दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी लीग मैच में अफगानिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया है। इस हार के साथ ही वनडे विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान का सफर खत्म हो गया। हालांकि, अफगान टीम ने इस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया। इस मैच में भी अफगानिस्तान की टीम लड़कर ही हारी। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम ने निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 244 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 47.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 247 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हालांकि पिछले मुकाबले में उसे भारत के खिलाफ बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में यह टीम फिर से जीत की पटरी पर लौट चुकी है। अहम बात यह है कि अफ्रीका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अफगानिस्तान को यह मैच 438 रन से जीतना था। ऐसे में यह टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी थी।
अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 97 रन अजमतुल्लाह ओमरजई ने बनाए। रहमत शाह और नूर अहमद ने 26-26 रन का योगदान दिया। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 25 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जी ने चार विकेट लिए। लुंगी एनगिडी और केशव महाराज को दो-दो विकेट मिले। फेहलुकवायो ने एक विकेट झटका। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए डुसेन 95 गेंद में 76 रन बनाकर नाबाद रहे। फेहलुकवायो ने 37 गेंद में नाबाद 39 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 41 रन का योगदान दिया। अफगानिस्तान के लिए नबी और राशिद ने दो-दो विकेट लिए। मुजीब को एक विकेट मिला।
पांच विकेट के नुकसान पर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। डुसेन और फेहलुकवायो क्रीज पर हैं। दोनों अपनी टीम को जीत दिलाना चाहेंगे। अफ्रीकी टीम जीत के करीब पहुंच चुकी है।
182 रन पर दक्षिण अफ्रीका का पांचवां विकेट गिरा है। डेविड मिलर 33 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद नबी ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। अब फेहलुकवायो और डुसेन क्रीज पर हैं।
139 रन पर दक्षिण अफ्रीका का चौथा विकेट गिरा है। हेनरिक क्लासेन 13 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। राशिद खान ने उन्हें बोल्ड किया। अब डुसेन के साथ डेविड मिलर क्रीज पर हैं। 30 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 145/4 है।
116 रन पर दक्षिण अफ्रीका का तीसरा विकेट गिरा है। एडेन मार्करम 32 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। राशिद खान ने उन्हें नवीन उल हक के हाथों कैच कराया।
डुसेन और मार्करम के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 110 रन के पार जा चुका है।
दो विकेट के नुकसान पर दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। डिकॉक-बावुमा के आउट होने के बाद रासी वन डर डुसेन और एडेन मार्करम ने पारी संभाली है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं।
66 रन पर दक्षिण अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा है। दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। क्विंटन डिकॉक 47 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद नबी ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब डुसेन के साथ एडेन मार्करम क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 77/2 है।
64 रन पर दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट गिरा है। कप्तान टेम्बा बावुमा 28 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। मुजीब ने उन्हें विकेटकीपर गुरबाज के हाथों कैच कराया।
दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना कोई विकेट खोए 50 रन के पार जा चुका है। कप्तान टेम्बा बावुमा और क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे।
245 रन का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। क्विंटन डिकॉक और टेम्बा बावुमा क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 15/0 है।
अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 244 रन बनाए। सबसे ज्यादा 97 रन अजमतुल्लाह ओमरजई ने बनाए। रहमत शाह और नूर अहमद ने 26-26 रन का योगदान दिया। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 25 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जी ने चार विकेट लिए। लुंगी एनगिडी और केशव महाराज को दो-दो विकेट मिले। फेहलुकवायो ने एक विकेट झटका। दोनों टीमों के लिए यह मैच ज्यादा अहम नहीं है। दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। वहीं, अफगानिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद हो चुके हैं। इस टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए यह मैच 438 रन से जीतना था, लेकिन यह टीम इतना बड़ा स्कोर बना ही नहीं पाई।
226 रन पर अफगानिस्तान का नौवां विकेट गिरा है। मुजीब उर रहमान पांच गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गेराल्ड कोएत्जी ने उन्हें एडेन मार्करम के हाथों कैच कराया। अब अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ नवीन उल हक क्रीज पर हैं।
204 रन पर अफगानिस्तान का आठवां विकेट गिरा है। नूर अहमद 32 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गेराल्ड कोएत्जी ने उन्हें क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। अब अजमतुल्लाह के साथ मुजीब जादरान क्रीज पर हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। 47 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 224/8 है।
अफगानिस्तान का स्कोर सात विकेट पर 200 रन के पार जा चुका है। अजमतुल्लाह और नूर ने तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया है। अफगानिस्तान की कोशिश अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाने की होगी।
160 रन पर अफगानिस्तान का सातवां विकेट गिरा है। राशिद खान 30 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। फेहलुकवायो ने उन्हें क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। अब अजमतुल्लाह के साथ नूर अहमद क्रीज पर हैं। अफगानिस्तान का स्कोर 40 ओवर के बाद 173/7 है।
अजमतुल्लाह ओमरजई ने 71 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने शानदार पारी खेली है और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। राशिद खान उनका साथ दे रहे हैं और दोनों अच्छी साझेदारी कर चुके हैं।
छह विकेट के नुकसान पर अफगानिस्तान का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। अजमतुल्लाह ओमरजई और राशिद खान क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 35 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 150/6 है।
116 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान का छठा विकेट गिरा है। मोहम्मद नबी तीन गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। लुंगी एनगिडी ने उन्हें विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। अब अजमत के साथ राशिद खान क्रीज पर हैं। 29 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 124/6 है।
27वें ओवर में गेराल्ड कोएत्जी ने इक्राम अलिखिल को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह 12 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल अजमतुल्लाह ओमरजई और मोहम्मद नबी क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान ने 26 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल अजमतुल्लाह ओमरजई 23 रन और इक्राम अलिखिल 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले रहमत शाह 26 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्हें लुंगी एनगिडी ने मिलर के हाथों कैच कराया था। वहीं, गुरबाज 25 रन, इब्राहिम 15 रन और कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी दो रन बनाकर आउट हुए।
अफगानिस्तान को 45 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। केशव महाराज ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह दो रन बना सके। फिलहाल रहमत शाह और अजमतुल्लाह ओमरजई क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 51 रन है। रहमनुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान भी पवेलियन लौट चुके हैं।
अफगानिस्तान को नौवें ओवर में 41 के स्कोर पर पहला झटका लगा। केशव महाराज ने रहमनुल्लाह गुरबाज को स्लिप में क्लासेन के हाथों कैच कराया। गुरबाज 22 गेंद में 25 रन बना सके। वहीं, 10वें ओवर में इब्राहिम जादरान को कोएत्जी ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। वह 15 रन बना सके।
अफगानिस्तान की शुरुआत धीमी रही है। उसने तीन ओवर में 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल इब्राहिम जादरान 14 गेंद में 11 रन और रहमनुल्लाह गुरबाज दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रसी वान डर डुसेन, एडेन मार्करम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, एंडिले फेहलुकवायो, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, गेराल्ड कोएत्जी।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, इकराम अलीखिल, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, नवीन-उल-हक।
अफगानिस्तान के कप्तन हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने दो बदलाव किए हैं। मार्को यानसेन और तबरेज शम्सी को आराम दिया गया है। इनकी जगह गेराल्ड कोएत्जी और एंडिले फेहलुकवायो को मौका दिया गया है।
दक्षिण अफ्रीका लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी कमजोरियों से पार पाने की कोशिश में होगा। क्विंटन डिकॉक ने काफी रन बनाए हैं लेकिन कप्तान तेंबा बावुमा नाकाम रहे हैं। वह बीमारी के कारण दो मैचों से बाहर थे जिसमें रीजा हेंड्रिक्स ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के बीच में कप्तान को बाहर करना संभव नहीं है लेकिन बावुमा दबाव महसूस कर रहे होंगे।
सेमीफाइनल से पहले उनके पास लय में लौटने का सुनहरा मौका है। डेविड मिलर अपने चिर-परिचित फॉर्म में अभी तक नहीं दिखे हैं । बायें हाथ के तेज गेंदबाज मार्को जेनसन को इकॉनॉमी रेट पर काम करना होगा। केशव महाराज ने स्पिन का मोर्चा बखूबी संभाला है और अब देखना है कि तबरेज शम्सी के रूप में दूसरे स्पिनर को उतारा जाता है या नहीं।
इंग्लैंड और पाकिस्तान को हराने के बाद हशमतुल्लाह शाहिदी की टीम ने पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को लगभग हरा ही दिया था लेकिन ग्लेन मैक्सवेल ने चमत्कारिक पारी खेलकर जीत दिलाई। इस हार से निराश अफगानिस्तान टीम को अब नये सिरे से मनोबल बढ़ाकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। अफगानिस्तान की ताकत उसकी स्पिन गेंदबाजी रही है, लेकिन तेज गेंदबाजों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
नवीन उल हक और अजमतुल्लाह उमरजई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया है। अब तक कमजोर कड़ी रहे अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने भी उम्दा प्रदर्शन किया है। इब्राहिम जदरान, रहमत शाह और कप्तान शाहिदी को पता है कि हालात के अनुरूप कैसे खेलना है। रहमानुल्लाह गुरबाज से टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जबकि अनुभवी मोहम्मद नबी भी बल्ले से प्रभावित नहीं कर सके हैं।
अफगानिस्तान का मौजूदा नेट रन रेट -0.338 है, जबकि न्यूजीलैंड ने अपना लीग राउंड +0.743 के नेट रन रेट के साथ समाप्त किया। वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में खेलने के लिए और न्यूजीलैंड को नेट रन रेट के मामले में पीछे छोड़ने के लिए अफगानिस्तान को दक्षिण अफ्रीका को 438 से अधिक रनों से हराना होगा। साथ ही यह भी मनाना होगा कि पाकिस्तान इंग्लैंड के खिलाफ अपना मैच हार जाए।
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की तुलना में अफगानिस्तान का रनरेट भी खराब है लिहाजा उसे बड़े अंतर से जीत और दूसरे मैचों के नतीजे अनुकूल रहने की उम्मीद करनी होगी। इस मैच का नतीजा चाहे जो हो लेकिन अफगानिस्तान ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी के दिल जीते हैं। उसने आठ में से चार मैच जीते हैं। अब उनमें यह आत्मविश्वास भर गया है कि अपना दिन होने पर वे किसी को भी हरा सकते हैं।
अफगानिस्तान विश्व कप के अपने आखिरी लीग मैच में शुक्रवार को उतरेगा तो उसकी नजरें एक और बड़ी टीम को हराने पर होंगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के साथ दक्षिण अफ्रीका विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंच चुका है लिहाजा उसके लिए इस मैच में बहुत कुछ दांव पर नहीं है। आठ अंक के साथ अफगानिस्तान चौथे स्थान के लिए पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के साथ दौड़ में है। अब उसे टूर्नामेंट में बने रहने के लिए दक्षिण अफ्रीका को हर हालत में हराना होगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 42वें मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना अफगानिस्तान से है। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हालांकि पिछले मुकाबले में उसे भारत के खिलाफ बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम लय हासिल करने उतरेगी। वहीं, अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर तो नहीं हुई है, लेकिन उसके लिए समीकरण बेहद मुश्किल हैं। अफगानिस्तान को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 438 या इससे ज्यादा रन से जीत हासिल करनी होगी।