फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड विधानसभा का पहला सत्र : अभिभाषण पर चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष, सदन कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित

Tue, 29 Mar 2022 05:12 PM IST
रेनू सकलानी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

खास बातें

राज्यपाल के अभिभाषण से उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के पहले सत्र का आगाज हुआ। राज्यपाल के अभिभाषण में सरकार के विकास कार्यों के ब्योरे के साथ ही भविष्य के लिए प्रस्तावित योजनाओं की तस्वीर दिखाई दी। यहां पढ़ें विधानसभा सत्र से जुड़ा पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
उत्तराखंड विधानसभा सत्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:37 PM, 29-Mar-2022

अभिभाषण में रोजगार, स्वरोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं पर होना चाहिए था फोकस: उमेश कुमार

विधायक उमेश कुमार ने कहा कि अभिभाषण में रोजगार, स्वरोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस होना चाहिए था। पूरे अभिभाषण में आखिर के आधे पेज में सरकार ने केवल अपनी इच्छा बताई। ई-रिक्शा, इंटरसेप्टर खरीदना क्या बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि संविधान में साफ है कि जब भी राज्यपाल का अभिभाषण होगा तो उस पर चार दिन तक चर्चा होगी। यह लोकतंत्र की हत्या है। 

04:25 PM, 29-Mar-2022

सत्ता के साथ विपक्ष रचनात्मक चर्चा करे: मुन्ना सिंह चौहान

भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि सदन के अंदर लेखानुदान प्रस्तुत करने से पहले विपक्ष के सदस्यों ने व्यवस्था के प्रश्न के माध्यम से लेखानुदान प्रस्तुतिकरण को रोकने का प्रयास किया। कहा कि अफसोस कि बात है कि कार्यमंत्रणा ने हाउस का बिजनेस सेट किया। सदन अपने कामकाज का निर्धारण खुद करता है। सदन के अंदर जो प्रक्रिया अपनाई गई, वह कार्यमंत्रणा की सिफारिश के तहत हुआ। बेहतर होता कि विपक्ष यह मांग करता कि राज्यपाल के अभिभाषण पर और अधिक चर्चा का समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि पहली बार में ही विपक्ष के इस कदम की हम आलोचना करते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि सत्ता के साथ विपक्ष रचनात्मक चर्चा करेगा।

04:07 PM, 29-Mar-2022

सदन कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित

तीन बजे सदन स्थगित होने के बाद चार बजे शुरू हुआ। इस दौरान विपक्ष के तेवर तीखे रहे। विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा करने की मांग की। जिस पर संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कार्यमंत्रणा के बाद सदन से अभिभाषण पास हो चुका है। प्रीतम सिंह भी अभिभाषण पर चर्चा की मांग पर अड़े रहे। जिसके चलते सदन कल बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। 

विज्ञापन
03:59 PM, 29-Mar-2022

चार बजे विधानसभा सत्र दोबारा शुरू हुआ

चार बजे विधानसभा सत्र दोबारा शुरू हो गया है। विपक्ष राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की मांग अड़ गया है। संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कार्यमंत्रणा के बाद सदन से अभिभाषण पास हो चुका है। प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि कार्यमंत्रणा समिति की सिफारिश के तहत सदन से अभिभाषण पास हुआ है। 

03:49 PM, 29-Mar-2022

अवस्थापना विकास का हो तेजी से विस्तार

चारधाम ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना से इतर गांवों और कस्बों को जोड़ने वाली सड़कों की सुध ली जाए। ऐसा लोगों का सोचना है। लोग चाहते हैं कि आंतरिक राजकीय, जिला व ग्रामीण मोटर मार्गों के चौड़ीकरण के साथ उन्हें 12 महीने गड्ढामुक्त रखने की नीति सरकार को बनानी चाहिए। उनके मुताबिक, अगले पांच साल में खेती, उद्यान और रोजगार के अवसर पैदा करने वाले सभी क्षेत्रों से जुड़ी अवस्थापना पर सरकार को प्रमुखता से ध्यान देना होगा।

विज्ञापन
03:45 PM, 29-Mar-2022

राज्य के लोगों की बड़ी समस्याओं में से एक शैक्षिक सुधार

राज्य के लोगों की निगाहों में बड़ी समस्याओं में से एक राज्य शैक्षिक सुधार हैं। शहरी क्षेत्रों में पब्लिक स्कूलों की बाढ़ है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों के बुरे हाल हैं। स्कूलों में योग्य शिक्षकों की तैनाती के साथ उन्हें उत्कृष्ट और आदर्श संस्थाओं में बदलने और हर ब्लॉक में एक केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणाएं धरातल पर उतारे जाने का इंतजार है।

03:28 PM, 29-Mar-2022

धामी सरकार से राज्य के लोगों को आस

धामी सरकार से राज्य के लोग यह आस लगाए हुए हैं कि वह पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देंगे। राज्य में आज भी 500 से अधिक विशेषज्ञों की डॉक्टरों की कमी है। इलाज की सुविधा न होने के कारण रिटायरमेंट के बाद लोग चाहकर भी गांवों में नहीं बसना चाहते। वहां अस्पताल रेफरेल सेंटर बन गए हैं। सरकार से उम्मीद है कि वह अपने कार्यकाल में इस मसले पर सबसे अधिक ध्यान देगी।

03:20 PM, 29-Mar-2022

पहाड़ में डाक्टर और दवा हो प्राथमिकताओं में शामिल

राज्य की पांचवीं चुनी हुई सरकार की अपनी चाहे जो प्राथमिकताएं हों, लेकिन राज्य के लोगों की सबसे पहली प्राथमिकताओं में एक पहाड़ में डॉक्टर और दवा मिलने की है। पर्वतीय राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पीड़ा चिकित्सा की है। रोजगार के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में पहाड़ और ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन हो रहा है।

03:08 PM, 29-Mar-2022

चार बजे तक के लिए स्थगित विधानसभा सत्र

विधानसभा सत्र चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। तीन बजे सत्र शुरू होते ही पहले विस अध्यक्ष रितु खंडूरी ने कोरोना काल में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई थी। इसी दौरान सत्र एक घंटे स्थगित करने की घोषणा हो गई है। वहीं दूसरी कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत सदन के बाहर धरने पर बैठीं हैं। 

02:58 PM, 29-Mar-2022

विधानसभा का सत्र शुरू

सुबह राज्यपाल के अभिभाषण खत्म होने बाद अब तीन बजे से सत्र शुरू हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी ने कोरोना के कारण अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई। वहीं उन्होंने कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ने वाले वारियर्स को शुभकामनाएं दीं। 

02:51 PM, 29-Mar-2022

इसलिए लेखानुदान लेकर आती है नई सरकार

राज्यों में फरवरी या मार्च में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजट प्रस्तुत करने की परंपरा है। लेकिन विधानसभा चुनाव की वजह से इसमें कुछ बदलाव करने पड़ते हैं। उत्तराखंड में फरवरी में विधानसभा का चुनाव हुआ और 10 मार्च को परिणाम आया। चुनावी व्यस्तता के कारण सरकार पूर्ण बजट पेश करने की स्थिति में नहीं थी। अस्तित्व में आने वाली नई सरकार की बजट के लिए अपनी प्राथमिकताएं होती हैं। सरकार का इस बात पर जोर होता है कि चुनाव में की गई घोषणाओं की झलक बजट दिखाई दे। चूंकि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले उसे आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजटीय प्रावधान करना होता है। इसलिए तात्कालिक तौर पर वह लेखानुदान, जिसे मिनी बजट भी कहा जाता है, पेश करती है।

02:42 PM, 29-Mar-2022

क्या होता है लेखानुदान

लेखानुदान राजस्व और खर्चों का लेखा जोखा होता है। इसमें तीन या चार महीनों के लिए सरकारी कर्मचारियों के वेतन, पेंशन अन्य सरकारी कार्यों के लिए राजकोष से धन लेने का प्रस्ताव होता है। सांविधानिक व्यवस्था के तहत राजकोष से धनराशि निकाले के लिए विधानसभा की मंजूरी आवश्यक होती है।

02:29 PM, 29-Mar-2022

21 हजार करोड़ का हो सकता है लेखानुदान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन पटल पर वित्तीय वर्ष 2022-23 का लेखानुदान पेश करेंगे, वह 21 हजार करोड़ रुपये का हो सकता है। लेखानुदान आगामी चार महीने (अप्रैल, मई, जून और जुलाई) लिए हो सकता है। वित्त विभाग की बजट की वेबसाइट पर दर्ज जानकारी के अनुसार, 2012-13 में तत्कालीन बहुगुणा सरकार सात हजार 18 करोड़ 65 लाख 97 हजार रुपये का लेखानुदान लेकर आई थी। 2017 में तत्कालीन त्रिवेंद्र सरकार 16 हजार 48 करोड़ 74 लाख रुपये का लेखानुदान लाए थे।

02:31 PM, 29-Mar-2022

रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा हों

उत्तराखंड राज्य में बेरोजगारी सबसे ज्वलंत मुद्दा है। कांग्रेस और सभी विरोधी पार्टियों ने इसे अपना प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया और राज्य के लाखों बेरोजगारों से वादा किया कि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री की अपनी पहली पारी में धामी ने राज्य में 22 हजार से अधिक सरकारी नौकरियों का वादा किया था। साथ ही लाखों की संख्या में स्वरोजगार के अवसर पर भी पैदा करने का वादा किया। राज्य का युवा चाहता है कि सरकार इस मुद्दे पर पूरी गंभीरता के साथ काम करे और अगले एक-दो साल इसी मुद्दे पर फोकस हो।

01:51 PM, 29-Mar-2022

धामी सरकार के लेखानुदान को परखा जाएगा

राज्य में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य तीन सबसे ज्वलंत मुद्दे हैं। वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर धामी सरकार करीब 21 हजार करोड़ रुपये का लेखानुदान लेकर आ रही है। मुख्यमंत्री धामी से यह उम्मीद की जा रही है कि उनके बजट में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेक्टर के लिए क्या-क्या घोषणाएं और प्रावधान होंगे। विशेष तौर पर राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अवस्थापना विकास प्रमुख मुद्दे हैं, जिनके अभाव में पलायन की समस्या गंभीर रूप ले रही है। धामी सरकार बाद में अपना पूरा बजट लेकर आएगी, लेकिन लेखानुदान में उसकी प्राथमिकताओं की झलक स्पष्ट दिखेगी। साथ ही पंजाब और दिल्ली की आप सरकार के फैसलों की कसौटी पर धामी सरकार के लेखानुदान को परखा जाएगा।

01:47 PM, 29-Mar-2022

धामी का भावी एजेंडा आएगा नजर

दूसरी बार प्रदेश की सत्ता की बागडोर संभालने के बाद धामी ने अपनी पहली प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में समान नागरिक संहिता लागू का मसौदा तैयार करने के लिए एक हाईपावर कमेटी बनाने का एलान किया था। राज्य के विकास के लिए उनका भावी एजेंडा क्या होगा, इसकी झलक उनके पहले बजट से नजर आएगी। लेकिन उनके सामने आम आदमी पार्टी की दिल्ली और पंजाब सरकार ने लाइन खींच दी है।

01:36 PM, 29-Mar-2022

उत्तराखंड की धामी सरकार पर लगी है नजर

रोजगार, स्वास्थ्य, सुशासन के मोर्चे पर आम आदमी पार्टी की पंजाब और दिल्ली सरकार ने लकीर खींच दी है। अब नजर उत्तराखंड की धामी सरकार पर लगी है कि वह अपने पहले बजट में विकास की किन प्राथमिकताओं को लेकर आएंगे।

01:12 PM, 29-Mar-2022

आज ही लेखानुदान विधेयक सदन पटल पर लाने की खास वजह

वित्तीय वर्ष समाप्त होने के सिर्फ तीन दिन शेष हैं। सदन में मुख्यमंत्री शाम को लेखानुदान लेकर आएंगे। जानकारों के मुताबिक, परंपरा के अनुसार राज्यपाल के अभिभाषण और स्पीकर के पाठ के बाद सदन स्थगित होता है और फिर अगले दिन लेखानुदान या बजट सदन पटल पर आता है। लेकिन सरकार 31 मार्च से पहले लेखानुदान को पारित कराना चाहती है। इसलिए मंगलवार को ही मुख्यमंत्री लेखानुदान विधेयक सदन पटल पर रखेंगे।

01:03 PM, 29-Mar-2022

लेखानुदान : धामी भी त्रिवेंद्र और बहुगुणा की राह पर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी नई सरकार के गठन के बाद आगामी वित्तीय वर्ष के लिए सबसे पहले लेखानुदान या मिनी बजट पेश करने जा रहे हैं। राज्य में लेखानुदान लाने की परंपरा सी है। 2017 में तत्कालीन त्रिवेंद्र सिंह रावत की सरकार और 2012 में तत्कालीन विजय बहुगुणा की सरकार भी गठन के बाद सामान्य बजट लाने से पूर्व विधानसभा में लेखानुदान लेकर आई थी।

12:49 PM, 29-Mar-2022

उत्तराखंड विधानसभा ने रचा है तीसरी बार इतिहास 

उत्तराखंड विधानसभा ने राज्य गठन के बाद से पहली बार किसी महिला को विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर तीसरी बार इतिहास रचा है। पहली बार अंतरिम सरकार में प्रकाश पंत सबसे कम उम्र के विधानसभा अध्यक्ष बने थे। विधायी कार्य के जानकार पंत को भाजपा नेतृत्व ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी थी। पंत ने विधानसभा अध्यक्ष का दायित्व बखूबी निभाया। जबकि वर्ष 2002 में राज्य की प्रथम निर्वाचित सरकार में यशपाल आर्य के रूप में पहली बार किसी दलित समाज के व्यक्ति को विधानसभा अध्यक्ष बनने का मौका मिला। वहीं वर्ष 2022 में धामी सरकार में पहली बार किसी महिला का अध्यक्ष बनने का मौका मिला है। 

12:41 PM, 29-Mar-2022

आदेशों का उल्लंघन करने पर धारा-188 के अधीन होगा मुकदमा दर्ज

विधानसभा के आसपास किसी भी प्रकार की नारेबाजी, लाउडस्पीकर का प्रयोग सरकारी इमारतों पर साम्प्रदायिक भावना भड़काने वाले उत्तेजक भाषण करना, किसी प्रकार भ्रामक साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा विरोध जुलूस प्रतिबंध  है। जिलाधिकारी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति राजकीय सम्पत्ति को किसी प्रकार का प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से क्षति नहीं पहुंचाएगा। तीन सौ मीटर की परिधि में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर, चौराहों पर अथवा अन्य जगह पांच या उससे अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं होंगे। किसी भी प्रकार के समूह में बसों, ट्रैक्टर, ट्रॉलियों अथवा दोपहिये वाहनों तथा चैपहिया वाहनों के जुलूस की शक्ल में एकत्र होना प्रतिबंधित है। किसी भी प्रकार का जुलूस, धरना प्रदर्शन व  सार्वजनिक सभा का आयोजन बिना पूर्व अनुमति के नहीं किया जाएगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ धारा-188 के अधीन मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

12:28 PM, 29-Mar-2022

विधानसभा सत्र के मद्देनजर लागू है धारा- 144 लागू

विधानसभा सत्र के मद्देनजर विधानसभा व आसपपास के क्षेत्र में सुरक्षा, कानून व्यवस्था सुनिश्चित कराने लेकर जिलाधिकारी डॉ0 आर राजेश कुमार की ओर से विधानसभा परिसर के चारों ओर 300 मीटर की परिधि में तत्काल प्रभाव से धारा- 144 लागू कर दी थी। इस दौरान यहां लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान तीन सौ मीटर की परिधि में कोई भी व्यक्ति, लाठी, हाकी, स्टिक, तलवार अथवा अन्य कोई तेज धार वाला अस्त्र, बम और अन्य किसी प्रकार के बारूद वाले अस्त्र जिसका प्रयोग हिंसा के लिए किया जाता हो को लेकर नहीं चलेगा। न ही कोई हिंसा के प्रयोग के लिए ईंट,  पत्थर एकत्र करेगा। 

12:19 PM, 29-Mar-2022

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को सदन के भीतर फ्लोर मैनेजमेंट की जिम्मेदारी

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के प्रथम वर्ष का पहला सत्र आज से शुरू हो चुका है। सत्र शुरू होने से पहले उन्होंने विधायी एवं संसदीय कार्य के लिए कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को अधिकृत कर दिया था। इस संबंध में उन्होंने सचिव विधायी को निर्देश दिए थे। मंत्री बनने से पहले अग्रवाल विधानसभा अध्यक्ष का दायित्व निभा चुके हैं। उनके संसदीय एवं विधायी कार्य के इस अनुभव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें सत्र के दौरान यह जिम्मेदारी सौंपी है। अग्रवाल सदन में मुख्यमंत्री से संबंधित प्रश्नों के न सिर्फ उत्तर देने के लिए अधिकृत होंगे, बल्कि उनकी अनुपस्थिति सभी संसदीय दायित्व पूरे करेंगे। वह सदन के भीतर फ्लोर मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। 

12:10 PM, 29-Mar-2022

ग्रामीण क्षेत्रों में 4जी और 5G मोबाइल नेटवर्क की मिलेगी सुविधा

मिशन मायापुरी के अंतर्गत हरिद्वार को योग की अंतरराष्ट्रीय राजधानी और विश्व में आध्यात्मिक पर्यटन के लिए सबसे बड़े स्थल के रूप में बदलने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में 4जी और 5G मोबाइल नेटवर्क और हाई स्पीड ब्रॉडबैंड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

12:05 PM, 29-Mar-2022

तीन बजे से शुरू होगी सदन की कार्यवाही

राज्यपाल का अभिभाषण समाप्त हो गया है। अब 3:00 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू होगी। राज्यपाल ने अभिभाषण में नए लक्ष्यों का संकल्प दोहराया।
- प्रदेश में हिम प्रहरी योजना के तहत भूतपूर्व सैनिकों और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकटवर्ती जिलों में बचने के लिए सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। 
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तर्ज पर प्रदेश में मुख्यमंत्री किसान प्रोत्साहन निधि की शुरुआत की जाएगी। 
-महिला स्वयं सहायता समूह की व्यावसायिक पहल को सहायता प्रदान करने के लिए एक विशेष कोष गठित किया जाएगा। 

11:50 AM, 29-Mar-2022

देश में अमन चैन की शांति की कामना के साथ राज्यपाल का अभिभाषण खत्म

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में सरकार द्वारा अब तक किए गए विकास कार्यों के साथ ही भविष्य के लिए प्रस्तावित योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में दूर संचार की सुविधा को और अधिक मजबूत करने के साथ ही शहरों में जरूरत के मुताबिक विकास कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के विकास का ध्यान रखा गया है। राज्यपाल ने देश में अमन चैन की शांति की कामना के साथ ही अपना अभिभाषण पूरा किया। 

11:43 AM, 29-Mar-2022

राज्यपाल ने सरकार की ओर से अब तक किए गए कार्यों को सदन पटल रखा

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के तीन दिवसीय प्रथम सत्र के पहले दिन राज्यपाल ने सरकार की ओर से अब तक किए गए कार्यों को सदन पटल रखा। पर्यटन, खेल सहित तमाम क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों को लेकर राज्यपाल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार को अब तक किए विशेष कार्यों के लिए सम्मान भी मिला है। राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में वहां की जरूरतों के मुताबिक योजनाएं शुरू की गई है। 

11:34 AM, 29-Mar-2022

रितु खंडूरी को बधाई मिलने का सिलसिला जारी

उत्तराखंड विधानसभा की पहली महिला स्पीकर बनने पर रितु खंडूरी को बधाई मिलने का सिलसिला जारी है। सुबह से ही उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देने लोग पहुंच रहे हैं। वहीं सदन में भी सभी विधायकों ने उनका स्वागत किया। रितु ने इस मौके पर कहा कि मेरा प्रयास जनता की आशाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए लोकतांत्रिक संस्था को सशक्त बनाना होगा। नीतियों और कानून के निर्माण तथा जनहित से जुड़े विषयों के लिए सदन को व्यापक चर्चा का केंद्र बनाकर ही हम कार्यपालिका पर नियंत्रण रखते हुए जनकल्याण कर सकते हैं।

11:22 AM, 29-Mar-2022

विपक्ष ने सदन में महंगाई के विरोध में दिखाए बैनर

उत्तराखंड का राज्यपाल बनने के बाद लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का यह पहला अभिभाषण है। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सरकार नए वित्तीय वर्ष के पहले चार माह के लिए लगभग 21 हजार करोड़ रुपये का लेखानुदान पेश करेगी। वहीं राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होते ही विपक्ष ने सदन में महंगाई के विरोध में बैनर दिखाने शुरू किए। विपक्ष ने सत्र के दौरान महंगाई, बेरोजगारी जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। 

11:16 AM, 29-Mar-2022

आज शाम को पेश किया जाएगा सरकार की ओर से लेखानुदान

आज शाम को सरकार की ओर से लेखानुदान पेश किया जाएगा। इससे पहले दिन विधानसभा में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में पक्ष और विपक्ष ने सत्र के दौरान संसदीय कार्यवाही पर चर्चा की गई थी। कार्यमंत्रणा में एक दिन का एजेंडा तय किया गया। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास, बसपा विधानमंडल दल के नेता मोहम्मद शहजाद मौजूद रहे। जबकि नेता प्रतिपक्ष का चयन न होने से कांग्रेस कार्यमंत्रणा में शामिल नहीं हुई। बैठक में तय किया गया कि मंगलवार को फिर से कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में एजेंडा तय किया जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा के सचिव मुकेश सिंघल, विधायी के प्रमुख सचिव हीरा सिंह बोनाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

11:15 AM, 29-Mar-2022

शाम को सरकार की ओर से लेखानुदान किया जाएगा पेश

शाम को सरकार की ओर से लेखानुदान पेश किया जाएगा। विधानसभा में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में पक्ष और विपक्ष ने सत्र के दौरान संसदीय कार्यवाही पर चर्चा की। कार्यमंत्रणा में एक दिन का एजेंडा तय किया गया। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास, बसपा विधानमंडल दल के नेता मोहम्मद शहजाद मौजूद रहे। जबकि नेता प्रतिपक्ष का चयन न होने से कांग्रेस कार्यमंत्रणा में शामिल नहीं हुई। बैठक में तय किया गया कि मंगलवार को फिर से कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में एजेंडा तय किया जाएगा। इस अवसर पर विधानसभा के सचिव मुकेश सिंघल, विधायी के प्रमुख सचिव हीरा सिंह बोनाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

11:11 AM, 29-Mar-2022

कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ ने ली विधानसभा सदस्य की शपथ

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण ने विधानसभा भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में कांग्रेस के किच्छा विधानसभा से विधायक तिलकराज बेहड़ को विधानसभा सदस्य के रुप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कांग्रेस के विधायक तिलकराज बेहड़ स्वास्थ्य खराब होने के कारण सदन में शपथ नहीं ले पाए थे। आज सत्र के पहले दिन सदन में प्रवेश करने से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हे अपने कार्यालय कक्ष में शपथ दिलाई| इस दौरान कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, विधायक सुमित हृदयेश, भुवन कापड़ी मौजूद रहे। 

10:09 AM, 29-Mar-2022

उत्तराखंड विधानसभा का पहला सत्र : अभिभाषण पर चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष, सदन कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित

राज्यपाल के अभिभाषण से उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के पहले सत्र का आगाज हुआ। इससे पूर्व राज्यपाल को पुलिस की टुकड़ी की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा पहुंचकर कहा, विधानसभा सत्र का आज पहला दिन है तो मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं और हम सब मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। 

आज शाम को ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्तीय वर्ष 2022-23 का लेखानुदान सदन पटल पर रखेंगे। इससे पूर्व सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में एक दिन का एजेंडा तय किया गया। हालांकि कार्यमंत्रणा में कांग्रेस की ओर से कोई विधायक शामिल नहीं हुआ।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में पहली बार सदन को संचालित करना उनके लिए गौरवपूर्ण क्षण है। साथ ही उनके लिए चुनौती भी है। उन्होंने सदन के सभी सदस्यों से सत्र शांतिपूर्वक एवं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सहयोग की अपेक्षा की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें