फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kedarnath By Election Live: शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान, कुल 57.64 फीसदी हुई वोटिंग

Wed, 20 Nov 2024 07:32 PM IST
अलका त्यागी संवाद न्यूज एजेंसी, रुद्रप्रयाग ( केदारनाथ)

खास बातें

Kedarnath By Election 2024 Voting Today: इस वर्ष नौ जुलाई को केदारनाथ विस की विधायक शैलारानी रावत के निधन से यह सीट खाली हो गई थी। जिसके लिए आज मतदान हो रहा है। आज केदारनाथ विधानसभा के 90 हजार से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पल-पल के अपडेट पढ़ें यहां...
विज्ञापन
केदारनाथ विधानसभ उपचुनाव में मतदान के लिए जाती बुजुर्ग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:31 PM, 20-Nov-2024

शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान, कुल 57.64 फीसदी हुई वोटिंग

केदारनाथ विधानसभा के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम छह बजे तक 57.64 फीसदी वोटिंग हुई है।

06:50 PM, 20-Nov-2024

पहले खेतीबाड़ी व पशुपालन के कार्य, फिर मतदान को पहुंची महिलाएं 

केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में महिलाओं ने पहले खेतीबाड़ी व पशुपालन से जुड़े कार्य निपटाए और बाद में मतदान के लिए पहुंची। अधिकांश पोलिंग बूथों पर दोपहर बाद महिला मतदाताओं की संख्या अधिक थी।

05:40 PM, 20-Nov-2024

शाम पांच बजे तक हुआ 58.25 फीसदी मतदान 

केदारनाथ विधानसभा उप चुनाव में शाम 5 बजे तक 58.25 प्रतिशत मतदान हो चुका है। कई बूथों पर अभी भी मतदाताओं की लाइन लगी हुई है।

विज्ञापन
05:03 PM, 20-Nov-2024

महिला मतदाताओं की संख्या रही हमेशा अधिक

केदारनाथ विस में महिला मतदाता हमेशा से निर्णायक रहे हैं। वर्ष 2002 से 2022 तक हुए विस चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रही है। 

04:01 PM, 20-Nov-2024

दोपहर तीन बजे तक हुआ 47 फीसदी मतदान

दोपहर तीन बजे तक 47 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, दोपहर बाद भी मतदान केंद्रों पर वोटिंग के लिए लंबी लाइन लगी है। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

विज्ञापन
03:43 PM, 20-Nov-2024

केदारनाथ तक ही सिमटकर रह गया केदारनाथ विस का उप चुनाव 

केदारनाथ विस उप चुनाव केदारनाथ मंदिर तक सीमित होकर गया। पूरे प्रचार में कांंग्रेस ने सरकार पर केंदारनाथ मंदिर को लेकर निशाना साधा। वहीं, सरकार भी ज्यादातर मौकों पर सफाई देती रही, जिसके चलते जनता से जुड़े सड़क, स्वास्थ्य, संचार, शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दे इस अहम चुनाव में गौंण होकर रह गए। अन्य प्रत्याशियों ने भी जनता की नब्ज नहीं पकड़ी।

03:05 PM, 20-Nov-2024

दोनों दलों का मकसद शैलारानी के वोट बैंक को साधना

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल ने ऐश्वर्य के घर जाकर उनके साथ लंच किया तो अपने राजनीतिक शिष्य के चुनाव प्रचार में उतरे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी पार्टी नेताओं की टोली लेकर ऐश्वर्य के घर पहुंच गए। दोनों दलों का मकसद कांग्रेस और भाजपा में रहीं शैलारानी के उस वोट बैंक को साधने की है, जो दलीय विचार से इतर उनके व्यक्तिगत संबंधों के कारण उनके पीछे चला।

