बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर बुधवार को बारिश के बीच मुनी की रेती कैलाश गेट में कांवड़ियों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान वहां जाम की स्थिति बन गई।
दुगड्डा की ओर से कोटद्वार आ रही एक कार मंगलवार देर रात सड़क पर कीचड़ होने के कारण अनियंत्रित होकर उफनती खोह नदी में जा गिरी। कार में पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद से चार लोग लापता थे जबकि एक व्यक्ति कार से छिटक गया और घायल हो गया था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर पहुंच गई है। एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक सर्च अभियान चलाकर इशरार पुत्र सुके निवासी ग्राम बनेड़ा बिजनौर, उत्तर प्रदेश का शव एसीआरएफ ने बरामद किया है। वहीं, एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला है। जबकि दो लोग अभी भी लापता हैं।
उत्तराखंड के आठ जिलों में बुधवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य पांच जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने चमोली, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में बारिश का रेड अलर्ट और उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, हरिद्वार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, सभी जिलों में बिजली चमकने और तेज गर्जना के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं, कई जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं।