फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Dehradun Visit Live Update: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने सात साल में 600 करोड़ खर्च किए, हमने 12 हजार करोड़ के नेशनल हाईवे बनवाए

Sat, 04 Dec 2021 03:03 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

खास बातें

PM Narendra Modi Dehradun Visit: उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा को चुनावी वैतरणी पार करने के लिए मोदी मैजिक की दरकरार है। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के पक्ष में वातावरण बनाने के लिए भाजपा ने आज शनिवार को देहरादून के परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा आयोजित की है। पिछले पौने दो महीने में प्रधानमंत्री तीसरी बार उत्तराखंड आए हैं। इस बार उनका यह दौरा राजनीतिक है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:01 PM, 04-Dec-2021

पीएम ने कविता से जनता में भरा जोश

पीएम मोदी ने अपने भाषण के अंत में एक कविता से जनता में जोश भरा। 

जहां पवन बहे संकल्प लिए, जहां पर्वत गर्व सिखाते हैं
जहां ऊंचे नीचे सब रास्ते, बस भक्ति के सुर में गाते हैं
उस देवभूमि के ध्यान से ही मैं सदा धन्यवाद हो जाता हूं
है सौभाग्य मेरा, मैं तुमको शीश नवाता हूं
है बाद में मेरा सौभाग्य मेरा मैं तुमको शीश नवाता हूं और धन्य धन्य हो जाता हूँ
मंडवे की रोटी, हड़के की थाप, 
हर एक मन करता शिवजी का झाप
ऋषि मुनियों की है ये तपोभूमि
कितने वीरों की ये जन्मभूमि
मैं तुमको शीश नवाता हूं....

02:53 PM, 04-Dec-2021

ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जो उत्तराखंड हासिल नहीं कर सकता

आने वाले पांच साल उत्तराखंड को रजत जयंती की तरफ ले जाने वाले हैं। ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जो उत्तराखंड हासिल नहीं कर सकता। ऐसा कोई संकल्प नहीं जो इस देवभूमि में सिद्ध नहीं हो सकता। आपके पास धामी जी के रूप में युवा नेतृत्व में उनकी अनुभवी टीम भी है। हमारे पास वरिष्ठ नेताओं की बहुत बड़ी श्रंखला है। उत्तराखंड के उज्जवल भविष्य के लिए समर्पित है।

02:51 PM, 04-Dec-2021

हम आपको आश्रित नहीं आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं 

पीएम ने कहा कि हम आपको आश्रित नहीं आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं हमारा अन्नदाता, ऊर्जा दाता भी बने, इसके लिए योजना लाए। खेत मे फसल और बिजली बनी। इससे देश पर भी भार नहीं आया। हमने देश मे उजाला योजना शुरू की। उत्तराखंड में करोड़ों एलईडी बल्ब दिए गए। आज हर घर मे एलईडी बल्ब इस्तेमाल हो रहे हैं। हमने मोबाइल फोन, इंटरनेट सस्ता किया। गांव में कॉमन सर्विस सेंटर खुलवाए। 

विज्ञापन
02:45 PM, 04-Dec-2021

हमने जो मार्ग चुना है कठिन है, लेकिन देशहित में है

समय के साथ हमारे देश की राजनीति में कईं विकृतियां आ गई हैं। कुछ राजनीतिक दल समाज मे किसी खास धर्म, जाति या अपने इलाके की तरफ ध्यान देते हैं। उसमें उन्हें वोटबैंक नजर आता है। इन दलों ने एक और तरीका अपनाया है। जनता को मजबूत नहीं होने देना। वह चाहते रहे कि जनता हमेशा मजबूर बनी रहे। जनता को अपना मोहताज बनाओ, ताकि उनका ताज महफूज रहे। उन दलों के सभी प्रयास इसी दिशा में हुए। हमने एक नया रास्ता चुना है, वह मार्ग कठिन है लेकिन देशहित में है। सबका साथ, सबका विकास हमारा मार्ग है। हम जो भी योजना लाएंगे, सबके लिए लाएंगे। बिना भेदभाव के लाएंगे।

02:42 PM, 04-Dec-2021

सात साल में 12,000 करोड़ के नेशनल हाईवे बनवाए

2007 से 2014 के बीच केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 600 करोड़ रुपये के केवल 288 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया। जबकि हमारी सरकार ने अपने 7 वर्षों में उत्तराखंड में 12,000 करोड़ रुपये के 2,000 किलोमीटर से अधिक के राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया है। कोरोनकाल में उत्तराखंड में 50 से अधिक नए ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं। आज प्रदेश मे नए मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, भावी पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। 