02:19 PM, 20-Nov-2024

ऐश्वर्य की राय भी हुई अहम

केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में अचानक पूर्व विधायक दिवंगत रावत शैलारानी की बेटी ऐश्वर्य की राय महत्वपूर्ण मानी गई। टिकट की मुराद पूरी न होने के बाद ऐश्वर्य की चुप्पी ने भाजपा और कांग्रेस को अपने-अपने ढंग से प्रभावित किया है। वह भाजपा और कांग्रेस की उम्मीदों की धुरी बन गई हैं

01:41 PM, 20-Nov-2024

दोपहर एक बजे तक 34.40% मतदान

केदारनाथ विधानसभा सीट पर दोपहर एक बजे तक 34.40% मतदान हुआ है। मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

 

01:40 PM, 20-Nov-2024

अलग-अलग गुटों में बंटी कांग्रेस ने प्रचार में एकजुटता से किए वार

अलग-अलग गुटों में बंटी कांग्रेस उपचुनाव के प्रचार युद्ध में भाजपा पर पूरी एकजुटता संग वार-पलटवार करती नजर आई। अब उसे मनचाहे नतीजे का इंतजार है। बदरीनाथ व मंगलौर उपचुनाव में जीत का उत्साह केदारनाथ के प्रचार को प्रचंड बनाने में उसके खूब काम आया।

01:04 PM, 20-Nov-2024

उपचुनाव में सनातन धर्म की प्रतिष्ठा भी दांव पर: देवेश नौटियाल

भाजपा नेता देवेश नौटियाल का कहना है कि केदारनाथ विस उपचुनाव सिर्फ चुनाव नहीं है, बल्कि इसके साथ सनातन धर्म की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। ऐसे में विस के हर व्यक्ति की प्रतिष्ठा भी इससे जुड़ गई है। कहा, जैसे पहाड़ ने 1982 में एचएन बहुगुणा को बंपर वोट से जिताया था, उसी तरह इस बार भी कांग्रेस बुरी तरह हारेगी।

12:46 PM, 20-Nov-2024

ठीक 42 वर्ष बाद केदारनाथ विस उपचुनाव में है खास

आज, ठीक 42 वर्ष बाद केदारनाथ विस उपचुनाव से एचएन बहुगुणा और भरत सिंह चौधरी का सीधा संबंध है। बहुगुणा के पौत्र सौरभ बहुगुणा बतौर जिला प्रभारी मंत्री के तौर पर प्रचार में उतरे हैं। वहीं, रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ विस का संयोजक बनाया है। इन दिनों दोनों नेता भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के लिए गांव-गांव वोट मांग रहे हैं।

12:27 PM, 20-Nov-2024

कांग्रेस और बहुगुणा के बीच था सीधा मुकाबला

कांग्रेस और बहुगुणा के बीच सीधा मुकाबला था। बहुगुणा का एक ही नारा था कि पहाड़ मुझे हारने नहीं देगा। केंद्र सरकार ने तब, अपने सारे संसाधन इस चुनाव में झोंक दिए थे। खास बात यह है कि इस चुनाव में तब युवा नेता के तौर पर भरत सिंह चौधरी (भाजपा नेता व रुद्रप्रयाग विधायक) बहुगुणा के खास हुआ करते थे। गांव-गांव प्रचार का जिम्मा उन्होंने ले रखा था। उपचुनाव में हेमवती नंदन बहुगुणा ने कांग्रेस के प्रत्याशी चंद्र सिंह नेगी को हराया था।

12:03 PM, 20-Nov-2024

कई मायनों में आज भी याद किया जाता है यह उपचुनाव

वर्ष 1980 में हुए लोकसभा चुनाव में गढ़वाल सीट से हेमवती नंदन बहुगुणा विजयी हुए थे। तब प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उन्हें आश्वस्त किया था कि वह गढ़वाल के विकास को प्राथमिकता देगी, पर ऐसा नहीं हुआ। बहुगुणा ने कई पत्र भी लिखे पर कुछ नहीं हुआ, जिससे आहत होकर उन्होंने लोकसभा की सदस्यता और कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह 1982 में गढ़वाल संसदीय सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें बहुगुणा ने निर्दलीय चुनाव लड़ा। यह उपचुनाव, कई मायनों में आज भी याद किया जाता है।

