फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Panchayat Chunav Result Live: जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों पर भाजपा का परचम, कांग्रेस एक पर सिमटी

Thu, 14 Aug 2025 08:53 PM IST
रेनू सकलानी अमर उजाला, न्यूज डेस्क, देहरादून

खास बातें

Uttarakhand Jila Panchayat Election Result Live update: प्रदेश की 12 जिला पंचायतों को आज जिला पंचायत अध्यक्ष और 89 ब्लॉक को ब्लॉक प्रमुख मिल जाएंगे। इनमें से छह जिलों में जिपं अध्यक्ष का चुनाव होना है। एक में हाईकोर्ट की रोक के चलते घोषित नहीं होगा। चुनाव से संबंधित पल-पल के अपडेट पढ़ें यहां...
विज्ञापन
देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:49 PM, 14-Aug-2025

किस जिले में कौन अध्यक्ष

  • टिहरी इशिता सजवाण भाजपा
  • यूएस नगर अजय मौर्य भाजपा
  • चंपावत आनंद सिंह अधिकारी भाजपा
  • पिथौरागढ़ जितेंद्र प्रसाद भाजपा
  • उत्तरकाशी रमेश चौहान भाजपा
  • चमोली दौलत सिंह बिष्ट भाजपा
  • अल्मोड़ा हेमा गैड़ा भाजपा
  • रुद्रप्रयाग पूनम कठैत भाजपा
  • पौड़ी रचना बुटोला भाजपा
  • बागेश्वर शोभा आर्या भाजपा
  • देहरादून सुखविंदर कौर कांग्रेस
(नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नतीजे आना शेष हैं, जबकि हरिद्वार जिले में पंचायत चुनाव नहीं हुए हैं।)

08:48 PM, 14-Aug-2025

भाजपा के खाते में आई दस सीटें

प्रदेश के 10 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में आई है। अभी नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष का नतीजा आना बाकी है।
भाजपा के जीते हुए प्रत्याशी

08:12 PM, 14-Aug-2025

चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर भाजपा का कब्जा

चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने एकतरफा जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर दौलत सिंह बिष्ट और उपाध्यक्ष पद पर लक्ष्मण सिंह जीते। जीत के बाद भाजपाइयों में जश्न का माहौल है। बृहस्पतिवार सुबह दस बजे जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। अपराह्न तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। कुल 26 सदस्यों में से अध्यक्ष पद पर नंदानगर के मटई वार्ड से सदस्य जीते भाजपा प्रत्याशी दौलत सिंह बिष्ट को 19 मत मिले जबकि ज्योतिर्मठ के उर्गम वार्ड से जीती सदस्य कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा देवी को पांच मत मिले और दो मत निरस्त हुए। इस तरह दौलत सिंह ने 14 मतों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर रानो वार्ड से जीते सदस्य भाजपा समर्थित लक्ष्मण सिंह ने 15 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी देवर खडोरा वार्ड से सदस्य बने जय प्रकाश पंवार को 11 मत मिले। विजेता अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप तिवारी ने प्रमाणपत्र प्रदान किए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस बल तैनात रहा।

विज्ञापन
07:48 PM, 14-Aug-2025

2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक का संदेश है जीत : भट्ट

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली जीत 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक का संदेश है। उन्होंने 85 प्रतिशत ग्राम प्रधान और 70 प्रतिशत ब्लॉक प्रमुख के पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के घोषित 11 परिणामों में से 10 में जीत दर्ज कर ली है। नैनीताल का परिणाम आना अभी बाकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली बार भाजपा के 50 ब्लाॅक प्रमुख जीते थे। इस बार हम 63 ब्लाॅक प्रमुख बनाने में सफल हो रहे हैं। पंचायत चुनाव के नतीजे बता रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की लहर थी। देवभूमि की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के 11 जिलों के परिणाम आएं हैं। इनमें से 10 जगह भाजपा की जीत हुई है। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मेहनत और लगन के साथ पार्टी को जीत के मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार को भी दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत सरकार के विकास कार्यों पर मुहर है। भट्ट ने कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक बनाने की ओर संदेश है। देहरादून में मिली हार पर भट्ट ने कहा कि पार्टी इस पर मंथन करेगी। सारे नतीजे आने के बाद समीक्षा की जाएगी। कहा कि हम तो जीत और हार दोनों में समीक्षा करते हैं। जहां हारे वहां जीत को आगे बढ़ाते हैं।

06:46 PM, 14-Aug-2025

जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की खुली गुंडागर्दी: हरीश रावत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की खुली गुंडागर्दी सामने आई है। कांग्रेस पार्टी के समर्थन में वोट डालने जा रहे जिला पंचायत सदस्यों को गुंडागर्दी के बल पर उठाया गया। हरीश रावत ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, नैनीताल हमारी शान है। यहां की जिला पंचायत का एक अभूतपूर्व व सम्मानजनक इतिहास रहा है। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को भाजपा ने गुंडागर्दी के दम पर कब्जाने का प्रयास किया। पूर्व विधायक संजीव आर्य के साथ मारपीट की गई। साथ ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को धक्का दिया गया। पूरे उत्तराखंड को भाजपा के इस गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठानी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि वोट डालने से वंचित जिला पंचायत सदस्यों से वोट डलवाए जाएं।

विज्ञापन
06:40 PM, 14-Aug-2025

चमोली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने दिया त्यागपत्र

पंचायत चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए चमोली में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने पार्टी के जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को त्याग पत्र भेजते हुए मुकेश नेगी ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित सदस्यों के पर्याप्त संख्याबल के बावजूद जनपद चमोली में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख जीत दर्ज करने में असफल रहे। किसी भी पदाधिकारी एवं निर्वाचित सदस्यों पर कोई दोषारोपण न करते हुए मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूं और नैतिकता के आधार पर चमोली जनपद के कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष के पद से त्यागपत्र देता हूं।

06:36 PM, 14-Aug-2025

सीएम धामी ने नवनिर्वाचित सदस्यों को दी बधाई

सीएम धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा अधिकृत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों दौलत सिंह बिष्ट जी (चमोली), रचना बुटोला जी (पौड़ी), हेमा गैड़ा जी (अल्मोड़ा), पूनम कठैत जी (रुद्रप्रयाग) और शोभा आर्य (बागेश्वर) की ऐतिहासिक विजय पर बधाई व शुभकामनाएं  दी। भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों ने 11 में से 10 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। यह उपलब्धि जनता के विश्वास, संगठन की शक्ति एवं सतत जनसेवा के संकल्प का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनन्त शुभकामनाएं दी।

06:35 PM, 14-Aug-2025

नैनीताल मेंडीएम दोबारा चुनाव कराने का प्रस्ताव भेजेंगी

नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर हुए बवाल के बाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। हाईकोर्ट में डीएम वंदना सिंह ने कहा कि वे चुनाव आयोग को दोबारा चुनाव कराए जाने का प्रस्ताव भेजेंगी।

04:50 PM, 14-Aug-2025

सुखविंदर कौर बनीं देहरादून जिपं अध्यक्ष

देहरादून जिला पंचायत में कांग्रेस की बड़ी जीत हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सुखविंदर कौर और उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह विजयी हुए हैं। सुखविंदर कौर को 17 वोट मिले जबकि भाजपा की मधु चौहान को 13 वोट ही मिल पाए। इसके अलावा अभिषेक अभिषेक सिंह को 18 वोट मिले जबकि प्रतिद्वंदी प्रत्याशी को 12 वोट मिले।

04:29 PM, 14-Aug-2025

पौड़ी  में ये बने ब्लॉक प्रमुख

  • ब्लॉक प्रमुख द्वारीखाल बनी बीना राणा
  • ब्लॉक प्रमुख जहरीखाल बने रणवीर सजवाण
  • ब्लॉक प्रमुख दुगड़डा बने सूरज सिंह
  • ब्लॉक प्रमुखों नैनीडांडा बने प्रकीण नेगी

