महिला प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में आरसीबी ने यूपी वॉरियर्स को दो रन से हरा दिया। ऐलिसा हीली की टीम के लिए सोभना आशा काल साबित हुईं। उन्होंने इस मुकाबले में पांच विकेट हासिल किए। इसी के साथ वह डब्ल्यूपीएल के दूसरे सीजन में पांच विकेट हॉल लेने वाली पहली भारतीय गेंदबाज बन गईं। 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 155 रन बना सकी।
यूपी को सातवां झटका पूनम खेमनार के रुप में लगा जिन्हें जॉर्जिया वरेहम ने 19वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट किया। फिलहाल क्रीज पर दीप्ति शर्मा और सोफी एक्सलेस्टोन डटी हुई हैं। टीम को जीत के लिए छह गेंदों में 11 रन की जरुरत है।
आरसीबी की गेंदबाज आशा ने 17वें ओवर में तीन विकेट हासिल कर मैच का रुख पलट दिया है। उन्होंने श्वेता (31), ग्रेस हैरिस (38) और किरन नवगिर (एक) को अपनी घातक गेंदबाजी से पवेलियन भेजा। सोभना आशा अब तक इस मुकाबले में पांच विकेट हासिल कर चुकी हैं। यूपी को जीत के लिए अब 12 गेंदों में 16 रन की दरकार है।
ग्रेस हैरिस और श्वेता सहरावत के बीच हुई 77 रन की विशाल साझेदारी 17वें ओवर में समाप्त हो गई। आरसीबी की घातक गेंदबाज आशा ने उन्हें मंधाना के हाथों कैच आउट कराया। श्वेता 31 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
ग्रेस हैरिस और श्वेता सहरावत की दमदार साझेदारी के दम पर यूपी वॉरियर्स लक्ष्य की तरफ बढ़ रही है। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 126 रन है। हैरिस 22 गेंदों में 38 और सहरावत 24 गेंदों में 31 रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। यूपी को महिला प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में जीत के लिए 24 गेंदों में 32 रन की जरुरत है।
12 ओवर के बाद यूपी वॉरियर्स का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 76 रन है। टीम को जीत के लिए 47 गेंदों में 79 रन की दरकार है। फिलहाल विकेट पर ग्रेस हैरिस 10 गेंदों में 18 रन और श्वेता सहरावत 14 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। आरसीबी की तेज गेंदबाज सोभना आशा यूपी के दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेज चुकी हैं जबकि सोफी मोलिनेक्स ने एक विकेट हासिल किया है।
यूपी वॉरियर्स को तीन गेंदों के भीतर दो झटके लगे। सोभना आशा ने नौवें ओवर की पहली गेंद पर वृंदा को आउट किया। इसके बाद इसी ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने मैक्ग्रा को बोल्ड किया। फिलहाल क्रीज पर ग्रेस हैरिस नौ और श्वेता सहरावत दो रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। नौ ओवर का खेल पूरा होने के बाद यूपी का स्कोर 61/3 है।
छह ओवर के बाद यूपी का स्कोर 36/1 है। पहला झटका टीम को कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबा ऐलिसा हीली के रुप में लगा जिन्हें सोफी ने बोल्ड किया। फिलहाल क्रीज पर दिनेश वृंदा 15 और ताहलिया मैक्ग्रा 15 रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। वृंदा जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रही हैं। वह अब तक तीन चौके लगा चुकी हैं। वहीं ताहलिया ने दो चौके और एक छक्का लगाया है।
यूपी को पहला झटका कप्तान ऐलिसा हीली के रुप में लगा। वह पांच रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्हें सोफी मोलिनेक्स ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया। फिलहाल क्रीज पर दिनेश वृंदा 11 और ताहलिया मैक्ग्रा छह रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 23 रन है।
आरसीबी द्वारा दिए गए 158 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए यूपी वॉरियर्स तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए कप्तान ऐलिसा हीली और बल्लेबाज दिनेश वृंदा उतरी हैं। यूपी की पारी का पहला ओवर रेणुका सिंह फेंक रही हैं।
महिला प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 157 रन का स्कोर तैयार किया है। सब्बिनेनी मेघना और रिचा घोष ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। दोनों ने यूपी के खिलाफ क्रमश: 53 और 62 रन बनाए। वहीं, कप्तान स्मृति मंधाना 13 रन बनाने में कामयाब हुईं। इसके अलावा आरसीबी की कोई महिला बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सकी। सोफी डिवाइन एक, एलिस पैरी आठ रन बना सकीं। सोफी मोलिनेक्स नौ और श्रेयंका पाटिल आठ रन बनाकर नाबाद रहीं। यूपी के लिए राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो विकेट लिए। वहीं, दीप्ति, एक्लेस्टोन, मैक्ग्रा और हैरिस को एक-एक सफलता मिली।
आरसीबी की धुरंधर बल्लेबाज रिचा घोष 62 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। दीप्ति शर्मा ने उन्हें 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बोल्ड किया। महिला बल्लेबाज ने इस मैच में यूपी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 167.56 के स्ट्राइक रेट से 12 चौके जड़े। फिलहाल टीम का स्कोर 144/6 है।
फॉर्म में चल रहीं सब्बिनेनी मेघना 53 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्हें राजेश्वरी गायकवाड़ ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर आउट किया। वहीं, टीम को एक और झटका इसी ओवर की चौथी गेंद पर लगा। गयकवाड़ ने उन्हें शून्य पर आउट किया। 18 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 141/5 है।
आरसीबी की खिलाड़ी सब्बिनेनी मेघना ने महिला प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन का अपना पहला अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 40 गेंदों में पचासा ठोका। यूपी के खिलाफ उन्होंने सात चौके औक एक छक्का लगाया है। फिलहल उनका साथ रिचा घोष 21 गेंदों में 32 रन बनाकर दे रही हैं। दोनों के बीच 53 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम का स्कोर 107/3 है।
12 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर तीन विकेट खोकर 78 रन है। टीम को तीन झटके सोफी डिवाइन (1), स्मृति मंधाना (11) और एलिस पैरी (8) के रुप में लगे। फिलहाल सब्बिनेनी मेघना 39 गेंदों में 49 रन और रिचा घोष 16 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं।
आठ ओवर के अंदर आरसीबी के तीन विकेट गिर चुके हैं। टीम को तीसरा झटका ऐलिस पैरी के रुप में लगा है। सोफी एक्लेस्टोन ने सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्हें कैच आउ कराया। पैरी सिर्फ आठ रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रिचा घोष आई हैं। फिलहाल टीम का स्कोर 58/3 है।
टॉस जीतकर यूपी ने आरसीबी को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली टीम सात ओवर में दो विकेट खोकर 51 रन बनाने में कामयाब हुई है। फिलहाल सब्बिनेनी मेघना 23 गेंदों में 29 रन और एलिस पैरी सात गेंदों में आठ रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं।
आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। उन्हें मैक्ग्रा ने वृंदा के हाथों कैच आउट कराया। भारतीय स्टार फॉर्म में नजर आ रही थीं। उन्होंने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए एलिस पैरी उतरीं हैं। फिलहाल टीम का स्कोर 40/2 है।
आरसीबी को पहला झटका सोफी डिवाइन के रुप में लगा है। स्टार ऑलराउंडर एक रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्हें ग्रेस हैरिस ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल क्रीज पर कप्तान मंधाना और सब्बिनेनी मेघना नाबाद खेल रही हैं। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 19/1 है।
रॉयल चैलेंजर्स बैगलोर (आरसीबी) की पारी की शुरुआत हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए कप्तान स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर सोफी डिवाइन उतरी हैं। पहले ओवर में आरसीबी ने बिना किसी नुकसान के तीन रन बना लिए हैं।
यूपी वारियर्स : एलिसा हीली (विकेटकीपर/कप्तान), सोफी एक्लेस्टोन, ताहलिया मैकग्राथ, दीप्ति शर्मा, राजेश्वरी गायकवाड़, किरण नवगिरे, वृंदा दिनेश, पूनम खेमनार, श्वेता सहरावत, ग्रेस हैरिस, साइमा ठाकुर
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर : स्मृति मंधाना (कप्तान), सोफी डिवाइन, सब्बिनेनी मेघना, एलिसे पेरी, ऋचा घोष (डब्ल्यू), सोफी मोलिनेक्स, जॉर्जिया वेयरहम, श्रेयंका पाटिल, सिमरन बहादुर, शोभना आशा, रेणुका ठाकुर सिंह
महिला प्रीमियर लीग के दूसरे मुकाबले में यूपी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दोनों टीमों के बीच इस मुकाबले में जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। आरसीबी अपने होमग्राउंड पर आरसीबी के खिलाफ बड़ा स्कोर तैयार करना चाहेगी।
आरसीबी के लिए 2023 सीजन बेहद खराब रहा था। टीम पांच टीमों के बीच चौथे स्थान पर रही थी। मंधाना की अगुआई में बैंगलोर ने आठ में से सिर्फ दो मैचों में जीत हासिल की थी। पिछले सीजन आरसीबी ने अपने शुरू के लगातार पांच मुकाबले गंवाए थे। कप्तान मंधाना के लिए भी पिछला सीजन खराब रहा था। वह 18.62 की औसत से सिर्फ 149 रन बना सकी थीं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 37 रन का रहा था।
वहीं, यूपी वॉरियर्स की बात करें तो उनके लिए पिछला सीजन मिला जुला रहा था। टीम ग्रुप स्टेज के बाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही थी। उन्होंने आठ में से चार मैच जीते थे और इतने ही मैचों में उन्हें हार मिली थी। हीली की कप्तानी में यूपी की टीम एलिमिनेटर में पहुंची थी, जहां उन्हें मुंबई इंडियंस ने 72 रन से शिकस्त दी थी। ताहिला मैक्ग्रा टीम के लिए हाईएस्ट स्कोरर रही थीं। उन्होंने आठ पारियों में 302 रन बनाए थे। इनमें चार अर्धशतक शामिल है। वहीं, ग्रेस हैरिस ने गेंद और बल्ले, दोनों से कमाल दिखाया था। गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन ने 16 विकेट झटके थे।
महिला प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन का आगाज हो चुका है। आज बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंर्स बैंगलोर (आरसीबी) और यूपी वॉरियर्स (यूपीडब्ल्यू) के बीच टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। शाम 7:30 बजे से इस मुकाबले की शुरुआत होगी। लीग के पिछले संस्करण में दोनों टीमों का दो बार आमना-सामना हुआ था। पहले मैच में यूपी की टीम ने स्मृति मंधाना की टीम को करारी शिकस्त दी थी। वहीं, दूसरी बार आरसीबी ने यूपी से बदला लेते हुए उन्हें करारा झटका दिया था। आज एक बार फिर दोनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए उतरेंगी।