11:34 AM, 20-Nov-2024

1982 के उपचुनाव की यादें हुईं ताजा

केदारनाथ विस उपचुनाव ने वर्ष 1982 में गढ़वाल लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव की यादें ताजा कर दी हैं। 42 वर्ष पूर्व लोस उप चुनाव पर देश की नजर थी, आज वहीं स्थिति केदारनाथ विस की है। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है और दिल्ली तक इसकी गूंज हो रही है।

11:17 AM, 20-Nov-2024

केदारनाथ धाम, आपदा के मुद्दे को कांग्रेस मान रही ताकत

उपचुनाव में कांग्रेस की ताकत केदारनाथ धाम के नाम पर दिल्ली में प्रतीकात्मक मंदिर का निर्माण, धाम से सोना गायब होना, केदारघाटी में आपदा के मुद्दे को ताकत मान रही है। 2017 में केदारनाथ विस जीत कर मनोज रावत ने महिला उम्मीदवार जीतने का मिथक तोड़ा था। कांग्रेस को उम्मीद है कि इस बार भी मनोज रावत मिथक को तोड़ेंगे।

11:06 AM, 20-Nov-2024

सुबह नौ बजे तक कुल 4.30 फीसदी मतदान

केदारनाथ विधानसभा सीट पर सुबह नौ बजे तक कुल 4.30 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। पोलिंग बूथों पर भी लोगों के आने का सिलसिला जारी है। 

10:52 AM, 20-Nov-2024

आशा नौटियाल और मनोज रावत ने डाला वोट

केदारनाथ उपचुनाव सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत ने भणज पोलिंग बूथ पर वोट डाला। वहीं भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल ने सारी गांव में अपना मतदान किया।

10:46 AM, 20-Nov-2024

प्रचार में चिरपरिचित अंदाज में दिखे पूर्व सीएम हरीश रावत

पूर्व सीएम हरीश रावत भी प्रचार में चिरपरिचित अंदाज में दिखे। प्रचार के दौरान महिला मतदाताओं को साधने के लिए खेत खलियान में भी गए। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रभारी व विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत समेत सभी दिग्गजों ने प्रत्याशी मनोज रावत की जीत के लिए प्रचार किया।

10:33 AM, 20-Nov-2024

कांग्रेस की चाहत 2027 के लिए बड़ा संदेश देने की

कांग्रेस की चाहत केदारनाथ में जीत के साथ 2027 के लिए एक बड़ा संदेश देने की भी है। लोस चुनाव में पांचों सीट हारने के बाद कांग्रेस के हौसले पस्त थे, लेकिन बदरीनाथ व मंगलौर विस उपचुनाव में जीत ने उम्मीदों से भर दिया। उसने मिशन केदारनाथ के लिए प्रचार में पूरी ताकत झोंकी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मोर्चा संभाला।

10:11 AM, 20-Nov-2024

कांग्रेस ने प्रचार में एकजुटता से किए वार

अलग-अलग गुटों में बंटी कांग्रेस उपचुनाव के प्रचार युद्ध में भाजपा पर पूरी एकजुटता संग वार-पलटवार करती नजर आई। अब उसे मनचाहे नतीजे का इंतजार है। बदरीनाथ व मंगलौर उपचुनाव में जीत का उत्साह केदारनाथ के प्रचार को प्रचंड बनाने में उसके खूब काम आया।

09:49 AM, 20-Nov-2024

भाजपा की ये ताकत और ये कमजोरी

उपचुनाव में भाजपा की ताकत का जिक्र करें तो प्रदेश और केंद्र में सरकार, केदारनाथ से सीधे पीएम मोदी का जुड़ाव, सीएम, मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारियों का प्रचार, महिला मतदाता बहुल सीट पर दो बार की विधायक रही महिला चेहरे आशा नौटियाल पर लगाया गया दांव, कराए गए विकास कार्य मजबूत पक्ष माने जा रहे हैं। भाजपा उम्मीद कर रही कि एक बार महिला प्रत्याशी पर लगाया गया दांव सही साबित होगा और महिला उम्मीदवार की जीत का मिथक दोहराएगा, जबकि नई दिल्ली में केदारनाथ मंदिर का शिलान्यास भाजपा का कमजोर पक्ष माना जा रहा।

09:27 AM, 20-Nov-2024

पहले घंटे में 5.33 प्रतिशत हुआ मतदान

केदारनाथ विधानसभा सीट पर मतदान जारी है। पहले घंटे में 5.33 प्रतिशत हुआ मतदान।

09:11 AM, 20-Nov-2024

सीएम को भी पूरी ताकत झोंकनी पड़ी

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी उपचुनाव का रुख भाजपा के पक्ष में कराने को ताकत झोंकने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आपदा के प्रभावितों के लिए विशेष पैकेज से लेकर विस क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं की स्वीकृति तक के निर्णय फटाफट लिए। चुनाव की घोषणा से पहले ही केदारनाथ की जनता के बीच बार-बार पहुंचे और प्रचार के आखिरी दिन भी उन्होंने डेरा जमाया।

08:35 AM, 20-Nov-2024

भाजपा के लिए विचारधारा और प्रतिष्ठा का सवाल

उपचुनाव सिर्फ एक विस सीट नहीं है। इस सीट पर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की प्रतिष्ठा नहीं विचारधारा भी दांव पर है। बदरीनाथ में हार के बाद उसे वैचारिक मोर्चे पर रक्षात्मक होना पड़ा था। पार्टी ऐसी असहज स्थिति दोबारा नहीं बनने देना चाहती, इसलिए पार्टी ने उपचुनाव का विधिवत एलान से तकरीबन तीन महीने पहले चुनावी प्रबंधन के रणनीतिकारों के मैदान में उतार दिया था। युवा मंत्री सौरभ बहुगुणा और प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी संग विधायक भरत चौधरी का वहां प्रचार थमने तक अधिकतम समय गुजरा है।
 

08:01 AM, 20-Nov-2024

ऐश्वर्य और कुलदीप रावत के करियर की भी असली परीक्षा

दिवंगत विधायक शैलारानी को जिन क्षेत्रों से अच्छा वोट मिलता आ रहा, वहां से भाजपा को ऐश्वर्या के मार्फत ज्यादा वोट की उम्मीदें हैं। बहरहाल, केदारनाथ उप चुनाव न केवल भाजपा-कांग्रेस के लिए, बल्कि यहां से राजनीतिक भविष्य संवारने की ठान रहे ऐश्वर्य और कुलदीप रावत के करियर की भी असली परीक्षा है। इसमें भी दो राय नहीं कि केदारनाथ उपचुनाव का परिणाम से ही इन दो नेताओं की भविष्य की भूमिका भी तय होगी, इसकी चर्चाएं होने लगी हैं।

07:46 AM, 20-Nov-2024

केदारनाथ विधानसभा सीट पर मतदान शुरू

केदारनाथ विधानसभा सीट पर मतदान शुरू हो गया है। शाम छह बजे तक वोटिंग होगी। विधानसभा के 90 हजार से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

07:28 AM, 20-Nov-2024

चुनाव में प्रत्याशी की छवि निर्णायक साबित होगी : चौहान
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने दावा किया कि केदारनाथ उपचुनाव भाजपा के विकास कार्य और प्रत्याशी की छवि निर्णायक साबित होगी। इन्हें लेकर क्षेत्र की महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में उत्साह है। हालांकि केदारघाटी में पीएम मोदी के मार्गदर्शन में चल रहे विकास कार्य मतदाताओं के बीच चर्चा में हैं। चौहान ने मतदान प्रतिशत में वृद्धि की उम्मीद जताई। लेकिन प्रवासियों के मतदान में भागीदारी को लेकर कांग्रेस की नकारात्मक बयानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। बड़ी संख्या में प्रवासी लोग केदारनाथ की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेना चाहते हैं।


 

07:12 AM, 20-Nov-2024

उपचुनाव में पैदल दूरी से प्रत्याशियों ने किया परहेज

केदारनाथ विस उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस व उक्रांद सहित अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने जमकर प्रचार किया। लाउडस्पीकर के साथ सड़कों पर दौड़ते वाहनों के साथ प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने कस्बों, नगरीय क्षेत्रों से लेकर गांवों का खूब भ्रमण किया। 20 दिनों तक चले प्रचार में विस गुलजार रही, पर दूरस्थ गौंडार, तोषी और चिलौंड गांव प्रत्याशियों की राह ताकते रह गए। यहां कोई प्रत्याशी अपने प्रचार के लिए नहीं पहुंचा, क्योंकि उन्हें 5 से 7 किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ती।

06:50 AM, 20-Nov-2024

गाड़ियों में लगाया गया जीपीएस 

निर्वाचन प्रक्रिया में इस्तेमाल हो रहीं 205 गाड़ियों में जीपीएस भी लगाया गया है। ताकि गाड़ियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। मुख्य निर्वाचन कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में वेबकास्टिंग एवं जीपीएस की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। संबंधित नोडल अधिकारी इसकी पूरी निगरानी करेंगे।

06:25 AM, 20-Nov-2024

पहली बार 130 बूथों पर रहेगी तीसरी आंख की नजर

केदारनाथ विस उपचुनाव में 130 बूथों पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। पहली बार 75 फीसदी मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए गए और वेबकास्टिंग हो रही है। अब तक के चुनावों में विस के मतदान केंद्रों के सापेक्ष 50 फीसदी केंद्रों पर ही सीसीटीवी कैमरा लगाए जाते थे, लेकिन यह पहली बार है जब किसी विधानसभा के 75 फीसदी बूथों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जा रहे हैं। मंगलवार शाम तक 173 के सापेक्ष 130 केंद्रों में सीसीटीवी लगने के बाद क्रॉस चेक भी कर लिए गए हैं।

06:05 AM, 20-Nov-2024

चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीआरडी जवान तैनात

मतदान के दौरान शांति व्यवस्था के लिए पुलिस, पीआरडी, होमगार्ड के 700 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की चार कंपनियां तैनात की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डा. सौरभ गहरवार ने बताया कि 173 पोलिंग बूथों में से 130 पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। विधानसभा क्षेत्र को 2 जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है।

03:06 AM, 20-Nov-2024
केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव 2024 के मतदान जारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

ये प्रत्याशी हैं मैदान में

उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने आशा नौटियाल, कांग्रेस ने मनोज रावत और उत्तराखंड क्रांति दल ने डा. आशुतोष भंडारी को मैदान में उतारा है। तीन अन्य उम्मीदवार आरपी सिंह, त्रिभुवन सिंह चौहान और प्रदीप रोशन रुड़िया निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। 




ये भी पढ़ें...Kedarnath: उप चुनाव में ऐश्वर्य और कुलदीप की भी असली परीक्षा, युवा चेहरों ने पार्टी निर्णय को स्वीकारा

02:57 AM, 20-Nov-2024

Kedarnath By Election Live: शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान, कुल 57.64 फीसदी हुई वोटिंग

केदारनाथ विस उपचुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। 90875 मतदाता भाजपा, कांग्रेस सहित छह प्रत्याशियों के राजनीतिक जीवन का फैसला करेंगे। इसमें 44919 पुरुष और 45956 महिला मतदाता अपने विधायक का चुनाव करेंगे। मतदान के लिए 173 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्यों पर पहुंच गई हैं।



ये भी पढ़ें...केदारनाथ उपचुनाव: मिथक दोहराएगा या फिर टूट जाएगा...किसे मिलेगा तीन महीने की तैयारी, 17 दिन के प्रचार का फल

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें