सनराइजर्स हैदराबाद को आखिरी ओवर में 20 रनों की आवश्यकता थी। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने युवा अर्जुन तेंदुलकर को गेंदबाजी के लिए बुलाया। अर्जुन ने कप्तान के भरोसे को सही साबित किया और सिर्फ चार रन दिए। उनके इस ओवर में दो विकेट भी गिरे। दूसरी गेंद पर अब्दुल समद रनआउट हो गए और पांचवीं गेंद पर अर्जुन तेंदुलकर ने भुवनेश्वर कुमार को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर सनराइजर्स की पारी को समेट दिया। अर्जुन ने 2.5 ओवर में 18 रन दिए। उन्हें एक सफलता मिली।
सनराइजर्स के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 रन पर ऑलआउट हो गई। सनराइजर्स की जीत का क्रम टूट गया है। उसे पिछले दो मुकाबलों में सफलता मिली थी, लेकिन वह जीत की हैट्रिक नहीं लगा सकी। वहीं, मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है।
सनराइजर्स के लिए पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। मयंक अग्रवाल ने 41 गेंद पर सर्वाधिक 48 रन बनाए। हेनरिच क्लासेन ने 16 गेंद पर 36 रन बनाए। एडेन मार्करम ने 22, मार्को यानसेन ने 13 और वाशिंगटन सुंदर ने 10 रन बनाए। हैरी ब्रूक नौ, राहुल त्रिपाठी सात और अभिषेक शर्मा एक रन बनाकर आउट हुए। अब्दुल समद से आखिरी ओवरों में टीम को विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन वह 12 गेंद पर नौ रन ही बना सके। मुंबई के लिए जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरेडिथ और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। अर्जुन तेंदुलकर और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली।
सनराइजर्स हैदराबाद को सातवां झटका रिले मेरेडिथ ने दी। उन्होंने 17वें ओवर की चौथी गेंद पर मार्को यानसेन को आउट कर दिया। यानसेन ने छह गेंद पर 13 रन बनाए। यानसेन के बाद 18वें ओवर में वाशिंगटन सुंदर 10 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने छह गेंद की पारी में दो चौके लगाए।
मुंबई इंडियंस ने मैच में वापसी कर ली है। हेनरिच क्लासेन के बाद मयंक अग्रवाल के आउट होने से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम मुश्किल में आ गई है। 14वें ओवर की अंतिम गेंद पर पीयूष चावला ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर दिया। चावला के इस ओवर में 21 रन बने, लेकिन अंतिम गेंद पर उन्होंने क्लासेन का विकेट हासिल कर लिया। क्लासेन ने 16 गेंद पर 36 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। अगले ओवर में मयंक अग्रवाल आउट हो गए। 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर रिले मेरेडिथ ने टिम डेविड के हाथों उन्हें कैच कराया। अग्रवाल ने 41 गेंद पर 48 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। सनराइजर्स ने 15 ओवर में छह विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। अब्दुल समद के साथ मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।
मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को दोहरा झटका दिया है। नौवें ओवर की चौथी गेंद पर कैमरन ग्रीन ने कप्तान एडेन मार्करम को आउट कर दिया। मार्करम 17 गेंद पर 22 रन बनाकर ऋतिक शौकीन को कैच थमा बैठे। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए अभिषेक शर्मा भी आउट हो गए। अभिषेक को 10वें ओवर की पहली गेंद पर पीयूष चावला ने अपना शिकार बनाया। टिम डेविड ने उनका कैच लिया। अभिषेक ने दो गेंद पर एक रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 ओवर में चार विकेट पर 76 रन बनाए हैं। मयंक अग्रवाल 26 गेंद पर 31 और हेनरिच क्लासेन तीन गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आठ ओवर में दो विकेट पर 64 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल 22 गेंद पर 28 रन और कप्तान एडेन मार्करम 14 गेंद पर 17 रन बनाकर नाबाद हैं। मयंक और मार्करम ने तीसरे विकेट के लिए 26 गेंद पर 39 रन की साझेदारी कर ली है।
राहुल त्रिपाठी का बल्ला भी इस मैच में नहीं चला। वह चौथे ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गए। जेसन बेहरेनडॉर्फ की गेंद पर ईशान किशन ने उनका कैच लिया। त्रिपाठी पांच गेंद पर सात रन ही बना सके। सनराइजर्स ने पांच ओवर में दो विकेट पर 35 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल 14 और एडेन मार्करम दो रन बनाकर नाबाद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दूसरे ओवर में लगा। पिछले मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ शतक लगाने वाले हैरी ब्रूक आउट हो गए हैं। उन्हें जेसन बेहरेनडॉर्फ ने सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। वह सात गेंद पर नौ रन ही बना सके। हैदराबाद ने दो ओवर में एक विकेट पर 13 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल दो और राहुल त्रिपाठी एक रन बनाकर नाबाद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद को मुंबई इंडियंस ने 193 रन का मुश्किल लक्ष्य दिया है। मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। उसके लिए सबसे ज्यादा रन कैमरन ग्रीन ने बनाए। ग्रीन ने 40 गेंद पर नाबाद 64 रन की पारी खेली। ईशान किशन ने 31 गेंद पर 38 और तिलक वर्म ा ने 17 गेंद पर 37 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 18 गेंद पर 28 और टिम डेविड ने 11 गेंद पर 16 रन का योगदान दिया। सूर्यकुमार यादव सात रन बनाकर आउट हुए। सनराइजर्स के लिए मार्को यानसेन ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और टी नटराजन को एक-एक सफलता मिली।
सनराइजर्स हैदराबाद को चौथी सफलता भुवनेश्वर कुमार ने दिलाई। भुवनेश्वर ने तिलक वर्मा को 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट कर दिया। तिलक का कैच मयंक अग्रवाल ने लिया। उन्होंने 17 गेंद पर 37 रन बनाए। इस दौरान दो चौके और चार छक्के उनके बल्ले से निकले। मुंबई ने 18 ओवर में चार विकेट पर 172 रन बना लिए हैं। कैमनर ग्रीन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह 35 गेंद पर 58 रन बनाकर नाबाद हैं।
मुंबई इंडियंस ने 16 ओवर में तीन विकेट पर 144 रन बना लिए हैं। कैमरन ग्रीन 29 गेंद पर 38 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, तिलक वर्मा ने 15 गेंद पर 31 रन बना लिए हैं। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 25 गेंद पर 49 रन की साझेदारी कर ली है।
सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरी सफलता मार्को यानसेन ने ही दिलाई। उन्होंने 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यकुमार यादव को आउट कर दिया। सूर्यकुमार तीन गेंद पर सात रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने एक छक्का लगाया। यानसेन की गेंद पर एडेन मार्करम ने डाइव लगाते हुए उनका शानदार कैच लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी सफलता मार्को यानसेन ने दिलाई। उन्होंने 12वें ओवर की पहली गेंद पर ईशान किशन को आउट कर दिया। ईशान 31 गेंद पर 38 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। ईशान किशन के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए हैं।
मुंबई इंडियंस की पारी के 10 ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने एक विकेट पर 80 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 27 गेंद पर 35 और कैमरन ग्रीन 15 गेंद पर 16 रन बनाकर नाबाद हैं।
मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स के खिलाफ सात ओवर में बिना किसी नुकसान के 56 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 22 और कैमरन ग्रीन पांच रन बनाकर नाबाद हैं। कप्तान रोहित शर्मा के रूप में टीम को एक झटका लगा है। रोहित पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन लौट गए। टी नटराजन की गेंद पर एडेन मार्करम ने उनका कैच लिया। रोहित ने 18 गेंद पर 28 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने छह चौके लगाए।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो गई है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन क्रीज पर हैं। मुंबई ने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 15 रन बना लिए हैं। ईशान किशन आठ और रोहित शर्मा छह रन बनाकर नाबाद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद: मयंक अग्रवाल, हैरी ब्रूक, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्कराम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, मार्को यानसेन, भुवनेश्वर कुमार, मयंक मार्कंडे, टी नटराजन।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, कैमरन ग्रीन, अर्जुन तेंदुलकर, नेहाल वधेरा, ऋतिक शौकीन, पीयूष चावला, जेसन बेहरेनडॉर्फ।
सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्करम ने टीम में एक भी बदलाव नहीं किया। मुंबई ने डुआन यानसेन की जगह जेसन बेहरेनडॉर्फ को टीम में शामिल किया है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 25वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। दोनों टीमें हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। सनराइजर्स और मुंबई की टीम पिछले दो मैचों में जीती है। दोनों की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर होगी। अंक तालिका में मुंबई आठवें और सनराइजर्स नौवें स्थान पर है।