कप्तान जोस बटलर के अर्धशतक और फिल सॉल्ट के साथ पहले विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी से गत चैंपियन इंग्लैंड ने सुपर आठ चरण के मैच में अमेरिका को 10 विकेट से हराया। अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.5 ओवर में 115 रन बनाए थे, जवाब में इंग्लैंड ने महज 9.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के 117 रन बनाकर मैच अपने नाम किया और सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। इंग्लैंड के लिए बटलर ने 38 गेंदों पर छह चौकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन और फिल सॉल्ट ने 21 गेंदों पर दो चौकों के सहारे 25 रन बनाए।
इस धमाकेदार जीत से इंग्लैंड की टीम सुपर आठ चरण के ग्रुप दो में तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई है। इंग्लैंड का नेट रन रेट +1.992 हो गया जो दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज से बेहतर है। वही, ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली अमेरिका टीम का प्रदर्शन सुपर आठ में निराशाजनक रहा और टीम ने अपने तीनों मुकाबले गंवाए और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इससे पहले, इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज क्रिस जॉर्डन ने हैट्रिक ली और अमेरिका के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोकने में सफल रहे। जॉर्डन इंग्लैंड के लिए टी20 प्रारूप में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने अमेरिका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हए 32 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने दमदार शुरुआत की और 8.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 91 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड को अब जीत के लिए 69 गेंदों पर 25 रन बनाने हैं।
फिल सॉल्ट और जोस बटलर की सलामी जोड़ी ने इंग्लैंड को तेज शुरुआत दिलाई। 116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने चार ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 32 रन बना लिए हैं। बटलर 28 रन और सॉल्ट तीन रन बनाकर खेल रहे हैँ।
क्रिस जॉर्डन की हैट्रिक के दम पर इंग्लैंड ने अमेरिका की पारी 18.5 ओवर में 115 रन पर ढेर कर दी। 19वां ओवर डालने आए जॉर्डन ने पांच गेंदों पर चार विकेट लिए और अमेरिका को सस्ते में ढेर कर दिया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर अमेरिका को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन अमेरिका की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। अमेरिका के लिए नीतीश कुमार ने सर्वाधिक 30 रन और कोरी एंडरसन ने 29 रन बनाए। एंडरसन ने हरमीत सिंह के साथ छठे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की, लेकिन हरमीत के आउट होते ही अमेरिका की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। हरमीत ने 21 रनों का योगदान दिया।
जॉर्डन ने 19वें ओवर में कोरी एंडरसन, अली खान, नोसथुश केंजिगे और सौरभ नेत्रवलकर को आउट किया। अली, केंजिगे और नेत्रवलकर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। अमेरिका के सिर्फ पांच बल्लेबाज ही दहाई अंक का आंकड़ा छू सके। इंग्लैंड के लिए जॉर्डन ने चार विकेट लिए, जबकि सैम कुर्रन और आदिल राशिद को दो-दो विकेट मिले।
क्रिस जॉर्डन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अली खान को बोल्ड किया। अली खान खाता खोले बिना आउट हुए। अमेरिका ने 115 रन पर अपने आठ विकेट गंवा दिए हैं।
क्रिस जॉर्डन ने कोरी एंडरसन को आउट कर अमेरिका को बड़ा झटका दिया। एंडरसन लगातार बड़े शॉट खेल रहे थे और टीम की पारी संभाले हुए थे, लेकिन जॉर्डन ने उनकी पारी का अंत किया। एंडरसन 28 गेंदों पर 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
सैम कुर्रन ने कोरी एंडरसन और हरमीत सिंह के बीच छठे विकेट के लिए हुई अच्छी साझेदारी को तोड़ा। कुर्रन ने हरमीत को आउट कर अमेरिका को छठा झटका दिया। हरमीत और एंडरसन ने अच्छी बल्लेबाजी कर अमेरिका का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन हरमीत बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। हरमीत 17 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए।
लियाम लिविंगस्टोन ने मिलिंद कुमार को आउट कर अमेरिका को पांचवां झटका दिया। मिलिंद छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। अमेरिका ने 14 ओवर की समाप्ति तक 88 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। कोरी एंडरसन हालांकि 20 गेंदों पर 24 रन बनाकर खेल रहे हैं।
स्पिनर आदिल राशिद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अच्छी लय में दिख रहे नीतीश कुमार को आउट कर अमेरिका को चौथा झटका दिया। नीतीश कुमार 24 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए। राशिद का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। अमेरिका ने 11 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 69 रन बनाए हैं।
स्पिनर आदिल राशिद ने कप्तान आरोन जोंस को आउट कर अमेरिका को तीसरा झटका दिया। आरोन 16 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। अमेरिका ने 56 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं।
सैम कुर्रन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए स्टीवन टेलर को आउट कर अमेरिका को दूसरा झटका दिया। टेलर नीतीश कुमार के साथ अच्छी साझेदारी निभा रहे थे, लेकिन कुर्रन ने उनकी पारी का अंत कर दिया। टेलर 13 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए।
पहला झटका लगने के बाद सलामी बल्लेबाज स्टीवन टेलर और नीतीश कुमार ने अमेरिका की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों की सधी हुई बल्लेबाजी से अमेरिका ने चार ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 26 रन बना लिए हैं।
रीस टॉप्ली ने सलामी बल्लेबाज आंद्रिस गोउस को आउट कर अमेरिका को पहला झटका दिया। गोउस पांच गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड के खिलाफ अमेरिका की पारी शुरू हो गई है। अमेरिका के लिए आंद्रिस गोउस के साथ स्टीवन टेलर पारी का आगाज करने उतरे हैं, जबकि रीस टॉप्ली गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं।
अमेरिकाः स्टीवन टेलर, आंद्रिस गोउस (विकेटकीपर), नीतीश कुमार, आरोन जोंस (कप्तान), कोरी एंडरसन, मिलिंद कुमार, हरमीत सिंह, शेडली वान शाल्कविक, नोसथुश केनिगे, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर।
इंग्लैंडः फिल सॉल्ट, जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, मोइन अली, लियाम लिविंगस्टोन, सैम कुर्रन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, रीस टॉप्ली।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने अमेरिका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। उसने मार्क वुड की जगह क्रिस जॉर्डन को टीम में शामिल किया है। अमेरिका ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
अमेरिका के गेंदबाजों के लिए इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा। अमेरिका को अपने पिछले दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा और अगर वह सेमीफाइनल में जगह बनाता है तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं होगा।
इंग्लैंड को अगर अपना नेट रन रेट सुधारना है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उसके बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वह इसे नहीं दोहरा पाए। फिल सॉल्ट शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अपने पिछले 10 टी20 मैचों में दो शतक और एक अर्धशतक लगाया है, लेकिन पिछले मैच में उनके जल्दी आउट होने से इंग्लैंड को धमाकेदार शुरुआत नहीं मिल पाई।
इंग्लैंड के बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में 164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी नहीं कर पाए और इस मैच में हार के कारण उसका नेट रन रेट भी गड़बड़ा गया। वेस्टइंडीज की अमेरिका के खिलाफ बड़ी जीत से इस ग्रुप में सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ रोमांचक हो गई है। ऐसी परिस्थितियों में इंग्लैंड को अपने नेट रन रेट में सुधार करने के लिए अमेरिका पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
Live Cricket Score (USA vs ENG) America vs England T20 World Cup : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। सुपर आठ चरण के मैच में आज गत चैंपियन इंग्लैंड का सामना अमेरिका से है। इंग्लैंड को पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हार मिली थी और उसकी कोशिश वापसी कर सेमीफाइनल की उम्मीदें मजबूत करने की होगी। दूसरी ओर, अमेरिका भी प्रभावित करना चाहेगा।