फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs LSG Live Score: राजस्थान ने लखनऊ को 20 रन से हराया, राहुल और पूरन के अर्धशतक बेकार, सैमसन बने हीरो

Sun, 24 Mar 2024 07:30 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

RR vs LSG Indian Premier League 2024 : आईपीएल 2024 के चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से था। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेला गया। राजस्थान के कप्तान सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। राजस्थान ने 193 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में 173 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
दीपक हुड्डा - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:25 PM, 24-Mar-2024

राजस्थान ने लखनऊ को हराया

आईपीएल 2024 के चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 20 रन से हरा दिया है। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 193 रन बनाए थे। संजू सैमसन ने 82 रन की नाबाद पारी खेली थी। जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 173 रन ही बना सकी। केएला राहुल और निकोलस पूरन के अर्धशतक बेकार गए। राहुल 58 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पूरन 64 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी छह गेंद पर लखनऊ को जीत के लिए 27 रन चाहिए थे, लेकिन टीम छह रन ही बना सकी। तब क्रीज पर निकोलस पूरन और क्रुणाल पांड्या थे। गेंदबाजी के लिए आवेश खान आए, जो पिछले सीजन लखनऊ के लिए ही खेले थे। हालांकि, उन्होंने अपने पुराने टीम को छह रन ही बनाने दिया। 

07:14 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: लखनऊ को छठा झटका

18 ओवर के बाद लखनऊ ने छह विकेट गंवाकर 156 रन बना लिए हैं। फिलहाल निकोलस पूरन 53 रन और क्रुणाल पांड्या एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। लखनऊ को 12 गेंद में 38 रन की जरूरत है। मार्कस स्टोइनिस तीन रन बनाकर आउट हुए।

07:04 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: लखनऊ को पांचवां झटका

लखनऊ को 145 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। संदीप शर्मा ने कप्तान केएल राहुल को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। वह 44 गेंद में चार चौके और दो छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल निकोलस पूरन का साथ निभाने के लिए मार्कस स्टोइनिस आए हैं। 17 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 

विज्ञापन
06:51 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: राहुल का अर्धशतक

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 14 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। टीम को 36 गेंद में 65 रन की जरूरत है। केएल राहुल ने आईपीएल करियर का 34वां अर्धशतक लगाया। फिलहाल राहुल 53 रन और निकोलस पूरन 35 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 70 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।

06:44 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: पूरन-राहुल ने संभाली पारी

12 ओवर के बाद लखनऊ ने चार विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। निकोलस पूरन 15 और केएल राहुल 46 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। लकनऊ को 48 गेंद में 92 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
06:22 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: लखनऊ को चौथा झटका

लखनऊ को आठवें ओवर में 60 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने मैच के अपने पहले ओवर में ही दीपक हुड्डा को पवेलियन भेजा। वह 13 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। आठ ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर चार विकेट पर 61 रन है। फिलहाल निकोलस पूरन और केएल राहुल क्रीज पर हैं।

06:16 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: हुड्डा-राहुल क्रीज पर

सात ओवर के बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स ने तीन विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं। दीपक हुड्डा 12 गेंद में 26 रन और केएल राहुल 17 गेंद में 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। लखनऊ को अब जीत के लिए 78 गेंद में 137 रन की जरूरत है। 

05:55 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: मुश्किल में लखनऊ की टीम

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने शुरू के चार ओवर में तीन विकेट गंवा दिए हैं और उनका स्कोर 11 रन है। तीन में से दो विकेट ट्रेंट बोल्ट को मिले। उन्होंने क्विंटन डिकॉक (4) और देवदत्त पडिक्कल (0) को पवेलियन भेजा। वहीं, आईपीएल डेब्यू कर रहे नांद्रे बर्गर ने आयुष बदोनी को बटलर के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके। फिलहाल दीपक हुड्डा और केएल राहुल क्रीज पर हैं। हुड्डा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर आए हैं। चार ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर तीन विकेट पर 22 रन है।

05:52 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: लखनऊ को दूसरा झटका

लखनऊ सुपर जाएंट्स को 10 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। बोल्ट ने अपने लगातार दूसरे ओवर में दूसरी सफलता हासिल की। लखनऊ की पारी के पहले ओवर में उन्होंने क्विंटन डिकॉक (4) को आउट किया था। अब पारी के तीसरे और अपने दूसरे ओवर में बोल्ट ने देवदत्त पडिक्कल को क्लीन बोल्ड किया। पडिक्कल खाता भी नहीं खोल सके। तीन ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर दो विकेट पर 11 रन है। फिलहाल आयुष बदोनी और कप्तान केएल राहुल क्रीज पर हैं। 

05:46 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live: लखनऊ को पहले ही ओवर में झटका

लखनऊ की पारी शुरू हो चुकी है। केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक बल्लेबाजी के लिए आए। हालांकि, ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर ही डिकॉक को पवेलियन भेजा। डिकॉक चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें बोल्ट ने इम्पैक्ट प्लेयर नांद्रे बर्गर के हाथों कैच कराया। फिलहाल राहुल और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं।

05:24 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान ने 193 रन बनाए

राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के सामने 194 रन का लक्ष्य रखा है। राजस्थान की टीम ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 193 रन बनाए। संजू सैमसन ने कप्तानी पारी खेली। वह 52 गेंद में 82 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा ध्रुव जुरेल 12 गेंद में 20 रन बनाकर नाबाद रहे। 

राजस्थान की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी राजस्थान की टीम की शुरुआत खराब रही थी। जोस बटलर 11 रन और यशस्वी जायसवाल 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सैमसन ने रियान पराग के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी निभाई। 142 के स्कोर पर राजस्थान को तीसरा झटका लगा। पराग अर्धशतक से चूक गए और 29 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और तीन छक्के लगाए। शिमरोन हेटमायर कुछ खास नहीं कर सके और पांच रन बनाकर आउट हुए। इस बीच सैमसन ने आईपीएल करियर का 21वां अर्धशतक 33 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने जुरेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी निभाई। आखिरी पांच ओवर में राजस्थान ने 50 रन बनाए और एक विकेट गंवाया। सैमसन ने अपनी 82 रन की पारी में तीन चौके और छह छक्के लगाए। वहीं, जुरेल ने 20 रन की पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। लखनऊ की ओर से नवीन उल हक ने दो विकेट लिए। वहीं, मोहसिन खान और रवि बिश्नोई को एक-एक विकेट मिला।

05:03 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान को चौथा झटका

17वें ओवर में 150 के स्कोर पर राजस्थान को चौथा झटका लगा। रवि बिश्नोई ने शिमरोन हेटमायर को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। हेटमायर पांच रन बना सके। इस विकेट को लेकर काफी ड्रामा भी हुआ। कैच लेने पर लखनऊ के खिलाड़ियों ने अपील की, लेकिन अंपायर ने काफी देर बाद जाकर हाथ उठाया। अंपायर के हाथ उठाने तक राहुल ने डीआरएस की भी मांग कर दी थी। हालांकि, अंपायर ने हाथ उठा दिया। जैसे ही अंपायर ने हाथ उठाया हेटमायर ने डीआरएस की मांग कर दी। हालांकि, रिप्ले में साफ दिखा की गेंद बल्ले से लगकर राहुल के हाथों में गई थी। ऐसे में हेटमायर आउट करार दिए गए। 17 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर चार विकेट पर 158 रन है।

04:52 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान को तीसरा झटका

राजस्थान रॉयल्स को 15वें ओवर में 142 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। नवीन उल हक ने रियान पराग को कैच आउट कराया। पराग ने 29 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तान सैमसन के साथ मिलकर 59 गेंद में 93 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल सैमसन के साथ हेटमायर क्रीज पर हैं। सैमसन अर्धशतक लगाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 15 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 143 रन है।

04:39 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: सैमसन का अर्धशतक

राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने आईपीएल करियर का 21वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। इसके अलावा वह रियान पराग के साथ तीसरे विकेट के लिए अब तक 69 रन की साझेदारी कर चुके हैं। 13 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर दो विकेट पर 119 रन है।

04:28 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: सैमसन-पराग ने संभाली पारी

10 ओवर के बाद राजस्थान ने दो विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 35 रन और रियान पराग 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 40 रन की साझेदारी हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं।

04:05 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान को दूसरा झटका

पांचवें ओवर में 49 के स्कोर पर राजस्थान को दूसरा झटका लगा। मोहसिन खान ने यशस्वी जायसवाल को क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच कराया। यशस्वी ने 12 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 24 रन बना सके। फिलहाल संजू सैमसन और रियान पराग क्रीज पर हैं। 

03:46 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान को पहला झटका

राजस्थान रॉयल्स को दूसरे ही ओवर में 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा। नवीन उल हक ने जोस बटलर को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह 11 रन बना सके। फिलहाल यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 24 रन है।

03:37 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: स्पाइडरकैम ने रोका मैच

मैच शुरू होते ही उसे करीब सात मिनट के लिए रोकना पड़ा। दरअसल, पहले ओवर में लखनऊ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान गेंदबाजी के लिए आए। दो गेंद फेंकने के बाद अचानक से स्पाइडरकैम में कोई समस्या आ गई। इसकी वजह से मैच करीब सात मिनट तक रुका रहा। तकनीकी व्यवस्था देखने वाली टीम ने फिर इस मामले को सुलझाया, तब जाकर मोहसिन तीसरी गेंद फेंक पाए। स्पाइडर कैम के तार में कोई समस्या थी।

03:32 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान की बल्लेबाजी शुरू

राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर क्रीज पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि लखनऊ की टीम में तीन विकेटकीपर हैं। कप्तान राहुल के अलावा निकोलस पूरन और क्विंटन डिकॉक हैं। हालांकि, विकेटकीपर का जिम्मा खुद राहुल ही उठा रहे हैं। आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए उन्होंने यह फैसला किया है। बतौर विकेटकीपर खेलने पर उनके टीम इंडिया में चुने जाने की संभावना बढ़ सकती है। 

03:02 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जाएंट्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल (कप्तान), निकोलस पूरन, मार्कस स्टोइनिस, आयुष बदोनी, क्रुणाल पंड्या, नवीन-उल- हक, रवि बिश्नोई. यश ठाकुर, मोहसिन खान। इम्पैक्ट प्लेयर: दीपक हुड्डा, मयंक यादव, अमित मिश्रा, प्रेरक मांकड़, कृष्णप्पा गौतम।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, आर अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, युजवेंद्र चहल, संदीप शर्मा। इम्पैक्ट प्लेयर: रोवमन पॉवेल, नांद्रे बर्गर, तनुश कोटियान, शुभम दुबे और कुलदीप सेन।

03:01 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान ने टॉस जीता

लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। राजस्थान से ट्रेड होकर लखनऊ में गए देवदत्त पडिक्कल को केएल राहुल ने डेब्यू कैप सौंपी। लखनऊ के चार विदेशी खिलाड़ी क्विंटन डिकॉक, निकोलस पूरन, मार्कस स्टोइनिस और नवीन उल हक हैं। राजस्थान की टीम तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी है। इनमें जोस बटलर, शिमरोन हेटमायर और ट्रेंट बोल्ट शामिल हैं। दोनों टीमों के बीच तीन मैच खेले गए हैं। दो राजस्थान और एक में लखनऊ ने जीत हासिल की।

02:24 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: अमित मिश्रा के अनुभव का मिलेगा फायदा

इसके अलावा 41 वर्षीय स्पिनर अमित मिश्रा के अनुभव का भी लखनऊ को फायदा मिलेगा, लेकिन मार्क वुड और डेविड विली के बाहर होने तथा भारतीय खिलाड़ियों मयंक यादव और मोहसिन खान के फिटनेस से जुड़े मुद्दों के कारण उसका तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर है। 

02:23 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: पूरन-डिकॉक पर रहेगा दारोमदार

लखनऊ का सवाल है तो उसकी बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान राहुल के अलावा क्विंटन डिक्वॉक, मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरन पर टिका रहेगा। लखनऊ के पास रवि बिश्नोई के रूप में उपयोगी स्पिनर है जो आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके विश्व कप की टीम में जगह बनाने के लिए मजबूत दावा पेश करने की कोशिश करेंगे।

02:23 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: रॉयल्स की बल्लेबाजी काफी मजबूत

रॉयल्स की बल्लेबाजी काफी मजबूत है जिसमें कप्तान सैमसन के अलावा बेहतरीन फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर शामिल हैं। टीम के पास ध्रुव जुरेल के रूप में अच्छा फिनिशर है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। सैमसन वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल को टीम में रखकर मध्य क्रम मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं।

02:23 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: सैमसन भी टीम इंडिया में जगह बनाने के दावेदार

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन भी आईसीसी टूर्नामेंट के लिए विकेटकीपर के रूप में भारतीय टीम में जगह बनाने के दावेदार हैं और वह भी शुरू से अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। रॉयल्स की टीम 2022 में फाइनल में पहुंची थी जहां उसे गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा था। पिछले सत्र में भी उसने शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन आखिर में पांचवें स्थान पर रही थी।

02:17 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: पिछले दो सीजन प्लेऑफ में पहुंची लखनऊ की टीम

लखनऊ की टीम राहुल की अगुआई में पिछले दो सत्र में प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल रही थी। हालांकि, पिछले सत्र में आधे सीजन के बाद वह चोटिल हो गए थे और फिर टीम क्रुणाल पांड्या की कप्तानी में खेली थी। आईपीएल के शुरुआती चरण में राहुल विशुद्ध बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं, लेकिन विकेटकीपिंग की अतिरिक्त जिम्मेदारी लेने से उनकी टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम ने जगह बनाने की संभावना बढ़ जाएगी।

02:16 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: केएल राहुल पर रहेंगी नजरें

लखनऊ सुपरजाएंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच रविवार को होने वाले आईपीएल के मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल की फॉर्म और फिटनेस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी। राहुल चोटिल होने के कारण इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम चार टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। लखनऊ के कप्तान न सिर्फ एक बल्लेबाज बल्कि कप्तान के रूप में भी अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।

02:13 PM, 24-Mar-2024

RR vs LSG Live Score: राजस्थान ने लखनऊ को 20 रन से हराया, राहुल और पूरन के अर्धशतक बेकार, सैमसन बने हीरो

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से है। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों ही टीमों का यह इस सीजन पहला मैच है और दोनों टीमें जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी। इस मुकाबले में कई स्टार खिलाड़ी की टक्कर होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें