रजत जयंती पर लगाई गई खास प्रदर्शनी को देखने के लिए पीएम मोदी ने सभी से अपील की। कहा कि इसमें उत्तराखंड की सफलता की गाथा है। 25 साल पहले बजट सिर्फ 4000 करोड़ रुपए था। आज ये बढ़कर एक लाख करोड़ को पार कर चुका है। बिजली उत्पादन 4 गुना ज्यादा हो गया। सड़कों की लंबाई 2 गुनी हो गई। 6 माह में 4000 यात्री हवाई जहाज से आते थे आज एक दिन में 4000 से ज्यादा आते हैं। आज 10 मेडिकल कॉलेज हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरा उत्तराखंड से कितना गहरा लगाव है, आप सब जानते हैं। जब मैं यहां आता था तो लोगों की लगन, ललक मुझे प्रेरित करती थी। उसने मुझे सही मायनों में उत्तराखंड की सामर्थ्य से परिचित कराया। ये दशक उत्तराखंड का केवल वाक्य नहीं था, मुझे आप सब पर पूरा भरोसा था। ये उत्तराखंड के उत्कर्ष का कालखंड है। जब उत्तराखंड नया बना था तब चुनौतियां कम नहीं थी। संसाधन सीमित थे, बजट नहीं होता था। ज्यादातर जरूरत केंद्र की मदद से पूरी होती थी। आज तस्वीर बदल चुकी है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज उत्तराखंड जिस ऊंचाई पर है, उसे देखकर हर उस व्यक्ति का खुश होना स्वाभाविक है, जिन्होंने राज्य के लिए संघर्ष किया था। मुझे इस बात कि खुशी है कि डबल इंजन की भाजपा सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य को नई ऊंचाई देने में जुटी है। मैं रजत जयंती की बधाई देता हूं। उन आंदोलनकारियों को भी श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं, जिन्होने अपने प्राणों का बलिदान दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नौ नवंबर का ये दिन एक लंबी तपस्या का फल है। आज का दिन हम सभी को गर्व का अहसास करा रहा है। कहा कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता ने जो सपना देखा था वो अटल जी की सरकार में 25 साल पहले पूरा हुआ था।
दीदी भुल्यों...दाणा सयाणों। आप सभी तैं म्यार नमस्कार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गढ़वाली में संबोधन की शुरुआत की तो लोग उत्साह और जोश से भर गए। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड का मन प्रफुल्लित है।
सीएम धामी ने कहा कि बाबा केदारनाथ, भगवान बदरीनाथ, महासू देवता, गोल्ज्यू देवता समेत सभी देवताओं का स्मरण करता हूं। देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों और अमर बलिदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को याद करता हूं। कहा कि पीएम मोदी ने पूरी दुनिया में ये विश्वास जगाया है कि हम किसी से कम नहीं। उत्तराखंड भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में अपनी भागीदारी करने को तैयार है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला उद्यमियों और विभिन्न हितधारकों से संवाद कर रहे हैं।
पीएम मोदी प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे हैं। इसके बाद वह महिला उद्यमियों, विभिन्न हितधारकों से संवाद करेंगे।
#WATCH | Under the leadership of Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami, the people of Devbhoomi are excited to welcome Prime Minister Narendra Modi with traditional drums. pic.twitter.com/yPAduPLOpR
रजत जयंती उत्सव में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंच गए हैं। दून एयरपोर्ट से वह अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) पहुंचेंगे। जहां उत्तराखंड के विकास से जुड़ीं विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।
उत्तराखंड रजत जयंती उत्सव पर शामिल होने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत होगा। एफआरआई में मुख्य आयोजन होगा तो पुलिस ने इसके आसपास जीरो जोन भी घोषित किया है। इसके अलावा शहर में रूट डायवर्ट किया गया है। सरकारी भवनों पर भी रंग बिरंगी लाइट लगाकर भव्य रूप दिया गया है। उत्तराखंड रजत जयंती पर आज रविवार का दिन दून के साथ ही पूरे उत्तराखंड के लिए खास रहेगा। चूंकि दून में मुख्य आयोजन हो रहा है और करीब एक लाख लोग भी इसके साक्षी बनेंगे।
कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट के आसपास के रास्तों पर ऊंची इमारतों से लेकर पानी की टंकियों तक हथियारबंद जवान तैनात हैं। सुरक्षा इंतजामों के मद्देनजर शहर में अतिरिक्त बलों के अलावा सीआईडी व प्रशिक्षण केंद्रों के जवान भी तैनात किए गए हैं। टिहरी, ऋषिकेश समेत आसपास के शहरों से भी पुलिस अधिकारी पहले से देहरादून में जमा हैं, जो अलग-अलग जगहों पर सुरक्षा इंतजामों का प्रभार देख रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर किसी तरह का बैग, झोला, पानी की बोतल, ज्वलनशील पदार्थ, शॉल, लाइटर आदि सामान ले जाने पर प्रतिबंध है।
पीएम नरेंद्र मोदी के लिए सुरक्षा घेरा अभेद्य है। इसके लिए तीन हजार पुलिस कर्मी तैनात हैं। कार्यक्रम स्थल तक जाने वालों को डोर फ्रेम मैटल डिटेक्टर की जांच के बाद आगे भेजा जाएगा। साथ ही स्मार्ट सर्विलांस कैमरों के जरिये उनकी पहचान भी सुनिश्चित की जाएगी। इस कैमरे से उस शख्स के चेहरे का मिलान आपराधिक रिकॉर्ड के डेटाबेस से होता है। राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने पीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक और ब्रीफिंग की। निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान पीएम से मिलने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाए। सिर्फ उन्हीं व्यक्तियों को मिलने की इजाजत होगी, जिन्हें पूर्व में अनुमोदित किया गया है। डीजीपी ने अधिकारियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में अत्यंत सजग, सतर्क और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तराखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस पर अपने संदेश में सभी को बधाई देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की है। पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने उनका बयान जारी किया है। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंडवासियों के हितों तथा विकास के लिए प्रतिबद्ध है और वह उनके सुख-दुख में हमेशा साथ है। उन्होंने कहा कि नौ नवंबर- 2025 को उत्तराखंड राज्य 25 वर्ष का हो गए हैं। पर 25 वर्षों में उत्तराखंड की जनता को आकांक्षाओं के अनुरूप अपेक्षित परिणाम नहीं मिले।
आज नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे देहरादून पहुंच जाएंगे। वह करीब ढाई घंटे दून में रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के बीच यहां एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। पीएम के लिए यहां राज्य के विकास की झलक दिखाने वाली गैलरी और कई अन्य सजावट की गई हैं।
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की ओर से दिए गए शुभकामना संदेश पर सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर आपकी स्नेहपूर्ण शुभकामनाओं एवं आशीर्वाद के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार। आपके दूरदर्शी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में उत्तराखंड अपनी विकास यात्रा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। आपकी प्रेरणा से उत्तराखंड ने अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होकर सुशासन, जनकल्याण और सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। आपका सान्निध्य हमें सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि- उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य के मेरे सभी भाई-बहनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति की गोद में बसी हमारी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रही है। प्रदेश के इस विशेष अवसर पर मैं यहां के विनम्र, कर्मठ और देवतुल्य लोगों की सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
प्रधानमंत्री जल-क्षेत्र से जुड़ी दो प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें से देहरादून की सौंग बांध पेयजल परियोजना से शहर को 150 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पेयजल उपलब्ध कराएगी और नैनीताल में जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना, जो पेयजल उपलब्ध कराएगी और सिंचाई तथा बिजली उत्पादन में सहायक होगी। जिन अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें विद्युत सबस्टेशन, चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना, नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र आदि शामिल हैं।