04:26 PM, 14-Aug-2025

टिहरी में कांग्रेस के मान सिंह रौतेला बने जिला पंचायत उपाध्यक्ष

टिहरी में कांग्रेस के मान सिंह रौतेला बने जिला पंचायत उपाध्यक्ष। मान सिंह को 26 और भाजपा के हुकम सिंह को 15 मत मिले। चार मत अवैध घोषित किए गए। टिहरी में भाजपा की इशिता सजवाण पहले ही जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध बन गई थी। लेकिन अध्यक्ष पद पर निर्विरोध जीत दर्ज करने वाली भाजपा उपाध्यक्ष के पद पर चुनाव हार गई है। उपाध्यक्ष पद पर मान सिंह की जीत से कांग्रेसियों में खुशी की लहर है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक में भाजपा के राजीव कंडारी ब्लॉक प्रंमुख चुने गए हैं। कंडारी को 28 मत मिले हैं। जबकि निर्दलीय राजेंद्र बिष्ट को 12 वोट पड़े। ज्येष्ठ प्रमुख पर प्यार सिंह बिष्ट ने जीत दर्ज की है, उन्हें 18 वोट मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंदी नित्यानंद कोठियाल को 11 और प्रियंका को कुल सात वोट मिले हैं। वहां कनिष्ठ प्रमुख पद पर कृष्णा देवी ने जीत दर्ज की है। उन्हें 17 वोट मिले हैँ। जबकि उनके प्रतिद्वंदी सुरेंद्र को 11 और पूनम को 10 वोट मिले हैं। प्रतापनगर में भी भाजपा की मनीषा पंवार ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हुई है।  नरेंद्रनगर ब्लॉक में भी बीजेपी की दीक्षा राणा बनी ब्लॉक प्रमुख।

04:24 PM, 14-Aug-2025

रुद्रप्रयाग में पूनम कटैत बनी जिला पंचायत अध्यक्ष

रुद्रप्रयाग में भाजपा की पूनम कटैत बनी जिला पंचायत अध्यक्ष। वहीं, उखीमठ में कांग्रेस के पंकज शुक्ला और विनीता चमोली बने ब्लॉक प्रमुख।

04:23 PM, 14-Aug-2025

चमोली में ये बने ब्लॉक प्रमुख 

  • दशौली से विनीता देवी बीजेपी
  • नन्दानगर से हेमा देवी बीजेपी
  • पोखरी से राजी देवी कांग्रेस
  • ज्योतिर्मठ से अनूप नेगी कांग्रेस।

03:58 PM, 14-Aug-2025

दौलत बिष्ट बने चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष

चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। चमोली में बीजेपी के दौलत बिष्ट जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं।

03:34 PM, 14-Aug-2025

बेतालघाट में चुनाव के दौरान गोलीबारी, एक को लगी गोली;

नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख चुनाव से ठीक पहले हुई गोलीबारी में एक ग्रामीण के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल ग्रामीण को बेतालघाट सीएचसी ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने के इरादे से गोलीकांड करने का आरोप लगाया है। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

02:48 PM, 14-Aug-2025

कई लोगों को जिला पंचायत कार्यालय के पास से ही जबरन उठा लिया

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान करने जा रहे जिला पंचायत सदस्यों को कई लोगों ने जिला पंचायत कार्यालय के पास से ही जबरन उठा लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कांग्रेसियों ने पुलिस के सामने ही उनके समर्थक जिला पंचायत सदस्यों को अगवा करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद सभी कांग्रेसी नेता हाईकोर्ट की शरण चले गए हैं। जिसके बाद नैनीताल का माहौल गर्म हो गया है।

02:32 PM, 14-Aug-2025

प्रदेश की 12 जिला पंचायतों में चुनाव

प्रदेश की 12 जिला पंचायतों को आज बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और 89 ब्लॉक को ब्लॉक प्रमुख मिल जाएंगे। इनमें से छह जिलों में जिपं अध्यक्ष का चुनाव होना है। एक में हाईकोर्ट की रोक के चलते घोषित नहीं होगा। बाकी पांच में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।

02:22 PM, 14-Aug-2025

Uttarakhand Panchayat Chunav Result Live: जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों पर भाजपा का परचम, कांग्रेस एक पर सिमटी

उत्तराखंड में आज जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के लिए मतदान हो रहा है। आज शाम को ही मतगणना के बाद नतीजे जारी हो जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सुबह 10 बजे से जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के पदों के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। मतदान तीन बजे तक होगा।

मतदान एकल संक्रमणीय प्रणाली के तहत होगा, जिसमें सभी प्रत्याशियों के लिए प्राथमिकता पर वोट किया जाता है। शीर्ष प्राथमिकता वाले प्रत्याशी को विजेता घोषित किया जाएगा। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर नैनीताल में जमकर हंगामा हो रहा है। 



कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कुछ लोगों पर उनके जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता न्याय की मांग को लेकर हाईकोर्ट गए। नेता प्रतिपक्ष ने इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें