08:07 AM, 08-Aug-2025
Uttarkashi Cloudburst Live: उत्तरकाशी में तेज बारिश शुरू, हेली से रेस्क्यू ऑपरेशन रोका
उत्तरकाशी जिले के धराली में आपदा के बचाव व राहत कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। मातली से हर्षिल के लिए आज शुक्रवार सुबह चार यूकाडा के हेलिकॉप्टरों ने उड़ान भरी है। चिनकू, एमआई-17 समेत आठ निजी हेलिकॉप्टर बचाव अभियान में जुटे हुए है। वायु सेना के चिनूक हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए भारी मशीनरी को गुरुवार को हर्षिल पहुंचाया गया। जबकि हेलिकॉप्टर से हर्षिल, नेलांग, मताली से फंसे 657 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
भटवाड़ी के समीप 100 मीटर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त गंगोत्री नेशनल हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है, लेकिन इससे 15 किलोमीटर आगे पुल पूरी तरह ध्वस्त है। इससे अस्थायी तौर पर यातायात के सुचारु करने में एक दिन और लग सकता है। लिहाजा बचाव व राहत कार्यों के लिए हवाई सेवा ही एकमात्र विकल्प है।
वायु सेना की ओर से दो चिनकू, दो एमआई-17 के अलावा यूकाडा के आठ हेलिकॉप्टर बचाव अभियान में लगे हैं। चिनूक हेलिकॉप्टर के माध्यम से जौलीग्रांट एयरपोर्ट से जेसीबी, एस्कवेटर, डोजर, टिप्पर, जनरेटर समेत अन्य मशीनरी उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ पहुंचाई गई। जहां से इन्हें हर्षिल भेजा जा रहा है। प्रभावितों के लिए 2500 खाने के पैकेट भी हर्षिल भेजे गए।
हेलिकॉप्टर से गंगोत्री से हर्षिल 274, गंगोत्री से नेलांग 19, हर्षिल से मातली 252, हर्षिल से जौलीग्रांट एयरपोर्ट 112 लोगों को लाया गया। इनमें उत्तराखंड के अलावा गुजरात के 131, महाराष्ट्र के 123, मध्य प्रदेश के 21, उत्तर प्रदेश के 12, राजस्थान के छह, दिल्ली के सात, असम के पांच, कर्नाटक के पांच, तेलंगाना के तीन और पंजाब का एक व्यक्ति शामिल है।