विज्ञापन
02:38 PM, 04-Dec-2021

'उत्तराखंड का पाणी और जवानी उत्तराखंड के काम ही आली'

पीएम मोदी ने कहा कि पांच साल पहले मैंने कहा था, जो कहा था, उसको याद करने की ताकत राजनेताओं में जरा कम होती है। मुझमें है। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि उत्तराखंड का पाणी और जवानी उत्तराखंड के काम ही आली। एक समय पहाड़ पर रहने वाले लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का सपना ही देखते थे। हमें कब सड़क मिलेगी, बिजली मिलेगी, कब स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, लेकिन जब कुछ करने का जुनून हो तो सूरत भी बदलती है और सीरत भी बदलती है। आज सरकार इस बात का इंतजार नहीं करती की लोग समस्या लेकर आएंगे। आज सरकार सीधे नागरिकों के पास जाती है। एक समय था कि उत्तराखंड में सवा लाख घरों में नल से जल पहुंचता था। आज सात लाख से ज्यादा घरों में जल पहुंच रहा है। पूर्व की सरकारों ने हर स्तर पर सेनाओं को निराश करने की कसम खाई हुई थी लेकिन हमारी सरकार दुनिया के किसी देश के दबाव में नहीं आती। 

02:32 PM, 04-Dec-2021

विकास का मॉडल बनेगा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस

पीएम ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे हमारे विकास के मॉडल का भी प्रमाण होगा। इसमें एशिया का सबसे बड़ा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी बनेगा। पहले जब भी मैं उत्तराखंड आता था याद रखना आने-जाने वालों से मिलता था वह हमेशा कहते थे मोदी जी दिल्ली से देहरादून की यात्रा गणेशपुर तक तो आसानी से हो जाती है, लेकिन गणेशपुर से देहरादून तक बड़ी मुश्किल होती है आज मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली देहरादून इकनॉमिक कॉरिडोर का शिलान्यास हो चुका है। जब यह बनकर तैयार हो जाएगा तो दिल्ली से देहरादून आने में जो समय लगता है वह करीब करीब आधा हो जाएगा। इससे ना केवल देहरादून के लोगों को फायदा पहुंचेगा बल्कि हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, शामली बागपत और मेरठ जाने वालों को भी सुविधा होगी। 

02:29 PM, 04-Dec-2021

चारधाम यात्रा हुई आसान

पीएम ने कहा कि देवभूमि में श्रद्धालु भी आते हैं। उद्यमी भी आते हैं। प्रकृति प्रेमी सैलानी भी आते हैं। इसजलिए यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व काम किया जा रहा । ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत आज चारधाम यात्रा आसान हो रही है। केदारनाथ त्रासदी से पहले 2012 में 570000 लोगों ने दर्शन किया था और यह उस समय का एक रिकॉर्ड था। जबकि कोरोना कॉल शुरू होने से पहले 2019 में 10 लाख से ज्यादा लोग केदारनाथ जी के दर्शन करने पहुंचे।

02:24 PM, 04-Dec-2021

जितने घोटाले हुए उसकी भरपाई दोगुनी रफ्तार से काम कर करेंगे

पीएम ने कहा कि दस साल में देश मे जो घोटाले हुए, उसकी भरपाई के लिए हम दोगुनी रफ्तार से काम कर रहे हैं। आज भारत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर दो लाख करोड़ से अधिक के निवेश के इरादे से आगे बढ़ रहा है। आज भारत की नीति दोगुनी तेजी से काम करने की है। 21वीं सदी के इस कालखंड में कनेक्टिविटी का एक ऐसा महायज्ञ चल रहा है जो भारत को विकसित देशों की संख्या में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

02:15 PM, 04-Dec-2021

उत्तराखंड का विकास डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

पीएम मोदी ने गढ़वाली में अपने संबोधन की शुरुआत की। कहा- उत्तराखंड का सभी दाणा सयानो, दीदी भूलियो, चची और भय बहणों, आप सभी छ मेरा प्रणाम। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड का विकास डबल इंजन की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीते 5 वर्षों में उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। यहां की सरकार इन्हें धरातल पर उतार रही है। इसी को आगे बढ़ाते हुए आज 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया गया है। बीते वर्षों की कड़ी मेहनत व अनेक प्रक्रिया से गुजरने के बाद ये दिन आया है। मैंने केदारपुरी के बाद देहरादून से दोहरा रहा हूं। ये परियोजनाएं इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएंगी। जो लोग पूछते हैं कि डबल इंजन की सरकार का क्या फायदा है, वह देख सकते हैं, कैसे ये सरकार विकास की गंगा बहा रही है।

02:08 PM, 04-Dec-2021

पीएम मोदी ने प्रदेश को दी 18 हजार करोड़ की सौगात

चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने देहरादून से प्रदेश को 18 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात दी। पीएम ने 15626 की योजनाओं का शिलान्यास और 2573 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया।

इन योजनाओं का किया शिलान्यास 
- दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे 
- ग्रीनफील्ड एलाइनमेंट
- हरिद्वार रिंग रोड
- लक्ष्मण झूला के पास पुल 
- देहरादून-पौंटा साहिब मार्ग 

इनका किया लोकार्पण
- व्यासी जल विद्युत परियोजना 
- ऑल वेदर रोड, देवप्रयाग से श्रीकोट 
- ऑल वेदर रोड, ब्रहम्पुरी से कौड़ियाला 
- ऑल वेदर रोड, लामबगड़ 
- ऑल वेदर रोड, साकणीधार, देवप्रयाग और श्रीनगर 
- हिमालयन कल्चरल सेंटर देहरादून
- सगंध पौधा केंद्र सेलाकुई 

02:03 PM, 04-Dec-2021

पीएम मोदी ने थपथपाया सीएम धामी का कंधा

सीएम धामी ने कहा कि  जिन लोगों ने उत्तराखंड राज्य बनाने का विरोध किया था, आज वह उत्तराखंडियत की बात कर रहे हैं। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वाले लोग देश विरोधी हैं। हमें 2025 में रजत जयंती तक उत्तराखंड को देश का विश्वस्त राज्य बनाना है। कहा कि चुनाव आने वाले हैं, कुछ स्वार्थी तत्व तरह-तरह की बातें करेंगे। हमारे प्रदेश में भी ऐसे दल व नेता हैं जो साढ़े चार साल बाद सक्रिय होकर जनता को बरगलाने का काम कर रहे हैं। सीएम धामी के भाषण के बाद पीएम मोदी ने सीएम धामी का कंधा थपथपाया।

02:01 PM, 04-Dec-2021

राजनीति की आड़ लेकर माहौल बिगाड़ रहे कुछ लोग

सीएम धामी ने कहा मुझे गर्व है कि मेरे जैसे सैन्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को इस राज्य का मुख्य सेवक बनने का अवसर दिया गया है। आज हमारी सेना दुश्मन को उनके घरों में घुसकर मारती है। कुछ तत्व ऐसे हैं जो राजनीति की आड़ लेकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे देश में कुछ असामाजिक तत्व दीमक के समान हैं, हमें उनसे सावधान रहना होगा।

01:59 PM, 04-Dec-2021

सीएम ने पीएम को बताया अपना आदर्श

सीएम धामी ने कहा कि हमने प्रदेश के हकहुकूक धारियों को सर्वोपरि रखते हुए फैसला लिया है। मैं पांच महीने से मुख्य सेवक के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन करने की कोशिश कर रहा हूं। जब तक मैं उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता के लिए बेहतर काम नहीं करूंगा, चैन से नहीं बैठूंगा। कोई ऐसा वर्ग नहीं जिसके लिए योजना नहीं बनाई हो। उन्होंने पीएम मोदी को अपना आदर्श बताया। 

01:48 PM, 04-Dec-2021

दो घंटे में पहुंच पाएंगे दिल्ली से देहरादून-सीएम धामी

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी तपस्वी की तरह देश की सेवा कर रहे हैं। सिंह अपने गुण और अपने पराक्रम से खुद अपना शासन प्राप्त करता है, यह कहावत पीएम पर फिट बैठती है। आज संपूर्ण विश्व मोदी जी के प्रयासों की सराहना कर रहा है। आज देश का बच्चा-बच्चा केंद्र की योजनाओं से भली भांति परिचित है। कोरोना काल में जहां अन्न योजना से करोड़ों लोगों को भोजन दिया, वहीं आयुष्मान योजना से निशुल्क इलाज मिला। पीएम के नेतृत्व में वर्षों से लंबित दर्जनों मामलों का हल निकला है। राम मंदिर का वर्षों से लंबित कार्य पीएम के चमत्कारी नेतृत्व में आज अद्भुत आकार ले रहा है। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र 2 घंटे में पूरी की जा सकेगी। कुछ वर्ष पूर्व ऐसा सोचना भी अकल्पनीय सा लगता था। चाहे आज सड़क मार्ग को उत्तराखंड को कोने-कोने से जोड़ना हूं या देव भूमि के शहरों को हेली सेवा से जोड़ना हो प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमने कनेक्टिविटी को विकास का मूल मानकर कार्य किया है 

01:37 PM, 04-Dec-2021

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाईं उपलब्धियां

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास के एतिहासिक काम हुए हैं। धारा 370 हो या कोरोना संक्रमण पीएम के नेतृत्व में सभी काम सही तरीके से हुए हैं। विपक्षी दलों ने वैक्सीन को लेकर भले ही विरोध जताया हो लेकिन आज पीएम के संकल्प ने देश में 120 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन का लक्ष्य प्राप्त किया। 

01:33 PM, 04-Dec-2021

18,000 करोड़ की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास

प्रधानमंत्री मोदी कुछ ही देर में 18,000 करोड़ रुपये की लागत से कई परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें लगभग 8300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा शामिल है। 

01:25 PM, 04-Dec-2021

पीएम मोदी ने किया विकास परियोजनाओं का अवलोकन 

पीएम नरेंद्र मोदी ने परेड मैदान में प्रदेश के लिए 18 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं के मॉडल का अवलोकन किया। साथ ही सभी प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली। 

01:07 PM, 04-Dec-2021

परेड मैदान पहुंचे पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी जनसभा के लिए परेड मैदान पहुंच गए हैं। यहां वे पहले प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी प्रदेश में 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

12:50 PM, 04-Dec-2021

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी वायु सेना के विमान से करीब 12:50 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, डीजीपी अशोक कुमार और मुख्य सचिव एस एस संधू ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम परेड मैदान के लिए रवाना होंगे। 

12:37 PM, 04-Dec-2021

पीएम मोदी से पहले भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर बोला हमला

पीएम नरेंद्र मोदी करीब एक बजे परेड मैदान पहुंचेंगे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, बंशीधर भगत, सुबोध उनियाल और गणेश जोशी ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही मंत्रियों ने अपने विभागों की उपलब्धियां गिनाई। 

12:19 PM, 04-Dec-2021

रैली में शामिल होने निकले कार्यकर्ता, सड़कों पर लगा जाम

पीएम मोदी की रैली में शामिल होने के लिए विभिन्न जगहों से कार्यकर्ता देहरादूनप पहुंचे हैं। हालांकि पुलिस ने ट्रैफिर प्लान बनाया था, लेकिन बाइकों और कारों से हजारों कार्यकर्ता परेड मैदान जाने के लिए निकले। जिसकी वजह से राजपुर रोड समेत कई जगहों पर जाम लग गया। 

11:50 AM, 04-Dec-2021

पीएम की रैली का विरोध कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ता गिरफ्तार

एनएसयूआई ने पीएम मौदी के दौरे का विरोध किया है। कार्यकर्ता  डीएवी पीजी कॉलेज से परेड ग्राउंड के लिए काले झंडे लेकर निकले। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी गो बैक के नारे भी लगाए। वहीं, अधिक भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। 

11:48 AM, 04-Dec-2021

जुटने लगी समर्थकों की भीड़

देहरादून के परेड मैदान में आयोजित पीएम मोदी की जनसभा के लिए सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है। कोई मास्क पहनकर तो हाथ में झंडा लेकर रैली में पहुंचा है। लोग हाथों में कमल के फूल का बैनर और स्टीकर लेकर भी रैली में पहुंचे हैं। वहीं रैली में काले रंग के मास्क पहनकर आए लोगों के मास्क उतरवा दिए गए।

11:46 AM, 04-Dec-2021

एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य

भाजपा ने पीएम की रैली को भव्य बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। रैली में एक लाख से अधिक भीड़ जुटाने का लक्ष्य बनाया गया है। पहली बार पार्टी मोदी की रैली में लोगों को निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया है। 

11:41 AM, 04-Dec-2021

2025 में नया उत्तराखंड बनाने का सपना दिखा चुके हैं मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब केदारनाथ की यात्रा पर आए थे, उस दौरान एक जनसभा में उन्होंने 2025 तक प्रदेश को नया उत्तराखंड बनाने का सपना दिखाया था। उन्होंने कहा कि अगला दशक उत्तराखंड का होगा। उस वक्त उन्होंने संकेतों और प्रतीकों में अपनी प्राथमिकता बताई थी। लेकिन आज की जनसभा में वह उत्तराखंड के भविष्य की योजनाओं का और अधिक खुलासा कर सकते हैं।

11:25 AM, 04-Dec-2021

उत्तराखंड : पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने सात साल में 600 करोड़ खर्च किए, हमने 12 हजार करोड़ के नेशनल हाईवे बनवाए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को जनसभा के जरिये उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव का आगाज करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी देहरादून से प्रदेश को 18 हजार करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें कई योजनाओं का शिलान्यास होगा तो कई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें