्य मांगों को लेकर किसान फिर एक बार प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्र के सामने अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाने के लिए किसान संगठनों ने आज यानी की 16 फरवरी को 12 से तीन बजे तक भारत बंद का एलान किया है।

12:31 PM, 16-Feb-2024

Bharat Bandh Live: किसानों के भारत बंद का असर, कहीं हड़ताल... तो कहीं चक्का जाम; यात्री हो रहे परेशान

एमएसपी सहित अन्य मांगों को लेकर किसानों का भारत बंद शुरू हो चुका है। पंजाब, हरियाणा, वेस्ट यूपी और दिल्ली-एनसीआर में तीन बजे तक भारत बंद का एलान किया है। हरियाणा बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की तैनाती के कारण तनाव जारी है। वहीं दिल्ली के बॉर्डरों पर पुलिस के साथ सुरक्षाबल तैनात हैं। यहां पढ़ें भारत बंद से जुड़ा हर अपडेट...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें